Saturday 10 June 2023

नगर परिषद दाउदनगर को आज मिलेंगे जनता के प्रथम चेयरमैन



जनता ने मतदान कर तय कर दिया है भाग्य 

किसके सिर बंधेगा सौभाग्य का ताज, फैसला आज 

उपेंद्र कश्यप, दाउदनगर (औरंगाबाद) : 1885 के नगर पालिका दाउदनगर का जनता द्वारा सीधे चुने गए प्रथम चेयरमैन आज मिल जाएंगे। यह सौभाग्य किसे प्राप्त होगा यह फैसला आज होगा। दिन रविवार का है। जिसे सूर्य का दिन माना जाता है।  और संयोग देखिए कि नागरिक समाज से पहला चेयरमैन 1938 में सूर्य नारायण सिंह बने थे। इसके पहले वर्ष 1885 से लेकर 1937 तक सिंचाई विभाग औरंगाबाद के एसडीओ पदेन चेयरमैन हुआ करते थे। जनता ने पहली बार अपना मत देकर सीधे चेयरमैन का चुनाव किया है। इससे पहले चाहे नगर पालिका हो या नगर पंचायत या नगर परिषद, चेयरमैन या तो सरकार द्वारा नियुक्त किए गए या आपसी सहमति से बने या वार्ड पार्षदों के द्वारा चुने गए। यह पहला मौका है जब जनता ने अपने भविष्य का फैसला किया है और किसी के हाथ में शहर का भाग्य सौंप दिया है। वह भाग्यलक्ष्मी कौन है, यह रविवार को स्पष्ट होगा। उम्मीद की जा रही है कि दोपहर होते-होते चेयरमैन का नाम पूरी तरह सामने आ जाएगा।


29 वें वाइस चेयरमैन का भी आएगा 

अट्ठारह सौ पचासी से अब तक 28 बार वाइस चेयरमैन बने हैं। 29 वां वायस चेयरमैन भी चेयरमैन की तरह पहली बार सीधे जनता के मत से निर्वाचित होना है। ईवीएम में से किसका नाम निकलता है यह देखने की बात होगी। सबको इसका इंतजार है।



जीत के सबके अपने-अपने दावे


नगर परिषद के मुख्य, उप मुख्य पार्षद और वार्ड पार्षद का चुनाव संपन्न हो गया है। ईवीएम में सभी प्रत्याशियों के भाग्य बंद हैं। 29 कौन भाग्यशाली होंगे यह रविवार को सामने आएगा। 27 वार्ड पार्षद एक उप मुख्य पार्षद और एक मुख्य पार्षद इसमें शामिल हैं। फिलहाल जीत के सबके अपने-अपने दावे हैं। सबसे चर्चा में रहा मुख्य पार्षद का चुनाव। इसके लिए माना जा रहा है कि बहुकोणीय संघर्ष हो सकता है। या परिणाम चौंकाने वाला भी हो सकता है और विजेता बड़े अंतर से जीत दर्ज करने में कामयाब हुआ हो। शहर में जो चर्चा है उसके अनुसार निवर्तमान मुख्य पार्षद मीनू सिंह, पूर्व मुख्य पार्षद सोनी देवी, अंजली कुमारी के बीच त्रिकोणीय मुकाबला हुआ है। स्वीटी पांडे का भी नाम चर्चा में है। चारों में किस के माथे चेयरमैन का ताज सजेगा यह आज पता चल जाएगा। इसी तरह उप मुख्य पार्षद में कमला देवी, रीता देवी और मंजू देवी के बीच त्रिकोणीय संघर्ष माना जा रहा है।





39038 मतदाताओं में से 20895 ने किया मतदान 


नगर परिषद चुनाव में कुल 53.52 प्रतिशत मतदान 

54.83 प्रतिशत पुरुष और 52.11 प्रतिशत महिला मतदान

मात्र छह मतदान केंद्रों पर मतदान 50 प्रतिशत से कम

मात्र चार मतदान केंद्रों पर मतदान 60 प्रतिशत से अधिक 

उपेंद्र कश्यप, दाउदनगर (औरंगाबाद) नगर परिषद दाउदनगर के 39038 मतदाताओं में से 20895 मतदाताओं ने मतदान किया। कुल मत का 53.52 प्रतिशत मतदाताओं ने मतदान किया है। कुल पुरुष मतदाता 20428 में से 11200 ने जबकि कुल महिला मतदाता 18606 में से 9695 ने मतदान किया है। प्रतिशत के लिहाज से देखें तो कुल 54.83 प्रतिशत पुरुषों ने और 52.11 प्रतिशत महिलाओं ने मतदान किया। एक खास बात यह रही कि अन्य यानी मंगला मुखी चार मतदाताओं में से किसी ने मतदान नहीं किया। शहर में कुल 27 वार्ड हैं। 50 प्रतिशत से कम मतदान कुल छह मतदान केंद्रों पर हुआ। जबकि चार मतदान केंद्र ऐसे रहे जहां 60 प्रतिशत से अधिक मतदान हुआ है। सर्वाधिक मत प्रतिशत 63.61 वार्ड संख्या 21 में और न्यूनतम 38.69 प्रतिशत वार्ड संख्या 19 में मतदान रहा।



 वार्ड वार मतदाता, मतदान और प्रतिशत इस प्रकार रहा 


वार्ड संख्या- कुल मतदाता- कुल मतदान- कुल मत प्रतिशत 

एक- 1482- 660- 44.53 

दो- 1720- 977- 56.86 

तीन- 1351- 780- 57.74 

चार- 1155- 657- 56.90 

पांच-1386- 847- 6.07 

छह-1608- 986- 61.31 

सात-1226- 692- 56.49 

आठ- 1703- 931- 54.66 

नौ- 1991- 1192- 59.85 

दस- 1577- 878- 57.18 

11- 1419- 719- 50.66 

12- 1581 -827- 52.32 

13- 1224 -697 -56.94 

14 -1482 752 -50.74 

15 -1289- 646 -50.11 

16- 1997 -1185-59.33 

17-1772 -710 -40.06 

18 -1730- 798- 46.13 

19- 1287 -498 -38.69 

20- 1024 -477- 46.57 

21- 1189 -756 -63.61 

22 -1158- 582 -50.23 

23 -1230 -604 -49.10 

24 -840 -497 -59.24 

25- 1812 -917 -50.61 

26- 1596 -878 -55.08 

27- 1210- 752- 62.16

कुल-39038-20895-53.52




No comments:

Post a Comment