Thursday, 20 September 2018

राज्य की प्रतिनिधि संस्कृति बनाने की आवश्यकता


जिउतिया लोकोत्सव न्यूनतम 158 साल से मनाया जा रहा है। इसमें बिहार की प्रतिनिधि संस्कृति बनने की पूरी क्षमता है। सरकार संस्कृति को बढ़ावा देने की बात चाहे जितनी कर ले, वह बहुजनों के इस पुराने लोक उत्सव को भाव नहीं देती। जबकि वह इसे गंभीरता से ले तो इस संस्कृति को बहुत ऊंचाई दी जा सकती है। आश्रि्वन अंधरिया दूज रहे, संवत 1917 के साल रे जिउतिया। जिउतिया जे रोपे ले हरिचरण, तुलसी, दमड़ी, जुगुल, रंगलाल रे जिउतिया। अरे धन भाग रे जिउतिया.। स्पष्ट बताता है कि संवत 1917 यानी 1860 में पाच लोगों ने इसका प्रारंभ किया था। इतिहास के मुताबिक इससे पहले से यह आयोजन होता था, सिर्फ इमली तर मुहल्ला में। कारण प्लेग की महामारी को शात करने की तत्कालीन समाज की चेष्टा थी। इसमें कामयाबी भी मिली। लेकिन तब एक महीना तक जो जागरण हुआ वह निरंतरता प्राप्त कर संस्कृति बन गई। बाद में यह नौ दिन और अब मात्र तीन दिवसीय संस्कृति में सिमट गया। यह हर साल आश्रि्वन कृष्णपक्ष अष्टमी को मनाया जाता है। यहा लकड़ी या पीतल के बने डमरुनुमा ओखली रखा जाता है। हिंदी पट्टी में इस तरह सामूहिक जुटान पूजा के लिए कहीं नहीं होता। यहा शहर में बने जीमूतवाहन के मात्र चार चौको (जिउतिया चौक) पर ही तमाम व्रती महिलाएं पूजा करती हैं। इस संस्कृति में फोकलोट अर्थात लोकयान के सभी चार तत्व यथा लोक साहित्य, लोक कला, लोक विज्ञान और लोक व्यवहार प्रचुरता में उपलब्ध हैं। तीन दिन तक होने वाली प्रस्तुतियों में इसे देखा जा सकता है। इसे बिहार की प्रतिनिधि संस्कृति बनाने के लिए जब नीतीश कुमार मुख्यमंत्री थे तो सरकार को ज्ञापन सौंपा गया था। सरकार बहुजनों की इस लोक संस्कृति के उत्थान के लिए कुछ भी नहीं कर रही है। सिर्फ प्रोत्साहन देने की आवश्यकता है। लोक अपने तंत्र (सरकार) से कुछ नहीं लेती। न सुरक्षा मागती है न साधन। न तनाव देती है न बवाल। लोग अपने में मस्त रहते हैं, मस्ती करते हैं और दूसरों को इतना मस्त कर देते हैं कि धन भाग रे जिउतिया, तोरा अइले जियरा नेहाल रे जिउतिया, जे अइले मन हुलसइले, नौ दिन कइले बेहाल, रे जिउतिया.और जब पर्व खत्म होने को होता है तो लोग विरह की वेदना महसूस करते हैं। देखे अइली जिउतिया, फटे लागल छतिया, नैना ढरे नदिया समान। जाने तोहे बिन घायल हूं पागल समान..।


https://www.google.co.in/amp/s/m.jagran.com/lite/bihar/aurangabad-representatives-of-the-state-to-create-culture-12963811.html
30 सितंबर 2015 को जागरण में प्रकाशित मेरा लेख।

Monday, 17 September 2018

कैलिफोर्निया के डाक्टर ने कहा मर्ज लाइलाज, मगर होमियोपैथ की गोलियों से ही कैंसर की जंग फतह


