Saturday, 19 November 2016

शिक्षा का संवाहक है महर्षि दयानंद सरस्वती पुस्तकालय






रविवार का दिन शहर के लिए सुपर संडे साबित होने वाला है। यहां दो बडे आयोजन होने हैं। मेसो संचालित महर्षि दयानन्द सरस्वती पुस्तकालय जहां ज्ञानी का चुनाव करेगा वहीं दाउदनगर डाट इन आवाज के जादूगर का चुनाव करेगा। शहर में दोनों आयोजनों को लेकर जिज्ञासा है, प्रतीक्षा है और तैयारी चल रही है।

शिक्षा का संवाहक है महर्षि दयानंद सरस्वती पुस्तकालय। इसलिए इससे जुडी एक सचित्र रिपोतार्ज---
कार्यक्रम का संचालन करते हुए


महर्षि दयानंद सरस्वती ने शिक्षा के प्रसार के लिए समाज एवं संस्थानों को अह्वाहन किया था। इन्हीं के नाम पर महर्षि दयानंद सरस्वती पुस्तकालय 25 सितम्बर 1989 से जनसहयोग के बल पर चल रहा है। मगध एजुकेशनल एंण्ड सोशल और्गनाइजेशन के तहत पुस्तकालय का संचालन विस्थापन के दर्द को सहते हुए हो रहा है। कई बार विस्थापित होने के बाद इसे नगरपालिका मार्केट की छत पर अस्थाई निर्माण की अनुमति 21 फरवरी 2007 को मिली थी। जनसहयोग और पुस्तकालय के प्रति जीवन समर्पित कर चुके गोस्वामी राघवेन्द्र नाथ के कारण बड़ा कमरा बनाया जा सका। यहीं पुस्तकालय चल रहा है। राजनीति और व्यक्तिक संबधों की वजह से इस कमरे को अवैध निर्माण बता कर तोड़ने का आदेश एक कर्मी की ओर से संस्था के सचिव उपेन्द्र कश्यप को मिला। जब इसके लाभुकों से वार्ता की तो सबने कहा कि इसे तोड़ा न जाये, हर संभव संघर्ष करेंगे। 
तत्कालीन जेल अधीक्षक सत्येन्द्र कुमार पुरस्कार बांटते हुए
इसके बाद सचिव ने एक पत्र नगर पंचायत को दिया कि निर्माण जन सहयोग से तब हुआ था जब भूख हड़ताल के बाद तत्कालीन अध्यक्ष सावित्री देवी ने प्रशासनिक पहल पर निर्माण का मौखिक आदेश दिया था। यदि नगर पंचायत को यह आवश्यक लगता है कि इसे तोड़ा जाना चाहिए तो वह खुद अपने संसाधन से इस पुस्तकालय को तोड़ दे। तोड़ने के लिए जनता से चंदा पुस्तकालय के लाभुक नहीं करेंगे। मामला शांत हो गया। नगर पंचायत ने भूमि आवंटित करने का आश्वासन दिया था, जिसके बाद आवेदन दिया गया। इंतजार सबको है कि कब भूमि का आवंटन हो पाता है।
भूख हडताल तुडवाते तत्कालीन नप अध्यक्ष सावित्री देवी
 यहां करीब 20000 से अधिक पुस्तकें उपलब्ध हैं। सभी समाचार पत्र, सभी प्रतियोगी पुस्तकें, आवश्यक पुस्तकें छात्रों को कम शुल्क पर उपलब्ध कराया जाता है। वास्तव में दयानंद सरस्वती के मार्ग पर चलने का काम यहां के युवाओं ने तब किया था। सीताराम आर्य, कृष्णा कश्यप, महेन्द्र कुमार पिंटु, अवधेश कुमार, संतोष केशरी, कृष्णा ठाकुर, मिथलेश सिंहा, लव कुमार केशरी, संजय कुमार एवं अन्य उत्साही युवाओं ने यह पहलकदमी ली थी, जो आज शहर को एक नई दिशा दे रहा है। पढ़्ने का इतना बेहतर माहौल कहीं अन्यत्र नहीं मिलता। एक हजार सदस्य हैं, हांलाकि नियमित सदस्यों की संख्या लगभग 100 ही है।  श्री गोस्वामी का लक्ष्य है इसे आधी आबादी तक सुलभ कराना। स्थान उचित नहीं होने के कारण यहां छात्राएं नहीं आ पातीं। यह तभी संभव होगा जब स्थान बदल जाए।   
पुरस्कार देते डा.पुष्पेन्द्र कुमार
पुरस्कार देते तत्कालीन एसडीओ कमल नयन

