Monday 8 May 2023

मुख्य व उप मुख्य पार्षद के अभ्यर्थी करेंगे एसडीओ कक्ष में नामांकन

 


वार्ड पार्षद के नामांकन के लिए बनाए गए हैं पांच सहायक निर्वाची पदाधिकारी 

वार्ड वार तय किए गए हैं सहायक निर्वाची पदाधिकारी 

संवाद सहयोगी, दाउदनगर (औरंगाबाद) : मुख्य पार्षद और उप मुख्य पार्षद के अभ्यर्थी अपना नामांकन अनुमंडल पदाधिकारी सह निर्वाची पदाधिकारी मनोज कुमार के कार्यालय कक्ष में नामजदगी का पर्चा दाखिल करेंगे। इनके अलावा वार्ड पार्षदों के लिए जिन अभ्यर्थियों को नामांकन करना है उनके लिए अलग से पांच सहायक निर्वाची पदाधिकारी बनाए गए हैं। जिनके लिए वार्ड तय किया गया है। इन सभी पदाधिकारियों के साथ आवश्यक कर्मी भी प्रतिनियुक्त किए गए हैं। इस संबंध में अनुमंडल पदाधिकारी द्वारा एक आदेश निकाला गया है। जिसके अनुसार वार्ड संख्या एक से पांच तक के अभ्यर्थी सहायक निर्वाची पदाधिकारी सह प्रखंड विकास पदाधिकारी दाउदनगर योगेंद्र पासवान के समक्ष नामजदगी का पर्चा दाखिल करेंगे। वे अनुमंडल पदाधिकारी दाउदनगर के न्यायालय कक्ष में बैठेंगे। अनुमंडल सभागार में वार्ड संख्या छह से 10 तक के अभ्यर्थी निर्वाची पदाधिकारी बनाए गए गोह प्रखंड विकास पदाधिकारी मनोज कुमार के समक्ष नामजदगी का परचा दाखिल करेंगे। अनुमंडल दंडाधिकारी के कार्यालय में वार्ड संख्या 11 से 15 तक के अभ्यर्थी ओबरा प्रखंड विकास पदाधिकारी राजू कुमार के समक्ष नामजदगी का पर्चा दाखिल करेंगे। वार्ड संख्या 16 से 22 तक के अभ्यर्थी भूमि सुधार उप समाहर्ता के कार्यालय में डीसीएलआर संजय कुमार के समक्ष नामजदगी का पर्चा दाखिल करेंगे। भूमि सुधार उप समाहर्ता के न्यायालय कक्ष में वार्ड संख्या 23 से 27 तक के अभ्यर्थी अंचल अधिकारी मनोज कुमार गुप्ता के समक्ष नामजदगी का पर्चा दाखिल करेंगे।



नामांकन को लेकर अनुमंडल कार्यालय की सुरक्षा की गई चाक-चौबंद 

कार्यालय के समीप पांच स्थानों पर एसडीओ ने की सुरक्षा बलों को प्रतिनियुक्त

पदाधिकारियों और सुरक्षाबलों को किया गया तैनात

संवाद सहयोगी, दाउदनगर (औरंगाबाद) : नगर परिषद चुनाव को देखते हुए अनुमंडल पदाधिकारी मनोज कुमार द्वारा अनुमंडल कार्यालय की सुरक्षा व्यवस्था की गई है। पांच स्थानों पर पदाधिकारी पुलिस बल के साथ प्रतिनियुक्त किए गए हैं। प्राप्त विवरण के अनुसार मुख्य सड़क से अनुमंडल रोड में कनीय अभियंता सिंचाई प्रमंडल धनंजय कुमार, महिला पर्यवेक्षक मीरा रंजन एएसआई सच्चिदानंद राय ओबरा को पुलिस बल के साथ प्रतिनियुक्त किया गया है। पंचदेव मंदिर के पास प्रखंड सहकारिता पदाधिकारी सतीश राम, महिला पर्यवेक्षक प्रभा कुमारी एवं एएसआई नंदकिशोर सिंह को पुलिस बल के साथ प्रतिनियुक्त किया गया है। अनुमंडल कार्यालय के पश्चिम कृषि समन्वयक मुकेश कुमार आजाद, महिला पर्यवेक्षक पुष्पा कुमारी एवं एएसआई महेश प्रसाद सिंह के साथ प्रतिनियुक्त किया गया है। अनुमंडल कार्यालय के मुख्य द्वार पर पश्चिम में कृषि समन्वयक राजीव रंजन सिंह, महिला पर्यवेक्षक कुमारी गीता, गोह के एएसआई प्रशांत कुमार और पुलिस बल को प्रतिनियुक्त किया गया है। अनुमंडल कार्यालय के पीछे पूर्वी द्वार पर मनरेगा के कार्यक्रम पदाधिकारी निर्भय कुमार, महिला पर्यवेक्षक कुमारी उर्मिला सिन्हा के साथ एएसआई अमरेंद्र कुमार और पुलिस बल के साथ प्रतिनियुक्त किया गया है। सबके साथ एक-चार का पुलिस बल प्रतिनियुक्त किया गया है और साथ में दो पुरुष एवं दो महिला लाठी बल भी दिया गया है। 




कुल 36 एनआर कटे 

दाउदनगर (औरंगाबाद) सोमवार को कुल 36 नाजिर रसीद (एनआर) कटे हैं इसके बिना नामजद की का पर्चा दाखिल नहीं किया जा सकता है। प्राप्त विवरण के अनुसार 36 में 24 महिला और 12 पुरुष के नाम से एनआर कटे हैं। जिसमें मुख्य पार्षद के लिए पांच, उप मुख्य पार्षद के लिए तीन और वार्ड पार्षद के लिए 28 एनआर शामिल हैं।



