Tuesday 27 June 2023

भ्रम और गड़बड़ियों के बीच नगर सरकार का शपथ ग्रहण

 


तीन प्रयास में सफल हुआ वार्ड पार्षदों का सामूहिक शपथ ग्रहण

पहले वार्ड पार्षदों ने लिया शपथ फिर उप मुख्य पार्षद ने

सबसे अंत में मुख्य पार्षद को दिलाई गई शपथ 

निर्वाचन प्रमाण पत्र, शपथ कराने के तरीके और समारोह बनाम बैठक का बना रहा भ्रम


उपेंद्र कश्यप, दाउदनगर (औरंगाबाद) :  कई तरह के भ्रम और गड़बड़ियों के बीच नगर सरकार का शपथ ग्रहण समारोह मंगलवार को नगर परिषद के प्रशासनिक भवन के सभाकक्ष में संपन्न हो गया। कई मुद्दे ऐसे रहे जब शपथ ग्रहण कराने के लिए जिन अधिकारियों को दायित्व सौंपा गया था उलझे हुए दिखे। सबसे पहले तो विवाद इसी बात को लेकर हुआ और कई वार्ड पार्षदों ने असंतोष जाहिर किया कि शपथ ग्रहण समारोह में आने के लिए जो पत्र तमिला कराया गया है वह पर्याप्त है या निर्वाचन प्रमाणपत्र साथ लाना अति आवश्यक है। उप निर्वाचन पदाधिकारी मोहम्मद गजाली ने कहा कि निर्वाचन प्रमाण पत्र आवश्यक है। यह बात कई वार्ड पार्षदों को उचित नहीं लगी, जबकि प्रशासनिक अधिकारी के पास निर्वाचित व्यक्ति की पहचान के लिए निर्वाचन प्रमाण पत्र का होना आवश्यक माना जाता है। इसे लेकर भ्रम और असंतोष की स्थिति बन गई। सदन में जब शपथ ग्रहण समारोह प्रारंभ करने की स्थिति आई तो मंच पर बैठे अधिकारियों द्वारा कहा गया जब डीडीसी मैं बोलेंगे तो बाकी वार्ड पार्षद अपने पास उपलब्ध शपथ पत्र का प्रारूप पढ़ लेंगे। ऐसा हुआ फिर डीडीसी अभयेन्द्र मोहन सिंह ने कहा कि ऐसे नहीं। वार्ड पार्षदों को फिर समझाया गया कि वे जब बोलेंगे मैं, उसके बाद उनको अपना नाम और निर्वाचन क्षेत्र का नाम लेकर शपथ प्रारूप पढ़ना है। फिर ऐसा हुआ और फिर इसे खारिज कर दिया गया। तब कहा गया कि डीडीसी जो कहेंगे उसे दोहराया जाए। इस तरह तीन प्रयास में शपथ वार्ड पार्षदों को दिलाने में सफलता मिली। यह दुविधा भी अजीब रही कि पहले यह कहा गया कि जो वार्ड पार्षद प्राप्त शपथ पत्र को पढ़ नहीं सकते वह बैठे रहेंगे, बाकी वार्ड पार्षद शपथ लेंगे। ऐसे तीन वार्ड पार्षद नजर आए जो लिखा हुआ शपथ पत्र नहीं पढ़ सकते थे। उनको कहा गया कि वह बैठे रहें। उनको बाद में शपथ दिलाया जाएगा। डीडीसी बोलेंगे और उसका वे दोहराव कर शपथ लेंगे। अंततः निर्णय लिया गया कि सभी का सामूहिक शपथ होगा। इसके बाद उप मुख्य पार्षद को शपथ दिलाई गई। कई बार डीडीसी को कुछ शब्द दोहराने पड़े और तब उप मुख्य पार्षद कमला देवी ने उसे दोहराया। सबसे अंत में मुख्य पार्षद के रूप में अंजली कुमारी ने शपथ लिया। भ्रम और दुविधा इस बात को भी ले कर रही कि यह शपथ ग्रहण समारोह है या पहली बैठक। इस पर भी अधिकारियों के बीच चर्चा होती हुई दिखी। जबकि यह साफ निर्देश प्राप्त था कि यह शपथ ग्रहण समारोह है और इसमें किसी भी एजेंडे पर चर्चा नहीं की जा सकती और अंततः यही हुआ। 



