Saturday, 5 November 2016

150 साल पुराना है मौलाबाग सूर्य मन्दिर

मौलाबाग सूर्य मन्दिर और उसमें बना स्नानागार

पोखरा में स्नानागार की सुविधा
अंवेषण की अभी भी है जरुरत

मौलाबाग में सूर्यमन्दिर और पोखरा का निर्माण कम से कम डेढ सौ साल पूर्व हुआ होगा। सूर्यमन्दिर न्यास समिति के सचिव डा.संजय कुमार सिंह बताते हैं कि बांके अग्रवाल ने तब बनवाया था। ऐसा सुना जाता है। इसकी पुष्टी नहीं की जा सकी है। इनकी तीसरी पिढी के वंशज यहां बाजार में और वाराणसी में रहते हैं। पोखरा में ही स्नानागार बनवाया हुआ है। यह तत्कालीन समाज की सोच और उसकी आवश्यकता की पूर्ति की तलाश का तरीका बताता है। पोखरा के बीच में प्रस्तर का एक स्तंभ है। जिसके ललाट पर शिवलिंग और ओइम की आकृति बनी हुई है। पूर्वी किनारे पर जुडवां स्नानागार बना हुआ है। तब समाज के पास स्नान करने का यह बेहतर विकल्प होगा। पोखरा में बने स्नानागार में उतरकर स्त्रियां स्नान भी कर लेती होंगी और कपडे भी बदल लेती थीं। उन्हें लोकाचार को लेकर तब तनाव का सामना नहीं करना पडता होगा क्योंकि खुद को छुपाने की प्रयाप्त जगह यह थी। सूर्यमन्दिर को कई चरण में कालांतर में मरम्मत भी हुआ होगा। फिलहाल इस मन्दिर को लेकर कुछ भी स्पस्ट प्रमाणिक इतिहास ज्ञात नहीं है। बिहार राज्य धार्मिक न्यास बोर्ड ने कुछ साल पहले ही इसे अपनी सूची में शामिल किया है। उसे इसका अंवेषण कराना चाहिए।, ताकि कोई स्पष्ट जानकारी प्राप्त हो सके। वर्तमान और आने वाली पिढी के लिए यह आवशयक है। यहां छठव्रतियों की भीड खूब होती है। 

कर्म के लिए प्रेरित करते हैं सूर्य

        भगवान भास्कर की प्रतिमा
जानिए कौन हैं भगवान भाष्कर ?
साक्षात देव सूर्य विश्व को सिर्फ अलोकित हीं नहीं करते बल्कि कर्म के लिए प्रेरित करते हैं। सूर्य षष्ठी व्रत के माहौल में यह जानना प्रासंगिक है कि सूर्य कौन हैं। हम रोज प्रात: जिनके आगमन की आहट (उदय) से जागते हैं, और जिनके जाने (अस्त) के साथ विश्रम की ओर जाते हैं, वह सिर्फ प्रकाश देने वाला ही नहीं बल्कि और भी महत्व है। यह सिर्फ हिंदू संस्कृति के वांडमय में ही नहीं बल्कि वैज्ञानिक शोध भी ऐसा मानता है। फिलहाल गुनगुनाती धूप का आनंद ही नहीं मिलता, बल्कि इसका शरीर पर खास लाभकारी असर होता है जो जीवन को ऊर्जान्वित करने के साथ स्वास्थ्य प्रदान करता है।
 कर्म करने का ज्ञान देते हैं सूर्य
पंडित आचार्य लालमोहन शास्त्री बताते हैं कि विश्व के उत्पन्नकर्ता, नेत्र और जीवों को कर्म करने के लिए ज्ञान भी सूर्य ही देते हैं। आर्यो के इस देवता का निरंतर ध्यान और पूजन करना चाहिए। वेद में आदित्य (सूर्य का एक नाम) को प्राण और आत्मा कहा गया है। आंखों को सूर्य माना गया है यथा - ‘पात्रु मां विश्व चक्षु: चक्षु सूयरेरजायत।’ समस्त संसार के मानव को कर्म करने को प्रेरित करने वाले देवता हैं ये।
 कश्यप अदिती के पुत्र हैं सूर्य
भगवान भास्कर कश्यप अदिती के पुत्र हैं। जिनकी दो पत्नी संज्ञा और छाया है। संज्ञा विश्वकर्मा की पुत्री है जो अपनी प्रतिबिंब छाया को छोड़कर मैके (नैहर) चली गई। इन दोनों से वैव स्वतमनु, यमराज, यमुना, अश्विनी कुमार और शनि इत्यादि संतान हैं। इसलिए इनकी उपासना में नित्य सूर्य की पूजा, गायत्री मंत्र जाप, अघ्र्य एवं दंडवत करना चाहिए।
 प्रत्यक्ष लाभ देत हैं सूर्य

