Sunday 2 April 2023

मराठी ताने-बाने में उतरी महिलाएं, देखते बन रहा था जोश और जज्बा

 


जिंदा सर्पों के साथ आकर्षक बना तांडव नृत्य

दाउदनगर (औरंगाबाद) : 

रामनवमी की शोभायात्रा रविवार को शहर में श्री रामचरित मानस यज्ञ समिति के बैनर तले निकली। लगभग एक किलोमीटर लंबी शोभायात्रा में गजब का आकर्षण था। पहली बार दाउदनगर की शोभायात्रा में बड़े पैमाने पर महिलाएं शामिल हुई। नारी शक्ति का प्रतीक मराठा ताने-बाने में दर्जनों महिलाएं दिखीं। जिसमें रिया, शिवानी, शिफाली, रुचि, शालिनी, खुशी, अंजली, प्रिया, सोनल, खुशी, श्रेया एवं अन्य शामिल थे। महिलाओं ने मराठा नथ पहन रखा था और पगड़ी गमछे तलवार तिरंगा उनके हाथों में शोभायमान लग लग रहे थे। इस बार की नगर शोभायात्रा में यह पहला अवसर था। इतिहास रचा गया। इसके अलावा जीवित सर्पों के साथ तांडव नृत्य काफी आकर्षक लगा। लोग काफी प्रभावित हो रहे थे। इस बार की शोभायात्रा में यह भी एक खास आकर्षण का केंद्र बना रहा।


श्रीराम से जुड़े गानों पर लगभग 10 घंटे थिरकते रहे श्रद्धालु 

भव्य रामनवमी शोभायात्रा में झांकियों की भरमार

 हनुमान मंदिर बाजार से शोभायात्रा निकली। शहर के विभिन्न मार्गो से गुजरी। लगभग 10 घंटे तक श्री राम से जुड़े तमाम तरह के भक्ति गीतों पर लोग थिरकते रहे। इस शोभायात्रा में दर्जनों झांकियां आकर्षण का केंद्र रहे। राधा कृष्ण का नृत्य लेकर साहिर सुनील नंदिता, विकास दीपक कुमार की टीम आकर्षक लगे। शंकर दूत में परदेसी, कृष्ण के रूप में विशाल कुमार, महाराणा प्रताप, झांसी की रानी की झांकियां काफी आकर्षक रही। मासूम बच्ची निष्ठी राधा और राहुल कृष्ण के रूप में काफी आकर्षक लगे। शोभायात्रा का नेतृत्व रामचरितमानस यज्ञ समिति के अध्यक्ष अटल बिहारी बाजपेई, नाथू प्रसाद, पप्पू गुप्ता, सुनील केसरी एवं अन्य ने किया।



महिलाओं और बच्चों को प्रेरित करती दिखी एसडीएम

एसडीओ कुमारी अनुपम सिंह बच्चों और महिलाओं को काफी प्रेरित करती दिखीं। दरवाजे पर खड़ी होकर शोभायात्रा देखने वाली महिलाओं को बुलाकर फोटो खिंचवाया, उनको प्रेरित किया। राधा बनी निष्ठा को गोद में उठा लिया। झांकी बने बच्चों को हिदायत दी कि हमेशा पानी पीते रहें, कुछ ना कुछ खाते रहें, ताकि उनकी उर्जा बनी रहे। युवाओं को उन्होंने प्रेरित किया और बुला बुला कर कहा कि हमारी संस्कृति है, हमारा यह पर्व है इसे अच्छे से मनाना है। शांति के साथ उत्साह को प्रदर्शित करना है।



कई जगह किया गया सम्मानित 

दुर्गा क्लब और नगर परिषद के पास दर्जनों व्यक्तियों व कलाकारों को सम्मानित किया गया। हिंदू मुस्लिम का यहां कोई भेद नहीं दिखा। भाईचारा साफ-साफ दिखा। नगर परिषद कार्यालय के पास मुख्य पार्षद प्रतिनिधि कौशलेन्द्र कुमार सिंह के साथ आमीन अनवर फहीम, गुलाम रहबर, वार्ड पार्षद सोहेल अंसारी एवं तारक अंसारी ने लोगों को शरबत पिलाया। अंग वस्त्र देकर सम्मानित किया। इनके साथ अन्य लोग भी सक्रिय रहे।



