Sunday 19 March 2023

चौराहा का डिजाइन खराब, इसलिए होते रहती है दुर्घटना



बम रोड से ऊंचा है पटना मुख्य नहर मार्ग 

नहीं दिखता नहर पर फर्राटा भरते वाहन

काफी खतरनाक स्थान, बन गया है ब्लाक स्पाट

 दाउदनगर (औरंगाबाद) : दाउदनगर शहर से बम रोड रोड होते हुए या बुधु बिगहा की तरफ से होते हुए राष्ट्रीय राजमार्ग 139 पर जाने के क्रम में पटना मुख्य नहर पर चौराहा का निर्माण होता है। यह खतरनाक ब्लैक स्पाट बन गया है। यहां आए दिन दुर्घटना होते रहती है। कारण चौराहा का डिजाइन सही नहीं है। सामने फर्राटा भरते वाहन नहीं दिखते। नतीजा दोनों के बीच टक्कर होते रहती है। दरअसल शहर या बुधु बिगहा की तरफ से राष्ट्रीय राजमार्ग 139 के दाउदनगर औरंगाबाद खंड में तरारी के पास पहुंचने के लिए पटना मुख्य नहर को पार करना पड़ता है। जहां सड़क पार होती है वहां चौराहा निर्मित हो जाता है। समस्या यह है कि शहर की तरफ से जाने के क्रम में नहर मार्ग पर चलने वाले वाहन नहीं दिखते और नहर मार्ग पर चलने वाले वाहनों को शहर की तरफ से आ रहे वाहन नहीं दिखते। इस कारण दुर्घटना की आशंका बराबर बनी रहती है और कभी-कभी हादसा हो जाता है। इस स्थान पर बम रोड को ऊंचा करने की जरूरत है। यदि मंदिर के सामने नहर मार्ग से लेकर कुछ लंबाई तक सड़क को ऊंचा कर दिया जाता है तो इस समस्या का कुछ हद तक समाधान निकाला जा सकता है। फिलहाल स्थिति यह है कि इस दिशा में कोई सोच नहीं रहा।



खतरनाक स्थिति, भरावट की जरूरत

नगर परिषद में स्थाई सशक्त समिति के सदस्य, पूर्व उप मुख्य पार्षद और वर्तमान मुख्य पार्षद के प्रतिनिधि कौशलेंद्र कुमार सिंह ने बताया कि यहां स्थिति काफी खतरनाक है। सामने दिखता नहीं है। पेड़ पौधे और मंदिर भी इसकी वजह हो सकते हैं। काफी खतरनाक स्थान बन गया है यह। डर लगता है। सड़क पर भरावट कर लेवल मिलाया जा सकता है। जिससे कुछ आशंका कम हो सकती है।



तत्काल बनाया जाए ब्रेकर, बराबर हो सड़क की ऊंचाई


ई.ग़ुलाम रहबर कहते हैं कि यह सड़क काफी व्यस्त हो गयी है। क्योंकि ये सड़क चार दिशा को जोड़ती है। जब हम राहगीर बाइक या चार चक्का वाहन लेकर बुधु बिगहा की तरफ से राष्ट्रीय राज मार्ग की ओर जाते हैं तो लिंक रोड से नहर रोड काफी ऊंचा होने के कारण मौलाबाग या चौरम या राष्ट्रीय राजमार्ग की ओर से आने वाला वाहन नहीं दिखता। आय दिन हादसा का डर बना रहता है। इसलिए निवेदन है कि नहर मार्ग के दोनों तरफ तत्काल ब्रेकर बना दिया जाए। या लिंक रोड को नहर रोड के बराबर किया जाए। ताकि वाहनों की रफ्तार कम हो, और हादसा का डर खत्म हो।


No comments:

Post a Comment