आप ‘सूर्य नमस्कार’ या इसी तरह के कई योग प्रकार बाबा रामदेव के योग में देख सकते हैं। अन्य देवताओं से होने वाले लाभ पर सवाल भले उठाया जाता हो, लेकिन इस साक्षात देव से प्राप्त लाभ प्रत्यक्ष दिखता है। अब तो गांव गांव सूर्य मंदिर बनाये जा रहे हैं। भव्य प्रतिमाएं लगाई जा रही है। प्राचीन काल के सूर्य मंदिरों में सूर्य प्रतिमाएं नहीं है। श्री शास्त्री का कहना है कि जो प्राचीन प्रतिमाएं हैं वे संग्रहालय में हैं। गांवों में इनकी महिमा बढ़ रही है। नतीजा सूर्य षष्ठी व्रत का प्रसार सुदूर देहात तक हो रहा है।

11 वर्ष पूर्व 11 लाख में बना अरई सूर्य मन्दिर

     अरई का सूर्य मन्दिर

कर सेवा के कारण हुआ कम खर्चा
निर्माण का निर्णय हुआ था अचानक

अरई पंचायत मुख्यालय में पूर्व पट्टी में निर्मित सूर्य मन्दिर का आज दिलचस्प संयोग जुटा है। ठीक 11 साल पूर्व इस मन्दिर का निर्माण 2005 में हुआ था। तब मात्र 11 लाख खर्चा हुआ था। इसकी सबसे बडी वजह थी जनता की कर सेवा। इस मन्दिर निर्माण का निर्णय भी अचानक ही हुआ था। यहां पोखरा काफी पुराना है। ग्रामीण सोचते रहते थे कि मन्दिर निर्माण हो, किंतु इसके लिए संयोग नहीं बन पा रहा था। इस बीच 2001 में पंचायत चुनाव हुआ और राज कुमार शर्मा मुखिया बने। फिर आकांक्षायें जगी। बिरई मोड पर एक दिन अपने साथियों नन्देश्वर शर्मा, विजय मौआर, नागेन्द्र शर्मा एवं अनिल कुमार के साथ श्री शर्मा बैठे तो बात निकल गयी। इस बार बात निकली तो दूर तलक नहीं बल्कि अंतिम तक पहुंची। निर्णय हुआ और फिर विजयादशमी 2003 के दिन इसकी नींव नागेन्द्र शर्मा ने रखी। इसके लिए पूरे गांव का भ्रमण किया। प्रथम औपचारिक बैठक गनौरी शर्मा की अध्यक्षता में हुई। विजय मौआर सचिव एवं राजेन्द्र मेहता कोषाध्यक्ष बनाये गये। सुखद आश्चर्य यह कि यह टीम ही आज भी इन पदों पर कायम है। लोग स्वेच्छा से चन्दा देने लगे और कर सेवा में जुटे। मन्दिर निर्माण तक सिर्फ कुशल मजदूरों को ही मजदूरी दी गयी बाकी सब कर सेवा से हुआ। जिनका नेतृत्व भोली राम ने किया। तब भाजपा जिलाध्यक्ष बबुआ जी व अश्विनी तिवारी ने कर सेवा की थी। 
अब कई देवी देवता स्थापित
अब सूर्य मन्दिर अरई में कई देवी देवता प्रतिष्ठापित किए जा चुके हैं।  भगवान भास्कर की प्रतिमा की प्राण प्रतिष्ठा 15 फरवरी 2005 को की गयी थी। स्वामी राम प्रपन्नाचार्य ने यज्ञ कराया था। इसके बाद यहां देवी जी, दुर्गा जी, जनुमन जी, शंकर जी समेत कई देवी देवता स्थापित किए गये।


अज्ञात संत ने खुदाया पोखरा, बाद में बना भव्य सूर्य मदिर


तरार का सूर्य मन्दिर
आठ साल में बना सूर्य मन्दिर
2004 में रखी गयी पहली ईंट
2012 में प्रतिमा की प्राण प्रतिष्ठा


