Sunday 6 November 2022

पहली बार व्यापार मंडल अध्यक्ष की कुर्सी अंछा को मिली

 


फ़ोटो-व्यापार मंडल का नया-पुराना गोदाम

08 बार कुर्मी, 04 बार राजपूत व एक बार यादव जाति से बने अध्यक्ष

उपेंद्र कश्यप । दाउदनगर (औरंगाबाद)

व्यापार मंडल के अध्यक्ष पद का चुनाव परिणाम जब आया तो अंछा गांव उछल पड़ा। कारण स्पष्ट है कि पहली बार इस गांव के किसान नेता को यह कुर्सी मिली और जातीय संदर्भ में चौथी बार राजपूत जाति से कोई व्यक्ति अध्यक्ष बना। इसके पहले सिर्फ जिनोरिया निवासी सुदेश सिंह ही इस जाति से इस पद पर रहे हैं। वे तीन बार अध्यक्ष रहे हैं। 1983 के चुनाव से अब तक का इतिहास जो ज्ञात है, उसके अनुसार उप चुनाव और कार्यकारिणी द्वारा अध्यक्ष चुने जाने समेत 13 बार अध्यक्ष बने हैं। चुन्नू 12 वें अध्यक्ष बने थे। 13 वें अध्यक्ष राम बचन सिंह बने। व्यापार मंडल पर कुर्मी जाति का एकाधिकार रहा है। आठ बार कुर्मी जाति के नेता अध्यक्ष बने हैं। जबकि चार बार राजपूत और एक बार यादव जाति से। 1978 में तरारी से मुखिया बने बेलाढी निवासी दिनेश सिंह कुर्मी थे। वे 1983 और 1986 में व्यापार मंडल का अध्यक्ष बने। इनके बाद 1989, 1992 और 1995 में लगातार तीन बार संसा के हीरालाल सिंह अध्यक्ष बने। वे भी कुर्मी थे। उसी तरह 1998 और 2001 में गोरडीहां निवासी मुखिया रहे भगवान सिंह अध्यक्ष बने। वे भी कुर्मी हैं। 04 जनवरी 2016 को बेलाढी निवासी दीपक सिंह अध्यक्ष बने, वे भी कुर्मी थे। बताया कि कार्यकारिणी से उन्हें कार्यकारी अध्यक्ष तब बनाया गया था। जब सुदेश सिंह की हत्या से यह कुर्सी खाली पड़ी हुई थी। बीच में सिर्फ सुदेश सिंह ही ऐसे सवर्ण नेता रहे जो तीन बार अध्यक्ष बने। वे जाति से राजपूत थे, जिनोरिया के निवासी। करमा पंचायत के मुखिया भी रहे हैं। 2004 में कार्यकारिणी ने उनको अध्यक्ष चुना था। 2007 में चुनाव जीत कर अध्यक्ष बने और फिर तीसरी बार अगस्त 2012 में अध्यक्ष बने थे। 04 अक्टूबर 2012 को हत्या होने तक वे इस पद पर रहे। सुदेश सिंह भी पिछड़ा और राजद की राजनीति करके ही व्यापार मंडल का अध्यक्ष बने थे। वर्ष 2017 में पहली बार हुआ था जब चुन्नू यादव व्यापार मंडल के अध्यक्ष बने। अब वे हार गए हैं और राम बचन सिंह अध्यक्ष बने हैं।


  



पिताजी की दुर्घटना के कारण हार : पूर्व अध्यक्ष

फोटो-चुन्नू यादव

पराजित व्यापार व्यापार मंडल अध्यक्ष चुन्नू यादव ने बताया कि सेवानिवृत्त शिक्षक पिता ललन सिंह के दुर्घटनाग्रस्त होने के कारण उन्हें किसानों के बीच जाने का वक्त कम मिला। वे उनके इलाज में व्यस्त व तनावग्रस्त रहे। जब मिले भी तो तनावपूर्ण स्थिति में रहे। इसका प्रभाव पड़ा। बेहतर कार्यालय ना बनवा सकने का सपना जहां अधूरा रह गया वहीं जीतने के बाद किसानों को पहली बार बताया कि व्यापार मंडल धान भी खरीदता है। किसानों को लाभ पहुंचाया।



