Sunday, 27 November 2016

बंद तो बंद है, साँसें बंद हो या भारत


आज भारत बंद है| बंद भ्रष्टाचार, अत्याचार, के खिलाफ नहीं, बंद है कालेधन के खिलाफ हुई कारर्वाई के खिलाफ| सबके अपने तर्क हो सकते है, किन्तु सच यही है कि पहली बार सरकार के खिलाफ बंदी के मुद्दे के साथ जनता का समर्थन है न कि बंदी कराने वाले विपक्षियो के साथ| खैर, जनता इस पर बंटी हुई है| इसके खिलाफ ऑर समर्थन में भीड़ है और उसके अपने तर्क है| इस प्रकरण पर मो.खुर्शीद आलम की एक कविता बरबस स्मरण हो आती है-
क्यों बंद करते हो दूकान का फाटक, बंद करो ये बंद करने कराने का नाटक| यहाँ बंद वहां बंद, गली बंद, चौराहा बंद, दूकान बंद, मकान बंद, मकान में अच्छा भला इन्सान बंद, पर किसी की आत्मा से ये आवाज नहीं निकली कि हो अत्याचार बंद, भ्रष्टाचार बंद, माँ की लूटती हुई इज्जत व बहन का हो रहा बलात्कार बंद| क्यों कहेंगे? ये तो खुद अत्याचारी है, मौत के व्यापारी है| बंद बंद के चक्कर में कल रात मर गया न रिक्शा चालाक का बाप| रिक्शा चला नहीं सका, अपने बाप को भर पेट खिला नहीं सका| बंद की सफलता पे जश्न मनाया गया, शराब व शबाब का दौर चलाया गया, बेचार रिक्शा वाला चीखता रहा, चिल्लाता रहा, सिसकता रहा, विलखता रहा| पर कोइ भी इसके बाप की अर्थी को कंधा लगाने नहीं आया| प्यार से कोइ पीठ थपथपाने नहीं आया| बार बार यही बुदबुदाता रहा कि काश, आज फिर कोइ बंद कराता और मै भी बाप की अर्थी पर सो जाता||
बंद की राजनीति हमेशा घातक होती है, आम लोगो को परेशान करती है| चाहे बंद कोइ कराये, भुगतना तो जनता को ही पड़ता है| जनता, जनता होती है चाहे वह किसी की समर्थक हो या विरोधी| जनता देश की होती है, यह सबको खयाल रखना चाहिए|

हरिबंश राय बच्चन कह गए है—
बजी न मंदिर में घड़ियाली, चढ़ी न प्रतिमा पर माला,
बैठा अपने भवन मुअज्ज़िन देकर मस्जिद में ताला,
लुटे ख़जाने नरपितयों के गिरीं गढ़ों की दीवारें,
रहें मुबारक पीनेवाले, खुली रहे यह मधुशाला।।