 बड़े अस्पतालों से रिटर्न मरीजों की कहानी-उनकी ही ज़ुबानी
आम धारणा यही है कि होमियोपैथ की सफेद मीठी गोलियों और पारदर्शी लिक्विड पर एलोपैथ चिकित्सा पद्धति के त्वरित प्रभाव के मुकाबले लोग जल्दी भरोसा नहीं करते, क्योंकि एलोपैथ का प्रभाव तो तत्क्षण दिखता है जबकि होमियोपैथ धीरे-धीरे असर करता है। एलोपैथ की दुनिया में दवा और चिकित्सा पद्धति का व्यापक विस्तार है। जबकि हैनिमैन की होमियोपैथी में आम तौर एक ही तरह की दिखने वाली सफेद मीठी गोली और लिक्विड का ही मुख्य संसार होता है, जिससे सभी तरह की बीमारी के लिए हर दवा का रंग-रूप एक जैसा दिखता है। होमियोपैथी के जनक हैनिमैन की इस पद्धति में कई बीमारियों और कई असाध्य माना जाने वाले  रोगों का भी शर्तिया इलाज है। यह कहना है बिहार के औरंगाबाद जिला के दाउदनगर के मौलाबाग के चिकित्सक डा. मनोज कुमार का।
शिक्षक अनिल कुमार ने तो छोड़ दी थी जिंदगी पर भरोसा
बुकनापुर गांव निवासी शिक्षक अनिल कुमार को 2010 में कैंसर हो गया था। हालांकि तब एम्स ने क्लियर नहीं किया था अर्थात सौ फीसदी यह नहींबताया था कि मरीज को कैैंसर है, मगर उन्हें होने के लक्षण का संकेत मिला था। अनिल कुमार भेलौर के मशहूर अस्पताल सीएमसी गए तो वहां उन्हें ऑर्थराइटिस से ग्रस्त होना बताया गया। मर्ज वहां भी ठीक नहीं हुआ। फिर वे मुंबई के टाटा मेमोरियल अस्पताल गए, जहां पता चला कि मरीज को मल्टीपल माइलोमा है, जो एक तरह का ब्लड कैंसर ही है और इस मर्ज ने मरीज को चौथे स्टेज तक जकड़ रखा है, जो फिलहाल लाइलाज है। इस मर्ज के पूरी तरह कभी ठीक नहीं हो सकने की बात कैलिर्फोिर्नया में कार्यरत डा. नरसिम्हा ने भी कही थी और यह बताया था कि यह मर्ज पूरी तरह तो कभी ठीक नहीं हो सकता, मगर संयमित रह और अपने को स्वस्थ रखकर इस मर्ज से लंबे समय तक लड़ा जा सकता है। वह डा. मनोज कुमार की क्लिनिक में इलाज कराया। अब ठीक हैं।
कैैंसर से मुक्ति पा धनकेसरी देवी 85 की उम्र में भी फीट 
अनिल कुमार की माँ धनकेसरी देवी को 1998 में यूट्रस कैंसर हुआ था। तब 65 वर्ष की उम्र थी। पटना स्थित महावीर कैंसर संस्थान से धनकेसरी देवी का इलाज पांच सालों तक चला था। 85 साल की उम्र में वह डा. मनोज कुमार की क्लिनिक में बतौर कैैंसर की पहली मरीज आयी थीं। वह अब भी पूरी तरह स्वस्थ हैं और इस उम्र में खुद क्लिनिक पहुंचती हैं।
रीसते घाव से परेशान थे राहुल, अब बीएड कर जिंदगी संवारने की तैयारी
दाउदनगर के पुरानी शहर निवासी राहुल कुमार सीएमसी (भेलौर) से रिटर्न हुए थे। हसपुरा में हुई दुर्घटना में 03 मार्च 2015 को पैर घायल कर बैठे थे। एक साल भेलौर रहे। पैर में रड लगा हुआ था। जख्म ठीक नहीं हो रहा था। एक जख्म ठीक होता तो फिर उसकी जगह दूसरा जख्म बन जाता था। रीम (पीव) बहता रहता था। किसी का सहारा लेकर उन्हें उठना-बैठना पड़ता था। शहर के लोगों के चंदा सहयोग से 13-14 लाख रुपये खर्च हो चुका था। दो सालों से काफी परेशान थे। उनकी जानकारी होने पर डा. मनोज कुमार खुद उनके पास गए। उन्हें होमियोपैथ पर भरोसा नहीं था, मगर इनके पिता विजय चौरसिया को होमियोपैथ पर विश्वास था। डा. मनोज कुमार ने नि:शुल्क चिकित्सा किया। स्थिति बदली। अब वह स्वस्थ हो गए है, उनका मर्ज लगभग ठीक हो चला है। सिर्फ एक ही दवा का इलाज चला। ट्रीटमेंट शुरू होने के दो-तीन महीने बाद ही राहुल कुमार मानसिक तौर पर सहज हो गए। उनका मनोबल अब इतना बढ़ चुका है कि वह भगवान प्रसाद शिवनाथ प्रसाद बीएड कॉलेज (दाउदनगर) से बीएड कर रहे हैं।
प्रोस्टेट कैैंसर के मरीज श्याम कुमार अब स्वस्थ
विवेकानन्द मिशन विद्यालय समूह के शिक्षक श्याम कुमार को प्रोस्टेट कैैंसर होने की बात बतायी गयी थी। उन्होंने एलोपैथ इलाज से थक-हार जाने के बाद होमियोपैथ का इलाज शुरू कराया। एक साल से इलाजरत श्याम कुमार अब अपने को पूरी तरह स्वस्थ बताते हैं।
ब्लेडप्रेसर से पीडि़त थे ज्योतिषाचार्य 
ज्योतिषाचार्य तारणी कुमार इंद्रगुरु ने बताया कि ब्लेड प्रेसर से परेशान थे। मात्र एक खुराक में ठीक हो गए। हर्ष कुमार (विश्वम्भर बिगहा, दाउदनगर) को जन्म के बाद से ही परेशानी हो रही थी। इस बालक को निमोनिया हो गया था। लगातार 104-105 डिग्री फारेनहाइट बुखार रहता था। उसकी उम्र तीन साल है। पिछले दो साल से होमियोपैथ का इलाज चल रहा है। अब सब कुछ ठीक हो चुका है।
तीन साल की सुहानी जन्म से ही थी परेशानहाल  
मात्र तीन साल की है सुहानी कश्यप। औरंगाबाद, पटना और वाराणसी में भी इलाज कराया। स्वास्थय लाभ नहीं मिला। जन्म के समय से ही सामान्य शारीरिक विकास के अभाव में पैखाना-पेशाब नहीं हो पाता था। पेशाब बिना नली लगाए होता ही नहीं था। ऑपरेशन ही एकमात्र विकल्प बताया जा रहा था। हर्ट में छेद और डाउन सिंड्रोम की भी शिकायत थी। होमियोपैथ के इलाज के बाद अब स्वस्थ। पढ़ती भी है और बालसुलभ चंचलता भी उसमें आ चुकी है।
एथेलिट्स दयानंद शर्मा दूसरे को सहारा देने की हालत मेें
एथेलिट्स रहे सेवानिवृत्त नागरिक दयानंद शर्मा के दोनों पैरों में सूजन रहता था। तीन सालों तक इलाज कराने के बाद थक गए तो अंत में होमियोपैथ के इलाज में डॉक्टर मनोज कुमार के पास गए। एक साल में ठीक हो चुके दयानंद शर्मा कहते हैं कि अब तो किसी के सहारे की आवश्यकता नहीं, दूसरे को सहारा देने के लिए तैयार हूं। शिक्षक मनीष कुमार संसा गांव के निवासी हैं। किडनी में स्टोन था, जो अब ठीक हो चुका है।