हार जीत की समीक्षा कर रहे नेता व समर्थक

 राम बचन सिंह व्यापार मंडल के अध्यक्ष बन गए और इस कुर्सी से विदा हो गए सुजीत कुमार सिंह उर्फ चुन्नू यादव। जिस चुन्नू यादव को पक्के तौर पर विजेता मान लिया गया था उनकी हार की वजह क्या है। राजनीतिक प्रेक्षकों का मानना है कि लगभग 450 मतदाता अंछा गांव के हैं। इसके बाद बड़ी संख्या में लगभग 250 या इससे अधिक मतदाता करमा पंचायत के हैं। 125 से 150 तक मतदाता बेलवां, चौरी और नगर परिषद क्षेत्र में है। राजनीतिक प्रेक्षकों का मानना है कि पिछले चुनाव में अंछा के मतदाता रामबचन सिंह के साथ खड़े न होकर चुन्नू यादव के साथ खड़े हुए थे। इस बार उन्होंने रामबचन सिंह का समर्थन किया और इस कारण चुनाव परिणाम प्रभावित हुआ। जो वर्ग प्रखंड प्रमुख के चुनाव के वक्त की गयी कथित जातीय राजनीति का आरोप लगा रहा था वह अब परिणाम से उत्साहित है। ऐसे समूह की मंशा पूरी हो गई है। जिसकी चर्चा इलाके में है। मण्डली से घिरे होने को भी लोग कारण बता रहे लेकिन इस तरह के आरोपको चुन्नू यादव ने खारिज कर दिया है।



Thursday 3 November 2022

आज मिलेगा व्यापार मंडल को 13 वां अध्यक्ष

 


मतदान बाद तुरन्त मतगणना व परिणाम आज

12 मतदान कर्मियों ने किया योगदान

2 पदों के लिए होना है चुनाव 10 पदों पर निर्विरोध निर्वाचन



दाऊदनगर व्यापार मंडल के अध्यक्ष का आज चुनाव होना है। 1983 में हुए पहले चुनाव से अब तक का 12 बार चुनाव हो चुका है। इसमें उप चुनाव और कार्यकारिणी द्वारा अध्यक्ष चुना जाना शामिल है।

शुक्रवार को व्यापार मंडल अध्यक्ष और प्रबंध कार्यकारिणी समिति के एक सदस्य के लिए मतदान होना है। प्रबन्ध कार्यकारिणी के लिए 12 पदों का चुनाव होता है। इसमें 10 का निर्विरोध चुनाव हो चुका है। प्राप्त जानकारी के अनुसार प्रथम वर्ग से सदस्य के छह पदों में से पांच पदों के लिए निर्विरोध निर्वाचन हो चुका है। जबकि एक पद रिक्त रह गया है। द्वितीय वर्ग के सदस्य के छह पदों में से पांच पदों पर निर्विरोध निर्वाचन हो चुका है। अनुसूचित जाति वर्ग के सदस्य के एक पद के लिए मतदान होगा। जिसके लिए तीन उम्मीदवार चुनाव मैदान में हैं। चुनाव के लिए प्रशासनिक तैयारियां पूरी कर ली गई है। बताया गया कि 12 मतदानकर्मियों ने योगदान किया है। टेंट वगैरह लगा दिया गया है।



अध्यक्ष व सदस्य के लिए तीन-तीन प्रत्याशी

दाउदनगर व्यापार मंडल के चुनाव में 1959 मतदाता हैं। इसमें प्रथम वर्ग (सहकारी समितियां) से 15 व द्वितीय वर्ग (व्यक्तिगत किसान) से 1944 मतदाता हैं। प्रखंड कार्यालय परिसर में बनाए गए तीन मतदान केंद्रों पर कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच ये मतदान करेंगे। बीडीओ सह प्रखंड निर्वाचन पदाधिकारी योगेंद्र पासवान ने बताया कि चुनाव की सारी तैयारियां पूरी कर ली गई है। 

अध्यक्ष पद के लिए निवर्तमान अध्यक्ष सुजीत कुमार सिंह उर्फ चुन्नु यादव, पूर्व पैक्स अध्यक्ष रामवचन सिंह एवं राजद प्रखंड अध्यक्ष देवेंद्र कुमार सिंह मैदान में हैं। जबकि द्वितीय वर्ग से अनुसूचित जाति के एक पद के लिए तीन प्रत्याशी मैदान में है। इसके लिए विदेश राम, शम्भू पासवान एवं केदार पासवान के बीच मुकाबला है। 




प्रथम वर्ग का एक पद रह गया खाली 

सदस्य के बारह पदों में से 10 पर निर्विरोध निर्वाचन हुआ क्योंकि यहां दूसरे ने नामांकन ही नहीं किया। प्रथम वर्ग का एक पद अनुसूचित जाति के लिए आरक्षित है। जिस पर कोई नामांकन नहीं हुआ। यह पद खाली ही रह गया और बाद में भी इस पर चुनाव कराया जाना संभव नहीं रहा। सूत्रों के अनुसार प्रथम वर्ग से दाउदनगर के सभी 15 पैक्स अध्यक्ष में से ही नामांकन कोई पैक्स अध्यक्ष कर सकते हैं। लेकिन अनुसूचित जाति का कोई पैक्स अध्यक्ष दाउदनगर प्रखंड में है ही नहीं। इसलिए अनुसूचित जाति के सदस्य पद के लिए कोई नामांकन हुआ ही नहीं। नियम यह है कि इस वर्ग के अनुसूचित पद पर 15 पैक्स अध्यक्ष में से ही किसी को नामांकन करना है। 