नगर परिषद चुनाव को लेकर आठ कोषांगों का हुआ गठन

आज से प्रारंभ होगा नामांकन

प्रशासनिक तैयारी हुई पूरी

चार कोषांग अपर एसडीओ के जिम्मे

संवाद सहयोगी, दाउदनगर (औरंगाबाद) : नगर परिषद चुनाव के लिए मंगलवार से नामांकन प्रक्रिया प्रारंभ होगी। नामांकन अनुमंडल कार्यालय में होना है। प्रशासनिक तैयारी इसके लिए पूरी कर ली गयी है। अनुमंडल पदाधिकारी मनोज कुमार ने नगर परिषद चुनाव को लेकर आठ कोषांगों का गठन किया है। इनके लिए नोडल पदाधिकारी, सहयोगी कर्मी की नियुक्ति की गई है। सबसे अधिक सीजर कोषांगों की जिम्मेदारी अपर एसडीओ को दी गयी है। उनको आदर्श आचार संहिता कोषांग, विधि व्यवस्था कोषांग, प्रतिवेदन कोषांग व जन शिकायत कोषांग का नोडल बनाया गया है। नाम निर्देशन कोषांग में भूमि सुधार उप समाहर्ता संजय कुमार, बीडीओ दाउदनगर योगेंद्र पासवान, गोह के मनोज कुमार, ओबरा के राजू कुमार और अंचल अधिकारी दाउदनगर मनोज कुमार गुप्ता को सहायक निर्वाचित पदाधिकारी बनाया गया है। अवर निर्वाचन पदाधिकारी मनोज कुमार नोडल पदाधिकारी होंगे। इसके अलावा 22 व्यक्तियों को सहयोगी कर्मी बनाया गया है। जिसमें अनुमंडल में पदस्थापित कर्मियों के अलावा कई शिक्षक शामिल हैं। यह कोषांग अनुमंडल पदाधिकारी के न्यायालय कक्ष में काम करेगा। आदर्श आचार संहिता कोषांग के लिए अपर एसडीओ प्रियव्रत रंजन नोडल पदाधिकारी बनाए गए हैं, जबकि तीन सहयोगी कर्मी रखे गए हैं। यह अनुमंडल गोपनीय शाखा कार्यालय से संचालित होगा। विधि व्यवस्था कोषांग के लिए भी अपर एसडीओ प्रियव्रत रंजन को ही नोडल पदाधिकारी बनाया गया है। इसके लिए छह सहयोगी कर्मी रखे गए हैं। इसमें हसपुरा, गोह, ओबरा एवं दाउदनगर के अंचल अधिकारी रखे गए हैं। यह अनुमंडल कार्यालय में संचालित होगा। प्रतिवेदन कोषांग के भी नोडल पदाधिकारी प्रियव्रत रंजन को बनाया गया है। इसमें बीडीओ गोह मनोज कुमार और बीडीओ दाउदनगर योगेंद्र पासवान को सहयोगी पदाधिकारी बनाया गया है। तीन सहयोगी कर्मी दिए गए हैं। जन शिकायत कोषांग के नोडल पदाधिकारी प्रिय व्रत रंजन को बनाया गया है। व्यय लेखा कोषांग के नोडल पदाधिकारी अवर निर्वाचन पदाधिकारी मनोज कुमार बनाए गए हैं। इस कोषांग में पांच सहयोगी कर्मी रखे गए हैं। वाहन कोषांग के नोडल पदाधिकारी प्रियव्रत रंजन को बनाया गया है। जिसमें चार सहयोगी कर्मी होंगे। हेल्प डेस्क कोषांग के नोडल पदाधिकारी हसपुरा के बीडीओ अभय कुमार को बनाया गया है। बीस सहयोगी पदाधिकारी व कर्मी इसके लिए तय किये गए हैं। यह अनुमंडल सभा कक्ष के बाहर काम करेगा।



बनाया है अनुमंडल नियंत्रण कक्ष सह हेल्प लाइन 

अनुमंडल नियंत्रण कक्ष सह हेल्पलाइन का गठन किया गया है। बाल विकास परियोजना पदाधिकारी प्रतिभा कुमारी को इसका नोडल पदाधिकारी बनाया गया है। कुल 10 सहयोगी पदाधिकारी व कर्मी इसके लिए नियुक्त किये गए हैं। यह अनुमंडल कार्यालय के प्रवेश द्वार के समीप संचालित होगा।


महत्वपूर्ण नामांकन 15 और 16 मई को 

नामांकन की प्रक्रिया भले मंगलवार से शुरू होगी, लेकिन प्रमुख भावी प्रत्याशी 15 या 16 मई को नामांकन करेंगे। निवर्तमान मुख्य पार्षद मीनू सिंह ने बताया कि वह 16 मई को नामांकन करेंगी। पूर्व मुख्य पार्षद सोनी देवी 15 या 16 मई को नामांकन करेंगी, यह अभी तय नहीं है। पूर्व मुख्य पार्षद परमानंद पासवान की पुत्रवधू मोनी कुमारी 15 मई को मुख्य पार्षद पद के लिए नामांकन करेंगी। जबकि स्वयं परमानंद प्रसाद वार्ड संख्या 22 से वार्ड पार्षद के लिए नामांकन करेंगे। पूर्व उप मुख्य पार्षद अजय कुमार पांडे उर्फ सिद्धि पांडे की पुत्रवधू स्वीटी पांडे 16 या 17 मई को मुख्य पार्षद पद के लिए नामांकन करेंगी।



No comments:

Post a Comment