Thursday, 20 November 2025

40 वर्ष तक चरम पर था कभी बर्तन उद्योग

 


फोटो-बर्तन बनाते भोला प्रसाद कांस्यकार

तीन बेलन मिलों से मिली थी पीतल उद्योग को प्रतिष्ठा

स्वतंत्रता पश्चात बिगड़ती गयी स्थिति, अंततः सब बर्बाद

उपेंद्र कश्यप, जागरण ● दाउदनगर (औरंगाबाद) : कभी शहर में कुटीर उद्योग के रुप में बर्तन निर्माण का कार्य व्यापक पैमाने पर होता था। बीसवीं सदी में जब भारत आजाद हुआ और 1965 में चीन ने हमला किया तब सैनिकों के लिए भी यहां के बने बर्तन भेजे गये थे। इसके पीछे की ताकत थी मशीनीकरण का होना। शुक्रबाजार ठाकुरबाड़ी से लेकर नगरपालिका तक और पूरब में बम रोड तक कसेरा एवं ठठेरा बसे हुए थे। यहां जिस पैमाने पर बर्तन बनते थे उस पैमाने पर सिर्फ मिरजापुर (उत्तर प्रदेश) में ही बनता था। इधर बिहार में आरा के पास परेव में आज भी यह निर्माण कार्य व्यापक पैमाने पर होता है मगर दाउदनगर में मात्र दो, चार परिवार तक यह काम सीमित हो गया है। वजह साफ है। समय के साथ मशीनीकरण की ओर यह इलाका नहीं बढ़ सका। बिहार में दूसरे कल कारखाने भी विकसित नहीं हो सके। आजादी के बाद स्थिति बिगड़ती गई और अंतत: सब कुछ खत्म हो गया। एक जमाना था, खासकर सात दशक पूर्व तक कि बर्तन बनाने से निकलने वाली ठक-ठक की आवाज सोन उस पार नासरीगंज तक सुनाई पड़ती थी। इसका चरम समय था 1920 के बाद से 1960 के दशक तक का। जब यहां तीन बेलन मिल लगाये गये थे। सन 1910 में सिपहां में स्थापित संगम साव रामचरण राम आयल एण्ड राइस मिल ने ये मशीनें लगायीं थीं। शुक्रबाजार में उमाशंकर जगदीश प्रसाद रौलिंग मिल, हनुमान मंदिर के नजदीक (बुद्धा मार्केट) श्रीराम बेलन मिल एवं चावल बाजार में संगम साव राम चरण साव रौलिंग मिल लगाया गया था। तीनों जगह बेलन मिल लगाए जाने से बर्तन निर्माताओं को काफी सहुलियत हुई। 

यहां सर्वाधिक 90 प्रतिशत से अधिक निर्माण पीतल की कठौती बनाने का होता था। पीतल को कोयला की भट्ठी में गलाया जाता था। उसे खोटी (एक प्रकार का बर्तन) में ढाल दिया जाता था। उसे जब ठोस आकार मिल गया तो बडा हथौड़ा जिसे घन भी कहते हैं, से पीट-पीट कर एक मीटर का घेरा में फैलाया जाता था। फिर गहरा बनाया जाता था। उसके बाद उस पर गोल-गोल बिन्दी आकार में चमक लाने के लिए पीटा जाता था। जब बेलन मिल लगा तो मजदूरों की समस्या कम हुई, मगर ठक-ठक होती रही। क्योंकि गहराई और चमक लाने का काम तब भी हाथ से ही किया जाता रहा। मिल सिर्फ खोटी को बेल कर आवश्यकतानुसार आकार दे देते थे। शुरु में मजदूरों को लगा कि मशीनीकरण से इनकी समस्या कम हुई है। यह औद्योगिकीकरण की शुरुआत भर थी, जिसने धीरे-धीरे श्रम की सामूहिक संस्कृति को खत्म किया। भोला प्रसाद कांस्यकार बताते हैं जीविकोपार्जन के लिए बर्तन दुकानदारों के लिये अब कारीगर मजदुरी पर पीतल के हांडी बनाने का काम कर रहे हैं। कारीगरों के पास पूंजी का अभाव है।



अन्य प्रदेश को पलायन मजबूरी

कसेरा टोली निवासी धीरज कसेरा कहते हैं कि आधुनिक एवं नये डिजाइन के वस्तुओं के निर्माण के लिए कोई नई तकनीकी प्रशिक्षण उपलब्ध नहीं है। पूंजी के अभाव के कारण आधुनिक मशीनों की खरीदारी नहीं कर पा रहें हैं कारीगर। यही कारण है कि दाउदनगर से कारीगर अन्य राज्यों में पलायन करते जा रहे हैं।


कांस्यकार समाज का पुश्तैनी कारोबार

कांस्यकार या कसेरा जाति का इस पुश्तैनी धन्धे पर कब्जा था। व्यापक पैमाने पर निर्माण ने घरों को, परिवारों को काफी समृद्ध बनाया। इस जाति समूह से दो जातियां यहां पूरब दिशा से आयीं। कसेरा जो पीतल का काम करते थे और ठठेरा जो कसकूट (लोटा) बनाने का काम करते थे। यहां तमेढ़ा जाति की बसावट नहीं है। यह जाति तांबा का काम करती है। यहां तांबा का बर्तन नहीं बनता था।



No comments:

Post a Comment