Sunday, 9 October 2016

कौन दलाल और किसकी दलाली?

                               शहरनामा दाउदनगर से--
नवाब के शहर में दलाली चर्चा में है। खून की दलाली से बात शुरु होती है तो कई तरह के ‘दलाल’ प्रकट हो जाते हैं। चर्चा बहुत है। बहुत तरह की है। आप रोज रोज किसी को 56 इंच का सीना होने का ताना मारिये और कारर्वाई की मांग करिए। जब कारर्वाई हो तो कहिए यह सरकार ने नहीं सेना ने किया है। हद है भाई। सेना खुद कुछ करती है क्या? उसे निर्देश तो सरकार ही देती है। यह सरकार का विल पावर था कि सर्जिकल स्ट्राइक की गयी। अब आप डर से कह रहे हो कि हमने भी किया था, कई बार किया था। वोट बैंक की राजनीति के तहत कारर्वाई नहीं की और अब करने की बात कह के भी वही राजनीति कर रहे हो। लोग भूल जाते हैं। खून की दलाली कहने वाले इतिहास भूल नहीं गये हैं बल्कि वोट के लिए उसे जानबुझ कर भूल रहे हैं। 1971 की लड़ाई क्या किसी ‘दुर्गा’ ने लडी थी या तब भी सेना ने ही लडाई लडी थी? तब मुक्तिवाहिनी और बांगला देश के लिए खुद को क्यों श्रेय लिया था? हकीकत तो यही है न तब की जब सेना युद्ध मैदान में जीता और ‘प्रियदर्शिनी’ वार्ता की मेज पर हार गयीं थी।  90 हजार पाकिस्तानी सेना को बंदी बनाने और बडा क्षेत्र सेना ने जीता बावजूद पीओके हासिल नहीं कर सकी थीं। क्या यह दलाली थी? थी तो किसकी? देश के लिए या फिर खास वोट के लिए दलाली की गयी थी? जरा कोई बतायेगा? जब स्वयं बलुचिस्तान भारत के साथ रहने को तैयार था तो ‘चाचा’ ने किस कारण उसे छोड दिया। तर्क यह कि वह दूर है। अरे जनाब मात्र 200 मील की दूरी गलत और बांगलादेश पाकिस्तान के बीच हजारों मील की दूरी सही थी? जिस पार्टी की प्रासंगिकता गान्धी ने समाप्त बताते हुए उसे खत्म करने को कहा था वह दशकों राज ही इसी नाम पर करती रही कि आजादी उसने दिलाया है। क्या यह 100 फिसदी सच है? गरीबी खत्म करने के नाम पर सत्ता पाने वाले कितना गरीबी खत्म कर सके? यह सब दलाली नहीं है? चर्चा यह भी है कि ‘राम’ के मुखौटे पर चुनावी वैतरणी पार करने वाली जमात ने अब सामने सेना को खडा कर दिया है। वे हमेशा ‘बडे प्रतीक’ को ही सामने रखकर जंग लडते हैं। ऐसे में कौन किसकी दलाली कर रहा है और क्यों कर रहा है यह लोग सोचें। कौन दूसरे से बडा दलाल है, यह तय करना मुश्किल है।
अंत में--
किसी तरह जमा कीजिए अपने आप को
कागज बिखर रहे हैं पुरानी किताब के। 

