Monday 26 June 2023

मुख्य, उप मुख्य और वार्ड पार्षदों को शपथ दिलाने को नगर परिषद तैयार

 



सभाकक्ष को सजाया गया है दुल्हन की तरह 

औरंगाबाद के डीडीसी दिलाएंगे सबको शपथ 

नगर परिषद की तरफ से किया जाएगा सबको सम्मानित 

संवाद सहयोगी, दाउदनगर (औरंगाबाद) : नगर परिषद के नवनिर्वाचित मुख्य पार्षद अंजली कुमारी, उप मुख्य पार्षद कमला देवी और सभी 27 वार्ड पार्षदों को मंगलवार को औरंगाबाद के जिला विकास आयुक्त अभयेन्द्र मोहन सिंह द्वारा पद की गोपनीयता की शपथ दिलाई जाएगी। इस कार्य के लिए नगर परिषद कार्यालय को दुल्हन की तरह सजाया गया है। नगर परिषद के नए प्रशासनिक भवन में नई कुर्सियों पर वार्ड पार्षद बैठेंगे और मंच पर मुख्य पार्षद, उप मुख्य पार्षद और अन्य पदाधिकारी बैठेंगे। इस सभाकक्ष को दुल्हन की तरह सजा दिया गया है। इसके अलावा मुख्य पार्षद और उप मुख्य पार्षद के कार्यालय कक्ष को भी दुरुस्त किया गया है। नए बने प्रशासनिक भवन में नई नगर सरकार का स्वागत भी नगर परिषद द्वारा किया जाएगा। इसके लिए सामान्यत: आवश्यक तमाम तैयारियां की गई हैं। सभी पार्षदों, उप मुख्य पार्षद, मुख्य पार्षद और अतिथियों को नगर परिषद के अधिकारी और कर्मचारी बुके देकर सम्मानित करेंगे। हालांकि इससे पहले सब का शपथ ग्रहण होगा। चाय नाश्ता का भी इंतजाम नगर परिषद द्वारा किया गया है। लोगों की नगर परिषद के इस आयोजन पर तो नजर है ही, नजर इस बात पर भी है कि शपथ ग्रहण समारोह में कौन-कौन लोग शामिल होते हैं और उनकी सक्रियता क्या संदेश देती है। सोमवार को नगर परिषद कार्यालय में देर शाम तक शपथ ग्रहण व सम्मान समारोह को लेकर तैयारियां चलती रही। कर्मचारी और सजावट से संबंधित श्रमिक इसमें लगे रहे। नगर परिषद के कार्यपालक पदाधिकारी संजय उपाध्याय द्वारा जिन को आवश्यक रूप से निमंत्रित करना है उन को निमंत्रित किया गया है।



काफी सुंदर है नप का प्रशासनिक भवन


औरंगाबाद जिला ही नहीं बल्कि आसपास के बड़े इलाके में दाउदनगर नगर परिषद का जो प्रशासनिक भवन है वह दूसरों के मुकाबले काफी बेहतर बताया जाता है। इस भवन को बनाने का श्रेय तत्कालीन मुख्य पार्षद मीनू सिंह को जाता है। हालांकि उनको बहुत दिन बैठने का सौभाग्य नहीं मिल सका। बोर्ड की मात्र एक बैठक ही वे करा सकीं इस भवन में। नप के कर्मी बताते हैं कि भवन में प्रवेश करने पर ही मन बागबाग हो जाता है, क्योंकि निर्माण कार्य से लेकर इंटीरियर तक और जो टेबल कुर्सी लगाए गए हैं, शौचालय, कमरा, सब कुछ चकाचक लगता है। पिछले बोर्ड की आखिरी बैठक जब हुई थी तब पार्षदों को प्लास्टिक की कुर्सियों पर बैठना पड़ा था। अब नवनिर्वाचित 27 वार्ड पार्षद शपथ ग्रहण के लिए पहुंचेंगे तो उनके लिए नया मूविंग चेयर उपलब्ध होगा जिस पर वे बैठेंगे।




खास तथ्य :

 27 जून 2023 को नगर परिषद के सभी 27 वार्ड पार्षद, उप मुख्य पार्षद और मुख्य पार्षद शपथ लेंगे


