Thursday, 3 November 2016

च्यवन की पत्नी ने किया था पहली बार छठ

देवकुंड का पोखरा
च्यवनाश्रम की धरती से हुआ छठ प्रारंभ
पहली बार छठ कहां किए गये थे? आज यह प्रश्न प्रासंगिक है। पहली बार छठ पं.लाल मोहन शास्त्री के अनुसार महर्षि च्यवन की पत्नी सुकन्या ने किया था। उन्होंने ऋषि को कुष्ठ से मुक्ति के लिए सूर्य को दो बार अस्ताचल और उदयाचल सूर्य को अर्घ्य दिया था। तभी से यह परंपरा चली आ रही है। इसी अराधना से ऋषि की रुग्ण काया स्वस्थ हो गई थी और यौवन प्राप्त किया था। भविष्योत्तर-पुराण के अनुसार पाण्डव द्यूत में हारकर जब वन में गये तो उनके आश्रम में अस्सी हजार मुनि पहुंचे। उनके भोजन की चिंता में युधिष्ठिर घबरा उठे। तब द्रौपदी ने पुरोहित धौम्य ऋषि से समाधान पूछा। उन्होंने उन्हें भगवान् सूर्य का व्रत रवि षष्ठी करने का निर्देश दिया। द्रोपदी ने पुछा इस उत्तम व्रत का पालन सर्वप्रथम किसने किया तो ऋषि ने बताया कि सुकन्या ने किया था। यह इलाका सुकन्या, च्यवन और शर्याति नामके राजा की कथा से परिचित है।
प्राचीन भारतीय एंव एशियाई अध्ययन स्नातकोत्तर विभाग मगध विश्वविद्यालय बोधगया से अव्वल छात्र रहे आशुतोष मिश्रा के अनुसार इस पर्व की परंपरा कम से कम 1000 साल प्राचीन है क्योंकि गहड़वाल राजा गोविंदचंद्र के सभा पंडित लक्ष्मीधर कृत्यकल्पतरु में इस दिन सूर्य की पूजा का विधान किया है। उनका कार्यकाल 12 वीं शती का पूर्वाद्ध माना जाता है। मिथिला के धर्मशास्त्री रुद्रधर (15वी शती) के अनुसार इस पर्व की कथा स्कंदपुराण से ली गई है। इस कथा में दुख एवं रोग नाश के लिए सूर्य का व्रत करने का उल्लेख किया गया है।

मैं सिद्ध कर दुंगा-आशुतोष
आशुतोष मिश्रा
आशुतोष मिश्रा ने दावा किया है कि कुछ समय बाद वे प्रमाणित कर देंगे कि च्यवनाश्रम देवकुण्ड ही आर्याव्रत में छठ पर्व की जननी है। यहीं से हुई थी छठ व्रत की शुरूआत। वे देवकुंड और अन्य विषय पर शोध कर रहे हैं। शीघ्र ही पीएचडी की उपाधि प्राप्त होने वाली है। उन्होंने दावा किया कि महाभारत में द्रोपदी का और कर्ण का विवरण मिलता है। रामायण काल में राम ने सूर्यमेघ यज्ञ किया था। कलियुग में प्रियवन्द राजा ने किया यह व्रत लेकिन कालखण्ड एंव समयावधि पर गहनता से विचार करें तो च्यवन ऋषि एंव उनकी पत्नी सुकन्या सतयुग में राम से भी पहले आते है। अर्थात रामायण काल से पहले देवकुंड में सुकन्या ने छठ व्रत किया था।


