Sunday 9 April 2023

तीन दशक में अनुमंडल की आबादी हो गयी दोगुनी



1991 में हुआ था दाउदनगर अनुमंडल का गठन 

515596 थी वर्ष 1991 में अनुमंडल की आबादी 

1018051 लोग अब रहने लगे 2023 में

उपेंद्र कश्यप, दाउदनगर (औरंगाबाद) : दाउदनगर अनुमंडल का गठन हुए 32 वर्ष हो गए। इस यात्रा में आबादी लगभग दोगुनी हो गई लेकिन जन आकांक्षा अधूरी रह गई। मामला मानव संसाधन का हो या भौतिक संसाधनों का, जनाकांक्षा तो पूरी कतई नहीं हुई। जब वर्ष 1991 में 31 मार्च को दाउदनगर के अनुमंडल गठन की घोषणा की गई थी तब 515596 लोग रहते थे। वर्ष 2023 में जो जातीय सर्वेक्षण हो रहा है उसके मुताबिक 1018051 लोग इस अनुमंडल में रहने लगे हैं। इन 32 वर्षों में 502455 लोग बढ़े। यानी आबादी लगभग दोगुनी हो गई। लेकिन इस मुताबिक संसाधन दुगनी नहीं हुई। वर्ष 1991 में दाउदनगर प्रखंड से अनुमंडल बना था। तब इसकी आबादी 515596 थी। अनुमंडल बनने के समय नक्सलवादी गतिविधिया चरम पर थीं। इस कारण पिछडे़ इस इलाके में शिक्षा और प्रशासनिक विकास की गति तेज हुई तो ग्रामीण इलाके से बड़ी आबादी नये बने और खुद को गढ़ने में व्यस्त रहे शहर की ओर आयी। इससे शहरी क्षेत्र की आबादी काफी बढ़ी। 1991 में नगरपालिका क्षेत्र की आबादी 30331 थी जो 2001 में बढ़कर 38014 हो गई। और 2011 में 52340 है। वर्ष 2001 से 2011 के दशक में 27.89 फीसद आबादी बढ़ी, जबकि 1991 से 2001 के दशक में यह वृद्धि दर 25.77 रही है। 2001 की जनगणना के अनुसार अनुमंडल के सभी चार प्रखंड गोह, हसपुरा, ओबरा और दाउदनगर की कुल आबादी 776987 है। इसके अतिरिक्त नगर पंचायत की आबादी 52340 है। अर्थात कुल 829329 है। इसमें ओबरा की 226379, दाउदनगर की 154225, हसपुरा की 160475 एवं गोह की 235908 और नगर पंचायत की आबादी 52340 है। वर्ष 2001-2011 के दशक में यह वृद्धि दर रही 37.68 फीसद रही। इस तरह आने वाले दशकों में जनसंख्या वृद्धि से विकास को होड़ लेने की आवश्यकता होगी।





बोलते तथ्य :


2011 के मुकाबले 2023 में दाउदनगर प्रखंड के ग्रामीण इलाकों में यानी दाउदनगर के 15 पंचायतों में कुल 42142 की आबादी बढ़ी है। 2011 की जनगणना के अनुसार 154490 आबादी थी।



दाउदनगर नगर परिषद की आबादी जातीय सर्वे में 65543 बताई गई है। 2011 में शहर की आबादी 52364 थी। यानी लगभग एक दशक में 13179 लोग शहर में बढ़े। प्रतिशत में यह आंकड़ा 20.10 आता है।



2011 में हुए जनगणना के अनुसार 226007 लोग ओबरा में रहते थे। लेकिन जातीय सर्वे के अनुसार अब 272901 लोग रहते हैं।


हसपुरा प्रखंड में 2011 में कुल आबादी 160820 थी। नई जातीय सर्वे के अनुसार अब यहां 198761 लोग रहते हैं।



गोह प्रखंड में 2011 की जनगणना के अनुसार आबादी 234400 थी। अब 284214 लोग यहां रहते हैं।



No comments:

Post a Comment