Saturday 19 August 2023

शीघ्र पूरा होगा दो लाख क्विंटल धान के समतुल्य सीएमआर देने का लक्ष्य

 



व्यापार मंडल ने सीएमआर का लक्ष्य ससमय किया हासिल 

पैक्सों के पास बकाया है एक से तीन लाट सीएमआर 

दो पैक्सों के पास ही 5800 क्विंटल सीएमआर बकाया

संवाद सहयोगी, दाउदनगर (औरंगाबाद) : प्रखंड में पैक्स और व्यापार मंडल के जरिए 2022-23 में 228000 क्विंटल धान अधिप्राप्ति का लक्ष्य रखा गया था। इसके विरुद्ध 193072 क्विंटल धान की खरीद हुई थी। इसके समतुल्य सीएमआर यानी चावल बिहार राज्य खाद्य निगम को अभी तक उपलब्ध नहीं कराया गया है। हालांकि व्यापार मंडल ने ससमय लक्ष्य हासिल कर लिया है। व्यापार मंडल के अध्यक्ष रामबचन सिंह ने बताया कि 13929 क्विंटल धान की खरीद की गई थी। इसके समतुल्य सीएमआर 9520 क्विंटल की आपूर्ति बिहार राज्य खाद्य निगम को समय से पहले व्यापार मंडल द्वारा किया गया है। इस पूरे मामले में प्रखंड सहकारिता पदाधिकारी सुभाष राम ने बताया के व्यापार मंडल ने ससमय भुगतान कर दिया है। लेकिन बाकी जो पैक्स बचे हैं उन्होंने पूरी तरह सीएमआर का बकाया चुकता नहीं किया है। प्रखंड के पैक्सों के पास एक से तीन लौट का सीएमआर बकाया बताया है। दो पैक्सों के पास ही 5800 क्विंटल सीएमआर भुगतान बकाया है। बताया कि सभी को 20 अगस्त तक सीएमआर भुगतान का लक्ष्य हासिल कर लेने का निर्देश दिया गया है।



करमा और अंकोढ़ा के पास अधिक बकाया 

प्रखंड में 15 पैक्स हैं। दो पैक्स डिफाल्टर हैं जो दूसरे पैक्स से टैग किए गए हैं। शेष तेरह पैक्सों में करमा और अंकोढ़ा पैक्स के पास सबसे अधिक सीएमआर बकाया है। बीसीओ ने बताया कि करमा पैक्स के पास आठ लाट जबकि अंकोढ़ा पैक्स के पास 12 लाट का सीएमआर बकाया है। इनके अनुसार एक लौट में 290 क्विंटल चावल होता है। यानी दो पैक्सों के पास से 5800 क्विंटल चावल बकाया है। अन्य पैक्सों के पास एक से तीन लाट सीएमआर बकाया है।



व्यापार मंडल में किया जा रहा मरम्मत कार्य 

व्यापार मंडल के 200 एमटी गोदाम का जीर्णोद्धार कार्य किया जा रहा है। व्यापार मंडल के अध्यक्ष रामबचन सिंह एवं बीसीओ सुभाष राम ने बताया कि लगभग पांच लाख रुपये की लागत से गोदाम का फर्श ढाला जा रहा है, ताकि धान को सुरक्षित रखा जा सके। निर्माण का काम प्रारंभ है और शीघ्र ही इसे पूरा कर लिया जाएगा। भवन का रंग रोगन भी किया जा रहा है।

No comments:

Post a Comment