Saturday 30 September 2023

सूर्यनाथ पासवान हत्याकांड फालोअप : छह भूमि मालिक और एक मध्यस्थ बना आरोपित





घटना के 36 घंटे बाद भी पुलिस के हाथ खाली 

पति पत्नी साथ निकले थे टहलने, पत्नी ने कराई प्राथमिकी


संवाद सहयोगी, दाउदनगर (औरंगाबाद) : अमृत बिगहा निवासी सूर्यनाथ पासवान की शुक्रवार को हुई हत्या के मामले में सात व्यक्ति को नामजद आरोपित बनाया गया है। हत्या की वजह भूमि विवाद बताई गई है। जिस सिंहा परिवार की भूमि की खरीद बिक्री का मामला इस हत्याकांड से जुड़ा है उस परिवार के छह व्यक्ति और जमीन की खरीद बिक्री करने वाले एक व्यक्ति को नामजद आरोपित बनाया गया है। इस मामले में सूर्यनाथ की पत्नी लाखा देवी द्वारा प्राथमिकी कराई गई है। इस मामले में कान्दु राम की गड़ही निवासी श्यामरस सिन्हा के पुत्र बबलू सिंहा, लव सिन्हा, कुश सिंहा एवं अमित कुमार सिंहा, यदुनंदन प्रसाद के पुत्र संजय सिंहा और इनके पुत्र सनी कुमार के साथ भखरुआं निवासी जमीन की खरीद बिक्री का व्यवसाय करने वाले डब्लू तिवारी नामजद आरोपित बनाए गए हैं। प्राथमिकी के अनुसार लाखा देवी अपने पति सूर्यनाथ पासवान के साथ सुबह 4: 45 बजे अमृत बीघा स्थित अपने घर से टहलने के लिए निकले और पासवान चौक की तरफ जा रहे थे। इसी क्रम में लाखा देवी पीछे हो गई और सूर्यनाथ आगे निकल गए। लाखा  के पीछे भतीजा आकाश पासवान और सोनू पासवान भी थे। प्राथमिकी के अनुसार इसी बीच दो मोटरसाइकिल पर सवार छह व्यक्ति आये। बबलू सिंहा बोला कि यही है गोली मार दो। संजय सिंहा ने गोली मार दिया। सूर्यनाथ घर की तरफ भागने लगे तब डब्लू तिवारी ने सिर में गोली मार दी और वह वहीं गिर गए। संजय सिंहा व लव सिन्हा ने पेट में गोली मारी। कुश सिन्हा एवं सनी कुमार मोटरसाइकिल चालू रखे हुए थे। अमित कुमार सिंहा पहले से कुछ दूरी पर खड़ा था और बोल रहा था कि आ जाइए काम हो जाएगा। सभी लोगों ने एक साथ होकर गोली मार दिया। इधर घटना के 36 घंटे बाद भी पुलिस के हाथ इस मामले में खाली है। घटना के दिन प्राथमिकी आवेदन का इंतजार कर रही पुलिस अभी तक इस मामले में किसी की गिरफ्तार नहीं कर सकी है।



जमीन रखने के लिए फंसाया गया नामजद आरोपित कुश सिंहा ने बताया कि हत्याकांड से इनका कोई लेना-देना नहीं है। सिर्फ जमीन हड़पने के लिए पूरे परिवार को नामजद आरोपित बना दिया गया है। जबकि हत्या या किसी भी तरह की हिंसक गतिविधि से कोई वास्ता कभी नहीं रहा है।



मारपीट में बने थे सूर्यनाथ समेत तेरह नामजद


14 मई 2022 को इसी भूमि विवाद को लेकर मारपीट की घटना हुई थी। तब अनुज कुमार सिन्हा की पत्नी अर्पणा कुमारी द्वारा प्राथमिकी कराई गई थी। इस मामले में कुश सिंहा और बबलू सिंहा घायल हुए थे। इस मामले में कराई गई प्राथमिकी में अमृत बिगहा के महेंद्र पासवान, सूर्यनाथ पासवान, हरिनाथ पासवान, कुंदन पासवान, राजेंद्र पासवान, पिंटू पासवान, राजवीर पासवान, रंजन चौधरी, संतोष पासवान, शैलेश पासवान, सनी पासवान, बिरजा पासवान और सच्चिदानंद पासवान आरोपित बनाए गए थे।


विवाद की वजह एक एकड़ 47 डिसमिल जमीन


 प्राप्त जानकारी के अनुसार अशोक इंटर विद्यालय के समीप छोटी फील्ड के पास स्थित एक एकड़ 47 डिसमिल जमीन विवाद के केंद्र में है। बताया जाता है कि इस जमीन के मालिकाना हक को लेकर पहले भी विवाद रहा है। जिसे लेकर हुई मारपीट में सूर्यनाथ पासवान समेत 13 नामजद आरोपित बनाये गए थे। इसी जमीन का मालिकाना हक तय करने के मामले में तत्कालीन अंचल अधिकारी विजय कुमार और कर्मचारी खुर्शीद आलम के खिलाफ निलंबन की कार्रवाई हो चुकी है। इसी जमीन के आधे हिस्से पर संजय सिंहा का हक है। लगभग 72 डिसमिल जमीन उन्होंने बिक्री करने के लिए डब्लू तिवारी से एग्रीमेंट कर रखा था। इस जमीन की चारदीवारी की गई थी जिसे तोड़ दिया गया था और इसी मामले में डब्लू तिवारी के साथ बाद में मारपीट की गई थी। जमीन से जुड़े विवाद बढ़ते जाने के बीच यह हत्या हुई है।


हत्या की तिथि-29 सितंबर 2023

No comments:

Post a Comment