Friday, 7 October 2016

दुर्गापूजा की कई अनुठी परंपराएं विलुप्त

सोन में लोग लूटते हैं सोना


नवरात्र प्रारंभ है। शहर का माहौल भक्तिमय बना हुआ है। हर तरफ मां दुर्गे का जयकारा। भक्ति रस में डूबोता हुआ गीत संगीत और प्रवचन। ऐसे माहौल में यह भी विचार किया जाना चाहिए कि हमारी संस्कृति की कई अनुठी परंपरायें विलुप्त हो गयी हैं। गांव-शहर में अभी कई अनुठी परंपरा जीवित भी है। अमरजीत कुमार कहते हैं कि शमशेरनगर में प्रतिमा को बांस के कंडे पर घुमाने की प्रथा थी। अब उसकी जगह ट्रैक्टर ने ले ली है। यह आधुनिकता का प्रभाव है। कल्पना करें कि जब लोग बांस पर प्रतिमाओं को लेकर भ्रमण करते थे तो कितना श्रम साध्य वह कार्य होता होगा। दाउदनगर के नित्यानंद कहते हैं कि पहले दुर्गापूजा का आनंद लेने के लिए लोगों को बाहर जाना पडता था, अब दुर्गा क्लब में ही भव्य आयोजन होता है। सुतहट्टी गली के आर्य अमर केशरी कहते हैं कि दाउदनगर में सोन इलाके के महादेव स्थान पर लोग मिट्टी लूटते हैं, और कहते हैं कि सोना लूट कर घर ले जा रहे हैं। लाला अमौना के राहुल शर्मा कहते हैं कि छोटा गांव होने के बावजूद उनके यहां दुर्गा पूजा का आयोजन महत्वपूर्न है। नौ दिन तक कार्यक्रम चलता है। इस तरह की कई परंपरायें विलुप्त हो गयीं हैं या समाप्तप्राय है। 

Thursday, 6 October 2016

पुनर्जीवित होगा शिक्षा का केन्द्र देवकुंड


गोह के विधायक मनोज शर्मा
केन्द्रीय विद्यालय खोले जाने का रास्ता साफ
गोह के विधायक की पहल पर मिली सफलता
ऐतिहासिक व धार्मिक देवकुंड में शिक्षा की लौ पुन: जलेगी। वह भी भारत के आदर्श शिक्षण संस्थान- केन्द्रीय विद्यालय- के रुप में। जी हां, यहां केन्द्रीय विद्यालय खुलेगा। उसके खुलने का रास्ता साफ हो गया है। केन्द्रीय मानव संसाधन राज्य मंत्री सह क्षेत्रीय सांसद उपेन्द्र कुशवाहा से मिलकर पहल करने के बाद यह सफलता मिली है। गोह के विधायक मनोज शर्मा ने यह पहल की और कामयाबी मिलने में बस मौसम का बाधा है। पूर्व जिला पार्षद सह रालोसपा जिलाध्यक्ष राजीव कुमार उर्फ बब्लु ने मंत्री के हवाले से बताया कि चयनित स्थल पर पानी जमा होने के कारण दिल्ली से टीम नहीं आ रही है। पानी खत्म होजाने और मौसम सही हो जाने पर टीम दौरा करेगी और उसके बाद कार्य तेज गति से होगी। महत्वपूर्ण है कि यहां स्कूल खुल जाने से नक्सल के लिए कुख्यात इलाके में शिक्षा का अलख जगेगा। इससे सुदूरवर्ती पिछडे इलाके और समाज में शिक्षा को लेकर जागरुकता बढेगी। केन्द्रीय विद्यालय काफी बडा और महत्वपूर्ण प्रोजेक्ट केन्द्र सरकार का है।
देवकुंड मठ ने दी दस एकड जमीन
महंत कन्हैयानन्द पुरी
केन्द्रीय विद्यालय के लिए विधायक मनोज शर्मा की पहल पर देवकुन्द मठ के महंत कन्हैयानंद पूरी ने दस एकड जमीन दान दी है। बताया गया कि जमीन का निबन्धन राज्यपाल बिहार के नाम कर दी गयी है। मोटेशन अर्थात दाखिल खारिज का काम भी पूरा हो गया है। जमीन मिलने के बाद की प्रक्रिया भी काफी हद तक पूरी कर ली गयी है। विधायक ने बताया कि डीएम से केन्द्रीय विद्यालय संगठन को प्रस्ताव भेजा गया था। कुछ सवाल पूछे गये जिसक जवाब देकर प्रस्ताव पुन: दिल्ली भेज दिया गया है। संगठन के पटना डायरेक्टर, सेंट्रल पुल के कई प्राचार्य, राज्य सरकार की तरफ से डीसीएलआर व सीओ, सीपीडब्ल्यू की इंजीनियर की टीम जमीन का दौर कर चुकी है। जमीन पर पानी भरा हुआ है। इसके सुखते ही दिल्ली से एक टीम निरीक्षण करने आयेगी और उसके बाद तेज गति से काम की उम्मीद है।

