Friday 10 March 2023

रामनवमी में डेढ़ दर्जन लोग किये जायेंगे जिलाबदर

 


धार्मिक इतिहास रचने को तैयार हो रहा दाउदनगर 

होली के बाद रामनवमी की तैयारी में जुटा प्रशासन

शहनाज अख्तर और अश्विनी उपाध्याय का कार्यक्रम तय

आ सकते हैं सद्गुरु श्री रितेश्वर जी और पुष्पेंद्र कुलश्रेष्ठ भी

शांतिपूर्ण रामनवमी संपन्न कराना इस बार प्रशासन की चुनौती 

चुनावी राजनीति के चश्मे से भी देखा जा रहा है आयोजन 

दाउदनगर (औरंगाबाद) : शांतिपूर्ण होली संपन्न करा लेने के बाद प्रशासन के सामने रामनवमी को शांतिपूर्ण संपन्न कराने की चुनौती खड़ी हो गई है। नगर परिषद का चुनाव इसी वर्ष होना है। रामनवमी को लेकर जिस तरह की तैयारी की जा रही है उसे चुनावी राजनीति के चश्मे से भी कुछ लोग देख रहे हैं। एक से एक बड़ी हस्तियों को बुलाया जा रहा है। रामनवमी को इस बार काफी भव्य बनाने की तैयारी आयोजकों की तरफ से हो रही है। दूसरी तरफ ऐसे लोगों को बुलाया जा रहा है जिनकी उपस्थिति से भीड़ काफी होगी और सांप्रदायिक सद्भाव बरकरार रखने की चुनौती ज्यादा बड़ी होगी। रामनवमी के संदर्भ में इतिहास रचने के लिए दाउदनगर तैयार हो रहा है और प्रशासन इसे शांतिपूर्ण संपन्न कराने की तैयारी कर रहा है। पुलिस सूत्रों के अनुसार कई संस्थाएं और कुछ व्यक्तिगत रूप से आयोजन को भव्य बनाने में लगे हुए हैं। धार्मिक भजनों को गाकर चर्चा में आई शहनाज अख्तर दो अप्रैल को दाउदनगर आ रही हैं। सूत्रों के अनुसार वे रामनवमी की शोभायात्रा में शामिल होंगी और गाती हुई चलेंगी। पुलिस सूत्रों का मानना है कि इसमें 50,000 से अधिक भीड़ इकट्ठा हो सकती है। यहां ध्यान दें शहर की कुल आबादी ही लगभग 60,000 है। यानी स्वभाविक है बड़ी संख्या में लोग दाउदनगर से बाहर के आएंगे। अश्विनी उपाध्याय का कार्यक्रम एक अप्रैल को तय है। वे सुप्रीम कोर्ट में वकील हैं। विभिन्न सामाजिक राजनीतिक मुद्दों पर पीआईएल करते रहते हैं। वृंदावन की 14 वर्षीय साध्वी बाल विदुषी लाडली शरण का कार्यक्रम 31 मार्च और एक अप्रैल को है। यह वे साध्वी ऋतंभरा का शिष्य हैं। सीताराम शरण महाराज और सुनीता शास्त्री का प्रवचन 22 से 30 मार्च तक होगा। सूत्रों के अनुसार दक्षिण भारत, वृंदावन और दिल्ली से झांकी की टीम आ रही है। पटना का चर्चित बच्चा बैंड और झारखंड का झारखंडी बैंड भी आने वाला है। बाकी जो परंपरागत रूप से शहर के लोग झांकी निकालते हैं वह भी निकाला जाएगा। थाना अध्यक्ष गुफरान अली ने बताया कि कुछ लोगों के विरुद्ध सीसीए का प्रस्ताव जिला प्रशासन को भेजा जा रहा है ताकि रामनवमी को शांतिपूर्वक संपन्न कराया जा सके। यानी प्रशासन को सीधा डर है कि सांप्रदायिक सद्भाव बनाए रखना बड़ी चुनौती होगी। सूत्रों के अनुसार 10 से 20 लोगों को जिला बदर किया जा सकता है।



कुछ हुआ तो आयोजक जिम्मेदार

अश्विनी उपाध्याय या शहनाज अख्तर हों या कोई अन्य। यदि कुछ अप्रिय घटता है तो इसके लिए प्रथम दृष्टया आयोजक या व्यक्ति विशेष को बुलाने वाला व्यक्ति या उनके कार्यक्रम की प्रशासन से अनुमति लेने वाला व्यक्ति, समूह या संस्था सीधे जिम्मेदार माना जाएगा। प्रशासनिक सूत्रों के अनुसार ऐसे लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।


आ सकते है पुष्पेंद्र कुलश्रेष्ठ और सद्गुरु श्री रितेश्वर जी 

सूत्रों के अनुसार पुष्पेंद्र कुलश्रेष्ठ भी दाउदनगर आ सकते हैं। इनका कार्यक्रम तय है लेकिन प्रशासनिक स्वीकृति अभी प्राप्त नहीं हुई है। कुछ दिन पहले आईबी के एक अधिकारी बाबा बिहारी दास संगत में हस्तलिखित गुरु ग्रंथ साहिब देखने आए थे। अब माना यह जा रहा है कि शायद वे पुष्पेंद्र कुलश्रेष्ठ के कार्यक्रम स्थल होने के नाते बाबा बिहारी दास संगत का निरीक्षण करने आए थे। इसकी पुष्टि नहीं की जा सकती। उनके आने पर सांप्रदायिक सद्भाव को बनाए रखने की चुनौती खड़ी हो सकती है। दूसरी तरफ प्रख्यात प्रवचन कर्ता सद्गुरु श्री रितेश्वर जी महाराज के भी आगमन की स्वीकृति उनकी तरफ से मिल चुकी है। आयोजकों की तरफ से उनके कार्यक्रम को लेकर हां या ना 14 फरवरी तक निश्चित कर देना है। यदि वे आते हैं तो 22 से 30 मार्च तक बाबा बिहारी दास संगत में उनका प्रवचन होगा।


No comments:

Post a Comment