Friday 17 March 2023

दाउदनगर प्रखंड में पांच सरोवर बनेंगे अमृत

 



कनाप और जमुआंव में बन रहा अमृत सरोवर 

दोनों पर खर्च होंगे नौ-नौ लाख रुपए 

बेलवां, कनाप और संसा में शुरू होगा इस वर्ष निर्माण कार्य 

कम से कम तीन तालाब का और होगा अमृत सरोवर के लिए चयन 

दाउदनगर (औरंगाबाद) : दाउदनगर प्रखंड में जल्द ही पांच सरोवरों को अमृत सरोवर के रूप में बदला जाएगा। दो का निर्माण कार्य प्रारंभ हो गया है। बाकी तीन का निर्माण कार्य इस वर्ष पूरा होने की संभावना है। इसके अलावा कम से कम तीन और सरोवरों का चयन अमृत सरोवर योजना के तहत किया जाएगा। मनरेगा के कार्यक्रम पदाधिकारी निर्भय कुमार ने बताया कि कनाप पंचायत मुख्यालय में और संसा पंचायत के जमुआंव में अमृत सरोवर योजना के तहत चयनित सरोवर पर निर्माण का काम शुरू है। यहां लगभग नौ-नौ लाख रुपये खर्च किया जाना है। इसके अलावा बेलवां, कनाप पंचायत मुख्यालय में ही दूसरा सरोवर और संसा पंचायत मुख्यालय में पंचायत सरकार भवन के पास स्थित सरोवर को अमृत सरोवर योजना के तहत चयन किया गया है। एक सभी पांच तालाबों को अमृत सरोवर प्रथम चरण में चयनित किया गया था। इन तीनों पर निर्माण का काम इस वर्ष पूरा कर लिया जाएगा। बताया गया कि औरंगाबाद जिला में अमृत सरोवर चयन के लिए लक्ष्य बढ़ा दिया गया है। दूसरे चरण में दाउदनगर प्रखंड के कम से कम तीन या इससे अधिक तालाबों का चयन अमृत सरोवर योजना के तहत किया जएगा।



योजना के लिए चयन का है यह आधार 

आमतौर पर अमृत सरोवर योजना के तहत उन सरोवरों का चयन करना है जो एक एकड़ से अधिक क्षेत्रफल में हो और यहां 10000 क्यूसेक पानी ठहराव की क्षमता हो। ऐसा नहीं होने पर इससे कम क्षमता का सरोवर का चयन भी अमृत सरोवर योजना के तहत किया गया है।



एक साल पूर्व हुआए था योजना प्रारंभ

अमृत सरोवर मिशन के तहत नए तालाब खोदने और पुराने तालाबों को पुनर्जीवित कर और बड़े व गहरे तालाब बनाए जाने की योजना है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा आजादी के अमृत महोत्सव पर 24 अप्रैल 2022 को इस योजना को शुरू करने की औपचारिक घोषणा की गयी थी। इस योजना के माध्यम से प्रत्येक राज्य के प्रत्येक जिले में 75 से अधिक तालाबों का निर्माण करवाया जाना है। अब यह लक्ष्य बढ़ा दिया गया है। जिससे कि गर्मी के समय में होने वाले भूजल की कमी को काफी हद तक नियंत्रित किया जा सकेगा।



No comments:

Post a Comment