Friday 19 July 2019

शहर गढ़ने के गवाह डॉक्टर बीके प्रसाद सर नहीं रहे, उनको श्रद्धांजलि


अभिभावक चिकित्सक की दूसरी पीढ़ी समाप्त
उनसे मिलते वक्त का उनका चेहरामुस्कानस्फूर्ति  और संवाद मस्तिष्क में पैबंद हो गए। सब पूर्ववत ही तो थे। इसमें कहीं से भी खतरे का संकेत कतई नहीं था। लगा ही नहीं कि वे थोड़ा भी अस्वस्थ हैं। अचानक से उनके नहीं रहने की सूचना ने इसी कारण चौंका दिया। वे अभिभावक चिकित्सक की पीढ़ी के अंतिम किरदार थेजो अब नहीं रहे।
    0 उपेंद्र कश्यप 0
प्रायः देर रात और अहले सुबह मोबाइल के रिंग बेचैन करते हैं। क्योंकि अक्सर इस अवधि में बुरी सूचना ही आती है। शुक्रवार की सुबह 5:32 बजे मोबाइल ने शोर किया। अस्वस्थ हूँ, इस कारण स्फूर्ति गायब है। देखा, नम्बर गुलाम रहबर के नाम से शेव था। आवाज आई-भैया, सर नहीं रहे। डॉक्टर बीके प्रसाद सर को लेकर यह सूचना बेचैन करने से अधिक चौंका गई। कल यानी 18.9.2019 दिन गुरुवार को पूर्वाह्न ही दाउदनगर से डेहरी आते वक्त उनसे मिला था। बीमार था तो एक कफ सिरफ दिया और पहले की परची पर एक एंटीबायटिक लिखा। भाई राजीव उर्फ बबलू की दवा दुकान से दवा ली और चल दिया था। उनको पहली बार मैंने कुछ महंगी दवा दी, जो मैंने खरीदा था किन्तु इस्तेमाल सब नहीं कर सका था। उनको यह कह कर दिया कि किसी को यह दवा काम आयेगी, उनको दे दीजिएगा। वह दवा शायद अब उनके सामने के टेबल पर ही पडा रहा गया। तब मिलते वक्त का उनका चेहरा, मुस्कान, स्फूर्ति  और संवाद मस्तिष्क में पैबंद हो गए। सब पूर्ववत ही तो थे। इसमें कहीं से भी खतरे का संकेत कतई नहीं था। लगा ही नहीं कि वे थोड़ा भी अस्वस्थ हैं। अचानक से उनके नहीं रहने की सूचना ने इसी कारण चौंका दिया। वे अभिभावक चिकित्सक की पीढ़ी के अंतिम किरदार थे, जो अब नहीं रहे। डॉ. राम परिखा बाबू को हमने पिछले साल खोया था। वे पहली पीढ़ी के चिकित्सक थे। उनके पास गुलाम भारत से लेकर 2010 के दशक तक की यात्रा के संस्मरण थे। दिमाग में किसी डिक्सनरी या इनसाइक्लोपीडिया की तरह सुरक्षित। इसी कारण मैंने उन्हें "दाउदनगर का इनसाईक्लोपीडिया" की संज्ञा दी थी। स्वतंत्रता संग्राम से लेकर बाद के दिनों तक के किसी 'समय यात्रा' और उसके 'सारथी' या 'यात्री' से संबद्ध पूरा विवरण उपलब्ध करा देते थे। इसी तरह 1980 के दशक (जब वे दाउदनगर आये) से लेकर अपने निधन के वक्त तक का इतिहास डॉ.बीके सर के पास उपलब्ध था। इन्होंने दाउदनगर के बनने और गढ़ने के वक्त को जिया था। एक बड़ी घटना की एक कड़ी इनके सरकारी आवासीय क्लिनिक से जुड़ी, जो दाउदनगर के लिए ऐतिहासिक रही। व्यापक सामाजिक, राजनीतिक प्रभाव उसका शहर ने देखा था। लेकिन इस घटना का विवरण मैं सार्वजनिक नहीं कर सकता। यह 1990-2000 के दशक की घटना है। खैर।


डॉ. ब्रज किशोर प्रसाद (बीके बाबू) शहर के लिए एक एसेट थे। अब उनके बिना शहर इस सन्दर्भ में चिकित्सक विहीन लगता है, कि उन पर यह भरोसा था लोगों को कि दाउदनगर में उनका इलाज अंतिम है। स्वस्थ हुए तो ठीक अन्यथा रेफर। उनसे न जाने कितनी बार मेरा साक्षात्कार हुआ। उनके बारे में अखबार में काफी कुछ लिखा। उनके राजनीतिक सामाजिक मुद्दों से संबद्ध विचार मैंने सार्वजनिक किया। अखबार में काफी जगह ली उन्होंने। आज कई घंटे फाइल ढूंढता रहा। कुछ मिला, अधिकतर नहीं मिला। उनके बारे में जनता को, बीमार को आश्वस्ति थी, कि रेफर कर दिया तो फिर औरंगाबाद तक इलाज कतई संभव नहीं। राजधानी और वाराणसी या दिल्ली ही ठाँव मिल सकता था। इसके अलावा कोई कितना भी प्रतिष्टित हो, बड़ा आदमी हो, इनके सामने नतमस्तक ही रहा। कोई लफंगा हो तब भी वह इनके क्लिनिक में इनके सामने सभ्यता से ही पेश आता था। इनको लेकर काफी कुछ लिखा जा सकता है। लिखा भी हूँ। अब शहर में अनुभवी चिकित्सक कम ही बचे हैं। तीसरी पीढ़ी के चिकित्सकों को अब शहर के स्वास्थ्य की जिम्मेदारी अपने कंधे पर ढोनी होगी, जिसमें डॉ. महेंद्र शर्मा, डॉ. रंजू, डॉ. विनोद कुमार जैसे चिकित्सक शामिल हैं। इनके बाद की चिकित्सक पीढ़ी को अभी बहुत कुछ देखना-समझना शेष है। 

                                    अंत में एक संस्मरण:-
डॉ.बीके प्रसाद सर के पुत्र डॉ.संजीव कुमार का साखात्कार, फोटो में गुलाब रहबर भी
एक बार मुझे चिकेन पॉक्स हुआ था। मैं उनके वर्तमान वाले क्लिनिक गया। सफेद हल्का चादर ओढ़े। देखते ही कहा- जाओ, मैं इलाज नहीं करूंगा। करीब-करीब भगा दिया। मुझे अपने घर वापस आ जाना पड़ा। फिर डॉ. महेंद्र शर्मा सर को फोन किया तो वे स्वयं घर आये और इलाज किया। मैं समझ नहीं सका था, ऐसा क्यों किया? खैर, कभी कभी व्यक्ति किसी कारण से उखड़ जाता है। मैं यही सोच खामोश हो गया। आश्चर्य इस बात का था कि वे मेरी माँ को और ममहर को जानते-पहचानते थे। जब मां के साथ गया था तो उनका व्यवहार अलग था। मेरे साथ वाले व्यवहार से एकदम उलट। उनको बाद में मेरी पृष्ठभूमि का ज्ञान हुआ। हालांकि बाद में इतना करीब हुए हम कि गप्पे लड़ाने के लिए शाम को बैठा करता था। 
भगवान उनकी आत्मा को शांति दे। भाई बबलू समेत पूरे परिवार को दुख सहने का संबल दे। बस यही ईश्वर से कामना करता हूँ।

No comments:

Post a Comment