Friday 17 March 2023

डेढ़ महीने में बनकर तैयार हो जाएगा सिहाड़ी में 10 मीटर चौड़ा पुल

 


खत्म होगी दुर्घटना की आशंका

 फिलहाल लगाया जा रहा है क्रैश बैरियर 

उदनगर (औरंगाबाद) : बीते मंगलवार की रात दाउदनगर गया राजकीय राजमार्ग 120 पर सिहाड़ी में स्थित तीखा मोड़ के पास नहर में एक वाहन गिरने से एक व्यक्ति की मौत हो गई थी। इस पुल का डिजायन गलत होने के कारण यहां दुर्घटनाएं होती रहती हैं। गत आठ दिसंबर को इससे संबंधित एक खबर दैनिक जागरण में प्रकाशित की गई थी। तीन महीने बीत जाने के बावजूद स्थिति में बदलाव नहीं हुआ। इस संबंध में एनएचएआई गया के कार्यपालक अभियंता राज किशोर प्रसाद ने बताया कि यहां करीब 10 मीटर चौड़ा पुल का निर्माण कराया जाएगा। बताया कि चैती छठ के बाद जब नहर में पानी का बहाव बंद हो जाएगा तब बड़ा पुल बनाने का कार्य प्रारंभ किया जाएगा। जिससे दुर्घटना की आशंका लगभग खत्म हो जाएगी। उन्होंने बताया कि फिलहाल लोहे का क्रैश बैरियर लगाया जा रहा है और सड़क पर बने पुल के दोनों तरफ रोड ब्रेकर पहले से बना हुआ है। लोहे का क्रैश बैरियर इसलिए लगाया जा रहा है ताकि वाहन चालकों को कोई समस्या ना हो। मालूम हो कि सिहाड़ी में माली रजवाहा पर एनएच 120 का पुल बना हुआ है। काफी तीखा मोड़ है। इस कारण प्राय: सड़क दुर्घटनाएं होती रहती हैं और मौत हो जाती है। इसकी समस्या समाधान के लिए कई बार मीडिया रिपोर्ट की गई। अब इसका समाधान शीघ्र होगा। मालूम हो कि माली रजवाहा पटना मुख्य नहर के बाइक 22.99 किलोमीटर से यानी तेजपूरा के ऊपर से निकला है। जो अरवल जिला तक पहुंचकर खेतों की सिंचाई करता है।



गोह का अधूरा पुल भी होगा चालू 

दाउदनगर गया रोड में गोह से थोड़ा पहले बिलारु नाला पर बना पुल भी जल्दी प्रारंभ कर दिया जाएगा। एनएचएआई गया के कार्यपालक अभियंता राज किशोर प्रसाद ने बताया कि सिहाड़ी पुल के साथ यहां भी निर्माण का काम होगा और अधूरे पूल को भी चालू किया जाएगा। जो बरसों पहले बना कर छोड़ दिया गया था। उन्होंने बताया कि सिहाड़ी पुल और बिलारु नाला पुल पर लगभग साडे तीन करोड़ रुपये खर्च करने का बजट है।



प्रदेश टापर ने की थी मांग महत्वपूर्ण यह है कि 2022 में बिहार विद्यालय परीक्षा समिति द्वारा आयोजित मैट्रिक की परीक्षा की टापर रामायणी राय गोह प्रखंड मुख्यालय की थी। उससे दैनिक जागरण ने यह सवाल किया था कि यदि जिला पदाधिकारी औरंगाबाद से कोई एक विकास कार्य मांग करनी हो तो क्या मांगेंगी। तब उन्होंने कहा था कि बिलारु नाला पर बनाकर छोड़ दिए गए अधूरे पुल से यातायात चालू कराया जाए। रामायणी राय की यह मांग अब एक से डेढ़ महीने के अंदर पूरी होने जा रही है।


No comments:

Post a Comment