Wednesday, 16 November 2016

अब विश्व कर रहा भारत की प्रशंसा

पे पाल में निदेशक अमरेश मोहन (एनआरआई) से बतचीत
अमरेश मोहन

भारत सरकार के नये आर्थिक फैसले को देश में कई नजरिए से देखा जा रहा है। राजनीतिक दलों को अपना हित सर्वोपरि दिखता है। कुछ आलोचना कर रहे हैं, कुछ प्रशंषा। जनता अलग सोच रही है। भारतवंशी जो विदेश में रहता है वह और उसकी सोसाइटी इस मुद्दे को कैसे देखती है? यह जानना भी दिलचस्प होगा। दाउदनगर के सेवा निवृत प्रोफेसर ब्रज किशोर प्रसाद व सेवा निवृत शिक्षिका निर्मला गुप्ता के पुत्र अमरेश मोहन पे पाल प्राइवेट लिमिटेड में रिजनल डायरेक्टर हैं। सिंगापुर रहते हैं। बताया कि एक अप्रवासी के लिए अपने जन्म-देश की विश्व में क्या प्रतिष्ठा है यह शायद सबसे ज़रूरी मुद्दा है। भारत की गिनती अभी तक विश्व के सबसे भ्रष्ट देशों में होती आयी है और किसी सरकार ने सालों से कोई ठोस क़दम नहीं उठाया था।
विश्व देख रहा जनता का रुख
आज सारे देश भारत सरकार के इस साहसी क़दम की ना सिर्फ़ तारीफ़ कर रहे हैं बल्कि ये देख भी रहे हैं की क्या सारे भारतीय अपनी ही सरकार को काले धन के ख़िलाफ़ इस जंग में समर्थन करेंगे या नहीं? अगर पूरा देश इस मुहिम में साथ दे पाये, तो ना सिर्फ़ काले धन में कमी आएगी और आतंकवाद कमज़ोर होगा, बल्कि क़ीमतें भी कम होगी, ख़ासकर ज़मीन और घरों की। कुल मिलाकर, यह एक बहुत आवश्यक और सराहनीय क़दम है जिसका फ़ायदा सारे देश को एक लम्बे समय तक मिल सकता है। ये सुन के दुःख भी होता है की कुछ मौक़ापरस्त बिचौलिये घबराहट फैला कर अपना फ़ायदा करना चाह रहे हैं और इस जंग को कमज़ोर करके कालेधन को चालू रखने की कोशिश कर रहे हैं।
कैशलेस इकोनामी का सवाल
अमरेश ने कहा कि असली मुद्दा पुराने नोटों में छुपे काले धन को एक बार हटा पाना या कम करना नहीं है, बल्कि यह है की क्या भारत "कैश" पर अपनी निर्भरता कम करके बड़े और विकसित देशों की तरह "कैशलेस" या "डिजिटल इकॉनमी" बन सकता है या नहीं?

