Sunday, 11 May 2014

अहमदनगर को बसाया था नवाब अहमद अली खान ने


फोटो-नबाब साहब का मजार
मौलाबाग में है इनका मजार, मांगते हैं सभी मुरादें
घोडेशाह से पहले होती है चादरपोशी
संवाद सहयोगी, दाउदनगर(औरंगाबाद) मौलाबाग में नबाब अहमद अली खान का मजार है। घोडेशाह बाबा के मजार पर चादरपोशी से पहले इस मजार पर चादरपोशी करने की परंपरा है। थाना परिसर से थानेदार सामग्री सर पर लेकर अन्य अकीदतमंदों के साथ इस मजार पर आते हैं और चादर चढाने के साथ फातेहा करते हैं। ये नबाब जीवन खान के छोटे पुत्र और नवाब दाऊद खाँ के परपोता थे। उत्कर्ष के अनुसार 15 साल की उम्र में फने सिपाहगिरी की मश्क करने लगे। जब पूरी तरह महारत हासिल कर चुके तो मोहम्मद शाह बादशाह के दरबार में हाजिर हुए। बादशाह ने खुश हो कर 1144 हिजरी मे इलाहाबाद की सुबेदारी सौंप दी। उसके बाद अजीमाबाद(पटना) की सुबेदारी से नवाजे गए। इनकी बहादुरी की वजह से बंगाल, उड़ीसा और सलहट की मुहिम भी सफल हुई। नबाब साहब हमेशा अजिमाबाद के मुहल्ला मुगलपुरा पटना सिटी में रहा करते थे। कभी-कभी दाऊदनगर आया करता थे। एक बार राजा नोखा जिला शाहाबाद रोहतास का रहनेवाला दाऊदनगर में आया। इस समय नबाब साहेब दाऊदनगर में न थे। मैदान खाली पाकर दाऊदनगर किला के पश्चिमी दरवाजे को उखाड़ ले गया। ये खबर जब नबाब साहेब को मालूम हुई तो अपने जंग के लिए अपने फौज के साथ नोखा को प्रस्थान किया। नोखा पहुँचे और आखिर में नवाब साहेब ने नोखा का किला फतह कर लिया। इसके बाद 1145 हिजरी में दाऊदनगर में अहमदगंज की बुनियाद अपने धर्म गुरू सैयद शाह अब्दुल रशीद कदरी के हाथों से डलवाई। इस इलाके को ही नया शहर कहते हैं। नवाब अहमद अली खाँ का रौजा आज भी मौलाबाग में है। जहाँ आज भी हर धर्म के लोग आकर फैज पाते हैं और मुरादें हासिल करते हैं।

साइस से फरिस्ता बन गए घोडेशाह बाबा



फोटो-घोडेशाह बाबा का मजार
थाना परिसर में है इनका मजार
हिन्दु-मुस्लिम सभी हैं बाबा के मुरीद

यहां के दिलो-जीगर में बसे हजरत इसमाइल शाह उर्फ सैय्यदना घोड़े शाह बाबा का दाऊदनगर थाना परिसर में मजार है। गुलाम भारत में जब थानेदार,दारोगा, सिपाही इस क्षेत्र का दौरा करने आते थे तो उन्हे घोड़ा दिया जाता था। इन घोड़ों की हिफाजत के लिए यहाँ घोड़े शाह साइस के पद पर नाफीज थे। साइसी के बाद जो वक्त बचता था उसका इस्तेमाल वे इबादत-रेयादत में करते थे। इनकी मृत्यु के बाद थाना परिसर में उनकी याद में एक मजार बनाया गया। इसी थाना में दारोगा अब्दुल अजीज एक बार थानेदार के पद पर पदस्थापित हुए। एक बार वे प्रशासनिक कार्य से जरूरी कागजात लेकर कहीं जा रहे थे। इनका कागज खो गया। किसी ने सलाह दी की वे इस मजार पर फतेहा कर अपनी मुराद रखें। उन्होंने वैसा ही किया। शाम के वक्त कोई अजनबी शख्स आकर उनका खोया हुआ कागज वापस कर दिया। अब्दुल अजीज ने चादरपोशी की और कव्वाली का आयोजन किया। यह दस रज्जब को हुआ था इसलिए हर साल इस तारिख को प्रशासन द्वारा यहाँ चादरपोशी एवं कव्वाली का आयोजन कराया जाने लगा। यह परंपरा बन गई। यहां इस दिन डीएम, एसपी समेत तमाम आला अधिकारी आते रहे हैं। इनको मामने वालों में हिन्दु भी शामिल हैं। कई हिन्दु ऐसे हैं जो रोजाना इस मजार पर अगरबत्ती जलाकर अपनी दुआ मांगते हैं। बिना ऐसा किए वे रोजमर्रे का काम भी शुरु नहीं करते। डीएवी के प्राचार्य डा.आरके दूबे इनको मानने वालों में एक बडा नाम है। वे प्राय: यहां आकर शिष नवा जाते हैं। स्कूल में होने वाले हर कार्यक्रम में वे पहला आमंत्रण पत्र घोडेशाह बाबा को देना नहीं भूलते। इसके बाद ही किसी को वे न्योता देते हैं।