जहां देव हारे वहां होती है सूर्य की पूजा

  देवहरा का सूर्य मन्दिर
आयी थीं मालवा की महारानी अहिल्याबाई होल्कर
देवहरा में सूर्य मन्दिर की है अपनी प्रतिष्ठा
देवहरा, यानी जहां देवता हार गये। गोह प्रखंड अंतर्गत यह गांव गया-दाउदनगर राजकीय उच्च पथ-7 पर स्थित है। पुनपुन के कछार पर और सडक से उत्तर है देवहरा का सूर्य मन्दिर। इसका अपना इतिहास है। प्रथम भारतीय महिला शासिका महारानी अहिल्याबाई होलकर भी यहां आ चुकी हैं। उन्होंने यहां शिव मंदिर एवं धर्मशाला का निर्माण कराया था। ‘उत्कर्ष’ के अनुसार धर्मशाला में संस्कृत विद्यालय चलता था। इसके अंतिम शिक्षक महबलीपुर (पटना) के पंडित कालकादत्त तिवारी थे। शिक्षक सुनील कुमार बौबी ने बताया कि धर्मशाला का मात्र अब अवशेष ही दिख रहा है, जबकि शिव मंदिर सुरक्षित है। देवासूर संग्राम से लेकर महर्षि भृगु मुनि तक का इतिहास समेटे यह स्थल भक्तों के लिए श्रद्धा स्थल बना है। मर्यादा पुरुषोत्तम रामचन्द्र का भी आगमन च्यवन और भृगु मुनि से मिलने के क्रम में यहां हुआ माना जाता है। विधायक रहे डा. रणविजय कुमार ने नदी घाट का निर्माण कराया था।
मन्नतें होती हैं शीघ्र पूरी
ऐतिहासिक, पौराणिक व धार्मिक दृष्टिकोण से देवहरा पुनपुन नदी घाट व शिव मंदिर महत्वपूर्ण स्थलों में एक है। श्रद्धालु कहते हैं कि सूर्य मंदिर से मनोवांछित फल मिलता है। मन्नतें शीघ्र पूरी होती है। महावीर स्थान भी है। प्रति वर्ष छठ व्रतियों की संख्या बढती जा रही है।

क्लब करती है सारी व्यवस्था
भगवान् भाष्कर क्लब यहां सारी व्यवस्था करती है। अध्यक्ष सुनील कुमार गुप्ता ने बताया कि नदी में पानी अधिक होने के कारण नाव व स्टीमर भी होगा। मनरेगा योजना के अंतर्गत मंदिर परिसर की ढलाई करायी गयी है। नदी घाट के साफ-सफाई के साथ मंदिर और घाट को रोशनी से जगमगाया जायेगा।

प्रथम महिला शासक थी अहिल्याबाई होलकर

प्रथम भारतीय महिला शासक अहिल्याबाई होलकर मालवा साम्राज्य की मराठा महारानी थीं। उनका जन्म 31 मई 1725 को महाराष्ट्र के अहमदनगर के चौण्डी (छौंड़ी) ग्राम में हुआ और देहांत 13 अगस्त 1795 को। उनके पति खांडेराव होलकर 1754 के कुम्भेर युद्ध में शहीद हुए थे। इसके बारह वर्ष बाद उनके ससुर मल्हार राव होलकर की भी मृत्यु हो गयी। और इसके एक साल बाद उन्हें मालवा साम्राज्य की महारानी का ताज पहनाया गया। 1795 में अपनी मृत्यु पर्यन्त बड़ी कुशलता से राज्य का शासन चलाया। उन्होंने काशी, गया, सोमनाथ, अयोध्या, मथुरा, हरिद्वार, द्वारिका, बद्रीनारायण, रामेश्वर, जगन्नाथ पुरी जैसे प्रसिद्ध तीर्थस्थानों पर मंदिर बनवाये और धर्म शालाएं खुलवायीं। काशी से गया की यात्रा क्रम में उन्होंने देवहरा में मन्दिर और धर्मशाला बनवाया था।

