Thursday 18 December 2014

शांति के लिए शहर ने गढी हैं त्याग की कई कई मिसालें

हालात संभालते देर नहीं लगती यहां
शांति और सौहार्द की मिशाल है शहर
उपेन्द्र कश्यप, दाउदनगर (औरंगाबाद) सतरहवीं सदी के इस शहर ने कौमी एकता, शांति और सौहार्द के लिए, आपसी भाइचारे और गंगा जमुनी तहजीब की खातिर कई कई मिसालें गत तीन सौ सालों में गढी हैं। यहां का समाज जितना सहनशील और उदार रहा है उसका दूसरा उदाहरण शायद ही कहीं मिलेगा। ‘काले-मंगलवार’ को जितना अमंगल कार्य किया गया, उतना किसी दूसरे शहर में हुआ होता तो न जाने क्या क्या और कितना खो जाना पडता- समाज को। गंगा जमुनी संस्कृति को कितना नुकसान पहुंचता कहना मुश्किल है। मगर दाउदनगर की मिट्टी में कुछ खास है जो स्थिति को संभलते देर नहीं लगती। शरारती तत्वों या असामाजिक तत्वों ने कई बार माहौल बिगाडने का प्रयास विगत में किया है मगर मामला भी आसानी से सुलझा लिया गया है। ‘दैनिक जागरण’ ने शांति के ऐसे ही ज्ञात प्रयासों के सकारात्मक पहलुओं घटनाओं को आपके सामने लाने का एक छोटा प्रयास किया है।

शांति के लिए जब कर दिया कब्र भी दफन
अमीन के पद से सेवानिवृत मो.फहीमुद्दीन बताते हैं कि करीब दस साल पूर्व मियां मुहल्ला कब्रिस्तान की घेराबन्दी के वक्त यहां तनाव उपजा था। बीच कब्रिस्तान से आम रास्ता तब रहा था क्योंकि घेराबंदी नहीं थी। इसी को लेकर बवाल हुआ कि आम रास्ता छोडकर घेराबंदी की जाए। तब तय हुआ कि अस्ताना की तरफ छ: फीट रास्ता छोडकर घेराबंदी की गई। फिर एक समस्या आ पडी। चाहरदीवारी के बीच एक कब्र आ गया। वह भी सैयद अहमद खान बहादूर का जो नगर पंचायत के दूसरे अध्यक्ष रहे थे। उन्हें अंग्रेजों ने खान बहादूर का खिताब दिया था। बताया कि जब सोन में हुल्लड आया था तो उन्होंने शहर को बचाने के लिए अपने लोगों के साथ इमामबाडा के पास जा कर बांध बनाया और शहर को बचाया। तब यह खिताब दिया। इनके वंशजों से सहमति ले कर कब्र को दफन कर दिया गया। उसी के एक हिस्से पर चाहरदीवारी का निर्माण कर दिया गया और दूसरा हिस्सा रास्ता में समा गया।
दूसरी घटना बताया कि पचकठवा देवी स्थान और कब्रीस्तान के बीच संभवत: 2009 में विवाद उत्पन्न हुआ। कनीज फातमा के नाम 32 डीस्मिल जमीन थी। इसी के एक हिस्से में देवी मन्दिर का निर्माण हुआ था। अन्य हिस्से में अगजा जलाया जाने लगा। शांति के लिए जमीन को बांट दिया गया। मामला शांत हो गया।
रंग से उपजे तनाव पर उडेला पानी
 55 वर्षीय मुख्य पार्षद परमानंद प्रसाद ने बताया कि 90 के दशक में होली के वक्त रंग पडाने को लेकर शहर में तनाव पैदा हुआ। उसी दिन जुमा भी था। मछली बाजार की छत पर दोनों समुदाय के लोग जुटे। डा.शमशुल हक, परमानंद प्रसाद, मिनहाज नकीब, खुर्शीद खान, खुर्शीद गुलजार हाफिज खुर्शीद, सिद्धेश्वर प्रसाद, जगन्नाथ कांस्यकार, पूर्व चेयरमैन यमुना प्रसाद स्वर्णकार बैठे। कहा गया कि दंगाइयों या अपराधियों की कोई जात नहीं होती। जब रंग से परहेज है तो सडक पर मत निकलिए और यह भी कि जिनको परहेज है उनको रंग न लगाया जाए। अंत में हरा रंग का अबीर सबने एक दूसरे को लगाया और मामला समाप्त हो गया।

घर बचाने को तोडी गई मस्जिद की दिवार


 63 वर्षीय मिनहाज नकीब ने बताया कि चुडी बाजार स्थित मस्जिद की दीवार छेनी से काटी गई थी जब भुवन प्रसाद की दुकान बरसात मॆं चुने लगी। बताया कि जब मिट्टी की मस्जिद थी तो दुकान की लकडी उस पर थी। जब पका का बना तो लकडी हटा दी गई। लेकिन अगले बरसात में दुकान चुने लगा। तब उन्हें मिस्त्री ने बताया कि मस्जिद की दीवार में अगर एक से डेढ इंच छेद कर दी जाए तो समाधान हो जाएगा। चूंकि उन्होंने अपनी लकडी हटाया था तो गुड फेथ में काटने लगे नतीजा बवाल मच गया। वे नकीब के पिता सैयद मोहीउद्दीन के पास गए। उन्होंने लोगों को समझाया कि कानूनी तरीके से आप लकडी नहीं हटवा सकते थे, तब भुवन जी ने मदद की थी, अब उनको जरुरत है तो मदद मिलनी चाहिए। मन्दिर मस्जिद किसी का घर ढाहने के लिए नहीं होता। मामला सुलझ गया। करीब साठ साल पूर्व इस मामले में तब के कई लोग सक्रिय भुमिका में रहे।

2 comments:

  1. हमारे बुद्दीजीवीओ द्वारा यह किया गया यह शांति सोहार्द सचमुच दिल को छु लिया।

    ReplyDelete
  2. हमारे बुद्दीजीवीओ द्वारा यह किया गया यह शांति सोहार्द सचमुच दिल को छु लिया।

    ReplyDelete