Friday, 9 May 2014

‘गैर सरकारी संकल्प’ में रामविलास सिंह ने रखा तर्क


                                फोटो-पुराना अनुमंडल कार्यालय
अनुमंडल गठन की राजनीति-3
                         ‘मैं रफीगंज या नवीनगर का विरोधी नहीं’
                        सत्ता बदली तो नई जमात का बढा प्रभाव

उपेन्द्र कश्यप
1990 के दशक में रामबिलास सिंह की अध्यक्षता में ‘अनुमण्डल संघर्ष समिति’ का गठन किया। उसके बाद इसकी काट में विरोधी जमातों ने भी अपनी अपनी राजनीति शुरु की। रफीगंज के लिए सत्येन्द्र नारायण सिन्हा ( पूर्व मुख्यमंत्री ) का वरद हस्त प्राप्त इनके भांजा और विधायक डा० विजय सिंह सक्रिय थे तो नबीनगर के लिए विधायक रघुवंश प्रसाद सिंह। ये सभी तीनों कॉग्रेसी थे और सत्ता भी इसी पार्टी की थी। इनकी राजनीतिक लौबियां काफी मजबूत थीं। सत्येन्द्र नारायण सिन्हा स्वयं सन् 89 में मार्च से दिसम्बर तक मुख्यमंत्री रहे हैं। लेकिन नवीनगर और रफीगंज दोनों की कुछ कमजोरियां थी। रफीगंज का अनुमण्डल बनना मदनपुर को स्वीकार्य नहीं था, भौगोलिक कारण सहित कई कारण थे। नवीनगर मुख्य पथ से जुड़ा हुआ नहीं था। इस कमजोर कडी के बावजूद लेकिन कोशिशें जारी रहीं, मकसद वही था कि इस बहाने किसी एक को अनुमंडल बनाने का अवसर अधिक हो।
अपने निधन से पूर्व तत्कालीन मंत्री रामविलास सिंह ने अनुमंडल बनाने की चली राजनीति पर कई घंटे इस संवाददाता से बात किया था। इस वार्ता में बताये तथ्यों एवं घटनाओं के अनुसार तब सदन में प्रत्येक शुक्रवार को ‘गैर सरकारी संकल्प’ लाया जाता था। विधायक रामबिलास सिंह ने सदन में दाऊदनगर अनुमण्डल बनाये जाने का प्रस्ताव लाया और आंकड़ों के साथ तर्क दिया। इसी सदन में डा० विजय सिंह एवं रघुवंश सिंह ने क्रमश: रफीगंज एवं नवीनगर को अनुमण्डल बनाये जाने का प्रस्ताव रखा। तब लोकदल से विधायक बने रामबिलास सिंह ने सदन में कहा था- ‘मैं रफीगंज या नवीनगर को अनुमण्डल बनाये जाने का विरोधी नहीं हूँ, मैं चाहता हूँ कि दाऊदनगर अनुमण्डल बने। बेहतर होगा तीनों क्षेत्रों की तुलना की जाये और जो सारी अहर्ता पूरी करता हो उसे अनुमण्डल बना दिया जाये।’ सदन के अध्यक्ष ने व्यवस्था दी की- ‘सरकार विचार करेगी।’ मामला फिर लटक गया। सन् 1990 में बिहार विधानसभा का चुनाव हुआ और सत्ता का स्वरूप बदल गया। सामाजिक बदलाव का नारा बुलंद करने वाले लालू प्रसाद को मुख्यमंत्री बनाया गया। जातीय, राजनीतिक समीकरण प्रभावित हुए तो स्वाभावतः सत्ता का भीतरी चेहरा भी प्रभावित हुआ। सत्ता के गलियारे में नयी जमात का प्रभाव बढ़ना शुरू हुआ। तब सरकार के एक आयुक्त (कोइ श्रीवास्तव-रामविलास बाबु को याद नहीं) ने रामबिलास सिंह को बताया कि अनुमण्डल गठन की बात चल रही है, सूची तैयार है और उसमें दाऊदनगर का नाम भी है। फिर वे सक्रिय हुए। 31 मार्च 1991 को दाऊदनगर अनुमण्डल का विधिवत उद्घाटन मुख्यमंत्री लालू प्रसाद ने किया और बतौर क्षेत्रीय विधायक एवं कारा सहायक पुर्नवास मंत्री रामबिलास सिंह इस समारोह में उपस्थित रहे। यह अनुमंडल कार्यालय परेड ग्राउंड के पास तरार में  शिक्षक प्रशिक्षण महाविद्यालय के एक भवन में प्रारंभ हुआ।