Saturday, 26 November 2016

पैसे को ले मजबूर मजदूर ले रहे पुराने नोट

विमुद्रीकरण से मनरेगा की 
योजनाएं भी प्रभावित
नये नोट मांग रहे मजदूर
पुराने हैं उपलब्ध
नोटबंदी से अब मनरेगा भी कार्य प्रभावित होने लगा है। मजदूर अपनी मजबूरी में पुराने नोट लेने को विवश हैं। उन्हें अपनी आजीविका चलाने के लिए पैसे चाहिए। रोजमर्रे के खर्च के लिए वे इसी कारण पुराने नोट भी ले ले रहे हैं। सूत्रों के अनुसार कई जगह काम बन्द हैं। मजदूरों को रोज पैसे चाहिए। वे रोज कमाने खाने वाले लोग हैं। सूत्रों के अनुसार तरार मुख्य पथ से तरारी मुख्य पथ को जोडने वाली करीब 40 हजार फीट लंबी सडक मात्र 500 फीट बन सकी। कम फिलहाल ठप है। समस्या बस यही है कि मजदूर नये नोट मांग रहे हैं और वह उपलब्ध नहीं हो रहा है। कुसुम यादव कालेज से एनएच-98 तक तरारी पंचायत में नाली का निर्माण जारी है। इसमें मनरेगा के तहत काम हो रहा है। लाखों की लागत से यह निर्माण हो रहा है। मौके पर मजदूर रामचन्द्र पासवान ने बताया कि नया नोट नहीं मिल रहा है। पुराना नोट नून-धनिया भर मिल जा रहा है। रामरुप राम, गनौरी चौधरी, अमरजीत कुमार व सिद्धेश्वर चौधरी ने बताया कि 2000 का नोट जब मिल रहा है तो उससे सामान नहीं मिल रहा है। क्योंकि बाजार में छुट्टे नहीं हैं। पुराने नोट लेकर ही काम करना पड रहा है। उसे भी कोई नहीं ले रहा है। बडी मुश्किल हो रही है। रोज कमाना खाना पड रहा है। मजबूरी में कोई विकल्प नहीं दिख रहा है।

मानवीय कारण से मजबूरी-मुखिया
संगीता देवी 


मुखिया संगीता देवी ने बताया कि मनरेगा के तहत मजदूरी बैंक खाते में देना है| इसके बावजूद मजदूरों को मानवीय कारण से नगद पैसे कभी-कभी देना पड़ता है| यह उधार होता है| क्योंकि बिना नगदी के काम नहीं चलेगा| कहा कि मजदूरो को भी परिवार चलाना होता है| रोजमर्रे का खर्चा हो या अवसर विशेष के लिए पैसे चाहीए ही चाहिए| इसलिए पैसे देना पड़ता है|



नगदी नहीं, देते हैं पैसे
शैलेन्द्र कुमार सिंह
बोले पीओ शैलेन्द्र कुमार सिंह
मनरेगा की योजनाओं के नोटबन्दी से होने वाले प्रभाव पर पीओ शैलेन्द्र कुमार सिंह ने बताया कि कोई असर नहीं है। इस योजना में मजदूरों और सामग्री उपलब्ध कराने वालों को पैसे ईएफएमएस (इलेक्ट्रिनिक फन्ड मैनेजमेंट सिस्टम) के जरिए खाते में दिये जाते हैं। इस कारण काम प्रभावित होने का प्रश्न ही नहीं उठता। बताया कि मजदूरों को नगदी पैसे नहीं देने होते है| ऐसा करना गलत है|

 नगदी का लेन देन विवशता
मनरेगा के मजदूरों के साथ नगद लेन देन वैध नहीं है| इसके बावजूद ऐसा होता है क्योंकि यह विवशता है| मजदूर को रोज पैसे चाहिए| बैंक खाता में पैसे जाने और फिर उससे निकालने में समय खर्च होता है| इसलिए वह किसी से मजदूरी नगदी लेता है| बाद मे अपने खाते से निकाल कर वापस दे देता है| 

