Wednesday 23 December 2015

गोरडीहां का है अंडर 19 विश्वकप कप्तान इशान किशन

गोरडीहां के लाल ने पायी अंतर्राष्ट्रीय ख्याति

फोटो- किसान परदादा रामजनम पांडेय, मुखिया भगवान सिंह, ग्रामीण राकेश पांडेय और वह घर जिसमें जन्मा है इशान

गांव में रहते हैं दादा और परदादा
पैत्रिक गांव में हुआ था उसका जन्म
उपेन्द्र कश्यप, दाउदनगर (औरंगाबाद) बांगला देश में होने वाले अंडर 19 विश्व कप का कप्तान इशान किशन दाउदनगर प्रखंड के गोरडीहां पंचायत मुख्यालय का निवासी है। उसका जन्म यहां ही पैत्रिक घर में 1998 में हुआ था। बाद में वह पटना चला गया। उसके पिता प्रणव पांडेय पटना में दवा व्यवसाय में हैं। राजेन्द्र नगर में स्थायी तौर पर रहते हैं। बडा भाई रवि किशन डाक्टर बनने की दिश में अग्रसर हैं।  मां सुचित्रा सिंह गृहणी हैं। आज दादा रामउग्रह पांडेय (65) और परदादा राम जनम पांडेय (91 वर्ष) का मान बढ गया है। गांव में जश्न का भाव है। दादा और परदादा इस उम्र में इशान की उपलब्धि से खुद को गौरवांवित महसूस कर रहे हैं। अब भले ही उसे पटना और नवादा का बताया जा रहा है किंतु वास्तविकता यही है कि वह मूलत: गोरडीहां पंचायत का है। पिता ने बताया कि बैंगलूरु में रणजी खेल रहे इशान को जैसे ही वक्त मिलेगा वह गांव अवश्य आयेगा। वैसे वह हर साल एक बार गांव आते रहा है।

मुखिया करेंगें गांव आने पर सम्मानित
इशान की इस उपलब्धि पर गांव, पंचायत और जिला खुद को गौरवांवित समझ रहा है। ग्रामीण राकेश पांडेय ने कहा कि यह मान गांव का ही नहीं राज्य का भी है। जिस मिट्टी में उसने जन्म लिया उसे उसने अंतर्राष्ट्रीय ख्याति दिला कर जन्मभूमि का कर्ज उतारने की कोशिश की है। मुखिया भगवान सिंह ने कहा कि इससे सबका सम्मान बढा है। जब वह गांव आयेगा तो पंचायत अपने इस लाल को सम्मानित करेगा। उसके सम्मान से पंचायत का मान बढेगा। इन्होंने इशान समेत पूरे परिवार को बधाई दी।

डाक्टर दादी बस गयीं नवादा
इशान को पटना के बाद नवादा का भी बताया जा रह है। वास्त्व में उसके दादा राम उग्रह पांडेय की पत्नी और उसकी दादी डा.सावित्री सिंह नवादा में सिविल सर्जन के पद से सेवानिवृत हुई हैं। उन्होंने वहीं अपना घर बन लिया। वह वहीं रहती हैं। वहां अपना भव्य मकान है। दादा इलाहाबाद में कनीय अभियंता के पद से सेवानिवृत हुए थे। फिलहाल गांव में खेती कराते हैं। परदादा रामजनम पांडेय भी गांव में ही खेती कराते हैं।

मुख्यमंत्री ने दी बधाई


मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने इशान के पिता प्रणव पांडेय को फोन कर इस खुशी को साझा किया। उन्होंने परिवार को इस उपलब्धि के लिए बधाई दिया। इससे पिता का सीना गर्व से फुल गया। परिवार के सदस्य काफी उत्साहित हुए। अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद की स्थानीय इकाई ने भी बधाई दिया है। दाउदनगर कालेज अध्यक्ष आर्य अमर केशरी, नगर मंत्री रविशंकर कुमार, रोहित कुमार ने कहा कि इशान ने देश का नाम रौशन किया है।

दैनिक जागरण में 23.12.2015 को प्रकाशित खबर---



No comments:

Post a Comment