Sunday 5 November 2023

अमझर शरीफ में सांप्रदायिक तनाव रोकने को बनेगा आउटपोस्ट

 



यहां के 31 घरों में चलता है अवैध बूचड़खाना 

शीघ्र होगा आउटपोस्ट का उद्घाटन, तैयारी पूरी

फिलहाल 10 पुलिस बल और एक पदाधिकारी प्रतिनियुक्ति 

यहां हमेशा होते रहता है पशु तस्करी को लेकर विवाद 

संवाद सहयोगी, दाउदनगर (औरंगाबाद) : अनुमंडल के हसपुरा प्रखंड के अमझर शरीफ में हमेशा सांप्रदायिक तनाव की स्थिति बनते रहती है। इसकी वजह अवैध पशु तस्करी का होना है। प्रशासन का स्पष्ट मानना है कि यहां के 31 घर ऐसे हैं जहां अवैध बूच़डखानों का संचालन होता है। अभी दो नवंबर को सुखाडी बिगहा के मंदिर में मांस का टुकड़ा पाए जाने के बाद लोगों में काफी आक्रोश व्याप्त हुआ है। महत्वपूर्ण है कि अभी तक तीन बार पशु मांस का टुकड़ा फेंके जाने को लेकर इस इलाके में सांप्रदायिक तनाव की स्थिति बनी है और एक बार पुलिस पर हमला भी हो चुका है। पुलिस सूत्रों के अनुसार ताजा विवाद से पहले 21 जुलाई और दो जुलाई 2023 को पशु मांस का टुकड़ा फेंके जाने को लेकर विवाद हो चुका है। इन तीनों ही मामलों की प्राथमिक की गई है। इससे पहले 13 जून 2023 को अवैध पशु तस्करी के मामले को लेकर पुलिस जब गांव में छापामारी करने गई थी तो उन पर हमला हुआ था। इस मामले में दो प्राथमिकी की गई थी दो दर्जन से अधिक नामजद आरोपित बनाए गए थे। पुलिस के हाथ कोई सफलता नहीं लगी हद यह कि तब पुलिस से कार्बाइन और हथियार छीन लिए गए थे। इस सब के मद्देनजर यहां आउटपोस्ट खोलने का निर्णय लिया गया है। एसडीओ मनोज कुमार और डीएसपी कुमार ऋषिराज ने इस बात की पुष्टि की है कि आउटपोस्ट खोला जाएगा। इसी के लिए शनिवार की देर शाम एसपी श्वेता जी मेश्राम और इन पदाधिकारियों ने स्थल निरीक्षण किया था। सारी तैयारी लगभग पूरी की जा चुकी है और कभी भी यहां आउटपोस्ट खोला जाना है। डीएसपी ने बताया कि फिलहाल आउटपोस्ट में 10 पुलिस बल और एक पदाधिकारी की प्रतिनियुक्ति की गयी है।



घरों को चिन्हित कर बना है नजरी नक्शा


अंचल अधिकारी द्वारा गांव का सर्वे कर 31 घरों को चिन्हित किया गया है। इस संबंध में नजरी नक्शा बनाया गया है। खास बात यह है कि सारे घरों का प्रवेश एवं निकास अमझर शरीफ कब्रिस्तान वाली गली के बगल के सड़क से होता है। सूत्रों के अनुसार इस गली और सड़क से अवैध पशुओं के लाने और ले जाने पर नियंत्रण के लिए पुलिस पदाधिकारी और नोडल अधिकारी सह दंडाधिकारी प्रतिनियुक्ति करने का अनुरोध एसडीओ ने किया था। इसके बाद हसपुरा प्रखंड के मौजा अमझर शरीफ एवं मुस्लिमाबाद में अवैध पशुओं के लाने और ले जाने पर नियंत्रण के लिए भ्रमणशील नोडल पदाधिकारी सह दंडाधिकारी एवं पुलिस पदाधिकारी की प्रति नियुक्ति तीन नवंबर से अगले आदेश तक के लिए की गई है। जिसमें पशु चिकित्सा पदाधिकारी हसपुरा डाक्टर कुश कुमार और भ्रमणशील पशु चिकित्सा अधिकारी डाक्टर आशुतोष कुमार को नोडल पदाधिकारी सह दंडाधिकारी बनाया गया है। जबकि पुलिस अवर निरीक्षक विजय कुमार सिंह सलैया थाना को नोडल पुलिस पदाधिकारी बनाया गया है। कुल 10 पुलिस बल यहां तैनात किए गए हैं।




नजरी नक्शा के अनुसार करना है काम 

डीएम और एसपी के संयुक्त आदेश में निर्देश दिया गया है कि अंचल अधिकारी हसपुरा से नजरी नक्शा प्राप्त कर उसके अनुसार भ्रमणशील रहकर अवैध पशुओं के लाने और ले जाने पर नियंत्रण रखने का कार्य प्रतिनियुक्त अधिकारियों को करना है। स्थल का आकलन करते हुए प्राप्त पुलिस बल को आवश्यकता अनुसार प्रतिनियुक्त करना सुनिश्चित किया जाना है। हसपुरा थाना अध्यक्ष को निर्देश दिया गया है कि उपरोक्त प्रतिनियुक्ति पुलिस बलों के आवासन की व्यवस्था थाना परिषर में ही करेंगे। दाउदनगर के एसडीओ व डीएसपी को संयुक्त आदेश के तहत निर्देश दिया गया है कि दोनों मुख्यालय में उपस्थित रहेंगे। भ्रमणशील रहकर विवादित स्थल पर विशेष चौकसी बरतेंगे और विधि व्यवस्था, शांति व्यवस्था बनाए रखना सुनिश्चित करेंगे।

लिखा-5.11.23



No comments:

Post a Comment