Saturday, 11 October 2025

दाउदनगर की आधी आबादी को पढ़ाने के लिए एक भी डिग्री कालेज नहीं

 


बड़ा मुद्दा : महिला महाविद्यालय 

58.85 प्रतिशत अनुमंडल में औसत महिला साक्षरता दर 

397790 है अनुमंडल में महिलाओं की जनसंख्या

828081 है अनुमंडल में कुल जनसंख्या

04 प्रखंड है गोह, हसपुरा, दाउदनगर और ओबरा

उपेंद्र कश्यप, जागरण ● दाउदनगर (औरंगाबाद) : दाउदनगर अनुमंडल में दो विधानसभा क्षेत्र हैं गोह और ओबरा। चार प्रखंड हैं दाउदनगर, ओबरा, गोह और हसपुरा और कुल आबादी 828081 है। इसमें 397790 महिला हैं, लेकिन इनको उच्च शिक्षा देने के लिए एक भी डिग्री कालेज नहीं है। अनुमंडल में मात्र एक महिला महाविद्यालय है जो अंगीभूत नहीं बल्कि स्थाई संबद्धता प्राप्त है। इसमें सिर्फ स्नातक की पढ़ाई होती है। यहां सभी संकायों को मिलाकर कुल 1550 सीट स्वीकृत है। लेकिन यह कभी भी पूरी तरह नहीं भरता है। प्रायः 1300 से 1400 सीट ही भर पाता है। महाविद्यालय से संबंध प्रोफेसर यशलोक कुमार ने बताया कि गणित को लेकर बहुत अधिक रुचि नहीं होती है इसलिए इसमें सीट प्राय: खाली रह जाती है। कला की सभी सीट भरी रहती है। वर्ष 1983 में यह महाविद्यालय यहां निजी तौर पर शुरू किया गया था जिसमें इंटर की पढ़ाई होती थी, लेकिन 2025 में बिहार के सभी डिग्री कालेज से इंटर की पढ़ाई हटा दी गई। नतीजा यहां सिर्फ स्नातक की पढ़ाई होती है। इसके अलावा अनुमंडल में कोई भी डिग्री कालेज महिलाओं के लिए नहीं है। अनुमंडल मुख्यालय में अंगीभूत दाउदनगर महाविद्यालय है और यहां ही छात्राएं पढ़ती हैं। यहां भी इंटर की पढ़ाई बंद हो गई है। सिर्फ स्नातक की पढ़ाई होती है। स्नातकोत्तर की स्वीकृति तो मिली है लेकिन नामांकन प्रारंभ नहीं हुआ है। ऐसे में बड़ा मुद्दा यह है कि दाउदनगर अनुमंडल की आधी आबादी आखिर करें तो क्या करें। सरकार के तमाम दावों के बावजूद नारी शिक्षा को लेकर पर्याप्त संसाधनों का अभाव स्पष्ट दिखता है।


अनुमंडल में महिला साक्षरता दर 58.85 प्रतिशत

वर्ष 2011 की जनगणना के अनुसार अनुमंडल में महिलाओं के बीच साक्षरता दर औसतन 58.85 प्रतिशत है। ओबरा विधानसभा क्षेत्र के दाउदनगर में 59.05 और ओबरा प्रखंड में 61.87 प्रतिशत महिला साक्षरता दर है। इसी तरह गोह विधानसभा क्षेत्र के गोह में 53.95 और हसपुरा में 60.54 प्रतिशत साक्षरता दर है।


दाउदनगर में महिला साक्षरता दर 59.55 प्रतिशत

दाउदनगर प्रखंड में वर्ष 2011 की जनगणना के अनुसार औसत साक्षरता दर 70.16 प्रतिशत है। इसमें पुरुष साक्षरता दर 79.93 प्रतिशत औऱ महिला साक्षरता दर 59.55 प्रतिशत है। शहरी क्षेत्रों में औसत साक्षरता दर 67.5 प्रतिशत है जबकि ग्रामीण क्षेत्रों में 71.07 प्रतिशत शहरी क्षेत्र में पुरुष साक्षरता दर 74.72 और महिला साक्षरता दर 59.44 है। ग्रामीण क्षेत्र में पुरुष साक्षरता दर 81.74 और महिला साक्षरता दर 59.59 प्रतिशत है।

ओबरा में नारी साक्षरता दर 61.87 प्रतिशत

ओबरा प्रखंड की औसत साक्षरता दर 72.42 प्रतिशत है। जिसमें पुरुष साक्षरता दर 82.13 और महिला साक्षरता दर 61.87 प्रतिशत है।  ओबरा ब्लॉक में कुल साक्षर लोगों की संख्या 134,307 थी, जिनमें पुरुष साक्षरता दर 79,327 और महिला साक्षरता दर 54,980 थी।

गोह में 53.95 प्रतिशत महिला साक्षरता दर

गोह की साक्षरता दर 66.63 प्रतिशत पुरुष साक्षरता दर 78.25 और महिला साक्षरता दर 53.95 प्रतिशत है।  

हसपुरा में 60.54 प्रतिशत

 हसपुरा प्रखंड की औसत साक्षरता दर 71.46 है। पुरुष साक्षरता दर 81.61 और महिला साक्षरता दर 60.54 प्रतिशत है।  



No comments:

Post a Comment