तरार का सूर्य मन्दिर कई मायनों में खास है। गांव के लोक में जो रचा-बसा हुआ है उसके अनुसार सैकड़ों साल पहले यहां एक महान संत का आगमन भिक्षा के लिए हुआ था। उनका नाम ग्रामीण नहीं जानते। उन्हें यह स्थान पवित्र लगा और आने वाले भविष्य की कल्पना करते हुऐ एक पोखरा खुदवाया। मुखिया सर्वोदय शर्मा, ग्रामीण रितेश कुमार ने बताया कि खलिहान से मेह लेकर तलाब को पवित्र करने के लिए जाट के रूप में गाड़ दिया गया। महत्वपूर्ण है कि मेह में पशु बान्ध कर धान की दंवनी की जाती है। गांव में इसे पवित्र माना जाता है। इसके बाद धीरे-धीरे कालांतर में इसका विकास हुआ और आज यह एक रमणिक स्थल बन गया। दूर्गा पूजा कमिटी ने तालाब का पक्कीकरण किया। फिर सूर्य पूजा कमिटी का गठन किया गया तो मोट्टी की मूर्ति बना कर वहां छठ होने लगा। ग्रामीणों ने आवश्यक्ता समझी कि यहां भगबान भास्कर का मंदिर बनना चाहिए।
 इसके बाद बैठक बुलाकर मंदिर बनाने के लिए प्रस्ताव पारित किया गया। बताया गया कि मन्दिर निर्माण हेतु जमीन त्रिभुवन लाल और बैजनाथ लाल ने दान दिया। मन्दिर निर्माण के लिए नींव 2004 में तरार के ही बौध ठाकुर ने रखी। उनके पहली इंट रखने का रोमांच आज भी लोग महसूस करते हैं। मंदिर का निर्माण हुआ। मंदिर में सूर्य भगबान की स्थापना 04 मार्च 2012  को  यज्ञ के साथ की गयी। यहां छठ करने के लिए बहूत दूर दूर से लोग आते हैं। अभी मंदिर प्रागण में धर्मशाला का निर्माण चल रहा है। 

Top of Form

Thursday, 3 November 2016

च्यवन की पत्नी ने किया था पहली बार छठ

देवकुंड का पोखरा
च्यवनाश्रम की धरती से हुआ छठ प्रारंभ
पहली बार छठ कहां किए गये थे? आज यह प्रश्न प्रासंगिक है। पहली बार छठ पं.लाल मोहन शास्त्री के अनुसार महर्षि च्यवन की पत्नी सुकन्या ने किया था। उन्होंने ऋषि को कुष्ठ से मुक्ति के लिए सूर्य को दो बार अस्ताचल और उदयाचल सूर्य को अर्घ्य दिया था। तभी से यह परंपरा चली आ रही है। इसी अराधना से ऋषि की रुग्ण काया स्वस्थ हो गई थी और यौवन प्राप्त किया था। भविष्योत्तर-पुराण के अनुसार पाण्डव द्यूत में हारकर जब वन में गये तो उनके आश्रम में अस्सी हजार मुनि पहुंचे। उनके भोजन की चिंता में युधिष्ठिर घबरा उठे। तब द्रौपदी ने पुरोहित धौम्य ऋषि से समाधान पूछा। उन्होंने उन्हें भगवान् सूर्य का व्रत रवि षष्ठी करने का निर्देश दिया। द्रोपदी ने पुछा इस उत्तम व्रत का पालन सर्वप्रथम किसने किया तो ऋषि ने बताया कि सुकन्या ने किया था। यह इलाका सुकन्या, च्यवन और शर्याति नामके राजा की कथा से परिचित है।
प्राचीन भारतीय एंव एशियाई अध्ययन स्नातकोत्तर विभाग मगध विश्वविद्यालय बोधगया से अव्वल छात्र रहे आशुतोष मिश्रा के अनुसार इस पर्व की परंपरा कम से कम 1000 साल प्राचीन है क्योंकि गहड़वाल राजा गोविंदचंद्र के सभा पंडित लक्ष्मीधर कृत्यकल्पतरु में इस दिन सूर्य की पूजा का विधान किया है। उनका कार्यकाल 12 वीं शती का पूर्वाद्ध माना जाता है। मिथिला के धर्मशास्त्री रुद्रधर (15वी शती) के अनुसार इस पर्व की कथा स्कंदपुराण से ली गई है। इस कथा में दुख एवं रोग नाश के लिए सूर्य का व्रत करने का उल्लेख किया गया है।