देव व उलार सा प्रतिष्ठित है मायर सूर्य मन्दिर

                शमशेरनगर का सूर्य मन्दिर
मुगल काल में ध्वस्त हुआ था प्राचीन मन्दिर
नया मन्दिर का निर्माण 1940 के दशक में
शमशेरनगर में भगवान सूर्य की प्राचीन प्रतिमा नये मन्दिर में स्थापित है। महाकवि बाणभट्ट ने भी मायर के छठ का जिक्र किया है। महर्षि भृगु ने भृगु संहिता में मायर का जिक्र किया है। ग्रामीण भानु प्रताप ने बताया कि पुरातन काल में मायर में सूर्य मंदिर था। देव और उलार के बराबर यहां के छठ पर्ब का महत्व है। छठ तालाब से बर्तमान सूर्य मंदिर की दुरी करीब आधा किलोमीटर है। इस मन्दिर का निर्माण नया है। बताया गया कि मुग़ल शासन में प्राचीन मन्दिर को तोड दिया गया था। तब मन्दिर में स्थापित मूर्ति को किसी तरह बचा लिया और और डीह में दबा दिया था। मंदिर में सूर्य भगवान की अष्टधातु की मूर्ति है। बाद में कुँए की खुदाई के समय ये मूर्ति मिली थी। इसके बाद ग्रामीण (अब स्व.) सीता सिंह ने वर्तमान मंदिर की नींव 1938 में रखी। इस का निर्माण कार्य 1940 में पूरा हुआ। इसी बर्ष इस मंदिर में भगवान की खुदाई में प्राप्त प्रतिमा की प्राण प्रतिष्ठा काशी के आचार्यो द्वारा हुई है। ग्रामीणों ने बताया कि मन्दिर का निर्माण एक मुसलमान राजमिस्री पीर मोहम्मद खान ने किया है। 

मैरिया से मायर बनाम शमशेरनगर
प्रखंड के सबसे बडे पंचायत शमशेरनगर का ही प्राचीन नाम मायर है। बताया जाता है कि भुमिहारों का एक वर्ग जो मैरिया भुमिहार माना जाता है उनके कारण ही इस गांव का नाम मायर पडा होगा। छठी शाताब्दी के महाकवि मयूरभट्ट का जन्म हसपुरा के पीरू ग्राम में हुआ था परंतु उन्होने अपना आवास मायर में बनाया था। ऐसा माना जाता है। मयूरभट्ट भगवान सूर्य के भक्त थे और उन्होने सूर्य शप्तकम नामक ग्रंथ की रचना की थी। मुगल सुबेदार षमषेर खाँ द्वारा 1772 ई॰ में यहां मकबरा का निर्माण किया गया था। स्थापत्यकला का यह खुबसूरत नमूना है। मुगल काल में शमशेरनगर बना। शायद इसीलिए लोक में यह मिथक है कि शमशेर खां ने ही इस गांव को बसाया था।

दूर दूर तक महत्व

गांव के वार्ड सदस्य रविरंजन कुमार ने बताया कि गांव में ही नहीं बल्कि इस मन्दिर की महिमा दूर –दूर तक है। कहा कि मान्यता है कि मायर में छठ करने से कुष्ठ जैसा रोग दूर हो जाता है। यहां छठ व्रत को ले चहल पहल बढ गयी है। यहां चैती और कार्तिकी दोनों छठ व्रत के अवसर पर व्रती काफी संख्या में जुटते हैं। सरकार और प्रशासन को चाहिए कि यहां व्रतियों की सुविधा के लिए विभिन्न व्यवस्था करे।

Thursday, 27 October 2016

यह मियांपुर है : बिहार का अंतिम नरसंहार स्थल

हत्यारों की गोली से घायल देवमतिया
क्यों 32 की जगह 
1 1 नौकरी ही क्यों मिली?

नौकरी नहीं, सडक नहीं, अस्पताल नहीं, स्कूल नहीं, डाकघर नहीं, पुलिस पिकेट नहीं।
बहुत सालों बाद, संभवत: एक दशक बाद, एक बार फिर मियांपुर (गोह) जाना हुआ। 16 जून 2000 को पहली बार यहां गया था जब यहां 32 लाशें “चीख” रही थीं। तब घायल देवमतिया को देखने का मौका नहीं मिला था क्योंकि वह अहले सुबह इलाज को भेजी जा चुकी थी। कई साल बाद उससे मुलाकात हुई थी। तब उसकी तस्वीर मियांपुर की बरसी के मौके पर छपी थी। उसके दशक बाद उससे मुलाकात हुई। चेहरे पर अब झुर्रियां आ गयी हैं। कम सुनती है। शायद व्यवस्था की मार ने यह ठीक ही किया कि जमाने की शोर न सुनना पडे। अन्यथा क्या-क्या सुनेगी और क्या क्या बतायेगी बेचारी देवमतिया? कहते हैं ईश्वर इसीलिए बहरा के साथ गुंगा भी बनाता है, ताकि सुनने के बाद बोलने की बेचैनी जानलेवा न हो जाये?  
मियांपुर के स्मरण के लिए बने स्मारक के साथ लेखक

