Wednesday 26 October 2016

दाउदनगर को अब बिजली शेडिंग से मिलेगी मुक्ति

लो वोल्टेज की समस्या भी होगी खत्म
काफी समय से बतायी जा रही थी जरुरत
  तरारी पवर सब स्टेशन में 10 एमवीए का ट्रांसफर्मर लगा दिया गया है। इसके नहीं रहने से कई तरह की समस्या होती थी। इसकी मांग यहां बहुत पहले से की जा रही थी। अब परस्पर दो विरोधी राजनीति करने वाले इसका श्रेय भी लेने की कोशिश में हैं। हालांकि जैसे भी लगा, यह काम बडी आवश्यक्ता की पूर्ति वाला है। इससे अब कई तरह की समस्या खत्म हो सकती है। जेई भास्कर कुमार ने बताया कि अब शेडिंग की समस्या नहीं होगी। जानकारों के अनुसार शेडिंग तकनीकि शब्द है। इसका मतलब होता है कि विद्युत रहते हुए भी उसका वितरण पूरी क्षमता भर नहीं किया जा सकना। इसके तहत होता यह है कि बिजली रहते हुए भी बारी-बारी से लोड लेने की क्षमतानुसार किसी इलाके में बिजली की आपूर्ति की जाये और किसी क्षेत्र में नहीं। वहां बाद में आपूर्ति की जाये। अब इस समस्या से मुक्ति मिल जायेगी। यदि पावर सब स्टेशन में ग्रीड से विद्युत आपूर्ति होगी तो सप्लाई में लोड की समस्या नहीं होगी। बुधवार को संभवत: नया 10 एमवीए का ट्रांसफर्मर चालु हो जायेगा। इसके बाद लो वोल्टेज की समस्या भी तभी होगी जब ग्रीड से आपूर्ति में समस्या होगी।  

3 एमवीए से 13 तक पहुंची क्षमता
24 घंटे विद्युत आपूर्ति में अब बाधा नहीं
तरारी पवर सब स्टेशन में एक जमाने में जब बिजली रानी का दर्शन दुर्लभ हुआ करता था तब मात्र 3.15 एमवीए का ट्रांसफर्मर लगा हुआ था। बाद में पांच एमवीए का लगाया गया। बिजली उपलब्ध होने लगी तो खपत भी बढने लगी। ऐसी स्थिति में पांच एमवीए के ट्रांसफर्मर से काम चलाना मुश्किल हो गया। एक साथ दाउदनगर शहर, देहाती क्षेत्र और ओबरा को आपूर्ति करन मुश्किल होता गया। हाल यह हो गयी कि अकेले शहर का ही लोड लेना पांच एमवीए के ट्रांसफर्मर के लिए मुश्किल होता चला गया। अब जब दस एमवीए का ट्रांसफर्मर लग गया है तो यह समस्या खत्म हो गयी है। अब अनुमंडल मुख्यालय में उपलब्धता के आधार पर 24 घंटे निर्बाध विद्युत आपूर्ति संभव है। इसके बाद एक साथ दाउदनगर टाउन, अगनूर और ओबरा को विद्युत आपूर्ति की जा सकती है। इससे शहरीकरण की गति व विकास को ताकत मिलेगी।

तरारी में दो ट्रांसफर्मर और पांच फीडर
320 एंपीयर की जगह अब 510 एंपीयर
तरारी पवर सब स्टेशन में दो ट्रांसफर्मर और पांच फीडर हैं। पहले से लगे पांच की जगह अब दस एमवीए का ट्रांसफर्मर लगा है। इससे पूर्व की क्षमता 210 एंपीयर की जगह अब 400 एंपीयर तक बढ गयी है।  जबकि 3.15 एमवीए की क्षमता 110 एंपीयर यथावत है। जेई भास्कर कुमार ने बताया कि इससे तीन फीडर चलेंगे। दाउदनगर टाउन को अब 160 की जगह 200 एंपीयर, अगनूर को 5 की जगह 7 एंपीयर और ओबरा को अब 120 की जगह 150 एंपीयर दिया जा सकेगा। इसी तरह 3.15 एमवीए के ट्रांसफर्मर से जुडे हैं दो फीडर। हसपुरा को अब 140 की जगह 160 और जिनोरिया को 40 की जगह 60 एंपीयर बिद्युत आपूर्ति की जा सकती है।

No comments:

Post a Comment