Thursday 3 November 2022

खुद को दोहरा रहा व्यापार मंडल चुनाव का इतिहास




फ़ोटो-दैनिक जागरण में प्रकाशित रिपोर्ट

मैदान में चुन्नू यादव, रामबचन सिंह एवं देवेंद्र सिंह 

पांच साल पहले भी तीनों ही थे एक दूसरे के प्रतिद्वंदी

ना पहले था ना अब है कोई चौथा प्रत्याशी

 0 उपेंद्र कश्यप 0

इतिहास कभी-कभी खुद को दोहराता है। खासकर राजनीति में जब इतिहास का दुहराव होता दिखता है तो उसकी चर्चा व्यापक पैमाने पर होती है। दाउदनगर व्यापार मंडल अध्यक्ष के चुनाव को लेकर भी ऐसी ही स्थिति है। यह विचित्र संयोग है कि पांच साल पहले की लड़ाई का दुहराव फिर हो रहा है। पांच साल पहले जब चुनाव हुआ था तब भी जो तीन व्यक्ति प्रत्याशी बने थे वही तीन व्यक्ति इस बार भी प्रत्याशी हैं। न पिछली दफा कोई चौथा प्रत्याशी था और ना ही इस बार कोई चौथा व्यक्ति प्रत्याशी बना है। प्राप्त आंकड़ों के मुताबिक पिछली दफा सुजीत कुमार उर्फ चुन्नू यादव को 481 मत मिले थे और चुनाव जीतकर वह व्यापार मंडल के अध्यक्ष बने। दूसरे स्थान पर अंछा के तत्कालीन पैक्स अध्यक्ष राम बचन सिंह रहे थे। जिनको 358 वोट मिला था और तीसरे स्थान पर देवेंद्र सिंह राजद प्रखंड अध्यक्ष रहे थे, जिनको 315 वोट मिला था। आंकड़ों के अनुसार विजेता ने अपने निकट प्रतिद्वंदी को 123 मत से हराया था। जबकि तीसरे स्थान पर रहे देवेंद्र सिंह पहले स्थान पर रहे सुजीत सिंह के मुकाबले 166 वोट कम ला सके थे। इस बार फिर तीनों प्रत्याशी हैं। तीनों की स्थिति लगभग एक सी है। सुजीत सिंह पैक्स अध्यक्ष के साथ व्यापार मंडल के निवर्तमान अध्यक्ष हैं। रामबचन सिंह अब पूर्व पैक्स अध्यक्ष और देवेंद्र सिंह राजद के अभी भी प्रखंड अध्यक्ष हैं। इतिहास खुद को दोहराता हुआ दिख रहा है। चुनाव परिणाम में भी इतिहास कहां खड़ा होगा यह शुक्रवार को तब स्पष्ट होगा जब मतदान के बाद मतगणना होगा और कौन बना व्यापार मंडल का अध्यक्ष यह साफ होगा।



मतदान व मतगणना की तैयारी पूरी

व्यापार मंडल चुनाव के लिए मतदान चार नवंबर को सुबह 7:00 बजे से 4:30 बजे तक होगा। मतदान केंद्र प्रखंड कार्यालय परिसर स्थित सभाकक्ष में और मनरेगा भवन में बनाया गया है। तीन मतदान केंद्र हैं। मतदान के तुरंत बाद प्रखंड कार्यालय सभाकक्ष में ही मतगणना का कार्य संपन्न होगा और इसी दिन परिणाम घोषित किया जाएगा। उम्मीद की जा रही है कि परिणाम आने तक रात हो जाएगी। मतदान व मतगणना की तैयारी लगभग पूरी कर ली गयी है।



दो श्रेणी के हैं कुल 1959 मतदाता 

प्रखंड विकास पदाधिकारी सह निर्वाचन पदाधिकारी योगेंद्र पासवान ने बताया कि व्यापार मंडल के लिए होने वाले चुनाव में कुल मतदाताओं की संख्या 1959 है। प्रथम वर्ग में 15 मतदाता हैं, जो आवश्यक रूप से पैक्स अध्यक्ष हैं। दूसरे वर्ग में 1944 मतदाता किसान वर्ग से हैं। बताया गया कि प्रखंड कार्यालय से मतदान केंद्र की दूरी लगभग 500 मीटर है। जारी सूचना के अनुसार अध्यक्ष का पद अनारक्षित है।


No comments:

Post a Comment