Friday 25 August 2023

सुरक्षा व ग्राहक की कमी के कारण बंद हो जाते हैं रात्रि में कई पेट्रोल पंप



जन सुविधा पर दुविधा


पेट्रोल पंप पर शिशुओं को दूध पिलाने की सुविधा उपलब्ध


 एनएच 139 व कई जिलों में बेहतर सुविधा में अव्वल पंप 

नोजल से यूरिया देने वाला बिहार का दूसरा पंप दाउदनगर में 


उपेंद्र कश्यप, दाउदनगर (औरंगाबाद) : अनुमंडल के दूर दराज के पेट्रोल पंपों पर कुछ जन सुविधा भले ने उपलब्ध हो लेकिन मुख्यालय स्थित पेट्रोल पंपों पर यह उपलब्ध है। कई मामलों में श्रेष्ठ सुविधा भी उपलब्ध है। कुछ पम्पों पर शौचालय, हवा व पानी की सुविधा मात्र उपलब्ध है। भखरुआं मोड पर गहन आबादी के बीच स्थित कुमार ब्रदर्स पर पीने का शुद्ध पानी, हवा मशीन, महिला पुरुष के लिए अलग-अलग शौचालय उपलब्ध है। इसके संचालक शैलेश कुमार ने बताया कि भखरुआं में तैनात सुरक्षा प्रहरी हों या अन्य यात्री, यहां का शौचालय ही इस्तेमाल करते हैं, क्योंकि दूसरा शौचालय कहीं उपलब्ध नहीं है। अग्नि सुरक्षा के उपकरण, बालू बैकेट जैसी सुविधा भी यहां उपलब्ध है। बताया कि रात्रि में सुरक्षा और ग्राहक की कमी के कारण पेट्रोल पंप कार्यालय का मुख्य दरवाजा बंद रहता है। कर्मी यहीं सोते हैं। किसी को पेट्रोल या डीजल की जरूरत होती है तो वह कर्मी को जगा कर फ्यूल ले सकते हैं। एन एच 139 पर एक पेट्रोल पंप स्थित है आरएसबीपी। पूरे राजकीय उच्च पथ 139 यानी झारखंड से लेकर पटना तक और कई जिलों में ऐसी जन सुविधा किसी दूसरे पंप पर उपलब्ध नहीं है। इसके संचालक डाक्टर प्रकाशचंद्रा ने बताया कि यहां महिलाओं को अपने शिशु को दूध पिलाने की सुविधा निशुल्क उपलब्ध है और कोई महिला यदि दूध की जरूरत महसूस करती है तो उनको गर्म दूध उपलब्ध कराया जाता है। उनके लिए अलग से बेबी केयर रूम उपलब्ध है। इन्होंने बताया कि यहां छोटे से लेकर बड़े वाहन तक को फ्री नाइट्रोजन या फ्री हवा, पीने का शुद्ध पानी, यात्रियों या वाहन चालकों के लिए स्नानागार, पुरुष के लिए तीन और महिला के लिए एक टाइल्स युक्त बेहतर सुविधा संपन्न शौचालय उपलब्ध है। तीन विश्राम गृह बिस्तर के साथ यहां उपलब्ध है जो यात्री या चालक को सिर्फ आधार कार्ड लेकर दिया जाता है। इनके अलावा बिहार का यह दूसरा ऐसा पेट्रोल पंप है जहां बी छह वाहनों के लिए नोजल से यूरिया देने की सुविधा उपलब्ध है। जो प्रदूषण को शून्य कर देता है। इसके लिए डिस्पेंसर मशीन लगा हुआ है। इनके अलावा वाहनों का शीशा साफ करने और शुद्ध पानी पिलाने के लिए कर्मी उपलब्ध है। यह पेट्रोल पंप 24 घंटे खुला रहता है। एनएच पर कुछ अन्य पेट्रोल पंप जैसे तिरुपति बालाजी, आर फ्यूल्स, प्रकाश पेट्रो, न्यू शांति फ्यूल्स, अंछा मोड पर स्थित शांति फ्यूल्स है। सुरक्षा कारणों से कुछ पेट्रोल पंप रात्रि में 9:00 बजे से सुबह 5:00 बजे तक बंद रहते हैं। महत्वपूर्ण है कि पवन सूत पेट्रोल पंप पर वहां के मैनेजर की हत्या कर दी गई थी। यह पेट्रोल पंप तो बंद हो गया है लेकिन इस खौफ के कारण कई पेट्रोल पंप रात्रि में बंद रहते हैं। 



ग्राहक लक्ष्मी, इसलिए हर संभव सुविधा 


डाक्टर प्रकाशचंद्रा ने कहा कि ग्राहक उनके लिए लक्ष्मी हैं। इसलिए उनको जितनी अधिक सुविधा देना संभव होता है वह देने का प्रयास करते हैं। इससे समाज में बेहतर संदेश भी जाता है और लोगों को सुविधा और सहयोग प्राप्त होता है। दूसरे व्यवसायी भी प्रेरित होते हैं। कई बार महिलाएं अनुकूल स्थान न होने के कारण बच्चों को दूध नहीं पिला पाती, जबकि यह मानवीय गुण और आवश्यकता है। इस कारण उन्होंने यहां इससे संबंधित सुविधा उपलब्ध कराया है।





No comments:

Post a Comment