Wednesday 22 February 2023

वार्ड संख्या तीन में जल निकासी की है सबसे बड़ी समस्या



 लगभग पांच बीघा जमीन हो रही जलजमाव के कारण बर्बाद 


उदनगर (औरंगाबाद) : वार्ड संख्या तीन में सबसे बड़ी समस्या जल निकासी को लेकर है। घरों का पानी या तो घर से निकल नहीं रहा या निकलकर निजी जमीन में जमा हो जा रहा है। इस कारण लगभग पांच बीघा जमीन बर्बाद हो रही है, जो आवासीय श्रेणी की है। प्राप्त जानकारी के अनुसार वार्ड संख्या तीन के विभिन्न घरों का निकला हुआ पानी स्वर्गीय सुधाकर मिश्रा, राजेंद्र मोहन मिश्रा और रेवती रमण उपाध्याय की लगभग पांच बीघा जमीन में जमा हो जाती है। इस भूखंड में वार्ड संख्या तीन के अलावा चार और छह का पानी जमा होता है। दशकों पुरानी यह समस्या है। कई बार लोगों ने नगर परिषद में इस मुद्दे को लेकर शिकायत की लेकिन आश्वासन के अलावा समस्या का समाधान कभी नहीं हुआ। इसके अलावा भी कई समस्याएं हैं। जबकि वार्ड पार्षद तारिक अनवर के अनुसार वार्ड में कोई समस्या है ही नहीं। उपलब्धियों का उन्होंने विवरण गिना दिया।



गंदगी और जलजमाव की समस्या

 फोटो- अनुसूईया देवी 

पूर्व वार्ड पार्षद अनुसूईया देवी बताती हैं कि वार्ड में नली-गली टूट गई है। बर्बाद हो रही है। इसे कोई देखने वाला नहीं है। गंदगी है। जलजमाव की समस्या है। घर का पानी सड़क पर बाहर आ जाता है। बालूगंज में पांच साल में पांच बार भी सफाई कर्मी नहीं गया।


राशन और आवास की सुविधा नहीं फोटो सीकू राय 

सीकू राय का कहना है कि काफी बड़ी संख्या ऐसे लोगों की है जिनका राशन कार्ड नहीं बनाया गया। राशन कार्ड परिवार का बना तो उसमें सभी सदस्यों का नाम नहीं है। शहरी आवास योजना का लाभ लोगों को नहीं मिला। हद यह  है कि काफी प्रयास के बावजूद बालूगंज के एक दिव्यांग धर्मेंद्र चौधरी को रिक्शा तक नहीं मिला।



स्कूल में बारात ठहराने की समस्या बालूगंज निवासी विजेंद्र प्रसाद बताते हैं कि महिलाओं को शौच के लिए बाहर जाना पड़ता है। ना घरों में शौचालय है और ना सामुदायिक शौचालय का निर्माण किया गया। शादी विवाह के मौसम में विद्यालय बारात ठहराने के लिए नहीं मिलता। नतीजा लोगों को चोरी-छिपे बारात स्कूल के बरामदे में या कहीं ठहराना पड़ता है। अंबेडकर नगर व बालूगंज इलाके में एक मैरिज हाल की जरूरत है।


कुआं पर कब्जा, नीचे जा रहा है जलस्तर 

फोटो- मोहम्मद इस्माइल 

मोहम्मद इस्माइल ने बताया कि पानी की सबसे बड़ी समस्या है। भूगर्भ जल स्तर लगातार नीचे जा रहा है। नल जल योजना 100 प्रतिशत फेल है। पाइप बीछ गया लेकिन पानी नहीं मिलता। कुओं का वजूद खत्म कर दिया गया है। कई कुओं पर लोगों ने कब्जा कर रखा है। कुओं से अतिक्रमण हटाने की जरूरत है।



विकास का हरसंभव किया गया है काम 

फोटो-तारिक अनवर 

वार्ड पार्षद तारिक अनवर ने बताया कि बिजली और प्रकाश की व्यवस्था की गई। कच्ची सड़कों नालियों को सूचीबद्ध कर उन का निर्माण कराया गया। जो नहीं बने हैं उनका शीघ्र पक्की करण होगा। जरूरतमंदों को प्रधानमंत्री शहरी आवास योजना, सामाजिक सुरक्षा पेंशन, जरूरतमंदों को कोविड-19 में राहत, ठंड के मौसम में कंबल, प्रधानमंत्री उज्जवला गैस योजना का लाभ दिया गया। हर घर तक नल का जल पहुंचाने का काम किया गया। पानी टंकी का निर्माण किया गया। वाटर एटीएम बनाया गया। आपसी समन्वय बनाए रखने के लिए छोटी-मोटी समस्याओं का समाधान वार्ड स्तर पर किया गया।



अब तक के वार्ड पार्षद 

वर्ष        - वार्ड पार्षद 

2002 -   सावित्री देवी 

2007 - तेमन खातून 

2012 - अनुसूईया देवी 

2018-  तारिक अनवर


प्रमुख मोहल्ले 

डफाली टोला, अंबेडकर नगर, मुंशी टोला, बालूगंज दक्षिणी, किला रोड दक्षिणी


महत्वपूर्ण स्थल : देवी स्थान, बड़ी मस्जिद, अंजान शहीद मजार


No comments:

Post a Comment