ये हुए निर्विरोध निर्वाचित

प्रथम वर्ग के पांच सदस्य पदों पर निर्विरोध निर्वाचन हुआ है। इसमें सुभाष यादव, जितेंद्र शर्मा, सहजानंद शर्मा, मृत्युंजय शर्मा एवं डेजी कुमारी शामिल हैं। 

द्वितीय वर्ग से अनुसूचित जाति के एक पद के लिए चुनाव होना है। शेष का।निर्विरोध निर्वाचन हुआ। द्वितीय वर्ग में महिला सामान्य से मालती देवी, अन्य सामान्य सीट से सुरेंद्र कुमार शर्मा एवं नागेद्र कुमार निर्विरोध निर्वाचित कर दिए गए। अति पिछड़ा पद से कमलेश राम और पिछड़ा वर्ग से सिकंदर मेहता निर्विरोध निर्वाचित हुए। इन पदों के विरुद्ध एक से अधिक नामांकन ही नहीं हुआ। 



खुद को दोहरा रहा व्यापार मंडल चुनाव का इतिहास




फ़ोटो-दैनिक जागरण में प्रकाशित रिपोर्ट

मैदान में चुन्नू यादव, रामबचन सिंह एवं देवेंद्र सिंह 

पांच साल पहले भी तीनों ही थे एक दूसरे के प्रतिद्वंदी

ना पहले था ना अब है कोई चौथा प्रत्याशी

 0 उपेंद्र कश्यप 0

इतिहास कभी-कभी खुद को दोहराता है। खासकर राजनीति में जब इतिहास का दुहराव होता दिखता है तो उसकी चर्चा व्यापक पैमाने पर होती है। दाउदनगर व्यापार मंडल अध्यक्ष के चुनाव को लेकर भी ऐसी ही स्थिति है। यह विचित्र संयोग है कि पांच साल पहले की लड़ाई का दुहराव फिर हो रहा है। पांच साल पहले जब चुनाव हुआ था तब भी जो तीन व्यक्ति प्रत्याशी बने थे वही तीन व्यक्ति इस बार भी प्रत्याशी हैं। न पिछली दफा कोई चौथा प्रत्याशी था और ना ही इस बार कोई चौथा व्यक्ति प्रत्याशी बना है। प्राप्त आंकड़ों के मुताबिक पिछली दफा सुजीत कुमार उर्फ चुन्नू यादव को 481 मत मिले थे और चुनाव जीतकर वह व्यापार मंडल के अध्यक्ष बने। दूसरे स्थान पर अंछा के तत्कालीन पैक्स अध्यक्ष राम बचन सिंह रहे थे। जिनको 358 वोट मिला था और तीसरे स्थान पर देवेंद्र सिंह राजद प्रखंड अध्यक्ष रहे थे, जिनको 315 वोट मिला था। आंकड़ों के अनुसार विजेता ने अपने निकट प्रतिद्वंदी को 123 मत से हराया था। जबकि तीसरे स्थान पर रहे देवेंद्र सिंह पहले स्थान पर रहे सुजीत सिंह के मुकाबले 166 वोट कम ला सके थे। इस बार फिर तीनों प्रत्याशी हैं। तीनों की स्थिति लगभग एक सी है। सुजीत सिंह पैक्स अध्यक्ष के साथ व्यापार मंडल के निवर्तमान अध्यक्ष हैं। रामबचन सिंह अब पूर्व पैक्स अध्यक्ष और देवेंद्र सिंह राजद के अभी भी प्रखंड अध्यक्ष हैं। इतिहास खुद को दोहराता हुआ दिख रहा है। चुनाव परिणाम में भी इतिहास कहां खड़ा होगा यह शुक्रवार को तब स्पष्ट होगा जब मतदान के बाद मतगणना होगा और कौन बना व्यापार मंडल का अध्यक्ष यह साफ होगा।



मतदान व मतगणना की तैयारी पूरी

व्यापार मंडल चुनाव के लिए मतदान चार नवंबर को सुबह 7:00 बजे से 4:30 बजे तक होगा। मतदान केंद्र प्रखंड कार्यालय परिसर स्थित सभाकक्ष में और मनरेगा भवन में बनाया गया है। तीन मतदान केंद्र हैं। मतदान के तुरंत बाद प्रखंड कार्यालय सभाकक्ष में ही मतगणना का कार्य संपन्न होगा और इसी दिन परिणाम घोषित किया जाएगा। उम्मीद की जा रही है कि परिणाम आने तक रात हो जाएगी। मतदान व मतगणना की तैयारी लगभग पूरी कर ली गयी है।