Sunday, 20 November 2016

चौधरी के आगे चौधरी, चौधरी के पीछे चौधरी

तीतर के दो आगे तीतर, तीतर के दो पीछे तीतर, बोलो कितने तीतर? यह अक्सर बच्चों के बीच पूछे जाने वाले मनोरंजक सवाल है। ऐसा ही एक सवाल मुझसे देर रात प्रवीण प्रकाश ने पूछा- आपका इशारा किस चौधरी की ओर है सर? वास्तव में मैं फिल्म विधाता देख रहा था तो दिलीप कुमार ने अमरेश पुरी से कहा- बड़ा आदमी बनना हो तो छोटी हरकत नही करते चौधरी। यह पंक्ति मुझे उद्द्वेलित कर गयी। इसे फेसबुक पर पोस्ट किया। अपनी ओर से लिखा-याद रखना...। बस सवाल आ गया। मुझे लगा, इसका जबाब क्या होगा? अनुज रामचन्द्र पांडेय ने कहा-  इसलिये तो चवन्नी नहीं पाँच सौ और एक हजार का नोट बंद हुआ है। असहिष्णुता के इस दौर में किसी एक या दो का नाम नहीं लिया जा सकता। वरना, शामत आ जायेगी। कई लोग बुरा मान जायेंगे। 
मुझे लगता है आज हर शहर में एक चौधरी रहता है। चौधरी के आगे कई चौधरी और उसके पीछे भी कई चौधरी रहते हैं। तीतर की तरह सिर्फ दो आगे और दो पीछे वाली स्थिति नहीं है जिसका जवाब थोडा सा भी चंचल बच्चा तीन दे देता है। चौधरी के मामले में ऐसा कतई नहीं है। यहां स्थिति उलझी हुई है। यह बताना मुश्किल है कि चौधरी के आगे कितने चौधरी हैं और उसके पीछे कितने चौधरी हैं? चौधरी की चौधराहट हर सिनेमा में दिखती है। प्राय: मूंछे टाइट, शरीर में अकडन, कडक आवाज और तीखी जुबान। फिल्मों में चौधरी की यही है पहचान। यह और बात है कि फिल्मों से बाहर यानी रील लाइफ से बाहर रियल लाइफ में चौधरी अब दलाल की भूमिका में हैं, या यू कहें कि हर दलाल अब खुद को चौधरी ही समझ बैठा है। इनकी चौधराहट का दायरा सिकुडा हुआ होता है। कुछ लोग आगे-पीछे करते हैं और तीतर भी चौधरी होने का भ्रम पाल लेता है। रियल लाइफ का चौधरी अब जाति, धर्म, दल विशेष के कूंए का मेंढक होता है और गाहे-बगाहे पूछता रहता है- समंदर क्या होता है? क्या वह मुझसे बडा होता है? बेचारे को कौन समझाए कि कूंए से बाहर की दुनिया कितनी विस्तृत होती है। कहते हैं न- सब समझ समझ का फेरा है।

अंत में दुष्यंत कुमार ----
हिम्मत से सच कहो तो बुरा मानते हैं लोग।
रो-रो के बात कहने की आदत नहीं रही॥
सीने में जिन्दगी के अलामात हैं अभी।
गो जिन्दगी की कोई जरुरत नहीं रही॥

Saturday, 19 November 2016

शिक्षा का संवाहक है महर्षि दयानंद सरस्वती पुस्तकालय






रविवार का दिन शहर के लिए सुपर संडे साबित होने वाला है। यहां दो बडे आयोजन होने हैं। मेसो संचालित महर्षि दयानन्द सरस्वती पुस्तकालय जहां ज्ञानी का चुनाव करेगा वहीं दाउदनगर डाट इन आवाज के जादूगर का चुनाव करेगा। शहर में दोनों आयोजनों को लेकर जिज्ञासा है, प्रतीक्षा है और तैयारी चल रही है।

शिक्षा का संवाहक है महर्षि दयानंद सरस्वती पुस्तकालय। इसलिए इससे जुडी एक सचित्र रिपोतार्ज---
कार्यक्रम का संचालन करते हुए


