Friday 8 September 2023

18 करोड खर्च लेकिन मालूम नहीं कितने घरों को मिल रहा पानी

 


शहर में बनाए गए हैं बुडको द्वारा दो जलमीनार

शहर के 27 में 21 वार्ड में जलापूर्ति योजना असफल 

जहां-तहां बहता रहता है पानी, पाइपलाइन है टूटे हुए 

परियोजना का प्राक्कलन तक नप को नहीं बताता बुडको 

उपेंद्र कश्यप, दाउदनगर (औरंगाबाद) : नगर परिषद क्षेत्र में कुल 27 वार्ड हैं जिसमें दो, तीन, चार, पांच, 26 और 27 वार्ड छोड़कर शेष सभी 21 वार्ड में बुडको द्वारा पाइपलाइन बिछाया गया है और जलापूर्ति की जिम्मेदारी संभाली गई है। शहर में विद्युत जलापूर्ति के मद में लगभग 18 करोड रुपए खर्च कर दिए गए हैं। महिला महाविद्यालय और कन्या इंटर विद्यालय के पास दो पानी टंकी बनाए गए हैं। शहर की विभिन्न गलियों में सड़कें काटकर पाइपलाइन बिछाई गई। घरों तक कनेक्शन दिया गया। लेकिन टूटी हुई सड़कों को मरम्मत नहीं कराया गया। जो पाइपलाइन प्लास्टिक के बिछाए गए वह दर्जनों जगत ध्वस्त हैं। टूट गए हैं। 

कई जगह सड़क पर पानी बहता है। नगर परिषद क्षेत्र में यह सब है, लेकिन नगर परिषद को यह मालूम ही नहीं है कि पाइपलाइन जो बिछाया गया उसका रोड मैप क्या है। भविष्य में यदि जरूरत पड़े कि पानी लीक हो रहा है तो यह पता ही नहीं चलेगा कि पाइप किस दिशा से कैसे बिछाया गया है। दूसरी समस्या यह है कि किन-किन घरों में पानी आपूर्ति की जा रही है, इसकी सूची नगर परिषद को दी ही नहीं गई है। नगर परिषद यह भी बताने में सक्षम नहीं है कि कुल कितने करोड रुपये की यह परियोजना है। नगर परिषद के अधिकारी कर्मचारी सब कहते हैं कि बुडको के अधिकारी उन्हें कोई जानकारी नहीं देते। कई बार इसके लिए जानकारी मांगी गई। इसके बावजूद कोई जानकारी नहीं देता।



बुडको और नप में विवाद 

बुडको द्वारा जल आपूर्ति परियोजना अभी तक नगर परिषद को नहीं सौंपी गई है। जबकि यह मामला कई वर्षों से चला आ रहा है। दोनों के बीच विवाद है। विभागीय कार्यपालक अभियंता प्रदीप झा ने संबंध में कहा कि नगर परिषद तैयार नहीं हो रहा है इसलिए उसे हैंड ओवर नहीं किया गया है। समय समाप्त हो जाने पर कई तरह के सवाल नगर परिषद उठा रहा है। दूसरी तरफ नगर परिषद के कार्यपालक पदाधिकारी संजय उपाध्याय कहते हैं कि बुडको को कई बार पत्र लिखा गया। लेकिन कोई जानकारी नहीं दे रहा। किस-किस घर में कनेक्शन है इसकी सूची नहीं दी जा रही है। परियोजना कार्यशील नहीं है। ऐसे में हैंडओवर कैसे ले सकते हैं।



पाइप लाइन में लीकेज की हुई थी शिकायत 

बीते 13 अप्रैल को नगर परिषद के कार्यपालक पदाधिकारी संजय उपाध्याय ने गत नगर विकास प्रमंडल बुडको के कार्यपालक अभियंता को पत्र लिखा था। जिसमें साफ कहा गया है कि वार्डों में जलापूर्ति अनियमित रूप से हो रही है। विभिन्न स्थानों पर पाइपलाइन में लीकेज के कारण पूरी क्षमता से जलापूर्ति घरों तक नहीं पहुंच रही है। नगर क्षेत्र में हर घर नल का जल योजना के अंतर्गत आच्छादित घरों की सूची अविलंब उपलब्ध कराते हुए अनियमित जलापूर्ति को नियमित करने के साथ-साथ पाइपलाइन लीकेज को दुरुस्त करवाया जाए लेकिन ना इसका बुडको ने जवाब दिया और ना इसे दुरुस्त किया।



पूरी तरह फेल है जलापूर्ति योजना


एलआईसी अभिकर्ता शम्भू शरण सिंह ने कहा कि शहर में नल जल योजना पूरी तरह फेल है। बहुत खराब है। पानी आ नहीं रहा पाइप से। आ भी रहा है तो सड़क पर बह रहा है। सड़कें काट कर खराब कर दी गयी है। पाइप हर जगह टूटी हुई है। 



शीघ्र होगा समस्या का समाधान 

मुख्य पार्षद अंजली कुमारी ने बताया के जलापूर्ति की समस्या को लेकर संबंधित अधिकारियों से बात हुई है। वे शीघ्र ही यहां आएंगे और समस्या की पहचान कर उसके समाधान का रास्ता निकालेंगे, इसका उन्हें भरोसा दिया गया है।


No comments:

Post a Comment