0 निर्वाचित पार्षदों, उप मुख्य पार्षद और मुख्य पार्षद की उपस्थिति ली जाएगी। बैठक की कार्यवाही अंकित की जाएगी। शपथ ग्रहण और प्रतिज्ञान कराने वाले अधिकृत पदाधिकारी सहित सभी उपस्थित पार्षदों, उप मुख्य पार्षद, मुख्य पार्षद का इस पर हस्ताक्षर होगा।


0 बैठक को प्रारंभ करते हुए संबंधित पदाधिकारी द्वारा प्रपत्र ख में उपस्थित सभी निर्वाचित पार्षदों को तथा प्रपत्र ग में उप मुख्य पार्षद व मुख्य पार्षद को शपथ करवाया जाएगा

0 इस बैठक में शपथ ग्रहण के अलावा अन्य कोई भी मुद्दा विचारने योग्य नहीं रखा गया है। 


0 विधि व्यवस्था का संधारण करने के साथ मीडिया कर्मियों के लिए स्थान चिन्हित रहेगा।


11 बजे पूर्वाहन में नगर परिषद दाउदनगर के सभाकक्ष में शपथ ग्रहण हेतु बैठक होगी।


0 निर्धारित समय से एक घंटे की अवधि के भीतर नहीं आने पर बैठक में भाग लेने की अनुमति नहीं दी जा सकेगी। 


0 शपथ पत्रों को आयोग की वेबसाइट पर इसी दिन अपलोड करना होगा।


इनको लेना है शपथ 

अंजली कुमारी- मुख्य पार्षद 

कमला देवी -उप मुख्य पार्षद 

के अलावा सभी 27 वार्ड पार्षद जो क्रमशः वार्ड संख्या एक से 27 तक इस प्रकार हैं- बबीता देवी, सीमन कुमारी, एहसान अहमद, भूपेंद्र कुमार मिश्रा, बसंत कुमार, मोहम्मद सोहेल अंसारी, राजू कुमार, जय गोविंद प्रसाद, गुंजा देवी, जगिया देवी, संजय प्रसाद, गुड़िया देवी, सोनी कुमारी, सुशीला देवी, संगीता देवी, प्रवीण कौसर, मोतीलाल, रूबी कुमारी, बेबी देवी, रीमा देवी, दिनेश प्रसाद, केदारनाथ सिंह, सीमा देवी, राधा रमन पूरी, पुष्पा कुमारी, इंदु देवी एवं संतोष कुमार।





1885 की नगरपालिका की 18 वीं चेयरमैन बनीं अंजली

जनता द्वारा चुनी गयीं पहली मुख्य पार्षद

नगर परिषद की तीसरी मुख्य पार्षद 

30 वीं उप मुख्य पार्षद बनीं कमला देवी

नप की तीसरी व जनता से चुनी गईं पहली उप मुख्य पार्षद



जब अट्ठारह सौ पचासी में नगरपालिका बना है तबसे लेकर अब तक में 18 वीं मुख्य पार्षद बनीं अंजली कुमारी। जबकि तीसवीं उप मुख्य पार्षद बनीं कमला देवी। दोनों मंगलवार को पद एवं गोपनीयता की शपथ लेंगी। बीते 138 बरस के इतिहास में पहली बार जनता के मत से वार्ड पार्षदों के साथ ही मुख्य पार्षद और उप मुख्य पार्षद का चुनाव हुआ है। इस दृष्टि से अगर देखें तो दोनों ही पद धारक नगर परिषद के प्रथम मुख्य पार्षद और उप मुख्य पार्षद हैं। नगर पालिका से नगर पंचायत बनने और फिर 13 अप्रैल 2017 को नगर परिषद के रूप में उत्क्रमित होने तक के इतिहास में देखें तो दोनों ही बतौर महिला चौथे पद धारक हैं। वर्ष 2001 में दाउदनगर नगर पंचायत बना था। वर्ष 2017 में नगर परिषद बनने के बाद जब 2018 में पहली बार चुनाव हुआ तब से यह दोनों पद महिला सामान्य के लिए आरक्षित हो गया। नतीजा लगातार महिलाएं मुख्य पार्षद और उप मुख्य पार्षद के पद पर आसीन हैं। 

No comments:

Post a Comment