सवर्णवादी मीडिया बनाम निकम्मी बहुजनवादी सोच

"मीडिया दर्शन" में संपादकीय पृष्ठ पर प्रकाशित अग्रलेख-17.09.2018
*उपेंद्र कश्यप*
संदर्भ-सच में बहुजनों को अपनी मीडिया की जरुरत है।

संजीव चंदन (संपादक-स्त्रीकाल) ने अपने एक पोस्ट में आरक्षण पर ईटीवी बिहार पर हुई बहस का हवाला देते हुए अंत में टिप्पणी की है-'सच में बहुजनों को अपनी मीडिया की जरुरत है।'इससे असहमत होने की कोइ वजह नहीं दिखती किन्तु सवाल कई हैं, जो उठने चाहिए। सवाल से भागने से समाज का वैचारिक विकास नहीं हो सकता। राजनीतिक-सामाजिक-आर्थिक विकास के लिए भी यह आवश्यक है कि समाज के भीतर जो सवाल हैं, शंकाएं है, उस पर बहस होनी चाहिए। तभी सही मायने में समाज का विकास संभव हो सकेगा। क्या वास्तव में ऐसी जरुरत है? यह जरूरत क्या अभी पैदा हुई है? जरूरत पुरी करने से बहुजनों को किसने रोक रखा है? क्या बहुजन अपना मीडिया हाउस चलाने में सक्षम हैं? कहीं ऐसा तो नहीं कि अपनी अक्षमता छुपाने के लिए सवर्णवादी मीडिया, ब्राह्मणवादी मीडिया का रोना रोते हैं- बहुजन? विचार करिये- क्या दुसरे को गलियाने या कोसने से किसी की कोई समस्या का समाधान हुआ है? सवालों का जवाब स्वयं में तलाशिये-बहुजनों! इस शब्द में आप लेखनी की सुविधा के लिए पिछड़ा, अति पिछड़ा, दलित, महादलित या एक शब्द में कहें तो गैर सवर्णों को जोड़ कर पढ़ें/ समझें। वैसे अपनी सुविधा के लिए इसे अवर्ण भी संबोधित कर सकते हैं। खैर!
अपनी बात एक किस्सा से शुरू करता हूँ-बिहार में एक जिला है-औरंगाबाद। यहाँ अपना अस्पताल चलाने वाले एक प्रख्यात चिकित्सक ने मुझसे व्यक्तिगत बात-चीत में कहा-हमारे मित्र सोच रहे हैं, एक अपना मीडिया हाउस खडा करने को। डॉक्टर साहब सक्षम हैं, उनकी मित्रमंडली लंबी चौड़ी है। फिर दुबारा कभी कोइ चर्चा नहीं। क्यों? क्योंकि शौक है, आवश्यकता महसूस होती है, लेकिन नहीं है तो त्याग, जज्बा, समर्पण और सबसे बड़ी बात व्यावसायिक लाभ-हानि का खतरा मोल लेने का साहस। और बहुजनों, जब तक आप यह सब हासिल नहीं कर लेंगे तब तक अपना मीडिया हाउस तो छोडिये, मीडिया का अंग भी नहीं बन सकते। की-पोस्ट पर तो बिराजने से रहे। अब तो हालात यह हैं कि अखबार में जगह पाने की इच्छा रखने वाले रोज जगह न पा सकने के कारण मीडिया को गलियाते हैं, किन्तु उनका सामूहिक संस्कार ऐसा है कि वे बहुजन पत्रकारों के माध्यम से भी जगह नहीं प्राप्त कर पाते। बहुजनों को नेताओं के बयान से अधिक नुकसान है। जब आप जानते हैं, मानते हैं कि-मीडिया सवर्णवादी है, तो सवाल है कि क्या गलियाने से अगला आपको जगह देगा? क्या आपको कोइ गाली देगा तो उसे तवज्जो देंगे? कतई नहीं। मीडिया में जगह चाहिए तो उसके चरित्र को समझना ही होगा। यह कतई संभव नहीं कि बिना मीडिया हाउस का चरित्र समझे, उसकी कार्यशैली जाने बगैर आपको वहां जगह मिल जाए।
