पहले चुनाव में अनुमंडल में थे तीन विधानसभा क्षेत्र
दाउदनगर, गोह और ओबरा विधानसभा क्षेत्र
जिले के छह में तीन समाजवादी तो तीन कांग्रेसी जीते
उपेंद्र कश्यप, जागरण ● दाउदनगर (औरंगाबाद) : आजादी के बाद प्रथम चुनाव 1952 में हुआ था। इसके लिए औरंगाबाद जिले में 26 मार्च 1952 को मतदान हुआ था। तब औरंगाबाद जिला नहीं था। इसके वर्तमान स्वरूप में छह विधानसभा क्षेत्र थे। दाउदनगर, गोह, रफीगंज, औरंगाबाद, ओबरा और नबीनगर। यह प्रथम चुनाव था। आजादी के आंदोलन का नेतृत्व करने वाली और भारत को स्वतंत्रता दिलाने का दावा करने वाली कांग्रेस पार्टी का आभामंडल चमक रहा था। इसके तेज के सामने कोई दूर दूर तक प्रभावशाली नहीं दिखता था। लेकिन छह विधानसभा क्षेत्र में तीन विधानसभा क्षेत्र रफीगंज, औरंगाबाद और नबीनगर में ही कांग्रेस चुनाव जीत सकी। बाकी के तीन विधानसभा क्षेत्र दाउदनगर, गोह और ओबरा विधानसभा क्षेत्र में सोशलिस्ट पार्टी जीती। इसीलिए कहा जाता है कि औरंगाबाद जिले के वर्तमान स्वरूप में जो दाउदनगर अनुमंडल का क्षेत्र है वह समाजवादियों की धरती रही है। तब दाउदनगर विधानसभा क्षेत्र से रामनरेश सिंह, गोह से मुंद्रिका सिंह और ओबरा से पदारथ सिंह चुनाव जीते थे। तीनों ही सोशलिस्ट पार्टी के टिकट से जीते थे। जबकि रफीगंज से एस एम लतिफुर रहमान, औरंगाबाद से प्रियव्रत नारायण सिंहा और नबीनगर से अनुग्रह नारायण सिंहा जीते थे। तीनों इंडियन नेशनल कांग्रेस के प्रत्याशी थे।
दाउदनगर से जीते रामनरेश सिंह
रामनरेश सिंह सोशलिस्ट पार्टी से विधायक बने।इन्हें तब 9713 वोट मिला था। शत्रुघ्न शरण सिंह इंडियन नेशनल कांग्रेस के प्रत्याशी थे। जिन्हें 6241, निर्दलीय केदारनाथ को 2659, गुप्तेश्वर सिंह को 2256 और रजनीकांत सिंह को 691 मत प्राप्त हुआ था। तब कुल वोटर 51014 थे। कुल मतदान 21560 हुआ। अर्थात 42.5 प्रतिशत।
गोह से मुंद्रिका सिंह बने एमएलए
प्रथम चुनाव में गोह से मात्र तीन प्रत्याशी थे। सोशलिस्ट पार्टी के मुद्रिका सिंह को 11812, कांग्रेस के रामविलास सिंह शर्मा को 9104 और यूकेएस के राम गुलाम सिंह को 2460 वोट प्राप्त हुआ था। तब 53192 में 23376 मतदाताओं ने अर्थात 43.95 प्रतिशत ने ही मतदान किया था।
ओबरा से जीते पदारथ सिंह
प्रथम चुनाव में ओबरा विधानसभा क्षेत्र से कुल आठ प्रत्याशी चुनावी मैदान में थे। तब सोशलिस्ट पार्टी के पदारथ सिंह को 9566, इंडियन नेशनल कांग्रेस के रघुवंश कुमार सिंह को 7722, यूकेएस के बुद्ध प्रकाश सिंह को 3057, निर्दलीय प्रदीश नारायण सिंह को 1237, रघुवर सिंह को 1093, परमेश्वर सिंह को 877, कमलाकांत जायसवाल को 707 और रामनंदन पांडे को 546 मत प्राप्त हुआ था।
औरंगाबाद से प्रियव्रत नारायण जीते
प्रियव्रत नारायण सिन्हा को 7669, सोशलिस्ट पार्टी के बद्रीनाथ शास्त्री को 5496, निर्दलीय रामकेवल सिंह को 4030, छेदी सिंहा को 1178 और कामता प्रसाद जायसवाल को 460 वोट मिला। तब कुल 51392 में 18833 ने मतदान किया था।
रफीगंज के विधायक बने लतीफुर्रहमान
कांग्रेस के लतीफुर्रहमान को 8403, निर्दलीय राम पुकार सिंह को 8177 व मुनेश्वर सिंह को 5130, सोशलिस्ट पार्टी के रामस्वरूप सिंह को 4414 एवं निर्दलीय जगदीश मिस्त्री को 814 वोट मिला था। तब 63684 मतदाताओं में 26938 ने मतदान किया था।
नबीनगर से जीते एएन सिंह
नबीनगर से जीते अनुग्रह नारायण सिंह को 13297, सोशलिस्ट पार्टी के गफूर मियां को 6979, यूकेएस के बटुकेश्वर सिंह को 1945, निर्दलीय मटुकधारी प्रसाद को 1410, राघव प्रसाद को 1256 एवं कामता प्रसाद को 715 वोट मिला था। कुल 62676 में 25602 ने मतदान किया था।

No comments:
Post a Comment