Wednesday 21 September 2016

महिलाओं के लिए भी जिउतिया देखना होगा सुगम


 बच्चों की नकल प्रस्तुति
आज से जिउतिया का देखें चरमोत्कर्ष
कई संगठन नकल प्रतियोगिता को आये आगे
मुख्य आयोजन नगर पंचायत कार्यालय परिसर में

आज गुरुवार को जीवितपुत्रिका व्रत के लिए नहाय खाय है। इस दिन से ही यहां नौ दिन का जिउतिया लोकोत्सव अपने चरम पर होता है। यह तीन दिन रोमांच व आश्चर्य के चरम पर होता है। प्रतीत होता है कि पूरा शहर ही भेष बदले हुए है। हर तरफ स्वांग (नकल) कला की प्रस्तुति करते कलाकार दिख जायेंगे। इस बार मुख्य कर्यक्रम नगर पंचायत में आयोजित हो रहा है। यह प्रथम अवसर है। मुख्य पार्षद परमानंद प्रसाद व उप मुख्य पार्षद कौशलेन्द्र कुमार सिंह ने बताया कि यहां महिलाओं के लिए कार्यक्रम देखना एकदम सुगम होगा। उनके लिए सुरक्षित व्यवस्था की गयी है। वे निश्चिंत हो कर कार्यक्रम को देख सकती हैं। इसके अलावा इस लोकोत्सव में पुरानी शहर चौक पर ज्ञानदीप समिति द्वारा खास आयोजन इस बार किया जा रहा है। यहां शुक्रवार को जिउतिया पर धर्मवीर भारती द्वारा निर्मित डाक्युमेंट्री द सोल आफ कल्चरल सिटी दाउदनगर को रिलिज किया जाना है। कला, संस्कृति, खेल व युवा मंत्री डा.शिवचन्द्र राम समेत कई महत्वपूर्ण लोगों की उपस्थिति अपेक्षित है। इसके अलावा भी कई मंच ऐसे हैं जो जिउतिया लोकोत्सव को बढावा देने के लिए नकल प्रतियोगिता का आयोजन कर रहे हैं।

शहर में प्रतियोगिता के कई आयोजक
इस बार दो नया और खास आयोजक हैं। नगर पंचायत के अतिरिक्त इस बार पहली दफा ऑनलाइन नक़ल प्रतियोगिता का आयोजन प्रयत्न एजुकेशनल एंड सोशल ट्रस्ट करा रही है। यानी तकनीक का नया प्रयोग और इस पर्व में प्रथम समावेश। इसके अलावा विद्यार्थी चेतना परिषद, पान(तांती) समाज- इमली तल, ज्ञान दीप समिति- पुरानी शहर चौक, कांस्यकार पंचायत समिति- कसेरा टोली, एकता संघ समिति-गुलाम सेठ चौक, बम रोड नक़ल अभिनय प्रतियोगिता- बम रोड और नकल अभिनय प्रतियोगिता समिति मौलाबाग़- मौलाबाग।

झांकी नक़ल निकालने वाले खास संगठन
शहर में इस लोकोत्सव में झांकी निकालने वाले कुछ खास संगठन संगठन काफी सक्रिय हैं। इनकी प्रस्तुतियां इस लोकोत्सव की जान होती हैं। इन्हीं की बदौलत समाज में काफी संख्या में लोग कलाकार हैं जो अभिनय का बगैर प्रशिक्षण लिए ही काफी बेहतर प्रस्तुति दे पाते हैं। इसमें शामिल हैं- बाल संगठन-बम रोड, विद्यार्थी क्लब- कसेरा टोली,  भारती क्लब- पटवा टोली, बालक भारती क्लब- पटवा टोली, यूनियन क्लब-पचकठवा, स्टार क्लब- गोला रोड,
आदर्श क्लब, जनता क्लब समेत अन्य कई संगठन सक्रिय हैं।   

1 comment:

  1. Really too good. Ab aap jaise samajsevi logo ke karan daudnagar ki pahchan dur dur tak hogi

    ReplyDelete