वास्तव में बहुजनों ने निक्कमेपन को अपना रखा है। टैग लाइन है-“हम कुछ करेंगे नहीं, दूसरे करने वालों को गाली देंगे।“ मीडिया कवरेज के आकांक्षी लोगों ने तय कर रखा है कि सम्मान भी नहीं देंगे, सम्मान को रिश्वत का नाम देंगे और खबर में पत्रकार बनाए रखेंगे। यह होने वाला नहीं है। हर बहुजन न लालू प्रसाद है, न कांशी राम है, न मुलायम सिंह, न मायावती है, न नितीश कुमार है, न सुशील मोदी, न रामबिलास पासवान है, कि आप तमाचा जड़ेंगे, भगायेंगे, लतियायेंगे और मीडिया वाले आपके पीछे खुशामदी में दौड़ेंगे। जो नाम आपने उपर पढ़ा, वे सब दोषी हैं। आज के वर्तमान हालात के लिए। सब कोइ अपना मीडिया हाउस खडा करने में सक्षम थे। करीब पिछले तीन दशक से ये सब सत्तासीन हैं। चाहते तो कई मीडिया हाउस खड़े कर देते, लेकिन नहीं, ‘अपना काम बनता-भांड में जाए जनता’-को अपनाते रहे। ये लोग अपना हित साधने के लिए काम करते रहे, समाज के व्यापक हित के लिए नहीं। उस समाज का कोइ महत्त्व नहीं जिसका अपना साहित्य नहीं है। आपसी विश्वास की कमी है। अपना मीडिया हो तो समाज को जागरुक करना आसान है, समझाना, संबल देना, प्रोत्साहित करना, सही मार्ग दर्शन देना सहज है। और उपरोक्त नेताओं की समस्या यही है कि, यदि उनकी जनता जागरुक होगी तो उनके लिए सत्ता गहना मुश्किल होगी। किसी ने व्यापक वर्गहित की न तो चिंता की न ही चिंतन किया। क्या इन नेताओं ने “बहुजन मीडिया” खड़ी करने की कोशिश की? आप खड़ा करते, और सवर्ण, सामंती, ब्राह्मणवादी तत्व आपको रोकते तो आपकी गालियाँ, आपका विरोध समझ में आता।
आज कई सेक्टर ऐसे हैं, जहां अघोषित नियम मुताबिक़ सिर्फ सवर्ण हैं, उनका ही चलता है। तमाम की-पोस्ट पर वही हैं, जैसा कि अपनी शोध पुस्तक में फ़ॉरवर्ड प्रेस के संपादक प्रमोद रंजन ने पटना के मीडिया हाउसों का सर्वेक्षण कर जातीय स्थिति बताया था। बहुजनों को भी चाहिए कि वे इस क्षेत्र में आयें, लेकिन इसके लिए छोटे पैमाने से शुरुआत तो भले हुई है, किन्तु प्रभावकारी सफलता तभी संभव है जब करोड़ों की लागत से बहुजन मीडिया हाउसेस खड़े हो सकेंगे। प्रिंट से लेकर इलेक्ट्रोनिक मीडिया हाउस तक। यह यात्रा कठीन नहीं होगी, बशर्ते कि शुरू तो हो। अभी तो हम वहीं लटके पड़े हैं जहां से आन्दोलन शुरू किये गए थे।  
बहुजन समुदाय तो थोड़ा ही मिलने पर अपनों के खिलाफ सक्रीय होता है। क्योंकि वह खुद को दबा-कुचला समझता है, कुंठित मन का है, और उसमें दबाने-कुचलने वालों के खिलाफ खडा होने का साहस नहीं होता, इसलिए वह अपनो के खिलाफ कलम घिसता है, पैर खींचता है, उलझा हुआ है। कैसे भला आप सवर्णवादी/सामन्तवादी मीडिया से मुकाबला कर सकेंगे? पहले अवर्ण अपने और गैर की पहचान करना तो सीखे। वह न जातिहित जानता है, न वर्ग हित। दूसरी बात यह भी है कि अवर्णों में जो सबल तबका है वह खुद जातिवादी है, घोर जातिवादी। वह सवर्णों की तरह ही व्यापक अवर्णों को सहज स्वीकार्य नहीं हो रहा अब। क्यों? क्योंकि वह भी नव सामन्ती मानसिकता का अहो गया है। जो जहां है, अपने से कमजोर को दबाने, हड़पने में लगा है। चाहे वह पारंपरिक सामन्ती हो या नए धनार्जित नव्साम्न्ती हों। इस मुद्दे पर वैचारिक अभियान चलाने की जरुरत है। दूसरे को अपना हित साधने से रोक नहीं सकते। और ऐसा करना उचित भी नहीं है। अपना हित साधन, किन्तु तात्कालिक ही राजनीति से तो कर सकते हैं किन्तु समाज का हित बिना साहित्य के नहीं हो सकता। बिना मीडिया के नहीं हो सकता। यह आज की आवश्यकता है।