महर्षि दयानंद सरस्वती ने शिक्षा के प्रसार के लिए समाज एवं संस्थानों को अह्वाहन किया था। इन्हीं के नाम पर महर्षि दयानंद सरस्वती पुस्तकालय 25 सितम्बर 1989 से जनसहयोग के बल पर चल रहा है। मगध एजुकेशनल एंण्ड सोशल और्गनाइजेशन के तहत पुस्तकालय का संचालन विस्थापन के दर्द को सहते हुए हो रहा है। कई बार विस्थापित होने के बाद इसे नगरपालिका मार्केट की छत पर अस्थाई निर्माण की अनुमति 21 फरवरी 2007 को मिली थी। जनसहयोग और पुस्तकालय के प्रति जीवन समर्पित कर चुके गोस्वामी राघवेन्द्र नाथ के कारण बड़ा कमरा बनाया जा सका। यहीं पुस्तकालय चल रहा है। राजनीति और व्यक्तिक संबधों की वजह से इस कमरे को अवैध निर्माण बता कर तोड़ने का आदेश एक कर्मी की ओर से संस्था के सचिव उपेन्द्र कश्यप को मिला। जब इसके लाभुकों से वार्ता की तो सबने कहा कि इसे तोड़ा न जाये, हर संभव संघर्ष करेंगे। 
तत्कालीन जेल अधीक्षक सत्येन्द्र कुमार पुरस्कार बांटते हुए
इसके बाद सचिव ने एक पत्र नगर पंचायत को दिया कि निर्माण जन सहयोग से तब हुआ था जब भूख हड़ताल के बाद तत्कालीन अध्यक्ष सावित्री देवी ने प्रशासनिक पहल पर निर्माण का मौखिक आदेश दिया था। यदि नगर पंचायत को यह आवश्यक लगता है कि इसे तोड़ा जाना चाहिए तो वह खुद अपने संसाधन से इस पुस्तकालय को तोड़ दे। तोड़ने के लिए जनता से चंदा पुस्तकालय के लाभुक नहीं करेंगे। मामला शांत हो गया। नगर पंचायत ने भूमि आवंटित करने का आश्वासन दिया था, जिसके बाद आवेदन दिया गया। इंतजार सबको है कि कब भूमि का आवंटन हो पाता है।
भूख हडताल तुडवाते तत्कालीन नप अध्यक्ष सावित्री देवी
 यहां करीब 20000 से अधिक पुस्तकें उपलब्ध हैं। सभी समाचार पत्र, सभी प्रतियोगी पुस्तकें, आवश्यक पुस्तकें छात्रों को कम शुल्क पर उपलब्ध कराया जाता है। वास्तव में दयानंद सरस्वती के मार्ग पर चलने का काम यहां के युवाओं ने तब किया था। सीताराम आर्य, कृष्णा कश्यप, महेन्द्र कुमार पिंटु, अवधेश कुमार, संतोष केशरी, कृष्णा ठाकुर, मिथलेश सिंहा, लव कुमार केशरी, संजय कुमार एवं अन्य उत्साही युवाओं ने यह पहलकदमी ली थी, जो आज शहर को एक नई दिशा दे रहा है। पढ़्ने का इतना बेहतर माहौल कहीं अन्यत्र नहीं मिलता। एक हजार सदस्य हैं, हांलाकि नियमित सदस्यों की संख्या लगभग 100 ही है।  श्री गोस्वामी का लक्ष्य है इसे आधी आबादी तक सुलभ कराना। स्थान उचित नहीं होने के कारण यहां छात्राएं नहीं आ पातीं। यह तभी संभव होगा जब स्थान बदल जाए।   
पुरस्कार देते डा.पुष्पेन्द्र कुमार
पुरस्कार देते तत्कालीन एसडीओ कमल नयन