हर 200 मीटर पर खाने पीने की व्यवस्था 

शोभा यात्रा की लगभग पांच किलोमीटर की यात्रा में प्रायः 200 मीटर पर कुछ ना कुछ खाने पीने की व्यवस्था विभिन्न समूह द्वारा किया गया। पहला स्थान चावल बाजार बना जहां सेवा समिति के युवाओं द्वारा करीब 8000 लोगों के भोजन की व्यवस्था की गई। विकास कुमार, संदीप कुमार, जयप्रकाश कुमार, दिलीप, सोनू, मनु, शिव कुमार, ज्योति कुमार, राजा कुमार, गोलू कुमार, चंदन कुमार, मुन्ना कुमार एवं अन्य ने बताया कि लगभग 10000 लोगों ने भोजन किया। इसके अलावा दर्जनों स्थानों पर खीरा, मुरब्बा, शरबत, अंगूर एवं अन्य तरह के खाद्य पदार्थों का इंतजाम किया गया था।



चाक-चौबंद रही सुरक्षा व्यवस्था

रामनवमी शोभा यात्रा को शांतिपूर्ण संपन्न कराने के लिए सुरक्षा व्यवस्था दुरुस्त रही। शोभायात्रा के आगे एसडीपीओ कुमार ऋषिराज एवं अपर एसडीओ प्रियव्रत रंजन रहे, जबकि सबसे पीछे एसडीएम कुमारी अनुपम सिंह और अन्य पुलिस पदाधिकारी रहे। शोभा यात्रा की सुरक्षा में दाउदनगर के तमाम पदाधिकारी डीसीएलआर संजय कुमार, पुलिस इंस्पेक्टर पवन कुमार, बीडीओ योगेंद्र पासवान, सीओ मनोज कुमार, थाना अध्यक्ष गुफरान अली के अलावा जिला से आए एडीएम आशीष सिन्हा, मुख्यालय एसडीपीओ नव वैभव, मेजर देवानंद रावत, नगर परिषद के कार्यपालक पदाधिकारी संजय उपाध्याय, वरीय उप समाहर्ता कृष्ण कुमार, मनीष कुमार एवं फतेह फैयाज, मृदा संरक्षण विभाग के असिस्टेंट डायरेक्टर रवी शंकर, डीसीएलआर औरंगाबाद, पीजीआरओ, डीपीओ, देवकुंड एवं खुदवां के थाना अध्यक्ष समेत अनुमंडल के सभी थानों से पदाधिकारी सुरक्षा व्यवस्था में लगे रहे तमाम स्थानों को चिन्हित स्थानों पर दंडाधिकारी और पुलिस पदाधिकारी उपस्थित रहे





 शहनाज अख्तर के भजन व झांकियों ने मोहा मन

वृंदावन की झांकियां आकर्षक


संवाद सहयोगी, दाउदनगर (औरंगाबाद) : शमशेरनगर मकबरा मैदान पर रविवार को शहनाज अख्तर का कार्यक्रम हुआ। कई घंटे तक उनके और वृंदावन की आयी टीम द्वारा झांकियों की प्रस्तुति दी गयी। शहनाज का मंच पर मुन्ना शर्मा, रंगेश शर्मा, बलराम गुप्ता एवं अन्य ने स्वागत किया। फिर इसके बाद मोहित यादव ने गणेश वंदना से कार्यक्रम का आगाज किया गया। जिसे गाया इनकी ही टीम के मोहित यादव ने। फिर लगातार कई गीत शहनाज ने प्रस्तुत किया। भोजपुरी में भी भजन प्रस्तुत किया। कांग्रेस नेता अरविंद शर्मा, प्रखण्ड अध्यक्ष राजेश्वर सिंह, अभिनव शर्मा एवं अन्य उपस्थित रहे। वृंदावन की टीम द्वारा कृष्ण-राधा, शिव-पार्वती व महाबली की प्रस्तुति दी गयी। देर रात तक कार्यक्रम चला।















No comments:

Post a Comment