दो इंटर विद्यालय और एक उच्च विद्यालय
बैंक, डाकघर की शाखा के साथ सरकारी कार्यालय भी
उपेंद्र कश्यप, जागरण ● दाउदनगर (औरंगाबाद) : बिहार विधानसभा का चुनाव चरम की तरफ बढ़ रहा है। राजनीतिक चर्चाओं के बीच विकास भी चर्चा में है। यह मुद्दा बना हुआ है। दाउदनगर अनुमंडल में दो विधानसभा क्षेत्र हैं। गोह और ओबरा विधानसभा क्षेत्र। चार प्रखंड है- दाउदनगर, ओबरा, गोह और हसपुरा। पूरे अनुमंडल में मात्र एक दाउदनगर महाविद्यालय ही डिग्री कालेज है, जो अंगीभूत है। विधानसभा चुनाव में भी यह मुद्दा है कि अनुमण्डल में एकमात्र अंगीभूत डिग्री कालेज है। लेकिन दाउदनगर प्रखंड क्षेत्र में अनुमंडल कार्यालय से सटे एक ऐसा पंचायत है जो उच्च शिक्षा के मायने में काफी अग्रणी है। अंकोढ़ा पंचायत में अनुमंडल का इकलौता अंगीभूत डिग्री कालेज दाउदनगर महाविद्यालय है। इसके अलावा अंकोढ़ा कालेज और के के मंडल साइंस कालेज भी है। दोनों मगध विश्वविद्यालय से संबद्धता प्राप्त डिग्री कालेज है। इसके अलावा इसी पंचायत में राष्ट्रीय इंटर स्कूल और सरदार बल्लभभाई पटेल इंटर स्कूल है। उत्क्रमित उच्च विद्यालय सिपहां इसी पंचायत में है। दक्षिण बिहार मध्य ग्रामीण बैंक की पिलछी शाखा और डाकघर भी इसी पंचायत में है। ग्रामीण कार्य विभाग का कार्यालय भी स्थित है। पंचायत के पूर्व मुखिया कुणाल प्रताप ने बताया कि इस पंचायत में अंकोढ़ा, पिलछी, नीमा और सिपहां राजस्व ग्राम है। इसके अलावा भगवान बिगहा और शंकर बिगहा भी इसी पंचायत में है। भगवान बिगहा के निवासी बीरेंद्र सिंहा ओबरा से विधायक रहे हैं। कुणाल ने कहा कि अनुमंडल के तमाम पंचायत में उच्च शिक्षा के क्षेत्र में यह अग्रणी पंचायत है, जहां तीन-तीन डिग्री कालेज है।
पंचायत का विवरण 2023 सर्वे के अनुसार
पंचायत नाम- अंकोढ़ा
कुल गणना ब्लाक-11
कुल भवनों की संख्या- 1356
मकानों की संख्या- 1448
परिवारों की संख्या-1781
परिवार के कुल सदस्यों की संख्या-10331

No comments:
Post a Comment