तब यहां सिर्फ लाशें नहीं गिरी थीं। मानवता पर यह हमला था। ब्लैक एंड ह्वाइट और यासिका मैट (कैमरा) के जमाने में जो कैद रिलों में हुआ था वह रियल लाइफ का विभत्स चेहरा था। स्मृतियां ताजा हो गयीं। कैसे गर्भवती की हत्या कर दी गयी थी। यह नरसंहार तब भी कई मामलों में ऐतिहासिक था और आज भी कई ऐतिहासिक सवाल, समाज से और सरकार से पूछ रहा है। व्यवस्था की पोल खोलता है मियांपुर!!! सरकार अपनी, सामाजिक न्याय का दावा करने वाले जब सरकार में बैठे थे तब यहां कत्लेयाम हुआ था। यह सेनारी के बदले रणवीर सेना का बदला था। खून के बदले खून का सिद्धांत पालन किया गया था। यह और बात है कि मारे गये सभी निर्दोष थे। क्योंकि इसमें कोई अपराधी नहीं था। बच्चे और महिलायें शामिल थे। इनका क्या कसूर था?

मियांपुर गांव में जाते हुए, अतीत को स्मरण करते हुए
सामाजिक न्याय के दावेदारों की अब भी सरकार है। लेकिन क्या मियांपुर के पीडितों को न्याय मिला? कई मामलों में राज्य सरकार सुप्रीम कोर्ट तब गयी जब किरकिरी हुई। मियांपुर के मामले में सरकार सुप्रीम कोर्ट भी नहीं गयी। और हां। यहां मारे गये थे 32 और सरकारी नौकरी मिली मात्र-11 को। जिस सेनारी के बदले में इस नरसंहार को अंजाम दिया गया था वहां मारे गये थे 34 और नौकरी भी मिली थी-34 को। सामाजिक न्याय के झंडाबरदार लालु प्रसाद ने इन भोले भाले ग्रामीणों को समझाया था कि क्यों 32 की जगह 11 नौकरी ही मिली।
सामाजिक न्याय के झंडाबरदारों को यहां जा कर देखना चाहिए। कितने भोले हैं ठगे गये मियांपुर के पीडित। राज्य के आखिरी सामूहिक नरसंहार का गवाह मियांपुर आज भी गरीबी और बेबसी में जी रहा है। जानते हैं तब सरकार के प्रतिनिधियों ने कुल 6 वादे किये थे। जाकर कोई देख आये और बताये कि इसमें कितने वादे पुरे किये जा सके हैं। एक भी नहीं। मुआवजा की राशि भले ही सभी के बदले मिली किंतु नौकरी नहीं, सडक नहीं, अस्पताल नहीं, स्कूल नहीं, डाकघर नहीं, पुलिस पिकेट नहीं। ये सब वादे अधूरे हैं।
 
मियांपुर के पीडितों का दर्द और हाल सुनते हुए
हां ध्यान दें- आज (27.10.16) को सेनारी नरसंहार के मामले में फैसला आया है। उसे देख लें। मैं भी सेनारी जाकर रिपोर्टिंग कर चुका हूं। उसका अनुभव अलग है। कभी फिर लिखुंगा।


(बिहार के चर्चित सेनारी नरसंहार काण्ड में 23 आरोपी बरी, 15 दोषी करार..आगामी 15 नवंबर को अदालत सुनाएगी सजा। जहानाबाद जिला कोर्ट का फैसला। 18 मार्च 1999 की रात जहानाबाद के सेनारी गाँव में प्रतिबंधित एमसीसी के उग्रवादियों ने 34 ग्रामीणों की गला रेतकर हत्या कर दी थी। इस फैसले पर स्त्रीकाल के संपादक संजीव चन्दन भाई ने सामाजिक कोण से फेसबुक वाल पर लिखा है तो मैने टिप्पणी की- समाजशास्त्र के साथ साथ एक पक्ष यह भी है कि दलितों, या अवर्णों को न्यायालय से निपटने का न शउर है, न क्षमता, न चाहत, न दिलचस्पी, न कोई साथ देने वाला काबिल और सक्षम साथी।) 