अपमानित होने से बच गए तीन माननीय


यदि ऐसा होता कि जो शपथ प्रारूप नहीं पढ़ सकते हैं वे बाद में शपथ लेते। तो क्या यह उचित होता। इनको बिठाकर अन्य 24 वार्ड पार्षदों का सामूहिक शपथ होता तो वे पहचाने जाते। उनके मन में अपमान का भाव जग सकता था। लेकिन सदन में इस बात को लेकर विरोध नहीं किया गया। सब मौन रहे। परिस्थिति ऐसी बनी कि अंततः सबका सामूहिक शपथ हुआ।




एक सप्ताह में स्टैंडिंग कमेटी और 30 दिन में बोर्ड की होगी बैठक 


संवाद सहयोगी, दाउदनगर (औरंगाबाद) : वार्ड पार्षदों, उप मुख्य पार्षद और मुख्य पार्षद के शपथ ग्रहण का कार्य संपन्न होने के बाद अनुमंडल पदाधिकारी मनोज कुमार ने कहा कि एक  सप्ताह के अंदर सशक्त स्थाई समिति का गठन कर बैठक कर लें और 30 दिन के अंदर बोर्ड की बैठक कर लें। उन्होंने औपचारिक तौर पर शपथ ग्रहण के बाद मुख्य पार्षद, उप मुख्य पार्षद और वार्ड पार्षदों को बधाई दी। डीडीसी अभयेन्द्र मोहन सिंह, उप निर्वाचन पदाधिकारी मो.गजाली, नगर परिषद के कार्यपालक पदाधिकारी संजय उपाध्याय एवं अन्य कर्मचारियों ने सभी को बधाई दी। नगर परिषद के कर्मियों द्वारा सभी निर्वाचित जनप्रतिनिधियों को सम्मानित किया गया।





चार बार हुआ उद्घाटन और पूजा 


प्रशासनिक भवन के सभाकक्ष में शपथ ग्रहण समारोह संपन्न होने के बाद मुख्य पार्षद अंजली कुमारी और उप मुख्य पार्षद कमला देवी को चार अन्य स्थानों पर पूजा करनी पड़ी और फीता काट कर उद्घाटन करना पड़ा। दरअसल प्रशासनिक भवन के प्रथम तल पर मुख्य पार्षद, उप मुख्य पार्षद और वार्ड पार्षदों के बैठने के लिए अलग से कक्ष बनाए गए हैं। शपथ ग्रहण के बाद प्रथम तल पर चढ़ने के लिए बनी सीढ़ी के पास नारियल फोड़कर सनातन परंपरा के तहत पूजा अर्चना की गई और तब सभी प्रथम तल पर गए। वहां वार्ड पार्षदों के बने सामूहिक कक्ष का उद्घाटन किया गया। उसके बाद मुख्य पार्षद अंजली देवी और फिर उप मुख्य पार्षद कमला देवी के कार्यालय कक्ष का उद्घाटन किया गया। इस दौरान काफी आमंत्रित लोग उपस्थित रहे।