Wednesday, 16 November 2016

अब विश्व कर रहा भारत की प्रशंसा

पे पाल में निदेशक अमरेश मोहन (एनआरआई) से बतचीत
अमरेश मोहन

भारत सरकार के नये आर्थिक फैसले को देश में कई नजरिए से देखा जा रहा है। राजनीतिक दलों को अपना हित सर्वोपरि दिखता है। कुछ आलोचना कर रहे हैं, कुछ प्रशंषा। जनता अलग सोच रही है। भारतवंशी जो विदेश में रहता है वह और उसकी सोसाइटी इस मुद्दे को कैसे देखती है? यह जानना भी दिलचस्प होगा। दाउदनगर के सेवा निवृत प्रोफेसर ब्रज किशोर प्रसाद व सेवा निवृत शिक्षिका निर्मला गुप्ता के पुत्र अमरेश मोहन पे पाल प्राइवेट लिमिटेड में रिजनल डायरेक्टर हैं। सिंगापुर रहते हैं। बताया कि एक अप्रवासी के लिए अपने जन्म-देश की विश्व में क्या प्रतिष्ठा है यह शायद सबसे ज़रूरी मुद्दा है। भारत की गिनती अभी तक विश्व के सबसे भ्रष्ट देशों में होती आयी है और किसी सरकार ने सालों से कोई ठोस क़दम नहीं उठाया था।
विश्व देख रहा जनता का रुख
आज सारे देश भारत सरकार के इस साहसी क़दम की ना सिर्फ़ तारीफ़ कर रहे हैं बल्कि ये देख भी रहे हैं की क्या सारे भारतीय अपनी ही सरकार को काले धन के ख़िलाफ़ इस जंग में समर्थन करेंगे या नहीं? अगर पूरा देश इस मुहिम में साथ दे पाये, तो ना सिर्फ़ काले धन में कमी आएगी और आतंकवाद कमज़ोर होगा, बल्कि क़ीमतें भी कम होगी, ख़ासकर ज़मीन और घरों की। कुल मिलाकर, यह एक बहुत आवश्यक और सराहनीय क़दम है जिसका फ़ायदा सारे देश को एक लम्बे समय तक मिल सकता है। ये सुन के दुःख भी होता है की कुछ मौक़ापरस्त बिचौलिये घबराहट फैला कर अपना फ़ायदा करना चाह रहे हैं और इस जंग को कमज़ोर करके कालेधन को चालू रखने की कोशिश कर रहे हैं।
कैशलेस इकोनामी का सवाल
अमरेश ने कहा कि असली मुद्दा पुराने नोटों में छुपे काले धन को एक बार हटा पाना या कम करना नहीं है, बल्कि यह है की क्या भारत "कैश" पर अपनी निर्भरता कम करके बड़े और विकसित देशों की तरह "कैशलेस" या "डिजिटल इकॉनमी" बन सकता है या नहीं?

Sunday, 13 November 2016

सन्दूक से धन तो निकालों यारों




नवाबों का शहर दाउदनगर परेशान है। कवि ने कहा है-सीने में जलन, आँखों में तूफ़ान सा क्यों है, इस शहर में हर शख्स परेशान सा क्यों है? परेशान न हो तो क्या करें भाई? ई केन्द्र सरकार ने ऐसा गजब ढाया है कि बहुतायत परेशान जनता फैसले को सही बताते हुए अपनी परेशानी बता रही है। उधर कुछ खास लोग ऐसे हैं जो अधिक से काफी अधिक परेशान हैं। वे जनता की परेशानी का हवाला दे कर अपनी परेशानी को कम करना चाहते हैं। वास्तव में आम जनता का दर्द बहाना है और असली चिंता अपना धन काला से उजला करना है। समझते नहीं है क्या साहब ? जनता के खिलाफ होने वाले हर कार्य को नेता, अधिकारी, जमाखोर व सूदखोर ‘जनता के हित’ की दुहाई दे कर करते हैं। जनता के लिए, जनता के लिए और जनता परेशान है की चिल्ल पों इसीलिए मचाते हैं भाई लोग. कि इसी बहाने जनता उनके समर्थन में आ जाये। अपना उजला धन निकालने के लिए कतारबद्ध सफेद बाल वाले भी केन्द्र के विमुद्रीकरण के इस फैसले को जायज, देशहित में बता रहे हैं। यह और बात है कि वे अपनी परेशानी भी साझा कर रहे हैं। चर्चा है कि बदलने वाली है शहर की फिजां की खुशबू। चर्चा हकीकत बनी तो कई के दिवाले निकल जायेंगे। कई अपने धन की बोरियां ठिकाने लगाने में लगे हैं। बार-बार याद आता है एक आयकर अधिकारी का बयान। यहां मिटिंग करने जब आये थे तो उनके सामने कम लोग उपस्थित हुए। समझाया था तब किसी ने नहीं समझा। सबने पिछली सरकारों की तरह इस प्रयास को भी ‘आया राम गया राम’ वाला समझ लिया था। सबसे वरिष्ठ अधिकारी ने अपने संबोधन में तब कहा था कि- ‘मैं आया हूं इसलिए मिठाई चल रहा है, आप शांति से हैं। ईश्वर न करे फिर आना पडे। जब दूबारा आयेंगे तो परेशान हो जायेंगे आप।‘ अब कई लोग अपना काला धन छुपाने के लिए जुगत भिडा रहे हैं। उधर सरकार और आक्रामक रुख दिखा रही है। चर्चा है कि शहर में भी नोट बहते दिखेंगे या जलते दिखेंगे। हाय रे धन। कहते हैं धन की तीन ही गति होती है-भोग, दान और नाश। जिसने इसे समझ लिया था वे मौज कर रहे हैं, जो न समझे वे भुगत रहे हैं। न बेचारे भोग कर सके न दान कर पुण्य कमा सके। अब उनके धन का नाश दिख रहा है। 