Wednesday, 26 October 2016

शहीद के द्वार पहली बार पहुंचा प्रशासन


    दीप जला कर स्मरण करते अधिकारी व नेता
दैनिक जागरण का -एक दिया शहीदों के नाम- कार्यक्रम
शहीद के परिजनों को मिला पहली बार सम्मान

 दैनिक जागरण के अभियान एक दिया शहीदों के नाम के तहत पुरानी शहर वार्ड संख्या पांच में शहीद प्रमोद सिंह यादव के सम्मान में कार्यक्रम का आयोजन बुधवार को किया गया। इनके दरवाजे पर दीप प्रज्जवलित किए गये। वार्ड पार्षद बसंत कुमार ने कहा कि पहली बार इनके द्वार पर प्रशासन उपस्थित हुआ है। इस पर एसडीओ राकेश कुमार ने कहा कि देर आये लेकिन दुरुस्त आये। उन्होंने घोषणा की कि हर गणतंत्र दिवस पर एक पुरस्कार शहीद के नाम पर दिया जायेगा। इसके अलावा भखरुआं मोड गोलंबर पर इनकी प्रतिमा लगाने के लिए नेशनल हाइवे आथरिटी से बात करेंगे, यदि मुश्किल नहीं हुई तो वहा प्रतीमा लगायी जा सकती है। पूर्व जिला पार्षद राजीव कुमार उर्फ बब्लु ने घोषणा की कि प्रतिमा के लिए वे आर्थिक सहयोग करेंगे। उप मुख्य पार्षद नगर पंचायत कौशलेन्द्र कुमार सिंह ने कहा कि सडक का नाम शहीद के नाम पर करने का प्रस्ताव बसंत कुमार ने रखा था जिसे मान लिया गया है। डीएसपी संजय कुमार, पुलिस इंस्पेक्टर विन्ध्याचल प्रसाद, शहीद के अग्रज चन्द्रमा सिंह, अनुज कुमार पांडेय ने संबोधित किया। कार्यक्रम का संचालन पत्रकार एवं लेखक उपेन्द्र कश्यप ने किया।

डा.प्रकाशचन्द्रा ने किया सम्मानित
उर्मीला गैस एजेंसी की ओर से ससम्मान
 निश्शुल्क गैस कनेक्शन लेते शहीद के भाई

भगवान प्रसाद शिवनाथ प्रसाद बीएड कालेज के सचिव व उर्मीला गैस एजेंसी के संचालक डा.प्रकाशचन्द्रा ने शहीद के भाई चन्द्रमा सिंह यादव को निश्शुल्क गैस कनेक्शन ससम्मान दिया। इनके अलावा अन्य भाई सुरज सिंह, अशोक सिंह व मनोज कुमार सिंह, कार्यक्रम में सहयोग के लिए वार्ड पार्षद बसंत कुमार व अनुज कुमार पांडेय तथा आयोजन के लिए लेखक पत्रकार उपेन्द्र कश्यप को शाल भेंत कर सम्मानित किया। इनकी अनुपस्थिति में सम्मान अतिथियों ने दिया।

स्कूली बच्चों ने भी जलाये दीप
दीप जलाते स्कूली बच्चे
शहीद प्रमोद को स्मरण करते हुए स्कूली बच्चों ने भी दीप जलाया। मुहल्ले में स्थित गुरुकुल उच्च विद्यालय, ज्ञान वैभव स्कूल व टैगोर शिक्षा निकेतन के बच्चे शामिल हुए। अनुज के नेतृत्व में सागर आलम, मुकेश कुमार, अनुज कुमार, अनंत प्रकाश, धीरज कुमार व दिलिप कुमार ने राष्ट्रगान किया। मुकेश कुमार एवं नीतीश मिश्रा ने राष्ट्रभक्ति से ओत प्रोत गाते गाया। कार्यक्रम में ब्रजबल्लभ शर्मा, रामसेवक प्रसाद, अनिरुद्ध प्रसाद, रामेश्वर भगत, ओम प्रकाश, आर्य अमर केशरी, मुकेश मिश्रा, राजु पांडेय, डा.विकास मिश्रा, मो.गुरफान आलम, विकास कुमार, सुधीर कुमार एवं निरंजन कुमार उपस्थित रहे।

