Friday 22 March 2024

काराकाट लोकसभा : कुशवाहा लैंड में भगवा-लाल जंग की सजी बिसात

 


कुशवाहा लैंड में मुख्य भिड़ंत कुशवाहों में तय

उपेंद्र कुशवाहा के खिलाफ इंडी के राजा राम प्रत्याशी 

एक बार सांसद बन चुके हैं राजग प्रत्याशी उपेंद्र कुशवाहा 

सभी चुनाव लड़कर जमानत गवां चुके हैं राजाराम सिंह 

उपेंद्र कश्यप, दाउदनगर (औरंगाबाद) : काराकाट लोक सभा क्षेत्र से सभी चुनाव में कुशवाहों की जीत हुई है। इस कारण इसे कुशवाहा लैंड कहा जाता है। इस लोकसभा चुनाव में भी कुशवाहों के बीच ही मुख्य भिड़ंत होगी। अभी तक जिन प्रत्याशियों के नाम स्पष्ट हो चुके हैं उससे यह साफ है कि एनडीए और इंडिया दोनों ही गठबंधन के प्रत्याशी कुशवाहा जाति से हैं। दोनों ही गठबंधनों के बीच सीधी टक्कर की संभावना है क्योंकि इतिहास यही बता रहा है। भाजपा नीत राजग के गठबंधन ने राष्ट्रीय लोक मोर्चा के अध्यक्ष उपेंद्र कुशवाहा को काराकाट से प्रत्याशी बनाया है। जबकि इंडिया गठबंधन ने भाकपा माले के नेता राजा राम सिंह को प्रत्याशी बनाया है। 2008 के परिसीमन के वक्त काराकाट वजूद में आया और 2009, 2014 और 2019 में हुए लोकसभा चुनाव में जीत कुशवाहा जाति के नेताओं की हुई है। 2009 में राजद के डा. कांति सिंह को जदयू के महाबली सिंह ने हराया तो 2014 के चुनाव में राजग का गठबंधन की तरफ से रालोसपा के प्रत्याशी बने उपेंद्र कुशवाहा ने जीत दर्ज की और तब राजद की डा. कांति सिंह चुनाव हार गईं। तब जदयू के महाबली सिंह तीसरा स्थान पर थे। जबकि कुशवाहा जाति के ही राजा राम सिंह भी पांचवे स्थान पर थे। इनसे अधिक मत बसपा प्रत्याशी संजय केवट लाने में सफल रहे थे। फिर 2019 में जब चुनाव हुआ तो राजग की तरफ से जदयू प्रत्याशी महाबली सिंह ने तत्कालीन महागठबंधन का हिस्सा रहे राष्ट्रीय लोक समता पार्टी के उपेंद्र कुशवाहा को हराया। राजाराम सिंह का प्रदर्शन तीनों ही चुनाव में खराब रहा है। जब तीनों दल भाजपा, जदयू व राजद अलग-अलग थे तब भी। महाबली सिंह से खराब प्रदर्शन राजाराम का रहा है। तीनों चुनाव में राजाराम सिंह अपनी जमानत तक नहीं बचा सके हैं। अब इस बार आमने-सामने की टक्कर में माना जा रहा है कि पूर्व की अपेक्षा राजाराम सिंह का प्रदर्शन बेहतर होना तय है। परिणाम चाहे जो हो।




आम चुनाव 2019 में प्रदर्शन

प्रत्याशी- पार्टी- प्राप्त मत- वोट प्रतिशत 

महाबली सिंह - जदयू- 398408- 45.86

उपेंद्र कुशवाहा-रालोसपा-313866- 36.13

राजाराम सिंह-भाकपा माले-24932 2.87


वर्ष 2014 में प्रदर्शन


उपेंद्र कुशवाहा -रालोसपा -338892- 39.01

महाबली सिंह-जदयू-76709- 8.83

संजय केवट-बसपा-45503 -5.24

राजा राम सिंह-भाकपा माले- 32686- 3.76


वर्ष 2009 में प्रदर्शन

महाबली सिंह-जदयू- 196946 - 20483


राजा राम सिंह-भाकपा माले- 37493- 4.32



No comments:

Post a Comment