Saturday 4 February 2023

अनुग्रह नारायण रोड और नबीनगर रोड बनेंगे वर्ल्ड क्लास रेलवे स्टेशन

 



o नए बजट में हुआ राशि का आवंटन 

o बिहटा-औरंगाबाद रेलवे लाइन के लिए मिला मात्र 20 करोड़ रुपये

o अब निर्माण का कार्य प्रारंभ होने की बढ़ी उम्मीद

उपेंद्र कश्यप, दाउदनगर (औरंगाबाद) : नए प्रस्तावित बजट में जिन 87 रेलवे स्टेशनों को विश्वस्तरीय बनाए जाने के लिए राशि आवंटित की गई है उसमें औरंगाबाद जिले के दो रेलवे स्टेशन शामिल हैं। जबकि बहुप्रतीक्षित बिहटा- औरंगाबाद भाया अनुग्रह नारायण रोड रेलवे लाइन के विकास के लिए मात्र 20 करोड़ रुपये का आवंटन किया गया है। जिसे लोग ऊंट के मुंह में जीरा के समान बता रहे हैं। इस परियोजना पर पहले भी राशि जारी हो चुकी है। प्राप्त जानकारी के अनुसार औरंगाबाद जिले के दो रेलवे स्टेशन अनुग्रह नारायण रोड और नबीनगर रोड को विश्वस्तरीय बनाया जाना है। इन दोनों स्टेशनों पर यात्रियों को ट्रेनों की सही जानकारी प्राप्त हो इसके लिए बड़े-बड़े होर्डिंग्स लगाए जाएंगे। प्रकाश की उत्तम व्यवस्था होगी। जो अवांछित संरचना है उसे हटाया जाएगा। पैदल मार्ग बनाया जाएगा। सड़कों का चौड़ीकरण जैसे कार्य किए जाएंगे। महिलाओं और दिव्यांग जनों के लिए स्टेशनों पर पर्याप्त संख्या में शौचालय ऐसे स्थान पर बनाए जाएंगे जो स्टेशन पर आसानी से दिखाई दे। दोनों रेलवे स्टेशनों पर मुफ्त वाई-फाई की सुविधा के साथ फाइव जी टावर भी लगाए जाएंगे। पुरानी और बेकार भवनों का उपयोग कर उच्च प्राथमिकता वाली यात्री संबंधी गतिविधियों को तैयार किया जाएगा। जानकारी के अनुसार यात्रियों को पहुंचने में आसानी हो इसके लिए पार्किंग व्यवस्था की जाएगी। प्रस्तावित बजट के अनुसार बिहटा- औरंगाबाद भाया अनुग्रह नारायण रोड रेल लाइन के लिए 20 करोड़ की राशि दी गई है। इससे पहले दानापुर के डीआरआई प्रभात कुमार और एडीआरएम परिचालन आधार राज के अनुसार अब तक इस परियोजना पर 67 करोड़ की राशि जारी की गई है। पहले के पैसे को सर्वे के लिए बताया गया था। अब जो 20 करोड़ की राशि प्राप्त हुई है इस से निर्माण का काम शुरू होगा। यानी उम्मीद बढ़ गई है कि इस रेलवे लाइन का निर्माण होगा।



114 करोड़ रुपए अब निर्माण के लिए उपलब्ध

फोटो- मनोज सिंह यादव

इस परियोजना के निर्माण के लिए औरंगाबाद से पटना और हाजीपुर कार्यालय तक पदयात्रा कर और दिल्ली में बजट से पहले धरना देने वाले संघर्ष समिति के मनोज सिंह यादव ने बताया कि 2019 में 20 करोड़, 2020 में 25 करोड़, 2021 में 50 करोड़ और अब 2023 में 20 करोड़ रुपये मिला है। कुछ राशि रखरखाव में खर्च हुआ है। 94 करोड़ पहले से था अब 20 करोड़ और मिल गया। बताया कि 114 करोड़ रुपए इस परियोजना में अभी है। 23 फरवरी 2022 को टेंडर को रद्द कर दिया गया था और कार्य नहीं करने को कहा गया था। नई राशि आवंटन से यह तय हो गया कि परियोजना जिंदा है और अब निर्माण का काम शुरू होगा।



सोन नगर का भी होगा विकास फोटो-सोन नगर रेलवे स्टेशन

नए बजट प्रस्ताव में कई योजनाएं ऐसी ली गयी है जिससे सोन नगर रेलवे स्टेशन का भी विकास होगा। धनबाद- सोननगर नया तीसरी लाइन बिछेगा। यह 291 किलोमीटर का है। सोननगर-चिरैला पौथु से बाघा बिशुनपुर तक बाईपास लाइन बिछाया जाना है। इसी तरह सोननगर दुर्गावती के बीच लगभग डेढ़ दर्जन समपार फाटक पर दो लेन की ऊपरी सड़क पथ का निर्माण होना है।





No comments:

Post a Comment