Sunday, 13 November 2016

सन्दूक से धन तो निकालों यारों




नवाबों का शहर दाउदनगर परेशान है। कवि ने कहा है-सीने में जलन, आँखों में तूफ़ान सा क्यों है, इस शहर में हर शख्स परेशान सा क्यों है? परेशान न हो तो क्या करें भाई? ई केन्द्र सरकार ने ऐसा गजब ढाया है कि बहुतायत परेशान जनता फैसले को सही बताते हुए अपनी परेशानी बता रही है। उधर कुछ खास लोग ऐसे हैं जो अधिक से काफी अधिक परेशान हैं। वे जनता की परेशानी का हवाला दे कर अपनी परेशानी को कम करना चाहते हैं। वास्तव में आम जनता का दर्द बहाना है और असली चिंता अपना धन काला से उजला करना है। समझते नहीं है क्या साहब ? जनता के खिलाफ होने वाले हर कार्य को नेता, अधिकारी, जमाखोर व सूदखोर ‘जनता के हित’ की दुहाई दे कर करते हैं। जनता के लिए, जनता के लिए और जनता परेशान है की चिल्ल पों इसीलिए मचाते हैं भाई लोग. कि इसी बहाने जनता उनके समर्थन में आ जाये। अपना उजला धन निकालने के लिए कतारबद्ध सफेद बाल वाले भी केन्द्र के विमुद्रीकरण के इस फैसले को जायज, देशहित में बता रहे हैं। यह और बात है कि वे अपनी परेशानी भी साझा कर रहे हैं। चर्चा है कि बदलने वाली है शहर की फिजां की खुशबू। चर्चा हकीकत बनी तो कई के दिवाले निकल जायेंगे। कई अपने धन की बोरियां ठिकाने लगाने में लगे हैं। बार-बार याद आता है एक आयकर अधिकारी का बयान। यहां मिटिंग करने जब आये थे तो उनके सामने कम लोग उपस्थित हुए। समझाया था तब किसी ने नहीं समझा। सबने पिछली सरकारों की तरह इस प्रयास को भी ‘आया राम गया राम’ वाला समझ लिया था। सबसे वरिष्ठ अधिकारी ने अपने संबोधन में तब कहा था कि- ‘मैं आया हूं इसलिए मिठाई चल रहा है, आप शांति से हैं। ईश्वर न करे फिर आना पडे। जब दूबारा आयेंगे तो परेशान हो जायेंगे आप।‘ अब कई लोग अपना काला धन छुपाने के लिए जुगत भिडा रहे हैं। उधर सरकार और आक्रामक रुख दिखा रही है। चर्चा है कि शहर में भी नोट बहते दिखेंगे या जलते दिखेंगे। हाय रे धन। कहते हैं धन की तीन ही गति होती है-भोग, दान और नाश। जिसने इसे समझ लिया था वे मौज कर रहे हैं, जो न समझे वे भुगत रहे हैं। न बेचारे भोग कर सके न दान कर पुण्य कमा सके। अब उनके धन का नाश दिख रहा है। 

आज दुश्यंत कुमार होते तो कहते-
आज सीवन को उधेडो तो जरा देखेंगे।
आज सन्दूक से वे खत (धन) तो निकालो यारों।

मेले में भटके होते तो कोई घर पहुँचा जाता।
हम घर में भटके हैं कैसे ठौर-ठिकाने आयेंगे॥

अब जा कर मिला गान्धी जी को सही सम्मान


2000 के नोट पर दांयी ओर देख रहे महात्मा
पहले बांयी ओर देखते रहे सभी नोटों पर गांधी
नये नोट के प्रचलन में आने पर कई तरह की चर्चायें हो रही हैं। एक जबरदस्त रोचक चर्चा हो रही है कि पहली बार महात्मा गांधी सही दिशा में देख रहे हैं। अर्थात अपनी तस्वीर में वे पहली बार दांयी तरफ देख रहे हैं। राइट साइड, जबकि पहले बांयी यानी रौंग (लेफ्ट) साइड देखते रहे हैं। इस पर लोगों की रोचक प्रतिक्रिया है।   