दो श्रेणी के हैं कुल 1959 मतदाता 

प्रखंड विकास पदाधिकारी सह निर्वाचन पदाधिकारी योगेंद्र पासवान ने बताया कि व्यापार मंडल के लिए होने वाले चुनाव में कुल मतदाताओं की संख्या 1959 है। प्रथम वर्ग में 15 मतदाता हैं, जो आवश्यक रूप से पैक्स अध्यक्ष हैं। दूसरे वर्ग में 1944 मतदाता किसान वर्ग से हैं। बताया गया कि प्रखंड कार्यालय से मतदान केंद्र की दूरी लगभग 500 मीटर है। जारी सूचना के अनुसार अध्यक्ष का पद अनारक्षित है।


Tuesday 1 November 2022

व्यापार मंडल के चुनाव को लेकर बिछने लगी है गोटियां

  


प्रखंड प्रमुख चुनाव की राजनीति का पड़ेगा प्रभाव 


जातीय राजनीति में जाति साधने की जुगत


संवाद सहयोगी । दाउदनगर (औरंगाबाद)

व्यापार मंडल के अध्यक्ष का चुनाव होना है। शुक्रवार को इसके लिए मतदान होगा और इसी दिन चुनाव परिणाम भी घोषित हो जाएगा। चुनावी बिसात पर सब कोई मोहरा बिछाने में लगे हुए हैं। जातीय राजनीति में जाति साधने की जुगत की जा रही है। बड़ा प्रश्न यह है कि क्या प्रखंड प्रमुख के चुनाव को लेकर जिस तरह की जाती की राजनीति की गई थी उसका प्रभाव व्यापार मंडल के चुनाव पर भी पड़ेगा। इस पर राजनीतिक प्रेक्षकों की नजर है। व्यापार मंडल अध्यक्ष के चुनाव के लिए तीन प्रत्याशी चुनाव मैदान में हैं। निवर्तमान अध्यक्ष सुजीत कुमार सिंह उर्फ चुन्नू यादव, अंछा के पूर्व पैक्स अध्यक्ष रामबचन सिंह और राजद के प्रखंड अध्यक्ष देवेंद्र सिंह चुनाव मैदान में है। एक धड़ा ऐसा है जो यह कह रहा है कि इस बार प्रखंड प्रमुख के चुनाव में जिस तरह से जातीय राजनीति हुई उसका बदला लिया जाएगा। लेकिन इनकी ताकत कितनी है, यह चुनाव परिणाम बताएगा। फिलहाल सबकी नजर इस बात पर है कि इस बार कौन विजेता बनेगा। तीनों प्रत्याशी अपने-अपने दावा कर रहे हैं और किसानों मतदाताओं के बीच जा रहे हैं। सबके अपने दावे और वादे हैं, लेकिन अंतिम निर्णय तो मतदाताओं को ही लेना है और वह अपना फैसला शुक्रवार को सुनाएंगे।


किसानों का उत्थान की कोशिश : चुन्नू यादव 


 व्यापार मंडल के निवर्तमान अध्यक्ष सुजीत कुमार सिंह उर्फ चुन्नू यादव का कहना है कि किसानों के उत्थान के लिए उनको समर्थन मूल्य दिलाने का काम करेंगे। खाद की किल्लत खत्म कर सबको खाद उपलब्ध कराने का प्रयास करेंगे। दावा यह कि-चुनाव निश्चित जीत रहे हैं, क्योंकि किसानों के साथ रहकर उनकी हर समस्या का समाधान करने का हर संभव प्रयास किया। हर परिस्थिति में उनके साथ रहा। जाति वर्ग धर्म का भेदभाव कभी नहीं किया।


समस्या से त्रस्त किसान पक्ष में : राम बचन सिंह 


 रामबचन सिंह कहते हैं कि किसान पक्ष में है क्योंकि वह समस्या से ग्रस्त और त्रस्त हैं। खाद किसानों को नहीं मिला। धान की खरीदारी हुई तो पैसा नहीं मिला। किसी को पैसा मिला तो समय पर नहीं मिला। इसलिए जनता और किसान दोनों त्रस्त होकर समर्थन में हैं।



कोई दावा वादा नहीं : देवेंद्र सिंह 


राजद प्रखंड अध्यक्ष देवेंद्र सिंह कहते हैं कि उनका कोई दावा और वादा नहीं है, जैसा कि उनका स्वभाव है। अपने व्यक्तित्व, चरित्र और स्वभाव के बल पर जनता और किसानों का समर्थन मांग रहे हैं। पूरी उम्मीद है कि किसान समर्थन करेंगे।