Thursday, 8 May 2014

और जब शिक्षक से डीईओ ने मांगी माफी



फोटो-अब्दुल कुदुस का मजार
अब्दुल कुद्दुस कबीरी का उर्स मुबारक
 मौलाना अब्दुल कुद्दुस कबीरी का उर्स मनाने की तैयारी चल रही है। इनका जन्म 1928 में और मृत्यू 86 वर्ष की आयु में साल 2012 में हुई थी। गोला मुहल्ला में इनका मजार है। वे खुद मदरसा इस्लामिया के लगभग 20 साल तक सचिव रहे हैं। अभी इनके पुत्र मौलाना फरीदुद्दीन राजी इसके प्राचार्य हैं। राजी ही उर्स कमिटी के अध्यक्ष हैं। श्री राजी, मो.गुड्डु एवं मो.सनाउल्लाह ने बताया कि जनाब कबीरी सीता हाई स्कूल हरिहरगंज में बतौर शिक्षक कार्यरत थे। दुनियावी काम में ही मशगुल न हो कर वे धार्मिक शिक्षा में अधिक तल्लीन रहे। अध्यात्मिक व्यक्ति बन गए। एक वाकया इनकी अध्यात्मिकता के सन्दर्भ में प्रचलित है। एक बार डीईओ ने इनसे स्कूल की व्यवस्था को लेकर कई सवाल पूछे। सभी सवालों का जबाब दिया। डीईओ ने नाराजगी जाहिर की। जब वे जाने लगे तो उनकी गाडी स्टार्ट ही नहीं हो रही थी। तब इनके ड्राइवर ने उन्हें श्री कबीरी से माफी मांगने को कहा। ऐसा करते ही वाहन स्टार्ट हो गया। यह देखकर सभी भौचक रह गए। उपस्थित प्रधानाध्यापक एवं अन्य शिक्षक सभी दंग रह गए। इनके साथ एक संयोग बडा बेहतर जुडा है। बताया कि मो.पैगंबर क्व वफात की तारीख को ही इनका भी वफात यानी मृत्यू हुई। उर्दू कैलेंडर के अनुसार तेरह रज्ज्ब। मृत्यू पश्चात इनको दफन किया गया और रोजा बनाया गया। इनके मुरीद बिहार, झारखंड, दिल्ली, युपी महाराष्ट्र में रहते हैं। इनका खानदानी सिलसिला बरेली शरीफ से जुडता है। बरेली शरीफ से ही उन्हें हकीमे मिल्लत का खिताब और मुरीद बनाने की खिलाफत भी मिली थी।

कई पुस्तकों के लेखक थे अनीसे बेकशां



                              फोटो- अनीसे बेकशां एवं अन्य का मजार 
साहित्य के अलावा हिकमत पर भी लिखी थी किताबें

