Tuesday 1 November 2022

व्यापार मंडल के चुनाव को लेकर बिछने लगी है गोटियां

  


प्रखंड प्रमुख चुनाव की राजनीति का पड़ेगा प्रभाव 


जातीय राजनीति में जाति साधने की जुगत


संवाद सहयोगी । दाउदनगर (औरंगाबाद)

व्यापार मंडल के अध्यक्ष का चुनाव होना है। शुक्रवार को इसके लिए मतदान होगा और इसी दिन चुनाव परिणाम भी घोषित हो जाएगा। चुनावी बिसात पर सब कोई मोहरा बिछाने में लगे हुए हैं। जातीय राजनीति में जाति साधने की जुगत की जा रही है। बड़ा प्रश्न यह है कि क्या प्रखंड प्रमुख के चुनाव को लेकर जिस तरह की जाती की राजनीति की गई थी उसका प्रभाव व्यापार मंडल के चुनाव पर भी पड़ेगा। इस पर राजनीतिक प्रेक्षकों की नजर है। व्यापार मंडल अध्यक्ष के चुनाव के लिए तीन प्रत्याशी चुनाव मैदान में हैं। निवर्तमान अध्यक्ष सुजीत कुमार सिंह उर्फ चुन्नू यादव, अंछा के पूर्व पैक्स अध्यक्ष रामबचन सिंह और राजद के प्रखंड अध्यक्ष देवेंद्र सिंह चुनाव मैदान में है। एक धड़ा ऐसा है जो यह कह रहा है कि इस बार प्रखंड प्रमुख के चुनाव में जिस तरह से जातीय राजनीति हुई उसका बदला लिया जाएगा। लेकिन इनकी ताकत कितनी है, यह चुनाव परिणाम बताएगा। फिलहाल सबकी नजर इस बात पर है कि इस बार कौन विजेता बनेगा। तीनों प्रत्याशी अपने-अपने दावा कर रहे हैं और किसानों मतदाताओं के बीच जा रहे हैं। सबके अपने दावे और वादे हैं, लेकिन अंतिम निर्णय तो मतदाताओं को ही लेना है और वह अपना फैसला शुक्रवार को सुनाएंगे।


किसानों का उत्थान की कोशिश : चुन्नू यादव 


 व्यापार मंडल के निवर्तमान अध्यक्ष सुजीत कुमार सिंह उर्फ चुन्नू यादव का कहना है कि किसानों के उत्थान के लिए उनको समर्थन मूल्य दिलाने का काम करेंगे। खाद की किल्लत खत्म कर सबको खाद उपलब्ध कराने का प्रयास करेंगे। दावा यह कि-चुनाव निश्चित जीत रहे हैं, क्योंकि किसानों के साथ रहकर उनकी हर समस्या का समाधान करने का हर संभव प्रयास किया। हर परिस्थिति में उनके साथ रहा। जाति वर्ग धर्म का भेदभाव कभी नहीं किया।


समस्या से त्रस्त किसान पक्ष में : राम बचन सिंह 


 रामबचन सिंह कहते हैं कि किसान पक्ष में है क्योंकि वह समस्या से ग्रस्त और त्रस्त हैं। खाद किसानों को नहीं मिला। धान की खरीदारी हुई तो पैसा नहीं मिला। किसी को पैसा मिला तो समय पर नहीं मिला। इसलिए जनता और किसान दोनों त्रस्त होकर समर्थन में हैं।



कोई दावा वादा नहीं : देवेंद्र सिंह 


राजद प्रखंड अध्यक्ष देवेंद्र सिंह कहते हैं कि उनका कोई दावा और वादा नहीं है, जैसा कि उनका स्वभाव है। अपने व्यक्तित्व, चरित्र और स्वभाव के बल पर जनता और किसानों का समर्थन मांग रहे हैं। पूरी उम्मीद है कि किसान समर्थन करेंगे।

No comments:

Post a Comment