Friday, 24 August 2018

दाउदनगर के बाबा ने बनाया चौरासन मंदिर को ध्येय: विकास की लिखी गाथा


द्वारिकानाथ मिश्र के श्रम, समर्पण और तपस्या 
का फलाफल है चौरासन मंदिर की सुविधाएं
कैमूर पहाडी की चोटी पर स्थित है चौरासन मंदिर
1500 फीट की ऊँचाई पर बनवाया-कुआं, यात्री शेड
विकास के हर चिन्ह में है बाबा की मौजूदगी
मंदिर का सेवक, ग्रामीण सभी देते हैं सम्मान
उपेंद्र कश्यप । डेहरी
आदमी ठान ले तो क्या नहीं कर सकता? पहाड़ पर भी रहने लायक सुविधाएं उपलब्ध करा सकता है, जंगल में भी मंगलदायक स्थिति उत्पन्न कर सकता है। इसी का उदाहरण है-स्व.द्वारिकानाथ मिश्र और चौरासन मंदिर।  
अनुमंडल मुख्यालय से करीब 45 किलोमीटर दूर स्थित अकबरपुर (रोहतास) के ठीक सामने कैमूर पहाडी की चोटी पर स्थित चौरासन मंदिर में एक ब्लैक एंड ह्वाईट तस्वीर दिखती है। यह स्व.द्वारिकानाथ मिश्र की है। यहाँ वे कब पहुंचे, यह तारीख सही सही ज्ञात नहीं है। संभवत: 1982 में वे यहाँ पहुंचे। यहाँ आज जो कुछ भी है, वह इनके श्रम, कर्म, त्याग, तपस्या, समर्पण का फलाफल है। इनके आगमन से पूर्व यहाँ ठहरना कदापि संभव नहीं हुआ करता था। घना जंगल और पहाड़ पर न पीने के लिए पानी, न धुप-पानी से बचने के लिए कोइ छत नसीब था। यहाँ आने वाले पर्यटकों के पीने के लिए पानी की व्यवस्था उन्होंने किया था। जन सहयोग से एक कुआं बनवाया। जन और जन प्रतिनिधियों के सहयोग से बड़ा धर्मशाला बनवाया। इसके लिए तत्कालीन विधायक जवाहर प्रसाद से सहयोग भी लिया। इसके निर्माण से पूर्व कैमूर पहाड़ की चोटी पर स्थित चौरासन मंदिर से लेकर रोहतास किला तक के परिसर में कोइ ऐसा स्थान नहीं था, जिसके छत के नीचे बरसात, बर्फबारी या धुप से बचने के लिए शरण ले सकें पर्यटक। उनके प्रयास से ही यह सब हुआ है। इसी कारण जब चौरासन मंदिर पर सावन हो या अन्य कोई भी मौसम या अवसर, पर्यटक पहुँचते हैं तो उनके योगदान को सम्मान के नजरिये से यहाँ के पुजारी या व्यवस्थापक देखते हैं। करीब डेढ़ हजार फीट की ऊँचाई पर इतना सब करना कल भी आसान नहीं था और आज भी मुश्किल ही है। यहाँ के पुजारी स्थानीय निवासी मंगरू भगत कहते हैं कि- सब बाबा का ही देन है। बताया कि अब भी पीने के लिए पानी गाँव जा कर लाना पड़ता है। इसी से यहाँ आये पर्यटकों की प्यास बुझाते हैं। पर्यटकों को वे पानी-मिश्री देकर सन्नाटा और गर्मी के दिनों में आतिथ्य सत्कार का उदाहरण बनाते हैं।

विकास के लिए किया था अनशन
श्री मिश्र ने चौरासन मंदिर पर विकास के लिए अनशन किया था। हालांकि इनके दामाद औरंगाबाद जिला के दाउदनगर निवासी अश्विनी पाठक को इस शब्द पर आपत्ति है। वे इसे अनुष्ठान कहा जाना श्रेयष्कर मानते हैं। बताया कि सोन नद के किनारे कई दिन पीपल वृक्ष के नीचे भूखे बैठ गए। प्रशासनिक अधिकारी से लेकर आम-ओ-ख़ास लोग मिले। सवाल किया कि बाबा ऐसा क्यों कर रहे हैं? बोले-चौरासन पर जल स्त्रोत बनना चाहिए। भला कौन इसका विरोध करता? सबने सहमति दी और फिर पहाड़ की चोटी पर एक कुआं बना। यही एक मात्र जल स्त्रोत आज भी यहाँ है। हालांकि बदली परिस्थिति में मेले के वक्त बोतल बंद पानी भी अब मिलने लगा है।

