Saturday, 15 November 2025

12322 मत मिला एनडीए को नप क्षेत्र में



 4226 मतों से शहर जीत सके प्रकाश चंद्र

8096 मत ले सका महागठबंधन

सबसे अधिक चौंकाया तौफीक आलम ने

जनसुराज पार्टी और बसपा से अधिक वोट निर्दलीय को 

उपेंद्र कश्यप, जागरण ● दाउदनगर (औरंगाबाद) : दाउदनगर शहर में कुल 41 मतदान केंद्र पर 22758 मतदाताओं ने वोट डाले। जबकि कुल मतदाताओं की संख्या 39164 है। शहर में प्राय: एनडीए ही जीतते रहा है। लेकिन इस बार एनडीए और महागठबंधन के बीच का फ़ासला संतोषजनक नहीं माना जा रहा। एनडीए समर्थित लोक जनशक्ति पार्टी रामविलास के प्रत्याशी डा. प्रकाश चंद्र को 12322 वोट मिला, जबकि महागठबंधन समर्थित राजद के प्रत्याशी ऋषि कुमार को 8096 मत। दोनों के बीच 4226 मतों का अंतर रहा। राजग समर्थकों के अनुसार यह फासला और अधिक होने का अनुमान था। बहरहाल इस दूसरे और तीसरे स्थान पर रहने वाले प्रत्याशियों से अधिक मोहम्मद तौफीक आलम ने चौंकाया। इस निर्दलीय प्रत्याशी को 505 मत मिला और यह तीसरा स्थान पर है। उर्मिला गैस एजेंसी में कार्यरत यह ऐसा प्रत्याशी है जिसने नामांकन के बाद किसी व्यक्ति को अपने हिस्से मत देने के लिए भी नहीं कहा। कोई प्रचार नहीं किया। इसके बावजूद इसे इतना मत मिला। इसे अपने-अपने हिसाब से लोग देख रहे हैं। तौफीक को इतना मत मिलना आश्चर्जनक लगता है। यह जन सुराज पार्टी और बहुजन समाज पार्टी के प्रत्याशियों को सदमे में डालने वाला है। जनसुरज पार्टी के सुप्रीमो प्रशांत किशोर ने प्रमोद सिंह चौक से लेकर भखरुआं तक रोड शो किया था। इसके बावजूद उनके प्रत्याशी सुधीर कुमार शर्मा को मात्र 404 मत प्राप्त हुआ। शहर में रोड शो करने वाले बसपा के प्रत्याशी संजय कुमार को मात्र 245 मत प्राप्त हुआ। चौंकाने वाली दूसरी बात यह रही कि ओबरा से निर्दलीय विधायक रहे सोम प्रकाश को मात्र 80 मत मिला और वे 11 वें स्थान पर चले गए। जबकि रामराज यादव (निर्दलीय-247), हरि संत कुमार (निर्दलीय-147), 

प्रतिमा कुमारी (राष्ट्रीय लोक जनशक्ति पार्टी-122), शिवनाथ साव (निर्दलीय-121) और बृज किशोर सिंह (निर्दलीय-101) को कोई जानता तक नहीं और न ही इन्होंने कभी प्रचार किया। इसके बावजूद सोम प्रकाश से अधिक मत लाने में सफल रहे। यह परिणाम बताता है कि शहर में राजद अपना प्रभाव बढ़ाता जा रहा है। वह मजबूत हो रहा है। डा. प्रकाश चंद्र को बाजार में और काम करने की जरूरत है, लोगों से मिलने और संबन्ध प्रगाढ़ करने की आवश्यक्ता है। वहीं सोम प्रकाश के लिए नगर परिषद क्षेत्र काफी दूर है। 



ओबरा के 18 प्रत्याशी को नगर परिषद के 41 मतदान केंद्रों पर मिला मत इस प्रकार है:-



प्रत्याशी का नाम- दल संबद्धता- प्राप्त मत


1-प्रकाश चंद्र- लोक जनशक्ति पार्टी रामविलास-12322

2-ऋषि कुमार- राष्ट्रीय जनता दल-8096

3-मोहम्मद तौफीक आलम -निर्दलीय-505

4-सुधीर कुमार शर्मा- जन सुराज पार्टी-404

5-संजय कुमार- बहुजन समाज पार्टी-245

6-रामराज यादव- निर्दलीय-247 

7-हरि संत कुमार- निर्दलीय-147 

8-प्रतिमा कुमारी -राष्ट्रीय लोक जनशक्ति पार्टी-122

9-शिवनाथ साव- निर्दलीय-121

10-बृज किशोर सिंह- निर्दलीय-101 

11-सोम प्रकाश- स्वराज पार्टी लोकतांत्रिक-80

12-धर्मेंद्र कुमार- जागरूक जनता पार्टी-57

13-धीरज कुमार- निर्दलीय-53

14-जितेंद्र दुबे -अखिल भारतीय जनसंघ-47

15-डा.धर्मेंद्र कुमार -अखिल हिंद फ़ारवर्ड ब्लाक क्रांतिकारी-42

16-जयनंद राम- न्यू इंडिया यूनाइटेड पार्टी-23

17-अजीत कुमार- आम जनता पार्टी राष्ट्रीय-18

18-उदय नारायण राजभर- सुहेलदेव भारतीय समाज पार्टी- 18

नोटा-111


नौ को नोटा से भी कम मत


18 में नौ प्रत्याशियों को नोटा से भी कम वोट मिला है। नगर परिषद क्षेत्र में 111 मत नोटा को गया है। यानी इन लोगों ने किसी प्रत्याशी को पसंद नहीं किया जबकि 18 प्रत्याशी चुनाव लड़ रहे थे। इन नौ प्रत्याशियों में सबसे चर्चित नाम सोम प्रकाश का भी शामिल है, जो ओबरा से विधायक रहे हैं। उनको मात्र 80 मत मिला है।


No comments:

Post a Comment