Tuesday 20 June 2023

घोषणा पत्रों को लागू करने का होगा मुख्य पार्षद पर दबाव

 


पहली बार जनता द्वारा चुनी गई हैं मुख्य व उप मुख्य पार्षद 

देते रहना होगा बार-बार जनता को वादों पर जवाब 

जनता की शक्ति से जीती अंजलि करेंगी तरक्की

दाउदनगर (औरंगाबाद) : अंजली कुमारी मुख्य पार्षद बन गई हैं। वे 27 जून को पद एवं गोपनीयता की शपथ लेंगी। इनके साथ उप मुख्य पार्षद कमला देवी व सभी 27 वार्ड पार्षद भी शपथ लेंगे। उन्होंने जो घोषणा पत्र जारी किया था उस पर लिखा हुआ था- आपका समर्थन हमारी शक्ति, जीतेगी अंजलि होगी तरक्की। और यह भी कि -परिवर्तन का संकल्प है और नहीं पड़ेगा भटकना, घर घर पहुंचेगी नगर परिषद की योजना। अब मुख्य पार्षद बन गई हैं तो उन पर अपनी घोषणाओं पर अमल करने का दबाव होगा। दाउदनगर नगर परिषद में पहली बार जनता ने अपने मत से मुख्य पार्षद और उप मुख्य पार्षद का चुनाव किया है। ऐसे में जनता के बीच इनको जवाब देते रहना पड़ेगा। पहले मुख्य पार्षद जनता के प्रति जवाबदेह नहीं हो पाते थे। वार्ड पार्षद चुने जाते थे। वार्ड पार्षदों के बीच से ही कोई एक मुख्य पार्षद बनता था। नतीजा वार्ड पार्षदों को अपने पाले में बनाए रखने का दबाव अधिक होता था। अब स्थिति बदल गई है जनता ने सीधे मत दिया है तो सीधे सवाल करेगी। मुपा अंजली कुमारी ने अपने घोषणापत्र में कई वादे किए हैं। सफाई, ब्लीचिंग का छिड़काव, फागिंग करना, पेयजल, शौचालय का निर्माण करना उसकी देखभाल का प्रबंध करना, स्ट्रीट लाइट, सीसीटीवी कैमरा एवं फुटपाथ की व्यवस्था करना। जनता की प्रमुख मांग रही है कि शहर में सीसीटीवी कैमरा लगाई जाए, ताकि इसके कारण अपराध करने से अपराधी डरें। छोटे-छोटे अपराध भी यदि हो तो अपराधियों को पकड़ने के लिए सबूत उपलब्ध रहे। उनके घोषणाओं में प्रमुख रहा है जाम रहित नगर, बाजार, सड़क, टेंपो बस स्टैंड का निर्माण एवं नगर में मेला हाट हेतु जगह निर्धारित कर विकसित करना। गुदड़ी कर माफ करना। यह कतई आसान नहीं होगा। मामला राजस्व से जुड़ा हुआ है। लेकिन अतीत में उदाहरण भी है कि साइकिल के लिए पास ठोके जाते थे जिसे बंद कर दिया गया। शव दाह का निर्माण, कब्रिस्तानों की घेराबंदी, मंदिर की चारदीवारी का निर्माण, सड़क के किनारे छायादार पौधे लगाना, यात्री शेड का निर्माण करना, नगर भवन क्लब एवं पुस्तकालय का निर्माण करना इनके घोषणापत्र में शामिल है। सवाल है कि यह कब और कैसे पूरा होगा। इस पर जानता की नजर रहनी स्वाभाविक है।



जल्द समाप्त होगा गुदड़ी कर : मुख्य पार्षद



मुख्य पार्षद अंजली कुमारी से दैनिक जागरण ने कई सवाल किया। इसका उन्होंने जवाब दिया। बताया सर्व प्रथम बैठक में पूर्व से संचालित योजनाओं का समीक्षा करेंगी। महिला होने के नाते शहर के महत्वपूर्ण स्थानों को चिन्हित कर शौचालय का निर्माण कराना, नाली, गली की सफाई और नियमित फोगिंग, ब्लीचिंग का छिड़काव सुनिश्चित कराना प्राथमिकता में है। कमिटी गठन के उपरांत सर्व सहमति से जल्द ही गुदड़ी कर हटाने के लिए निर्णय लिया जायेगा। स्वच्छता, अतिक्रमण मुक्त, जाम मुक्त शहर एवं जनसरोकार की योजनाओं का लाभ लाभुकों तक पहुंचना सुनिश्चित कराना पहली प्राथमिकता होगी। नगर भवन, क्लब व पुस्तकालय का राशि की उपलब्धता के उपरांत निर्माण कार्य बहुत जल्द शुरू कराया जायेगा। सीसीटीवी कैमरे के लिए जगह निर्धारण कर, जल्द ही अधिष्ठापित कराया जायेगा।


No comments:

Post a Comment