दाउदनगर में थी चाहत, खुलेगी गोह में
केन्द्रीय राज्य मंत्री उपेन्द्र कुशवाहा ने काराकाट संसदीय क्षेत्र में सोन के पुरब और पश्चिम एक-एक केन्द्रीय विद्यालय खोलने की चाहत व्यक्त की थी। दाउदनगर में इसकी आवश्यक्ता महसूर की जा रही थी। डा.बी.के.प्रसाद ने इसकी बडी कोशिश की। कई बार मंत्री को ज्ञापन दिया। समस्य जमीन को लेकर थी। जमीन की आवश्यक्ता को लेकर खबर भी बनी किंतु किसी ने जमीन नहीं दी। इस बीच गोह विधायक ने पहल कर जमीन दिला दी और केन्द्रीय विद्यालय ओबरा विधान सभा क्षेत्र से बाहर गोह के देवकुंड चला गया।
बच्चों के लिए होगी आवागमन की व्यवस्था

देवकुंड में जब केन्द्रीय विद्यालय खुलेगा तो वहां दूरस्थ क्षेत्र से बच्चों को स्कूल ले जाने के लिए आवागमन की सुविधा भी दिलायी जा सकेगी। विधायक मनोज शर्मा ने आईबी में यहां भाजपा प्रखंड अध्यक्ष अश्विनी तिवारी के साथ कहा कि हम इस पर विचार कर रहे हैं। उनसे पूछा था कि बच्चे मिल सकेंगे? कहा कि ऐसी भी व्यवस्था की जा सकती है कि नो प्रोफिट नो लोस पर बस चलाया जा सके। विश्वास दिलाया कि बच्चे आयेंगे। सुदूर इलाके में भी पढने पढाने की भूख बढी है। 

Monday, 3 October 2016

मनुष्य पत्थर नहीं, अपनी आस्था पूजता है

अपने सीने पर चंचला देवी ने कराया कलश स्थापना

दुर्गा क्लब में इन्हें देखने उमड रहे श्रद्धालु

एक ही अवस्था में दस दिन की हठ साधना
मनुष्य की श्रद्धा-भक्ति के आगे किसी विचार या तर्क का स्थान नहीं होता। कवि अनिल विभाकर ने लिखा भी है कि– मनुष्य पत्थर नहीं अपनी-अपनी आस्था पूजता है। अब इस दृष्य को देखकर कोई क्या कहेगा? यहां दुर्गा क्लब तांती समाज पूजा पंडाल में चंचला देवी ने अपने सीने पर पांच कलश की स्थापना कराया हुआ है। न वे उठ सकती हैं, न बैठ सकती हैं, न करवट बदल सकती हैं। न कुछ खा सकती हैं, न पानी पी सकती हैं। तीन दिन होने को है और दस दिन ऐसे ही, एक ही अवस्था में उन्हें रहना है। दुर्गापूजा के दिन हवन होने के उपरांत वे सामान्य जीवन में वापस आ सकेंगी। तब वे अन्न-जल ग्रहण करेंगी। इस हठ साधना के लिए स्वयं पर किस हद तक कठोर वर्जनायें लागू करनी होती है, इसका वे अप्रतिम उदाहरण हैं। जब कोई सुनता है तो विश्वास नहीं करता है। जाकर स्वयं की नजर से देखे बिना संतुष्टि नहीं मिलती किसी को, तो कोई अपने संशय को व्यक्त नहीं कर पा रहा है।

बिना इच्छा-अपेक्षा के हठ साधना
बहन चंचला देवी को मां दुर्गा से न कोई इच्छा है, न अपेक्षा है, न कोई मनोकामना है, न कोई आवश्यक्ता समझ में आती है। बस यूं ही किये जा रही हैं। यह हठ साधना उनका चौथा साल निरंतर है। कहा- क्या चाहिए? सब कुछ तो है मेरे पास। फिर प्रश्न उठा कि क्यों, कोई तो वजह होगी इस तरह स्वयं को पीडा देने की? बोलीं- नहीं। कोई आवश्यक्ता या इच्छा नहीं है। बस किये जा रही हूं। कब तक कर सकुंगी पता नहीं।
चमत्कारिक प्रेरणा से प्रारंभ
बताया कि चार साल पूर्व वे सदर अस्पताल औरंगाबाद गयीं थीं। मन हुआ और धर्मशाला में चली गयीं। नवरात्रा प्रारंभ होने के चार दिन पूर्व। वहां एक अदद्भूत अनुभूति हुई। एक ब्राह्मण मिले। बोले-कुछ मंग लो। मैं बोली- कुछ नहीं चाहिए। सब कुछ है मेरे पास। तीसरी दफा बोली- जे देवेला होतई माई के देथी। ओबरा स्थित घोडदौड अपने घर लौटी तो सपने में चार रात कलश दिखता रहा। वे बेल मोड पर स्थित पूजा पंडाल गयीं और सीने पर कलश स्थापित करा लीं। दो बार जिला मुख्यालय में ऐसा की और अब दाउदनगर में।