 पुरानी शहर में खानकाह आलिया कादरिया अब्दालिया के तत्वावधान में हजरत सैय्यद शाह अनीस अहमद कादरी का 71 वां उर्स मनाया गया। उनको अनीसे बेकशां के नाम से भी जाना जाता है। इन्होंने कई पुस्तकें लिखी हैं। इनके वंशज सबा कादरी ने बताया कि फारसी और उर्दू में हेयात सैयदना, अजकारे तैयबा, अनीसुलकलुब, कलाम ए रब्बानी, सफीन-ए-हयात, कशकोल, दिवाने अनीस नाम से किताबें लिखी हैं। इसके अलावा हिकमत यानी आयूर्वेद पर भी किताब लिखी। कई नुस्खे इजाद किया जिसे लाहौर के रिसाले अलहकीम एवं अल अतबा में प्रकाशित हुए हैं। पटना हाई कोर्ट के सेवानिवृत जज एवं बीपीएससी के सदस्य रहे सैयद बहाउद्दीन ने अपनी किताब गुलस्ताने हजार रंग में भी अनीस के शेर शामिल किए थे। जिस पर शिक्षा मंत्री अब्दुल कलाम आजाद ने प्रशंसा किया था। सबा ने बताया कि 847 हिजरी में सैयदना अमझरी बगदाद से भारत आये। ये सूफी संत थे। सिलसिला कादरिया का प्रचार भी किया। इनके खानदान में ही हिजरी 1300 में चार रज्जब को अनीस अहमद कादरी का जन्म हुआ। बडे होने पर अपने पिता और चाचा से तथा अमझर शरीफ में मदरसा कादरिया में सैयद शाह इसा कादरी से शिक्षा ग्रहण किया। हिकमत की शिक्षा दिल्ली जाकर हकीम अजमल खान से ली। शिक्षा पुरी करने के बाद खनकाह आए और तत्कालीन सज्जादानशीं गुलाम नजफ कादरी से मुरीद होकर खलिफा बन गए। नजफ कादरी के निधन के बाद खुद अनीस कादरी खनकाह के सज्जादानशीं हो गए। पुरी जिम्मेदारी से इस कार्य को निभाया। अपनी हिकमतगीरी से जनता को फायदा पहुंचाया। 63 साल की उम्र में चार रज्जब हिजरी 1364 को उनका इंतकाल हो गया। इस खानकाह के सज्जादानशीं  सज्जाद अहमद कादरी लोगों को अध्यात्मिक शिक्षा दे रहे हैं। मकसद है लोगों तक इंसानियत का पैगाम पहुंचाना। जहां तक और जब तक पहुंचे।


Wednesday, 7 May 2014

90 के दशक में हुआ ‘अनुमण्डल संघर्ष समिति’ का गठन

अनुमंडल गठन की राजनीति-2

                            फोटो-अनुमंडल कार्यालय

अध्यक्ष बने रामबिलास सिंह
खास राजनीतिक जमातों ने किया विरोध
कई मंच हुए मांग को लेकर सक्रिय
उपेन्द्र कश्यप,
सन 1977 के विधानसभा चुनाव के बाद दाउदनगर को अनुमंडल बनाने की मांग वाले आन्दोलन में ठहराव आ गया था। चुनाव खत्म राजनीति खत्म की प्रवृति तब भी थी। यह कोई नई बिमारी नहीं है। जैसा आज दिखता है वैसा ही पहले भी होता था। खैर..। ठहराव के बाद गति का आना नीयति भी है। पूर्व जिला पार्षद राजीव रंजन सिंह की मानें तो 1980 के विधानसभा चुनाव के बाद इस ठहराव को गति दी। श्री सिंह बाताते हैं कि उन्होंने सबसे पहले 1981 में एक बैठक की। इसके पहले 1980 के विधान सभा चुनाव में वे लोकदल से ओबरा विधानसभा क्षेत्र से प्रत्याशी थे। तब जननायक कर्पूरी ठाकुर बतौर विरोधी दल के नेता बैठक में उपस्थित हुए थे। तब उनसे कहा गया था कि इसे अनुमंडल बनाने के लिए अपनी ताकत का इस्तेमाल करें। उत्कर्ष के अनुसार राजीव रंजन सिंह ( बाद में जिला पार्षद बने) ने जून 89 में भी एक बड़ा समारोह कन्या उच्च विद्यालय दाऊदनगर के परिसर में आयोजित किया। इसमें पूर्व विधायक ठाकुर मुनेश्वर सिंह, मगध- विश्वविद्यालय के वीसी हरगोविंद सिंह और संभवतः तब कॉग्रेस प्रदेश अध्यक्ष (बाद में मुख्यमंत्री) जगन्नाथ मिश्रा उपस्थित हुए। राजीव रंजन सिंह ने तब कहा था- राजनीतिक नेतृत्व की कमजोरी की वजह से दाऊदनगर अनुमण्डल नहीं बना और औरंगाबाद जिला बन गया। श्री मिश्रा ने तब साकारात्मक आश्वासन दिया था।
 जब विन्देश्वरी दूबे सन् 12 मार्च 1985 को मुख्यमंत्री बने तो 90 के दशक में आन्दोलन फिर शुरू हुआ। भाजपा नेता बीरेन्द्र सिंह (विधायक भी बने) ने भी अनुमण्डल बनाने के लिए प्रयास किया। बताया जाता है कि इन्होंने तीन तत्कालीन विधायकों से अनुशंसा ले ली थी। यानी प्रयास कई स्तर पर जारी था। इनके बाद-तत्कालीन विधायक रामबिलास सिंह की अध्यक्षता में ‘अनुमण्डल संघर्ष समिति’ का गठन किया गया। तब श्री सिंह बडे कद्दावर नेता थे। समाजवादियों की अगली कतार में खडे। उम्मीद बढी तो दूसरी राजनीतिक जमातों ने इसका विरोध शुरू किया और रफीगंज एवं नवीनगर को अनुमण्डल बनाने का संघर्ष एक साथ शुरू किया ताकि मौके पर बारगेन कर एक को अनुमण्डल का दर्जा दिलाया जा सके। शायद तभी यह भावना बल पकड़ी कि औरंगाबाद जिला रेलवे लाइन के इस पार और उस पार में बंटा हुआ है। यह विभाजन भुगोल और मानसिकता दोनों स्तर पर यदा कदा दिखता रहा है। यह जुमला चर्चा पाता रहा कि कोई सांसद (औरंगाबाद का) रेलवे लाईन के इस पार यानी दक्षिण दिशा में विकास की चिंता नहीं करता।