कांवर यात्रा की परंपरा का किया प्रारंभ
चौरासन मंदिर पर इनके पूर्व कांवर यात्रा की परंपरा नहीं थी। द्वारिकानाथ मिश्र ने इसका प्रारंभ किया। सोनभद्र और गंगा (बक्सर) के जल से शिव के जलाभिषेक की परंपरा प्रारंभ किया। बोल बम के नारे गूंजने लगे। यह आज भी भर सावन गूंजता है। मेला लगता है। हजारों पर्यटक पहुंचते हैं। मंदिर में अखंड जोत जलने लगा। पर्यटक स्थल के रूप में इसने अपनी पहचान कायम की। अभी भर सावन यहाँ मेला सजता है, जगमग रहता है, श्रद्धालुओं का तांता लगा रहता है।    

Thursday, 23 August 2018

दाउदनगर भी आ चुके हैं स्व.अटल बिहारी वाजपेयी : अयूब अंसारी के माला डालने पर मारा था ताना

आपातकाल के बाद 1977 में दाउदनगर आये थे अटल बिहारी वाजपेयी

अयूब अंसारी ने पहनाया माला, फोटो खींचने पर वाजपेयी ने मारा ताना
 0 उपेंद्र कश्यप 0
गुरूवार को दाउदनगर के भखरुआं मोड़ से स्व.अटल बिहारी वाजपेयी की अस्थियाँ व्यवस्थित कलश यात्रा के रूप में गुज़री। कुछ ऐसे पुराने लोग भी इस शहर में हैं, जो 41 वर्ष पुरानी स्मृतियों में खो गये। सेवानिवृत शिक्षक बैजनाथ पाण्डेय को आज भी स्मरण है कि कैसे मो.अयूब अंसारी ने वाजपेयी जी को माला पहनाया था, और जब फोटो खींचने लगे तो, उन्होंने ताना मारा था। बताया कि 1977 में जब आपातकाल हटा लिया गया तो मोरारजी भाई देसाई की अगुवाई वाली जनता पार्टी के साथ कांग्रेस (ओ), जनसंघ, भारतीय लोकदल और समाजवादी पार्टी ने मिलकर जनता पार्टी बनाया था। उसी समय फ़रवरी महीना की किसी तारीख को 1977 में श्रद्धेय अटल बिहारी वाजपेयी जी दाउदनगर आये थे। अभी गाजियाबाद रह रहे बैजनाथ पांडेय के पुत्र डॉ.विश्वकांत पाण्डेय ने अपने पिता के हवाले से बताया कि श्रद्धेय अटल बिहारी वाजपेयी को याद करते हुए उनका गला रुंध गया। आँख डबडबा गए। घटनाक्रम को चित्रित करने का प्रयास किया। बताया कि फ़रवरी महीना में तब न ज्यादा ठंढ था न ही ज्यादा गर्मी। अटल जी दाउदनगर के भखरुआं में पधारे थे। मोरारजी भाई देसाई का भी आने का कार्यकर्म था, किन्तु वे नहीं आ सके थे। श्रद्धेय अटल जी की अगुवाई के लिए तोरण द्वार बनवाया गया था। 
उस समय के दौर में जनसंघी लोग दाउदनगर से अशोक उच्च विद्यालय के शिझक पंडित शिवमूर्ति पांडेय की अगुवाई में जुटे थे। बलराम शर्मा (मौवारी) रामानंद सिंह (मखरा), मोहम्मद अयूब अंसारी (चूड़ी बाजार) के साथ दाउदनगर के दर्जनों वैश्य, स्वर्णकार, कांस्यकार व हलुवाई समाज के साथ कई गण्यमान लोग उपस्थित हुए थे। उस समय का एक रोचक किस्सा याद करते हुए श्री पांडेय ने बताया। माला पहनाने की जिम्मेदारी मोहम्मद अयूब अंसारी ने ले रखा था। पहले उन्होंने माला पहनाया फिर फोटो खींचा। महत्वपूर्ण है कि उस जमाने में श्री अंसारी फोटोग्राफी का काम भी खूब शौक से किया करते थे। जब उन्होंने फोटों खींचा तो वाजपेयी जी ने कहा- अरे वाह! आप एक साथ दो -दो काम कर रहे हैं जी। माला भी पहना रहे हैं और फोटो भी ले रहे हैं। फोटो किसी दूसरे को लेने को बोल देते। उनकी वाक्यपटुता से अयूब अन्सारी जी तब झेंप गए थे। हाथ जोड़ कर पीछे हट गए। करीब आधे घंटे से भी कम समय के लिए दाउदनगर में रुक कर अपना अमिट छाप छोड़कर वाजपेयी जी वहाँ से तब चले गए थे। आज उनकी जब अस्थि आने की सूचना वे सुने तो खुद को अपनी स्मृतियाँ साझा करने से रोक न सके।

Thursday, 16 August 2018

प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी ने बच्चों से पूछा-पीएम बनोगे? जवाब मिला-नहीं