पारिवारिक पृष्ठभूमि
चंचला देवी की उम्र 35 वर्ष है। पति मुन्ना सिंह आटो चलाते हैं। इकलौता बेटा पंकज कुमार भोपाल इंजीनियरिंग कालेज में अध्ययनरत है। बेटी प्रियंका दसवीं और प्रिया छठी कक्षा में ओबरा में ही पढती हैं। परिवार सुखी है, कोई कष्ट नहीं।

बोले पंडाल अध्यक्ष
दुर्गा क्लब तांती समाज पूजा पंडाल के अध्यक्ष गुलाबचंद प्रसाद का कहना है कि कभी सुनते थे तो संशय होता था, विश्वस नहीं होता था। अब तीन दिन से निरंतर देख रहे हैं। वाकई अद्द्भुत और रोचक होता हुआ देख रहे हैं।  
ऐसा करने की सलाह नहीं दे सकते चिकित्सक

यहां के वरिष्ठ चिकित्सक डा.बीके प्रसाद ने पूरे प्रसंग में कहा कि कोई भी चिकित्सक ऐसा करने की सलाह नहीं दे सकता। इसमें किडनी खराब होने से लेकर पीठ में घाव होने का खतरा रहता है। सुगर वगैरह निरंतर जांच होनी चाहिए। बताया कि बीस-पच्चीस दिन तक भी बिना कुछ खाये-पीये जीने का कई उदाहरण है। महात्मा गान्धी और अन्ना हजरे का उदाहरण है।

Sunday, 2 October 2016

नशापान में नहीं भलाई, खायें दुध मलाई

नशा निवारण समिति कर रहा प्रचार
नशामुक्ति को ग्रामीण स्तर पर प्रयास
नशा मुक्ति अभियान समिति डिहरा ग्रामीण स्तर पर नशामुक्ति के लिए प्रचार-प्रसार कर रहा है। उसके नेतृत्व सेवानिवृत लोगों के जिम्मे है। वर्ष 2014 से अबियान चलाया जा रहा है। हैंडविल बनाकर वितरित किया जाता है, लोगों से मिलकर उन्हें नशामुक्ति के लिए प्रेरित किया जाता है। समिति के अध्यक्ष हैं-खुटहां के पूर्व सैनिक बेसलाल सिंह। डिहरा निवासी सचिव सेवा निवृत शिक्षक तेजनारायण सिंह ने बताया कि लोगों को लगभग दो साल से नशामुक्त होने के लिए प्रेरित करने का काम संगठन कर रहा है। इस प्रयास को तब संबल मिला जब 1 अप्रैल से राज्य में शराबबन्दी लागू कर दी गयी। इस समिति में शिक्षक कृष्णा ठाकुर सन्योजक, सेवा निवृत शिक्षक रामनारायण प्रसाद कोषाध्यक्ष हैं। डा.ललन कुमार शर्मा, कनीय अभियंता बबन यादव, शिक्षक शक्ति कुमार व महेन्द्र सिंह सदस्य हैं। इनकी प्रचार सामग्री पर लिखा हुआ है- नये युग की नयी पुकार, नशामुक्त हो नया बिहार। मांग रह है हिन्दुस्तान, मिटा दो जड से नशापान। नशा का जो हुआ शिकार, उजडा उसका घर परिवार। ऐसी जहर है शराब, जो दिल दिमाग को करे खराब। नशपन में नहीं है भलाई, खायें घर में दुध मलाई। मां बहनों की भी पुकार, नशामुक्त हो घर परिवार॥ आम जनता से यह अपील की जा रही है। समझाया जा रहा है कि नशामुक्त समाज बनायें।

