Wednesday 15 February 2023

जलजमाव की समस्या से परेशान है वार्ड संख्या दो

 



 बालूगंज और तकिया पर जलजमाव की समस्या 

बुढ़वा महादेव तक जाना बड़े वाहनों के लिए मुश्किल

दाउदनगर (औरंगाबाद) : वार्ड संख्या दो पुरानी शहर का एक हिस्सा है। शहर में रहते हुए भी यह ग्रामीण इलाके जैसा लगता है। इस वार्ड की सबसे बड़ी समस्या जलजमाव की है। बालूगंज में सोन जाने वाला रास्ता हो या तकिया से सोन जाने वाला रास्ता, दोनों क्षेत्र में जलजमाव बड़ी समस्या है और खेती किसानी करने वाले लोगों को इस रास्ते जाने की मजबूरी है। जुलाई से सितंबर महीने तक इस रास्ते से यात्रा काफी मुश्किल होती है। किला का दरवाजा बंद हो जाने से बालूगंज स्थित बुढ़वा महादेव मंदिर तक बड़ी गाड़ी का जाना मुश्किल हो गया है। इस मंदिर तक पहुंचने के लिए इमामबाड़ा और माली टोला हो कर जाना पड़ता है और रास्ते भी खराब हैं।



डबरा में पुलिया की जरूरत 



पूर्व वार्ड पार्षद रामअवतार चौधरी ने बताया कि सत्यनारायण चौधरी के डबरा में पुलिया के निर्माण की जरूरत है। बालूगंज के लोग सोन तरी दियारा में खेती करते हैं। डबरा में पानी भर जाता है। डेढ़ सौ फ़ीट की यह यात्रा काफी मुश्किल होती है। महिलाओं को कपड़ा उठाकर जाना पड़ता है। जरूरत है कि यहां एक पुलिया का निर्माण किया जाए। जिसके लिए अपनी जमीन देने को सत्यनारायण चौधरी भी तैयार हो गए थे। इसका प्रस्ताव भी उन्होंने दिया था।




मोहल्ले में नाली ढंकने की जरूरत 


फोटो- अनिल कुमार 

अनिल कुमार बताते हैं कि वार्ड में नालियों को ढंकने की जरूरत है। हर नाली पर ढक्कन होना चाहिए ताकि अच्छा लगे। मच्छरों के प्रकोप से बचा जा सके। हाता मध्य विद्यालय व उर्दू स्कूल के तरफ नाली का ढंका जाना आवश्यक है। नालियों के ढंके जाने के कारण खराब भी लगता है और उसमें गिरने का डर भी बच्चों को रहता है।


500 फीट की यात्रा मुश्किल 


फोटो- पंकज सिंह 

सोन तराई इलाका में खेती करने वाले पंकज सिंह कहते हैं कि तकिया से सोन तटीय इलाका में जाना मुश्किल है। इलाके के लोगों का अधिकतर खेती इस इलाके में है। जहां सब्जी खूब होती है। बरसात में चलने लायक परिस्थिति नहीं रह जाती है। इतना भयानक जल जमाव होता है। जरूरत है कि समस्या का स्थाई समाधान किया जाए।


आवास योजना का नहीं मिल रहा है पैसा

 फोटो-राजू महतो

राजू महतो कहते हैं कि आवास योजना का उनको और उनके पड़ोसियों को भी पैसा नहीं मिला है। किसी को एक क़िस्त तो किसी को दो किस्त ही पैसा मिल सका है। राजू महतो के घर से रामप्रवेश के घर तक नाली नहीं बनाया गया। सड़क ऊंची हो गई। वह भी कच्ची है। यहां जलजमाव रहता है। गंदगी लगी रहती है। जिससे लोगों का आना-जाना मुश्किल होता है।



किया हरसंभव विकास का काम


फोटो-सीमन देवी

वार्ड पार्षद सीमन देवी ने बताया कि उन्होंने हर संभव कार्य किया। दस गली का पक्कीकरण, 100 नया राशन कार्ड, 40 प्रधानमंत्री शहरी आवास, 100 सामाजिक सुरक्षा पेंशन, वाटर एटीएम का निर्माण कराया। और भी कई विकास कार्य कराया है।




अब तक के वार्ड पार्षद 

वर्ष - पार्षद का नाम 

2002 - शांति देवी

2007- राम औतार चौधरी

2012- राम औतार चौधरी

2018- सीमन देवी


प्रमुख मुहल्ला का नाम-पुराना शहर तकिया, कुशवाहा टोली, कायस्थ टोली, शांति भवन मुहल्ला, बालूगंज का हिस्सा, बालू गंज डिल्ला, गौतम बुद्ध नगर





No comments:

Post a Comment