पंकज कुमार ने कहा कि पुरूष का स्थान हमेशा दाहिनी ओर होता है। पहले गलत था। प्रधानमंत्री नमो ने उनका स्थान सही कर सम्मान दिया है। डा. शम्भू शरण सिंह ने कहा कि-बापु को केन्द्र में रखा गया है। मतलब साफ है कि अब देश की प्रगति सत्य, अहिंसा व स्वाभिमान के साथ होगा। मुकेश मिश्रा ने कहा- अब देश का भविष्य सही दिशा की ओर अग्रसर हुआ। धर्मवीर भारती ने कहा कि-बापु किसी ओर देखें, उनकी दृष्टि हमेशा सच्ची ही होगी।
उन्हें जानने या समझने के लिए महान एवं स्वच्छ आत्मा चाहिए। सतीश पाठक ने कहा- बापू हमेशा से आदर्श रहे है और रहेंगे। चाहे उनके विचारों को दिल में जगह दें या नोटों पर। गोल्डेन शाह ने कहा कि बापू अब अपना दूसरा गाल आगे कर दिया है।
मुन्ना दूबे बोले- बापू का इशारा है कि हमेशा सही लाईन में चलो गलत लाईन कभी भी धोखा दे सकती है। रवीन्द्र शर्मा ने कहा कि असली ,भारतीय पहली बार प्रधान मंत्री बना है इसलिए राष्ट्रपिता को सही सम्मान दिया है। अरुण कुमार बोले- अब देश जरूर राईट दिशा में जा रहा है। 

Saturday, 12 November 2016

अहो भाग्य ‘दो हजारे’ प्रभु दर्शन दिन्हा

नये नोट के साथ धीरेन्द्र व रवि
ताजमहल देखने जितनी हुई खुशी
लंबे इंतजार व परिश्रम के बाद यहां के लोगों को शनिवार को 2000 का नये नोट का दर्शन हुआ। सनातन धर्म में एक चौपाई की पंक्ति है- अहो भाग्य प्रभु दर्शन दिन्हा। ठीक वैसी ही स्थिति अभी नये नोट को लेकर है। गुरुवार से इसे बाजार में उपलब्ध होना था, किंतु नहीं हो सका था। शुक्रवार को अनुमंडल मुख्यालय में एक मात्र बैंक आफ बडौदा की स्थानीय शाखा से यहां दो हजार के नये नोट मिलने शुरु हुए। इसे लेने के लिए लोगों का हुजूम और टूट पडा। इनमें इस नोट को लेकर जिज्ञासा, उत्साह और उमंग देखते बना। धीरेन्द्र कश्यप ने कहा कि इतनी खुशी तो ताजमहल देखने पर भी नहीं हुई थी जितनी इसे छुने पर हुई। रवि मिश्रा ने कहा कि नये नोत को देखने से अलग किस्म की अनुभूति हुई। रोमांचित हुआ, और आत्म संतुष्टि मिली। नोट लेते वक्त एक ग्राहक संजय ने बैंक अधिकारी से पूछा- पलास्टिक मिक्स है न सर? नहीं तो खत्म हो जायेगा। अधिकारी ने टालने के लिए ही सही कहा कि- हां, पलास्टिक का ही है। पानी में भी इसको कुछ नहीं होगा। हालांकि वास्तविकता ऐसी नहीं है। अधिकारी ने कहा कितने को जवाब दीजिएगा। क्या बताइयेगा। यानी नये नोट लेने के उत्साह के साथ जिज्ञासा व चिंता भी है।

कई सारे युवाओं ने पहली बार जब 2000 का नोट हाथ में लिया तो उन्होंने सेल्फी ली और उसे सोशल साइट पर डाला। कई ने सबसे पहले मिलने का दावा करते हुए फोटो पोस्ट किया है। लोग घर ले जा रहे हैं। सभी को दिखा रहे हैं। बच्चे, वृद्ध महिलायें उसे बडी उत्सुकता से देख रहे हैं।


