Wednesday 21 September 2016

चढाने से ज्यादा उतारने में कष्ट-डोमन चौधरी

लोक कलाकार डोमन चौधरी

बात जिउतिया के लोक कलकार की
आश्चर्य चकित करने वाले हैं कलाकार

 नाम- डोमन चौधरी। उम्र-70 वर्ष। पहचान-जिउतिया में चौंकाने वाली प्रस्तुतियां। शरीर में एक साथ 46 चौडी चाकू और बडी सूइयों से दिल बना लेने का हैरतअंगेज कारनामा। शहर उनकी चिंता करता है। उन्हें इस पर्व में याद करता है। इस उम्र में भी वे करतब दिखाने के प्रति उत्साही हैं। गत 15 साल से अपने करतब से सबको प्रभावित करते आ रहे हैं। बताया कि एक बार पूरे शरीर में 46 चाकू चढाया। व्रत और पारण के दिन एक ही अवस्था में रह गया। यानी 48 घंटा से अधिक समय तक बदन में उतने चाकू घुसाये रहा। इसके उस्ताद हैं-मनोज प्रसाद हलवाई। बताया कि चढाने से अधिक उतारने में कष्ट होता है। क्योंकि बदन को चाकू पूरी तरह पकड लेता है। यदि बारिश हो गयी और चाकू-छूरी चढाया कलाकार भींग गया तो बदन से चाकू निकालना और कठीन हो जाता है। तीन बेटी और दो बेटे के भरे पूरे परिवार की यह मुखिया नाती-पोता वाला है। परिवार की जिम्मेदारियों के बीच जिउतिया में इस तरह के करतब दिखाना हर किसी को चौंकाता है। एक बार अपने सीने पर बडी सूइयों से दिल बनाया। इस तरह के कई छोटे-छोटे दिल दूसरे हिस्से में बनाया। पूरा शहर इनका दिवाना हो गया। बताया कि इस बार एक दिन अपनी कला का जौहर दिखायेंगे। अब उतनी हिम्मत नहीं पडती क्योंकि शरीर पर उम्र हावी होने लगा है। शहर में शायद सबसे वृद्ध लोक कलाकार हैं डोमन चौधरी जो इतनी खतरनाक प्रस्तुतियां प्रदर्शित करते हैं। डेहरी में दुर्गा पूजा पंडाल में अपनी प्रस्तुति का रोमांच इन्होंने बताया। कहा कि जब चाकू-छूरी चढा कर पंडाल पहुंचा तो काफी संख्या में पुलिस घेर ली। हमेशा सुरक्षा में रखा।  

No comments:

Post a Comment