Thursday, 1 May 2014

गोह में राजद को मिली थी मामूली बढ़त



गोह में राजद को मिली थी मामूली बढ़त
: काराकाट लोकसभा क्षेत्र के गोह विधानसभा क्षेत्र में राजद को इस बार भी बढ़त की उम्मीद है। वर्ष 2009 के लोस चुनाव में इस क्षेत्र में उसे मात्र 91 वोट की बढ़त मिली थी। तब डा. कांति सिंह को 36,055 वोट मिले थे जबकि जदयू के महाबली सिंह को 35,964 मत प्राप्त हुए थे। तब कांग्रेस के अवधेश नारायण सिंह को 10,692 और अन्य को 13,395 मत मिले थे। कुल 96,106 मतदान हुआ था। 2014 के चुनाव में कुल 1,38,058 मत पड़े हैं। यानी कुल 41,952 मत अधिक है। अधिक मत पड़ने को अपने पक्ष में दल देख रहे हैं। राजद और भाजपा दोनों को इस बात की खुशफहमी है कि इसका उनको लाभ मिलेगा। 1हालांकि माना जा रहा है कि दोनों ही दलों के मतदाताओं ने गत चुनाव की अपेक्षा मतदान में अधिक सक्रियता दिखाई है। विधान सभा के 2010 के चुनाव में राजद को इससे अधिक मत मिले थे लेकिन तब वह दूसरे स्थान पर रह गई थी। तब जदयू के रणविजय सिंह को 47,369 मत और राजद के रामअयोध्या प्रसाद को 46675 मत यानी मात्र 694 मत कम मिला था। तब कुल 1,20,046 मत पड़े थे। अब समीकरण बदल गए हैं। जनता के लक्ष्य बदल गए हैं। दोनों को उम्मीदें हैं, परिणाम की प्रतिक्षा है। दूसरी तरफ राजद नेता राजेश कुमार उर्फ मंटू सिंह का कहना है कि राजद के जातीय समीकरण के साथ उनका स्वजातीय वोट और जदयू के आधार मतों में सेंधमारी का लाभ उन्हें मिलने जा रहा है। कहा कि सात हजार मत से आगे रहेंगे। भाजपा नेता अश्विनी कुमार तिवारी का कहना है कि भाजपा का आधार वोट, जातीय समीकरण. सभी जातियों से समर्थन के साथ नमो की लहर का लाभ मिलना तय है। कुंदन पांडेय, दीपक उपाध्याय, एवं धीरज चौहान का मत है कि भाजपा समर्थित रालोसपा प्रत्याशी अधिक मत से आगे रहेंगे। खैर प्रतीक्षा ही हम कर सकते हैं।