Tuesday, 8 November 2016

मीडिया ही नहीं विधायक भी हुए हैं इसके शिकार

प्रसंग- एनडीटीवी पर प्रतिबन्ध : लोकतंत्र पर हमला

कई महीने जेल में रहे हैं महाबीर प्रसाद अकेला
’बोया पेड बबुल का’ को जब्त कर ली थी सरकार
तब राज्य में थी कांग्रेस पार्टी की सरकार

 एनडीटीवी पर प्रतिबन्ध को ले खूब बवाल है। लोकतंत्र में अभिव्यक्ति की स्वतंत्रता पर इसे हमला बताया जा रहा है। दूसरा पक्ष इसे एक सीमा तक सही, उससे आगे उच्छृंख्लता या स्वच्छन्दता बताता है। तर्क सबके चुनिन्दा हैं। राजनीति भी चयन की सुविधा वाली है। ऐसे प्रतिबन्ध नये नहीं हैं। इस जिला में तो वामपंथी विधायक महाबीर प्रसाद अकेला की लिखी पुस्तक ‘बोया पेड बबुल का’ को तो कांग्रेस की सरकार ने वितरण से पहले ही जब्त कर लिया था। बिहार-राजनीति का अपराधीकरण पुस्तक के अनुसार औरंगाबाद में महावीर प्रसाद अकेला की पुस्तक ‘बोया पेड बबुल का’ पर 25 अगस्त 1983 को प्रतिबन्ध लगा था। वराणसी में प्रकाशित होने से पहले ही सभी छपी किताबें जब्त कर ली गयी थीं। तब राज्य में कांग्रेस पार्टी की सरकार थी, मुख्यमंत्री थे- डा.जगन्नाथ मिश्रा। तब किसी ने श्री अकेला का साथ नहीं दिया। हद यह की प्रगतिशील माकपा ने भी साथ नहीं दिया जबकि उसी पार्टी से वे नवीनगर विधान सभा क्षेत्र से 1969 में विधायक रहे थे।
श्री अकेला के अनुसार, आगे पार्टी ने यह कह कर टिकट देने से इंकार कर दिया कि- एक समुदाय के लोग वोट नहीं देंगे। तब श्री अकेला ने 28 जुलाई 1983 से लेकर 29 अगस्त 83 तक छह-सात अर्जियां न्यायालय में जमानत के लिए दी किंतु इनको जमानत नहीं मिली। क्योंकि सरकार नहीं चाहती थी। तब किसी ने अभिव्यक्ति की स्वतंत्रता के पक्ष में खडा होने का साहस नहीं किया। ऐसी ही पसन्द और नापसन्द, चयन की राजनीति की वजह से देश में ऐसे हालात बन गये हैं कि अभिव्यक्ति की स्वतंत्रता का मुद्दा आम लोगों को तत्काल प्रभावित तो करता है किंतु विचलित कतई नहीं करता। 