शहीद प्रमोद सिंह का जीवनवृत


श्रीनगर में 09 अप्रैल 2001 को वे शहीद हुए थे। उनका जन्म पुरानी शहर में 01.011976 को हुआ था। उनके पिता स्व.राधा सिंह व माता स्व. राधिका देवी थीं। सात भाई और एक बहन थे। यहां ठाकुर मध्य विद्यालय और राष्ट्रीय इंटर स्कूल में पढाई की थी। वे अविवाहित ही शहीद हुए थे। उनके स्मरण में फुटबाल मैच किया जाने लगा है।  

दाउदनगर को अब बिजली शेडिंग से मिलेगी मुक्ति

लो वोल्टेज की समस्या भी होगी खत्म
काफी समय से बतायी जा रही थी जरुरत
  तरारी पवर सब स्टेशन में 10 एमवीए का ट्रांसफर्मर लगा दिया गया है। इसके नहीं रहने से कई तरह की समस्या होती थी। इसकी मांग यहां बहुत पहले से की जा रही थी। अब परस्पर दो विरोधी राजनीति करने वाले इसका श्रेय भी लेने की कोशिश में हैं। हालांकि जैसे भी लगा, यह काम बडी आवश्यक्ता की पूर्ति वाला है। इससे अब कई तरह की समस्या खत्म हो सकती है। जेई भास्कर कुमार ने बताया कि अब शेडिंग की समस्या नहीं होगी। जानकारों के अनुसार शेडिंग तकनीकि शब्द है। इसका मतलब होता है कि विद्युत रहते हुए भी उसका वितरण पूरी क्षमता भर नहीं किया जा सकना। इसके तहत होता यह है कि बिजली रहते हुए भी बारी-बारी से लोड लेने की क्षमतानुसार किसी इलाके में बिजली की आपूर्ति की जाये और किसी क्षेत्र में नहीं। वहां बाद में आपूर्ति की जाये। अब इस समस्या से मुक्ति मिल जायेगी। यदि पावर सब स्टेशन में ग्रीड से विद्युत आपूर्ति होगी तो सप्लाई में लोड की समस्या नहीं होगी। बुधवार को संभवत: नया 10 एमवीए का ट्रांसफर्मर चालु हो जायेगा। इसके बाद लो वोल्टेज की समस्या भी तभी होगी जब ग्रीड से आपूर्ति में समस्या होगी।  

3 एमवीए से 13 तक पहुंची क्षमता
24 घंटे विद्युत आपूर्ति में अब बाधा नहीं
तरारी पवर सब स्टेशन में एक जमाने में जब बिजली रानी का दर्शन दुर्लभ हुआ करता था तब मात्र 3.15 एमवीए का ट्रांसफर्मर लगा हुआ था। बाद में पांच एमवीए का लगाया गया। बिजली उपलब्ध होने लगी तो खपत भी बढने लगी। ऐसी स्थिति में पांच एमवीए के ट्रांसफर्मर से काम चलाना मुश्किल हो गया। एक साथ दाउदनगर शहर, देहाती क्षेत्र और ओबरा को आपूर्ति करन मुश्किल होता गया। हाल यह हो गयी कि अकेले शहर का ही लोड लेना पांच एमवीए के ट्रांसफर्मर के लिए मुश्किल होता चला गया। अब जब दस एमवीए का ट्रांसफर्मर लग गया है तो यह समस्या खत्म हो गयी है। अब अनुमंडल मुख्यालय में उपलब्धता के आधार पर 24 घंटे निर्बाध विद्युत आपूर्ति संभव है। इसके बाद एक साथ दाउदनगर टाउन, अगनूर और ओबरा को विद्युत आपूर्ति की जा सकती है। इससे शहरीकरण की गति व विकास को ताकत मिलेगी।