पीएम ने कुर्सी की ओर इशारा कर पूछा-यहां आना चाहोगे? बच्चे बोले-नहीं। क्यों? जवाब मिला-अच्छे लोग राजनीति में नहीं आते।

फोटो-प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी के साथ विवेकानंद स्कूल के बच्चे निदेशक डॉ. शम्भू शरण सिंह के साथ

संसद पर हमले के बाद पहुंची बच्चों की पहली टीम से पूछा था अटल जी ने प्रश्न

दो समूह में विवेकानन्द मिशन स्कूल के मिले थे 28 बच्चे

उपेंद्र कश्यप । डेहरी
जब अटल बिहारी वाजपेयी प्रधानमंत्री थे, तब वे अपने कक्ष में बच्चों के जवाब से चौंक गए थे। गजब का जवाब उनको बच्चों ने दिया था। ये बच्चे तब कक्षा 8, 9 या 10 में पढ़ते थे। अब सभी 28 बच्चे बड़े हो गए हैं, और विभिन्न क्षेत्रों में देश की सेवा कर रहे हैं। तब का एक वाकया संभव है उनको काफी समय तक स्मरण में रहा हो।
संसद पर हमले (13 दिसंबर 2001) के बाद दाउदनगर के विवेकानंद स्कूल ऑफ एजुकेशन की टोली लेकर निदेशक सह डालमियानगर महिला कॉलेज के इतिहास विभाग के प्रोफेसर (डॉ.) शम्भू शरण सिंह, मनोविज्ञान के प्रो.जयराम सिंह दिल्ली लोकसभा और राज्यसभा की कार्रवाई देखने गए थे। जिनके साथ उपेंद्र कश्यप, अशोक कुमार सिंह, प्रभात मिश्रा, विमल कुमार भी थे। डॉ.शम्भू शरण सिंह ने बताया-यादों में अब भी हैं वे पल। हम सब लोकसभा की कार्यवाही देख रहे थे। उसी वक़्त प्रधानमंत्री के कक्ष  से बुलावा आया और हुई एक अद्भुत विलक्षण व्यक्तित्व वाजपेयी जी से मुलाक़ात। गौरवपूर्ण पल। सबको प्रधानमंत्री कक्ष में ले जाया गया। ऑफर किया-बैठिये। खड़े होकर अपनी कुर्सी की ओर इशारा करते हुए पूछा-इस कुर्सी पर आना/ बैठना चाहोगे? बच्चे का जवाब था-नहीं सर। प्रति प्रश्न हुआ-क्यों? बच्चा तो जी बच्चा होता है। झेंप जरूर गया, किन्तु उत्तर के साथ-अच्छे लोग राजनीति में नहीं आते।

वाजपेयी के संवादों से प्रेरित होकर बने सफल बच्चों के अनुभव, उनकी ज़ुबानी:-

प्रधानमंत्री श्री वाजपेयी के साथ मिले-संवाद किये छः बच्चों के अनुभव -जो जब बच्चे थे, तब प्रधानमंत्री कक्ष में जाकर अटल बिहारी वाजपेयी जी से मिले थे। उनसे संवाद हुआ था, इनका। इसके बाद वे बड़े सफल हुए।

उनके कहे वाक्य से मिलती है प्रेरणा-शिव शंकर
कोल इंडिया लिमिटेड के एमटी शिवशंकर ने कहा- जब प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी ने पूछा कि संसद आना पसंद करोगे? हंगामा देखने के बाद चूंकि छवि खराब बन गयी थी, तो हमने कहा-नहीं। इसके बाद उन्होंने कहा कि -'देश को बेहतर बनाने में आप सबकी भागीदारी महत्वपूर्ण है। हम ये भागीदारी हमें दिए हुए कार्य को ईमानदारी पूर्वक करके निभा सकते हैं।'
उनकी यह पंक्ति मेरी जिंदगी का मूलमंत्र बन गया। इससे दिए गए काम को करने के प्रति उत्साह बनाये रखता है। ईमानदार बनाये रखता है। काम छोटा हो या बड़ा, उस काम को ईमानदारी से निभाना ही सच्ची देश सेवा है।

सर ने ठहाका लगा कर चिंता व्यक्त किया:-धीरज कुमार

एकेडेमिया सोलुशन प्रा.लि. के मैनेजर धीरज कुमार ने कहा कि वाजपेयी जी के शाँत स्वभाव और सादगी से हम प्रभावित हुए थे। रुक रुक कर बात करने का अंदाज बताता है कि वो एक सुलझे हुए इंसान थे। सहपाठी द्वारा राजनीति में नहीं आने की बात सुन कर जोर से ठहाका लगाया और फिर चिंतित हो कर बोले कि- 'हमारी युवा पीढ़ी राजनीति को इतना बुरा मानती है कि वो राजनीति में आना पसंद नहीं करती। यह चिंता का विषय है औऱ हमें मंथन करने पे मजबूर करती है।' दो शब्द-
बिछड़े कुछ इस अदा से कि रुत ही बदल गई।
इक शख़्स सारे देश को वीरान कर गए।।