दूर तलक सुनी गयी संजय की देह की आवाज

   दीपक अरोडा सम्मान ग्रहण करते संजय शांडिल्य

संजय की कविता संग्रह का हुआ प्रकाशन
दाउदनगर के बने ऐसे दूसरे कवि

कोई व्यक्ति जब काम करता है और खास करता है तो उसकी चर्चा कई तरह की सीमा को तोड कर दूर तक होती है। संजय कुमार शांडिल्य की ऐसी ही उपलब्धि साहित्य जगत में सोमवार को दर्ज हुई। उनका काव्य संग्रह ‘आवाज भी देह है’ को बोधि प्रकाशन ने प्रकाशित किया। उन्हें जयपुर में इसी अवसर पर दीपक अरोड़ा स्मृति सम्मान मिला। 
प्रकाशित काव्य संग्रह
स्थानीय सन्दर्भ में यह बडी और इकलौती उपलब्धि है। हालांकि इससे पूर्व श्रीशचन्द्र मिश्र सोम की कविता संग्रह ‘कविता भी हो सकती है’ को संभव प्रकाशन ने प्रकाशित किया है। संजय यहां दाउदनगर महाविद्यालय से सेवारत अध्यापक एसके शांडिल्य और अंकोढा मिडिल स्कूल में कर्यरत शिक्षिका मांडवी पांडेय के बडे पुत्र हैं। यहां विवेकानंद मिशन स्कूल से शिक्षक के रुप में कैरियर प्रारंभ किया था और अभी गोपालगंज सैनिक स्कूल में शिक्षक के रुप में कार्यरत हैं। संजय का जन्म यहां हुआ। मेरे (इस लेखक) साथ उसका युवावस्था बीता। तब सिर्फ हम दो ही अधिक समय तक एक दूसरे के साथ रहते थे। कई यादें जीवित हैं। समाज को समझने का साझा प्रयास हमने किया। प्रकृति की गोद में या घर में शाम को हम जुटते और कई तरह की साहित्यिक चर्चा करते। यहां के सबसे बडॆ तत्कालीन वरिस्ठ कवि, नाटककार, साहित्यकार, रंगकर्मी बायोलोजी के शिक्षक श्रीशचन्द्र मिश्र सोम सर के साथ गप्पे लडाते। कुछ सीखते थे। संजय यहां दाउदनगर महाविद्यालय से सेवारत अध्यापक एसके शांडिल्य और अंकोढा मिडिल स्कूल में कर्यरत शिक्षिका मांडवी पांडेय के बडे पुत्र हैं। यहां विवेकानंद मिशन स्कूल से शिक्षक के रुप में उन्होंने अपना कैरियर प्रारंभ किया था और अभी गोपालगंज सैनिक स्कूल में शिक्षक के रुप में कार्यरत हैं। बिहार गीत भी उन्होंने ही लिखा था। इसके लिए राज्य सरकार ने सम्मानित किया था।

कविता पाठ करते संजय
 बोधि पुस्तक पर्व के चौथे सेट की दस और दीपक अरोड़ा स्मृति पांडुलिपि प्रकाशन योजना के तहत प्रकाशित पांच पुस्तकों का लोकार्पण सोमवार की शाम पिंकसिटी प्रेस क्लब, जयपुर के सभागार में हुआ। मुख्य वक्ता डॉ दुर्गाप्रसाद अग्रवाल ने "पुस्तक संस्कृति और हमारा समय" विषय पर विस्तार से चर्चा की। डॉ हेतु भारद्वाज ने आशीर्वचन कहे और दीपक अरोड़ा की बहन सोनिया अरोड़ा ने अपने संस्मरण साझा किये। कार्यक्रम अध्यक्ष  प्रेसक्लब महासचिव मुकेश चौधरी ने सभी शामिल रचनाकारों को बधाई एवं शुभकामनाएं दी। दोनों योजनाओं में शामिल रचनाकारों में से उपस्थित रचनाकारों- अंजता देव, विनोद पदरज, गोविन्द माथुर, विपिन चौधरी, अमित आनंद पांडेय, संजय कुमार शांडिल्य और अस्मुरारीनंदन मिश्र का सम्मान किया गया। दीपक अरोड़ा की अर से उनकी बहन ने यह सम्मान स्वीकार किया। अतिथि कवियों के शानदार काव्‍य पाठ के साथ आयोजन का समापन हुआ। दीपक अरोड़ा की कविताओं का पाठ अंजना टंडन ने किया। बोधि प्रकाशन की ओर से बनवारी कुमावत राज ने सभी का आभार व्यक्त किया। आवाज भी देह है किताब के लोकार्पण के अवसर पर प्रेस क्लब के सभागार में दीपक अरोड़ा स्मृति सम्मान ग्रहण करते और कविता पाठ संजय कुमार शांडिल्य ने किया।