आवश्यक नहीं ‘बनावटी आवश्यक्ता’
नशा निवारण समिति कहती है कि मनुष्य की मुख्य अवश्यक्ता भोजन, वस्त्र, अवस और शिक्षा है। तो फिर नशापान जैसी बनावटी आवश्यक्ता की जरुरत क्या है। जरुरत है तो हमें स्वस्थ रहने की, सांस्कारिक बनने की, शिक्षित बनने की। नशापान हमें सभी विकासशील कम में बाधक बनती है। इससे गरीब भी कुसंगति में पडकर दुख भोग रहे हैं।

नशापान से मिला क्या?
नशाखोरी व मद्यपान से मानव को क्या मिला है? अकाल मृत्यू, दुर्घटना, धार्मिक एवं सांस्कृतिक उत्सवों में मरपीट, हत्या, दुष्कर्म, अपहरण और क्या मिला है? नशापान मानवता के विरुद्ध अधर्म है, महापाप है। इसे त्यागने में ही सबका कल्याण है।

सीखें, समझें, राह चुनें
नशा निवारण समिति जो हैंडविल बांट रही है उसमें सीखने समझने की बत करते हुए रास्ता भी बताया गया है। लिखा है-
बता सकें तो राह बतायें, पथ भटकाना ना सीखें।
लग सकें तो बाग लगायें, आग लगाना ना सीखें।
पी सकें तो क्षीर अमृत पीयें, नशा विष ना पीयें।
जी सके तो सुख चैन से जीयें, दुख दर्द जीन न सीखें।

किसने नाप लिया 56 इंच का सीना ?

शहरनामा-4
शहर बेताब है। फौजियों ने सीमा पार कर सर्जिकल स्ट्राइक क्या किया कि दाउद खां का शहर चर्चा में मशगुल हो गया। दाउदनगर का संस्थापक दाउद खां भी तो सिपहसालार था। जंगे लडी थी, जय-पराजय का सामना किया था। खुन में या कहें रक्त प्रवाह में यहां तो नवाबी बसती है। नवाब का शहर है तो जंगों की चर्चा भी होना माकुल लगता है। सर्जिकल स्ट्राइक। चौकडी जहां कहीं भी बैठी बस चर्चा सीमा, भारत, पाक की और इससे आगे बढ कर प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की। नमो की उनके 56 इंच वाले सीने की। मैं प्राय: यह कहा जाता हूं कि न कुछ गलत है न कुछ सही। यह व्यक्ति की राजनीतिक आग्रहों, सामाजिक पृष्ठभूमि और ज्ञान की सीमा तय करती है कि किसी व्यक्ति के लिए कौन सा विचार या घटना, प्रति घटना सही है या गलत। सामने वाले के विचार, उसके बोले शब्द सब बता जाते हैं कि अगल क्या है। इस सीमा पार होने ने कई की राजनीतिक सीमा भी तोडी। सामाजिक न्याय से जुडे एक नेताजी ने फोन पर अपनी प्रतिक्रिया दी तो वे भावनाओं में बहते चले गये। उन्हें अपनी पार्टी लाइन का कोई ख्याल नहीं रहा। वे नमो (प्राय: पार्टियां सेना की तारीफ कर रही हैं, सरकार की नहीं) नमो किए जा रहे थे। क्या कमाल किया बोस! गजब मारा” सीमा के अंदर घुस के पहली बार तहलका मचा दिया। ऐस होना चाहिए। भरसक कहता था कि 56 इंच सीना है। मान गये। जब मैंने मना किया कि ऐसे बोल रहे हैं, पार्टी वाले निकाल देंगे तो नेता जी बोले- कौन निकाल देगा। किसी का मोहताज थोडे हैं। अगर पीएम सही कम करेगा तो क्यों नहीं बोलेंगे? वे तो वहां तक बोल गये जो न लिख सकता हूं न कह सकता हूं। खैर!
शहर है, चौकडी है, जनता चौक है, चंडाल चौकडी है भाई। किस किस को रोकेंगे। और फिर क्यों रोकेंगे। देश तो सबका है। भारतीय लोकतंत्र में चहे लाख बुराइयां हो इतना बोलने की आजादी पडोसियों के यहां भी नहीं है। और हां! राजनीति गरमाई हुई है। किसी को दिखाने के लिए 56 इंच का सीना दिखाया गया या फिर देश की आवश्यक्ता के लिए सर्जिकल स्ट्राइक किया गया? इसपर कई विचार हैं। विचारों की आजादी है। यह सबको चाहिए जैसे--
सब ने माना मरने वाला दहशत गर्द और कातिल था।
मां ने फिर भी कब्र पे उस की राज दुलरा लिक्खा था॥