मैं सिद्ध कर दुंगा-आशुतोष
आशुतोष मिश्रा
आशुतोष मिश्रा ने दावा किया है कि कुछ समय बाद वे प्रमाणित कर देंगे कि च्यवनाश्रम देवकुण्ड ही आर्याव्रत में छठ पर्व की जननी है। यहीं से हुई थी छठ व्रत की शुरूआत। वे देवकुंड और अन्य विषय पर शोध कर रहे हैं। शीघ्र ही पीएचडी की उपाधि प्राप्त होने वाली है। उन्होंने दावा किया कि महाभारत में द्रोपदी का और कर्ण का विवरण मिलता है। रामायण काल में राम ने सूर्यमेघ यज्ञ किया था। कलियुग में प्रियवन्द राजा ने किया यह व्रत लेकिन कालखण्ड एंव समयावधि पर गहनता से विचार करें तो च्यवन ऋषि एंव उनकी पत्नी सुकन्या सतयुग में राम से भी पहले आते है। अर्थात रामायण काल से पहले देवकुंड में सुकन्या ने छठ व्रत किया था।


जहां देव हारे वहां होती है सूर्य की पूजा

  देवहरा का सूर्य मन्दिर
आयी थीं मालवा की महारानी अहिल्याबाई होल्कर
देवहरा में सूर्य मन्दिर की है अपनी प्रतिष्ठा
देवहरा, यानी जहां देवता हार गये। गोह प्रखंड अंतर्गत यह गांव गया-दाउदनगर राजकीय उच्च पथ-7 पर स्थित है। पुनपुन के कछार पर और सडक से उत्तर है देवहरा का सूर्य मन्दिर। इसका अपना इतिहास है। प्रथम भारतीय महिला शासिका महारानी अहिल्याबाई होलकर भी यहां आ चुकी हैं। उन्होंने यहां शिव मंदिर एवं धर्मशाला का निर्माण कराया था। ‘उत्कर्ष’ के अनुसार धर्मशाला में संस्कृत विद्यालय चलता था। इसके अंतिम शिक्षक महबलीपुर (पटना) के पंडित कालकादत्त तिवारी थे। शिक्षक सुनील कुमार बौबी ने बताया कि धर्मशाला का मात्र अब अवशेष ही दिख रहा है, जबकि शिव मंदिर सुरक्षित है। देवासूर संग्राम से लेकर महर्षि भृगु मुनि तक का इतिहास समेटे यह स्थल भक्तों के लिए श्रद्धा स्थल बना है। मर्यादा पुरुषोत्तम रामचन्द्र का भी आगमन च्यवन और भृगु मुनि से मिलने के क्रम में यहां हुआ माना जाता है। विधायक रहे डा. रणविजय कुमार ने नदी घाट का निर्माण कराया था।
मन्नतें होती हैं शीघ्र पूरी
ऐतिहासिक, पौराणिक व धार्मिक दृष्टिकोण से देवहरा पुनपुन नदी घाट व शिव मंदिर महत्वपूर्ण स्थलों में एक है। श्रद्धालु कहते हैं कि सूर्य मंदिर से मनोवांछित फल मिलता है। मन्नतें शीघ्र पूरी होती है। महावीर स्थान भी है। प्रति वर्ष छठ व्रतियों की संख्या बढती जा रही है।

क्लब करती है सारी व्यवस्था
भगवान् भाष्कर क्लब यहां सारी व्यवस्था करती है। अध्यक्ष सुनील कुमार गुप्ता ने बताया कि नदी में पानी अधिक होने के कारण नाव व स्टीमर भी होगा। मनरेगा योजना के अंतर्गत मंदिर परिसर की ढलाई करायी गयी है। नदी घाट के साफ-सफाई के साथ मंदिर और घाट को रोशनी से जगमगाया जायेगा।