आज दुश्यंत कुमार होते तो कहते-
आज सीवन को उधेडो तो जरा देखेंगे।
आज सन्दूक से वे खत (धन) तो निकालो यारों।

मेले में भटके होते तो कोई घर पहुँचा जाता।
हम घर में भटके हैं कैसे ठौर-ठिकाने आयेंगे॥

अब जा कर मिला गान्धी जी को सही सम्मान


2000 के नोट पर दांयी ओर देख रहे महात्मा
पहले बांयी ओर देखते रहे सभी नोटों पर गांधी
नये नोट के प्रचलन में आने पर कई तरह की चर्चायें हो रही हैं। एक जबरदस्त रोचक चर्चा हो रही है कि पहली बार महात्मा गांधी सही दिशा में देख रहे हैं। अर्थात अपनी तस्वीर में वे पहली बार दांयी तरफ देख रहे हैं। राइट साइड, जबकि पहले बांयी यानी रौंग (लेफ्ट) साइड देखते रहे हैं। इस पर लोगों की रोचक प्रतिक्रिया है।   

पंकज कुमार ने कहा कि पुरूष का स्थान हमेशा दाहिनी ओर होता है। पहले गलत था। प्रधानमंत्री नमो ने उनका स्थान सही कर सम्मान दिया है। डा. शम्भू शरण सिंह ने कहा कि-बापु को केन्द्र में रखा गया है। मतलब साफ है कि अब देश की प्रगति सत्य, अहिंसा व स्वाभिमान के साथ होगा। मुकेश मिश्रा ने कहा- अब देश का भविष्य सही दिशा की ओर अग्रसर हुआ। धर्मवीर भारती ने कहा कि-बापु किसी ओर देखें, उनकी दृष्टि हमेशा सच्ची ही होगी।
उन्हें जानने या समझने के लिए महान एवं स्वच्छ आत्मा चाहिए। सतीश पाठक ने कहा- बापू हमेशा से आदर्श रहे है और रहेंगे। चाहे उनके विचारों को दिल में जगह दें या नोटों पर। गोल्डेन शाह ने कहा कि बापू अब अपना दूसरा गाल आगे कर दिया है।
मुन्ना दूबे बोले- बापू का इशारा है कि हमेशा सही लाईन में चलो गलत लाईन कभी भी धोखा दे सकती है। रवीन्द्र शर्मा ने कहा कि असली ,भारतीय पहली बार प्रधान मंत्री बना है इसलिए राष्ट्रपिता को सही सम्मान दिया है। अरुण कुमार बोले- अब देश जरूर राईट दिशा में जा रहा है।