Wednesday, 28 September 2016

वीसीपी के पुरस्कार वितरण के साथ लोकोत्सव समाप्त


पुरस्कार ग्रहण करते चन्दन व उद्घाटन करती बच्ची

दिखायी गयी ‘द सोल आफ कल्चरल सिटी दाउदनगर’
13 वर्षीय बच्ची ने किया कार्यक्रम का उद्घाटन
विद्यार्थी चेतना परिषद इमली तल द्वारा मंगलवार की देर रात पुरस्कार वितरण के साथ जिउतिया लोकोत्सव समाप्त हो गया। नारी शक्ति को सम्मान देने के लिए यहां कार्यक्रम का उद्घाटन 13 वर्षीय अलका कुमारी से मंच का उद्घाटन कराया गया। यहां संस्था के अध्यक्ष प्रशांत कुमार तांती, सचिव राजेन्द्र चौधरी, डाक्युमेंट्री निदेशक धर्मवीर भारती, श्रमण संस्कृति के वाहक दाउदनगर के लेखक उपेन्द्र कश्यप, यश ई स्कूल के निदेशक शंभु कुमार एवं रामेश्वर प्रसाद, रासबिहारी सिंह, बेसलल प्रसाद तांती, ओम प्रकाश, सत्येन्द्र कुमार उपस्थित रहे। भोजपुरी गायक अक्षय सिंह ने अपनी प्रस्तुतियां दी। दर्शकों ने मनोरंजन का भरपुर आनन्द लिया। मध्य रात्रि के बाद तक कार्यक्रम चलता रहा। डाक्युमेंट्री- द सोल आफ कल्चरल सिटी दाउदनगर का प्रसारण किया गया। सागर तांतियां ने सोशल मीडिया में कार्यक्रम क सीधा प्रसारण किया। 
टाप रहे विद्यार्थी क्लब व चन्दन कसेरा
यहां लोकोत्सव के मध्य तीन दिन तक हुई सांस्कृतिक प्रस्तुतियों में सबसे अव्वल स्थन पर रहा विद्यार्थी क्लब। इसके निर्देशक चन्दन कुमार कसेरा को बेस्ट सिनियर डायरेक्टर अवार्ड, कलाकार विकास कुमार को बेस्ट एक्टर सिनियर अवार्ड, जुनियर का अवार्ड सौरभ कुमार को, बेस्ट झांकी अवार्ड न्यू अजय क्लब को दिया गया। भारती क्लब को दूसरा, युनियन क्लब तीसरा, बालक भारती क्लब चौथा और न्यू बाल संगतःअन को पांचवा स्थान मिला।
बच्चा और बच्चियों को साहसिक पुरस्कार
प्रदीप कुमार अकेला द्वरा निकाले गये दममदाड एवं चाक्लु छूरी में शामिल छात्राओं को साहसिक पुरस्कार दिया गया। निर्णायक मंडली ने टिप्पणी की कि इतिहास में यह पहले बार हुआ है। लडकियों ने साहस दिखाया है। इसी तरह उस्ताद कैलाश विश्वकर्मा की प्रस्तुति दममदाड में शामिल सात साल का रवि शामिल हुआ। उसे भी साहसिक पुरस्कार मिला।
अन्य में कई शामिल
संस्था ने जो अन्य पुरस्कार दिये उसमें कई संस्थान शामिल हैं। अजय न्यू क्लब को छठा, जी इंटरटेन्मेंट को सातवां, पवन रिलाइंस को आठवां, टीम इंडिया को नौवां तथा सुपर स्टार क्लब को दशवां स्थान के लिए पुरस्कृत किया गय।