Tuesday 19 September 2023

दाउदनगर नासरीगंज सोनपुल की मरम्मत को कंपनियां तैयार नहीं

 


10 गुणा 10.25 मीटर के हिस्से का करना है नए सिरे से निर्माण 

बच्चे की जान बचाने के लिए तोड़ा गया था आरई वाल

विशेषज्ञ कंपनी के विश्लेषण के बाद होगा खर्च का आकलन 

उपेंद्र कश्यप, दाउदनगर (औरंगाबाद) : बीते छह जून से दाउदनगर नासरीगंज सोनपुल का एक लेन (आधा हिस्सा) आवागमन के लिए बंद है। बिना मरम्मत किये इसे चालू नहीं किया जा सकता। यह मरम्मत कार्य कब होगा, पक्के तौर पर कोई बताने की स्थिति में नहीं है। बिहार राज्य पुल निर्माण निगम के लिए हिंदुस्तान कंस्ट्रक्शन कंपनी एचसीसी ने इस पुल का निर्माण किया था। अब वह कंपनी इसका मरम्मत करने को तैयार नहीं है। क्योंकि उसका तय समय पूरा हो चुका है और इसलिए वह मरम्मत कार्य करने को बाध्य नहीं किया जा सकता। दूसरी कंपनियां कम बजट का काम होने के कारण करने को तैयार नहीं है। प्राप्त जानकारी के अनुसार दिल्ली और वाराणसी से आई कंपनियों की टीम ने निरीक्षण के बाद काम करने से मना कर दिया। अब एक नई कंपनी का प्रतिनिधि जाकर उसे देखा है, और जब वह रिपोर्ट देगा तब खर्च का आकलन कर प्राक्कलन बनाया जाएगा। बीआरपीएनएल के कनीय अभियंता बबलू कुमार ने बताया कि पुल चालू करने के लिए 10 मीटर लंबा और 10.25 मीटर चौड़ा हिस्सा तोड़कर नए सिरे से निर्माण करना होगा। बताया कि इस हिस्से को पूरी तरह नीचे से ऊपर तक तोड़कर बनाना है।



लगभग डेढ़ महीने का लगेगा वक्त 


बीआरपीएनएल के कार्यपालक अभियंता और दाउदनगर नासरीगंज सोनपुल के वरीय परियोजना प्रबंधक रूप नारायण शर्मा ने बताया कि एक कंपनी का प्रतिनिधि घटनास्थल का दौरा कर चुका है। लगभग डेढ़ महीने का वक्त अभी भी इसके निर्माण में लग सकता है। बिना निर्माण कार्य पूरा किए सोनपुल के दोनों हिस्से को प्रारंभ नहीं किया जा सकता।



एसडीओ ने की बीआरपीएनएल से बात

एसडीओ मनोज कुमार ने बताया कि उन्होंने बीआरपीएनएल के अधिकारियों से बात की है। शीघ्र ही निर्माण कार्य प्रारंभ होने का आश्वासन अधिकारियों ने दिया है। 



क्यों बंद हुआ था सोनपुल


दाउदनगर से नासरीगंज की तरफ जाने के क्रम में सोन पुल के दाहिने तरफ का लेन पूरी तरह दोनों सिरे पर होम पाइप लगाकर बंद कर दिया गया है ताकि कोई भी वहां आ जा ना सके। बीआरपीएनएल के अधिकारियों के अनुसार यदि कोई वहां आता जाता है तो बड़ा हादसा हो सकता है। एक बच्चा की जान बचाने के लिए आर ई वाला को तोड़ा गया था। तब छह जून को नासरीगंज प्रखंड के अतमी गांव के निवासी 12 वर्षीय रंजन एक पिलर में फंस गया था। उसे बचाने के लिए लगभग 30 घंटे तक एनडीआरएफ की टीम ने काम किया था और अंततः उसे बचाया नहीं जा सका। लेकिन उसे निकालने के लिए आरई वाल को तोड़ा गया था। तब से ही यह रास्ता बंद है।



No comments:

Post a Comment