तरारी में दो ट्रांसफर्मर और पांच फीडर
320 एंपीयर की जगह अब 510 एंपीयर
तरारी पवर सब स्टेशन में दो ट्रांसफर्मर और पांच फीडर हैं। पहले से लगे पांच की जगह अब दस एमवीए का ट्रांसफर्मर लगा है। इससे पूर्व की क्षमता 210 एंपीयर की जगह अब 400 एंपीयर तक बढ गयी है।  जबकि 3.15 एमवीए की क्षमता 110 एंपीयर यथावत है। जेई भास्कर कुमार ने बताया कि इससे तीन फीडर चलेंगे। दाउदनगर टाउन को अब 160 की जगह 200 एंपीयर, अगनूर को 5 की जगह 7 एंपीयर और ओबरा को अब 120 की जगह 150 एंपीयर दिया जा सकेगा। इसी तरह 3.15 एमवीए के ट्रांसफर्मर से जुडे हैं दो फीडर। हसपुरा को अब 140 की जगह 160 और जिनोरिया को 40 की जगह 60 एंपीयर बिद्युत आपूर्ति की जा सकती है।

Sunday, 23 October 2016

फुसफुसिया राष्ट्रवाद बनाम जमीनी हकीकत



नवाबों के शहर दाउदनगर में दीपावली की तैयारी चल रही है। वर्तमान परिवेश में अनंत चतुर्दशी का स्मरण हो रहा है। उसमें हम कटोरे में दूध रख कर खीर से मथते हैं और समझते हैं कि क्षीर सागर को मथ रहे हैं। यह प्रतीक है। पुरोहित बोलते हैं-माथे चढावअ। यजमान माथे पर छू कर समझता है पा लिया। यह दिगर बात है कि आज तक यह नहीं जान सके कि पाया क्या जिसे माथे चढाता रहा हूं। देश की स्थिति भी ऐसी ही है। प्रतीकों की राजनीति में वास्तविकता का क्या मोल भला? राष्ट्रवाद को ले कह सकते हैं-माथे चढावअ वाली स्थिति ही है। पटाखे और झिलमिलाती रौशनियों का बहिष्कार आज राष्टवाद का प्रतीक बन गया है। चीन से आने वाली सामग्रियों में इन चीजों का भला क्या औकात है? हम चीन से काफी पीछे हैं। उसकी मीडिया ने जब यह कह अकि भारत सिर्फ भौकता है तो कथित राष्टवाद की हिलोरें उफान मारने लगीं। इसमें गलत क्या है। लगता है राष्टवाद हकीकत से मुंह चुराने का बेहतर साधन या माध्यम बन गया है। वर्ष 2015-16 में अप्रैल से जनवरी की अवधि के दौरान भारत-चीन के बीच व्यापार घाटा 44.7 अरब डॉलर पर पहुंच गया। आधिकारिक आंकड़ों के अनुसार इस अवधि में भारत का चीन को निर्यात 7.56 अरब डॉलर और भारत का चीन से आयात 52.26 अरब डॉलर रहा। इसमें बेशकिमती मोबाइलें, घडियां, इलेक्ट्रोमिक उपकरण शामिल हैं, जिनके सामने झिलमिलाती रौशनी की चकाचौन्ध हो या शोर मचाते, रौशनी बिखेरते पटाखे। उनसे क्या फर्क पडता है। जिनकी औकात ही नहीं है।
दूसरी तरफ अंतर्विरोध भी गहरा है। हम चीन से मुकाबला नहीं कर सकते। उसके स्तर की सामग्री नहीं बना सकते। लेकिन उसकी सही किंतु कडवी बातों से चीढ जरुर सकते हैं। और चीढने से कुछ नहीं होता। मुकाबला करने की ताकत बटोरिए फिर राष्ट्रवाद की भट्ठी जलाइये।
अंत का अंतर्विरोध-
कुम्हारन बैठी रोड किनारे, लेकर दीये दो-चार।
जाने क्या होगा अबकी, करती मन में विचार॥
सोंच रही है अबकी बार, दुंगी सारे कर्ज उतार।

सजा रही है, सारे दीये करीने से बार-बार॥