Friday 24 April 2015

बचपन में विवाह, जवानी में विधवा


बचपन में विवाह, जवानी में विधवा

दो बच्चों का जीवन संभालना मुश्किल

उपेन्द्र कश्यप, दाउदनगर (औरंगाबाद) पूनम देवी गुरुवार की सुबह पूनम कूवंर बन गई। अचानक उसके जीवन में पूनम का काला अन्धियारा सदा के लिए छा गया। कल तक वह खुश थी, चहकती थी बच्चों के संग। जो भी था, जितना भी था उससे वह संतुष्ट थी। बुधवार को जब मन नहीं लग रहा था तब कुछ बेचैनी दिल में थी। किसी अनहोनी का पूर्वाभास हो रहा था। जब पति घर को लौट कर नही6 आये तो खोजबीन भी की, किंतु अनिष्ट इतना होना इसका अन्दाजा नहीं लगा सकी थी। सुबह जब गोधूली की बेला में पति का शव पडे होने की सूचना मिली तो व्यग्र हो उठी। उसकी उम्र अभी मात्र 30 साल की है। उसका घर छकु बिगहा है। राजेन्द्र चौधरी से उसका विवाह बचपन में ही हो गया था, करीब पन्द्रह साल पूर्व। अभी उसके दो बच्चे हैं। छ: साल का राहुल जो बुधु बिगहा प्राथमिक स्कूल में पढना शुरु किया है और चार साल की बेटी सन्ध्या जिसके जीवन की सांझ पिता के साया के साथ ढल गई है। उसे कुछ ज्ञान नहीं। अबोध बच्ची मां की गोद में बैठी खेलती रही जब पूनम पुलिस अधिकारी को अपना फर्दबयान दर्ज करा रही थी। मजदूरी के बाद मात्र दो ढाई साल पहले ही उसने राजमिस्त्री का काम शुरु किया था। इतनी निपुणता हासिल करने के बाद उसने ठेकेदारी प्रारंभ किया। मजदूरों से घर बनवाने का काम। अब शायद इस महत्वाकान्क्षा ने उसकी संघर्ष की यात्रा पर सदा के लिए विराम लगा दिया है।        

सन्दिग्ध स्थिति में युवक का शव बरामद

बुधवार को गया था डेंजर यादव से पैसा मांगने
ठेके पर घर बनाने का करता था कार्य
पुलिस कर रही है मामले की छानबीन
दाउनगर (औरंगाबाद) दुर्गा क्लब के नजदीक नन्हक चौधरी के घर के पास से 32 वर्षीय राजेन्द्र चौधरी का शव गुरुवार की सुबह पुलिस ने बरामद किया है। उसके शरीर पर चोट या जख्म का कोई निशान नहीं है। मौत की वजह ज्ञात नहीं है। उसकी पत्नी पूनम देवी ने आईओ मो.तलहा को फर्दबयान दिया है। इसमें बताया है कि मृतक घर बनाने का ठेका लेता है। बुधवार को मजदूरी मांगने उसके पास जब मजदूर आये तो वे बिगन बिगहा के डेंजर यादव के घर पैसा मांगने गये। पत्नी का कहना है कि दिन भर वे घर नहीं लौटे। खोजबीन की तो पता नहीं चला। गुरुवार को सुबह दुर्गा क्लब के पास शव मिला। पत्नी ने पुलिस को बताया है कि डेंजर यादव से 1.24 लाख में ठेका लिया था। इसी का पैसा मांगने गये थे। पुलिस ने शव को अंत्यपरीक्षण हेतू जिला मुख्यालय भेजा है। अंत्यपरीक्षण के बाद ही ज्ञात हो सकेगा कि मौत की वजह क्या है। शराब पीने से मौत होने की आशंका को मृतक के परिजनों और पडोसियों ने खारिज किया है। इनका कहना है कि दुर्गा क्लब में रात्रि में बारात लगी है। अगर शव उस वक्त होता तो हल्ला मच जाता। आशांका जाहिर किया है कि शव को कहीं अन्यत्र से लाकर यहां रखा गया है। पुलिस इन तमाम पहलुओं पर अनुसंधान कर रही है।

No comments:

Post a Comment