बरसात से पहले ही हो जाएगी नालियों की उड़ाही : अंजली कुमारी 

विकास के लिए ही आई हूं : कमला देवी 

फोटो- उप मुख्य पार्षद कमला देवी एवं मुख्य पार्षद अंजली कुमारी 


संवाद सहयोगी, दाउदनगर (औरंगाबाद) : अपने कार्यालय कक्ष में मुख्य पार्षद अंजली देवी ने स्पष्ट कहा कि बरसात से पहले नालियों की उड़ाही कर दी जाएगी, ताकि शहर को जलजमाव की समस्या का सामना न करना पड़े। मीडिया से बातचीत करते हुए उन्होंने कहा कि नगर को सुंदर और स्वच्छ बनाना उनकी प्राथमिकता है। सभी वार्ड पार्षदों को पहले ही सूचना दे दी गई है कि यदि उनके वार्ड में कहीं जलजमाव की समस्या है तो वह बताएं। नाली सफाई कराई जाएगी। उन्होंने इसके लिए नगर परिषद कार्यालय को निर्देशित कर रखा है। अन्य सवालों के जवाब में  उन्होंने कहा कि जो भी नियम कानून के दायरे में है वह काम करेंगी। जनता का विश्वास नहीं तोड़ेंगी। उन्होंने कहा कि जिस तरह जनता ने उन पर विश्वास कर उन्हें मुख्य पार्षद की जिम्मेदारी सौंपी है उसी तरह जनता उन पर विश्वास करे, वह उनके विश्वास को कतई तोड़ेंगी नहीं। उनकी उम्मीदों पर खरा उतरने का प्रयास करेंगी। जो भी उन्होंने वादा चुनाव के दरमियान किया है उसे पूरा करेंगी। चाहे नारी सशक्तिकरण का मामला हो या महिला शौचालय एवं अन्य निर्माण का वादा। वादा पूरा करने का हर संभव प्रयास करेंगी। वहीं उप मुख्य पार्षद कमला देवी ने कहा कि विकास के लिए ही आई हैं। पहले भी वार्ड पार्षद रह चुकी हैं और पूर्व के अनुभव का लाभ उठाएंगी।



व्यवस्था को ले जताया असंतोष

संवाद सहयोगी, दाउदनगर (औरंगाबाद) :

नगर परिषद द्वारा शपथ ग्रहण समारोह की भव्य तैयारी की गई। दुल्हन की तरह सजाया गया। नाश्ता पानी का इंतजाम किया गया। इसके बावजूद कई लोगों ने व्यवस्था को लेकर सवाल किया।

राम प्रसाद राम ने कहा कि व्यवस्था सही नहीं है। जनता शपथ ग्रहण देखने आई है, न कि कमरा में बैठने। मंचीय व्यवस्था होनी चाहिए थी। कब तक खड़ा रहेंगे हम। 

11.10 बजे बिजली गायब हो गयी। लगातार दो बार अंधेरा हुआ। इन्वर्टर की पीं पीं की आवाज सुनाई पड़ी। एसी हो गया बन्द। एक मिनट में विद्युत आपूर्ति बहाल हो गयी। अधिकारियों के बीच कम एसी लगाने पर भी हुई चर्चा। दो लगा है और दो की आवश्यकता बताई गई।




टाइम लाईन:-

10.20- सभा भवन में ये वार्ड पार्षद बैठ चुकी थीं-गुड़िया देवी व सीमा देवी, बेबी देवी


11.07 बजे यानी निर्धारित समय से सात मिनट विलंब से पहुंचे जिला विकास आयुक्त

11.11 बजे से निर्वाचन प्रमाण पत्र जांच शुरू कराई गई। जिला निर्वाचन पदाधिकारी द्वारा। भूपेंद्र मिश्रा उर्फ चिंटू मिश्रा समेत कई लोग तब सदन से बाहर गए निर्वाचन प्रमाण पत्र लाने या मंगवाया।


11.19 बजे शपथ पत्र का वितरण प्रारंभ हुआ। यह व्यक्तिगत तौर पर सभी निर्वाचित जन प्रतिनिधि के नाम से प्रिंट किया हुआ था।

11.23 बजे कहा गया कि शपथ पत्र पढ़ लेंगे न। जो नहीं पढ़ सकेंगे वे दुहराव करेंगे अलग से। तीन वार्ड पार्षद ने कहा- नहीं पढ़ सकूंगा।

11.27 बजे पहुंचे अनुमंडल पदाधिकारी मनोज कुमार


11.28 बजे- अधिकारियों के बीच नगर परिषद गठन बनाम पहली बैठक पर चर्चा

डीडीसी ने उप निर्वाचन पदाधिकारी को कहा कि बोर्ड गठन से संबंधित दस्तावेज रखना ही चाहिए।


11.31 बजे फिर कहा गया कि जो नहीं पढ़ सकते शपथ पत्र वे बैठे रहेंगे। उनका बाद में होगा। वे अधिकारी के बोलने पर उसका दुहराव करेंगे।


11.41 बजे एक अधिकारी बोले- क्या व्यवस्था किये हैं। स्टैंड पंखा लगाइए। बहुत गर्मी है।

11.50 बजे शपथ ग्रहण कार्य संपन्न।




No comments:

Post a Comment