Wednesday 26 April 2023

कचरा और अतिक्रमण पहचान, महिला शौचालय की जरूरत

 


वार्ड नंबर 11 का हाल

जागरण आपके द्वार



शहर के बीच हृदय के रूप में स्थित है वार्ड नंबर 11 

मंदिर, मस्जिद, जीमूतवाहन चौक व चूड़ी बाजार पहचान

संवाद सहयोगी, दाउदनगर (औरंगाबाद) : दाउदनगर शहर की मुख्य पहचान है हनुमान मंदिर और इसके सामने का इलाका वार्ड नंबर 11 का हिस्सा है। जिसमें बाजार का मुख्य मस्जिद, यहना की सांस्कृतिक पहचान से जुड़ा जीमूत वाहन भगवान का मंदिर और कई राजनीतिक सामाजिक बैठकों का गवाह बना हमदर्द दवाखाना मैदान इसकी पहचान है। यानी बाजार का जो मुख्य पथ है उसके दक्षिण का एक हिस्सा वार्ड नंबर 11 के तहत आता है। मुख्य पथ पर गंदगी साफ-साफ दिखती है। चूड़ी बाजार जो मुख्य व्यवसायिक स्थल है वहां गंदगी दिखती है। चलंत शौचालय रखा गया है लेकिन उसका इस्तेमाल संभव नहीं हुआ। यहां कचरे का ढेर भी लगा रहता है। तमाम तरह की समस्याएं हैं और इसका समाधान संभव नहीं दिखता क्योंकि वार्ड पार्षद प्रमोद सिंह से मिलना व बात करना कठिन है। 



कोई बड़ी समस्या नहीं


रणधीर कुमार उर्फ भोलू ने कहा कि  वार्ड में कोई बड़ी समस्या नहीं है। हालांकि सफाई की पर्याप्त व्यवस्था नहीं है। जितनी सफाई होनी चाहिए उतनी सफाई यहां नहीं होती। जबकि शहर का यह मुख्य व्यवसायिक स्थल है और धार्मिक महत्व के भी कई स्थान यहां हैं।



मुख्य नाली रहता है जाम 


गोपाल सोनी ने कहा कि वार्ड पार्षद का कोई ध्यान नहीं रहता है। सफाई नहीं होती है। जनता प्रतिनिधि से दूर हो गई है। मुख्य पथ का नाली जाम रहता है। बाजार है और शौचालय नहीं है। जिससे ग्रामीण इलाके से आई महिलाओं को काफी मुश्किल का सामना करना पड़ता है। हमदर्द दवाखाना मैदान और पंजाब होटल के पास बेतरतीब वाहन लगे रहते हैं। जिससे आवागमन में असुविधा होती है।



कचरा का लगा रहता है अम्बार 


वार्ड में संचालित यश ई स्कूल के निदेशक शंभू कुमार बताते हैं कि हमदर्द दवाखाना मैदान परिसर में हमेशा कचरा का अंबार लगा रहता है। सफाई पर ध्यान नहीं रहता है। 




चावल बाजार में फेंकना पड़ता है कचरा

महफूजुल हक अकबर ने कहा कि नली गली की सफाई नहीं होती है। कूड़ा उठाने कोई नहीं आता। घर दुकान का कूड़ा फेंकने उन्हें चावल बाजार जाना पड़ता है। पेशाब खाना और शौचालय नहीं है। जिससे महिलाओं को काफी दिक्कत होती है।



स्ट्रीट लाइट की कमी 

रोहित कुमार का कहना है कि चूड़ी बाजार में महिला शौचालय का नहीं होना बड़ी समस्या है। इसके अलावा वार्ड क्षेत्र में प्रतिदिन सफाई की समस्या है। नाली जाम रहता है। हर पोल पर बल्ब नहीं है। स्ट्रीट लाइट की कमी है। वार्ड कमिश्नर गायब रहते हैं। मिलना मुश्किल होता है।




राजनीतिक विशेषता

वार्ड नंबर 11 से वर्ष 2002 में विजेता बनी रोहिणी नंदिनी नगर पंचायत के उप मुख्य पार्षद बनी थी। उसके बाद हुए 2007 और 2012 के चुनाव में व्यवसाई संजय कुमार वार्ड पार्षद बने। इसके बाद 2018 में जब पहली बार नगर परिषद का चुनाव हुआ तो प्रमोद कुमार सिंह उर्फ मंटू वार्ड पार्षद बने।

No comments:

Post a Comment