Monday 14 December 2015

जीएसटी पर भाजपा का समर्थन करेगा राजद- लालु


लालु प्रसाद ने कहा- नीतीश के साथ हम भी
भाजपा और आरएसएस का मौडल खतरनाक
संवाद सहयोगी, दाउदनगर (औरंगाबाद) जीएसटी पर राजद ने भाजपा को साथ देने का ऐलान किया है। सोमवार को हिच्छन बिगहा में अपने समधी राव रणविजय सिंह की प्रतिमा का अनावरण करने आये राजद सुप्रिमो लालु प्रसाद ने इसकी घोषणा की। दैनिक जागरण के सवाल के जवाब में उन्होंने कहा कि अच्छे काम का समर्थन करते हैं। कहा कि नीतीश कुमार के साथ राजद भी जीएसटी के समर्थन में है। जिस जीएसटी पर कांग्रेस के विरोध के कारण संसद ठप है, उसी के साथ बिहार में सरकार चला रही राजद का साथ इस मुद्दे पर भाजपा को मिलने से गतिरोध समाप्त होने की उम्मीद जग गयी है। भाजपा नीत केन्द्र सरकार की जमकर आलोचना भी की। कहा कि भाजपा और आरएसएस का मौडल खतरनाक है। केन्द्र पिछडे राज्यों को पीछे ढकेल रही है। कहा कि इन्दिरा आवास और सामाजिक सुरक्षा पेंशन में कटौती कर दी गयी। कहा कि बिहार से लौटने के बाद मोदी सरकार गुस्से में है। योजना आयोग की जगह नीति आयोग का ऐसा गठन किया है जिसमें किसी राज्य का अभिभावक (मुख्यमंत्री) शामिल नहीं किया गया है। हर योजना में 50 फीसद की कटौती कर दी। पैकेज का झुठा ऐलान किया। देश पर कर्ज का बोझ पहले से है, अब बुलेट ट्रेन के नाम और कर्ज लादा जा रहा है। कहा कि रेल की आमदनी नहीं बढी, किराया बढा दिया। 30 हजार उद्योग धन्धा बन्द हो गया। 14 हजार लोगों ने एनआरआई बनने के लिए आवेदन दिया है। कहा कि आन्दोलन करेंगे और फिर मीडिया को बतायेंगे।  

पटरी पर रेल चलेगा कि खाट बिछेगा?
                     प्रतिमा पर माल्यार्पण करती डा.उषा एवं रोहिणी आचार्या
जनता से किया हर वादा पूरा करेगी सरकार
आर्थिक बोझ के बावजूद होगी शराबबंदी
संवाद सहयोगी, दाउदनगर (औरंगाबाद) दिल्ली के शकुर बस्ती में रेलवे द्वारा उजाडी गयी बस्ती पर राजद सुप्रिमो लालु प्रसाद यादव ने जो कहा उसकी उम्मीद मौजूद पत्रकारों को नहीं थी। कहा कि पटरी रेल चलने के लिए है कि खाट बिछा कर सोने के लिए? पूछा- कभी देखे हो? हां, दिल्ली सरकार हटाये गये गरीबों के लिए बेहतर व्यवस्था करे। मालुम हो कि इस मुद्दे पर राजनीति गरमाई हुई है। उन्होंने हिच्छन बिगहा में अपने समधी राव रणविजय सिंह की प्रतिमा का सोमवार को अनावरण किया। इस अवसर पर डा.उषा सिन्हा, रोहिणी आचार्या, समरेश सिंह, अनिमेष सिंह, समिधा, विधायक बीरेन्द्र कुमार सिन्हा एवं रवीन्द्र सिंह, राजद प्रदेश महासचिव डा.प्रकाशचन्दा, बारुण व्यापार मंडल अध्यक्ष मिथलेश कुमार, संजय सोम, चिंटु मिश्रा, मुकेश मिश्रा, जिलाध्यक्ष कौलेश्वर यादव, प्रखंड अध्यक्ष देवेन्द्र सिंह, सुबोध कुमार सिंह, मुखिया सोनम कुमारी उपस्थित रहे। सभी ने प्रतिमा पर माल्यार्पण किया। बिहार के सन्दर्भ में कहा कि नीतीश कुमार ने जो कमिटमेंट जनता के साथ किया था उसे उनके नेतृत्व में बिहार में महागठबन्धन सरकार पूरा करने में जुटी हुई है। कहा कि महिलाओं में शराब को लेकर आक्रोश था। गरीब परिवार को नुकसान हो रहा था। आर्थिक क्षति के बावजूद भी सरकार राज्य में शराबबंदी लागू करेगी। एक अप्रैल से बिहार में यह नयी शुरुआत है। पांच से सात हजार करोड की क्षति होगी, इसके बावजूद शराबबन्दी होगी ताकि गरीबों को इसका लाभ मिल सके। कहा कि हर मंत्री अपने विभागों की समीक्षा करेगा।     

बिना गुब्बार गुजर रहा कारवां
नयी सडक पर पानी का छिडकाव
दाउदनगर (औरंगाबाद) बिहार विधान सभा चुनाव और राव रणविजय सिंह के निधन के बाद जब पहली बार राजद सुप्रिमो हिच्छन बिगहा पहुंचे तो सत्ता की सोंधी खुशबू भी महसूस हुई। सडकें नयी बनी हुई दिखी। उसका मरम्मत नया था। उस पर पानी का छिडकाव ताकि कारवां गुजरे तो गुब्बार न उडे। लोग पैदल हों या वाहनों का काफिला। पानी के छिडकाव के कारण अरवल-औरंगाबाद के इस सीमावर्ती गांव में चलना खुशगवार रहा। डा.प्रकाशचन्द्रा ने बताया कि एनएच-98 से लेकर हिच्छन बिगहा तक की करीब पांच किलोमीटर की सडक को रातों रात विधायक रवीन्द्र सिंह ने बनवाया, ताकि यात्रा सुगम हो सके। कहा कि अरवल विधायक इसी गांव के हैं सो ग्रामीणों को यह उम्मीद है कि मरम्मत की गयी इस सडक का पक्कीकरण शीघ्र हो जायेगा।

सुरक्षा का पुख्ता इंतजाम
दाउदनगर (औरंगाबाद) लालु प्रसाद यादव के हिच्छन बिगहा आगमन को ले कर प्रशासनिक तैयारी जबरदस्त दिखी। एसडीओ राकेश कुमार, डीएसपी संजय कुमार, इंस्पेक्टर विन्ध्याचल प्रसाद, थानाध्यक्ष पंकज कुमार, एसआई शहुद अख्तर, शंभु कुमार, बीएस मोची समेत दाउदनगर थाना और अरवल जिला के पुलिस अधिकारी दिखे। लाठी लिए जवान एनएच-98 से लेकर गांव तक तैनात देखे गये। अग्नीशमन दस्ता भी दिखा। राव रणविजय सिंह के घर में लालु प्रसाद के आगमन से पूर्व किसी के प्रवेश की अनुमति नहीं थी। मौके पर एक संवाददाता को भी रोका गया तो एसडीओ ने वहीं पास बना कर दिया।

 



No comments:

Post a Comment