प्रथम महिला शासक थी अहिल्याबाई होलकर

प्रथम भारतीय महिला शासक अहिल्याबाई होलकर मालवा साम्राज्य की मराठा महारानी थीं। उनका जन्म 31 मई 1725 को महाराष्ट्र के अहमदनगर के चौण्डी (छौंड़ी) ग्राम में हुआ और देहांत 13 अगस्त 1795 को। उनके पति खांडेराव होलकर 1754 के कुम्भेर युद्ध में शहीद हुए थे। इसके बारह वर्ष बाद उनके ससुर मल्हार राव होलकर की भी मृत्यु हो गयी। और इसके एक साल बाद उन्हें मालवा साम्राज्य की महारानी का ताज पहनाया गया। 1795 में अपनी मृत्यु पर्यन्त बड़ी कुशलता से राज्य का शासन चलाया। उन्होंने काशी, गया, सोमनाथ, अयोध्या, मथुरा, हरिद्वार, द्वारिका, बद्रीनारायण, रामेश्वर, जगन्नाथ पुरी जैसे प्रसिद्ध तीर्थस्थानों पर मंदिर बनवाये और धर्म शालाएं खुलवायीं। काशी से गया की यात्रा क्रम में उन्होंने देवहरा में मन्दिर और धर्मशाला बनवाया था।

देव व उलार सा प्रतिष्ठित है मायर सूर्य मन्दिर

                शमशेरनगर का सूर्य मन्दिर
मुगल काल में ध्वस्त हुआ था प्राचीन मन्दिर
नया मन्दिर का निर्माण 1940 के दशक में
शमशेरनगर में भगवान सूर्य की प्राचीन प्रतिमा नये मन्दिर में स्थापित है। महाकवि बाणभट्ट ने भी मायर के छठ का जिक्र किया है। महर्षि भृगु ने भृगु संहिता में मायर का जिक्र किया है। ग्रामीण भानु प्रताप ने बताया कि पुरातन काल में मायर में सूर्य मंदिर था। देव और उलार के बराबर यहां के छठ पर्ब का महत्व है। छठ तालाब से बर्तमान सूर्य मंदिर की दुरी करीब आधा किलोमीटर है। इस मन्दिर का निर्माण नया है। बताया गया कि मुग़ल शासन में प्राचीन मन्दिर को तोड दिया गया था। तब मन्दिर में स्थापित मूर्ति को किसी तरह बचा लिया और और डीह में दबा दिया था। मंदिर में सूर्य भगवान की अष्टधातु की मूर्ति है। बाद में कुँए की खुदाई के समय ये मूर्ति मिली थी। इसके बाद ग्रामीण (अब स्व.) सीता सिंह ने वर्तमान मंदिर की नींव 1938 में रखी। इस का निर्माण कार्य 1940 में पूरा हुआ। इसी बर्ष इस मंदिर में भगवान की खुदाई में प्राप्त प्रतिमा की प्राण प्रतिष्ठा काशी के आचार्यो द्वारा हुई है। ग्रामीणों ने बताया कि मन्दिर का निर्माण एक मुसलमान राजमिस्री पीर मोहम्मद खान ने किया है। 

मैरिया से मायर बनाम शमशेरनगर
प्रखंड के सबसे बडे पंचायत शमशेरनगर का ही प्राचीन नाम मायर है। बताया जाता है कि भुमिहारों का एक वर्ग जो मैरिया भुमिहार माना जाता है उनके कारण ही इस गांव का नाम मायर पडा होगा। छठी शाताब्दी के महाकवि मयूरभट्ट का जन्म हसपुरा के पीरू ग्राम में हुआ था परंतु उन्होने अपना आवास मायर में बनाया था। ऐसा माना जाता है। मयूरभट्ट भगवान सूर्य के भक्त थे और उन्होने सूर्य शप्तकम नामक ग्रंथ की रचना की थी। मुगल सुबेदार षमषेर खाँ द्वारा 1772 ई॰ में यहां मकबरा का निर्माण किया गया था। स्थापत्यकला का यह खुबसूरत नमूना है। मुगल काल में शमशेरनगर बना। शायद इसीलिए लोक में यह मिथक है कि शमशेर खां ने ही इस गांव को बसाया था।

दूर दूर तक महत्व

गांव के वार्ड सदस्य रविरंजन कुमार ने बताया कि गांव में ही नहीं बल्कि इस मन्दिर की महिमा दूर –दूर तक है। कहा कि मान्यता है कि मायर में छठ करने से कुष्ठ जैसा रोग दूर हो जाता है। यहां छठ व्रत को ले चहल पहल बढ गयी है। यहां चैती और कार्तिकी दोनों छठ व्रत के अवसर पर व्रती काफी संख्या में जुटते हैं। सरकार और प्रशासन को चाहिए कि यहां व्रतियों की सुविधा के लिए विभिन्न व्यवस्था करे।