Tuesday, 14 October 2025

1952 से अब तक सबसे कम 23 के अंतर से जीत हार का रिकार्ड

23 मत के अंतर से औरंगाबाद का है अटूट रिकार्ड

1967 में रामनरेश सिंह बनाम रामबिलास सिंह के बीच कांटे की टक्कर

उपेंद्र कश्यप, जागरण ● दाउदनगर (औरंगाबाद) : औरंगाबाद जिले में 1952 से 2020 तक हुए बिहार विधान सभा आम चुनाव में सबसे कम 23 मत के अंतर से हार जीत का एक रिकार्ड 1967 में बना था। यह अब तक नहीं टूटा है। कांटे का असली मुकाबला यही हुआ था। हालांकि जिस विधान सभा क्षेत्र में यह रिकार्ड बना उसका वजूद ही खत्म हो गया। यह था दाउदनगर विधानसभा क्षेत्र, जो 1952 से 1972 तक ही वजूद में रहा और उसके लिए विधायक का चुनाव होते रहा था। 

निर्वाचन आयोग से प्राप्त विवरण के अनुसार वर्ष 1967 के विधान सभा चुनाव में राम नरेश सिंह प्रजा सोशलिस्ट पार्टी से चुनाव मैदान में थे। वे पूर्व में प्रथम चुनाव (1952) में जीत कर विधायक भी रह चुके थे। उनको कांटे की टक्कर दी राम बिलास सिंह ने। वे हसपुरा प्रखंड के अहियापुर के निवासी थे। वे संयुक्त सोशलिस्ट पार्टी के प्रत्याशी थे। उनका यह पहला चुनाव था। क्या गजब की टक्कर हुई थी। राम नरेश सिंह को 13604 मत मिला और राम बिलास सिंह को 13581 मत। मात्र 23 मत से जीत रिकार्ड आज भी कायम है। यह राम नरेह सिंह के साथ है और हार का रिकार्ड राम विलास सिंह के नाम। 


240 दाउदनगर विधानसभा क्षेत्र का परिणाम 

वर्ष 1967 में प्रजा सोशलिस्ट पार्टी के जीते राम नरेश सिंह को 13604 मत मिला। दूसरे स्थान पर रहे संगठन सोशलिस्ट पार्टी के रामबिलास सिंह को 13581 मत प्राप्त हुआ। जीत-हार का अंतर मात्र 23 मत रहा। इंडियन नेशनल कांग्रेस के आरएस यादव को 7343, निर्दलीय सी सिंह को 4150, बीजेएस के एसएम पांडे को 3515, निर्दलीय एस शर्मा को 2539, जी राम को 667, जेपी सिंह को 664 और स्वतंत्र पार्टी के जेड एच खान को 620 मत प्राप्त हुआ। 


1163 मतपत्र अवैध घोषित

तब आज की तरह ईवीएम से मतदान नहीं होता था। मतपत्र होते थे, जिसे वैलेट पेपर भी कहा जाता है। मात्र 23 मत के अंतर से जिस विधानसभा में हार जीत हुई उस क्षेत्र में कुल 1163 मतपत्र अवैध घोषित कर दिए गए थे। आज ऐसी स्थिति में हंगामा और मुकदमा अवश्यंभावी दिखता है। बहरहाल निर्वाचन आयोग के दस्तावेज के अनुसार यहां 94117 मतदाताओं में 49246 ने मतदान किया। मतदान का प्रतिशत 52.32 रहा। कुल वैध मतपत्रों की संख्या 46 हजार 83 रही। 


No comments:

Post a Comment