उनके ठहाके से मन की घबराहट खत्म हो गयी:-सीतेश वत्स

अग्रसेन मेडिकल कॉलेज हिसार में एमबीबीएस, एमएस डॉ.सीतेश वत्स ने कहा कि अटल जी से मिलना एक अदभुत क्षण था। एक बड़े व्यक्तित्व से मिलने की ख़ुशी भी थी और मन में कुछ घबराहट भी था। उनसे बातचीत के दौरान उनकी हँसी और ठहाकों ने सारा माहौल हल्का कर दिया। मन शांत हो गया। इतने सहजता से वे मिले थे। वह पल आज भी याद है। उनकी कविता की ये पंक्ति "क्या हार में क्या जीत में किंतित नहीं भयभीत मैं" अपने आप में उनके व्यक्तित्व की सारी कहानी कहती है। उनकी कविताएं और उनके शब्द हमारे लिए प्रेरणा के स्रोत रहेंगें।

उनके पथ चलने का लिया संकल्प:-अवनीश कुमार
यूके इंडस्ट्रीज फरीदाबाद में क्यू ए इंजीनियर सह इनकमिंग क्वालिटी हेड अवनीश कुमार ने कहा कि उनसे मिलने के बाद सोच और विकसित हुआ। बालमन था। हमने उनके पथ चलने का संकल्प लिया। आज उनकी प्रेरणा से ही सफल हुए हैं। जब मिले थे तब सिर्फ हम सब एक प्रधानमंत्री के रूप में उन्हें जानते थे। उनके प्रतिभा और उनके व्यक्तित्व से हम सब अनभिज्ञ थे। मिलने के बाद हम सब ने उन्हें अलग अलग माध्यम से जाना। किसी भी व्यक्ति के सामान्य जीवन को प्रेरणास्रोत बनाने का वे ज्वलंत उदाहरण हैं। वे अभिभावक होने के साथ साथ हम सब के आदर्श भी है। उनके पथचिन्हों पर अपनी जिंदगी की गाड़ी दौड़े ये हमारा संकल्प है।

क्षितिज सा अनन्त और समुद्र से शांत थे अटल:-प्रो.मुरारी
आकाश एजुकेशन सर्विस लि. पटना के वनस्पति विज्ञान के लेक्चरर और डेहरी निवासी मुरारी सिंह ने कहा कि-
एक हंसी अभी भी मेरे ज़ेहन में गूंजती है...हाँ.... एक खुले दिल से तब के माननीय प्रधानमंत्री अटल जी की हँसी। क्षितिज के भाँति अनंत... समुद्र के भांति शांत..गंगा की तरह पवित्र। फिर भी अत्यंत ही सरल, प्रेरणादायी..... हाँ ऐसे थे अपने पूर्व प्रधानमंत्री माननीय अटल बिहारी वाजपेयी जी।

120 सेकेंड वाजपेयी के साथ:-आलोक सिंह
अर्जेंटीना में मेडिटरेनीयन शिपिंग कंपनी(MSC) में सीनियर मरीन इंजीनियर के पद पर कार्यरत आलोक सिंह कहते हैं-
भारतवर्ष के प्रधानमंत्री होकर भी बच्चों से यूं संजीदगी से मिलना और बातें करना, घुटनों के हालिया ऑपरेशन के दर्द के बावजूद, प्रोटोकॉल से हटकर खुद खड़े हो हम बच्चों के साथ फोटो के लिए खड़े हो जाना, हमसे हमारे दिल्ली भ्रमण के बारे में पूछना, वाजपेयी जी के व्यक्तित्व की सरलता और गहराई हम सब के लिए आदर्श हैं। उनकी सादगी और मृदुल स्वभाव को मैं अपने जीवन में उतारना चाहता रहा। उस 120 सेकेंड की मुलाकात ने मेरे चरित्र को सुदृढ करने के लिए 120 वर्षों का 'जीवनवायु' दिया था।

Tuesday, 14 August 2018

अंग्रेजों के खिलाफ स्वतंत्रता संग्राम की लड़ाई में रोहतासगढ़ की थी भूमिका

436 वर्ष पूर्व मुगल बादशाह अकबर के शासन काल 1582 में बनी थी “रोहतास सरकार”

तब सात परगनों के सूबे रोहतास में था शाहाबाद, गया, पलामू, बनारस शामिल

पूर्वी भारत की राजधानी हुआ करता था पहाड़ पर स्थित “रोहतास गढ़” किला

उपेंद्र कश्यप । डेहरी

स्वतंत्रता संग्राम की लड़ाई में रोहतासगढ़ की भूमिका काफी महत्वपूर्ण रही है। यहां से कई प्रदेशों के शासन तंत्र को चलाया गया है। 436
साल पहले यहाँ ‘रोहतास सरकार’ का गठन हुआ था। इसमें सात परगने शामिल थे। मुख्यालय या राजधानी रोहतासगढ़ किला बना था। यहाँ से पूर्वी भारत पर नियंत्रण रखा जाता था। मानसिंह के समय यहाँ से बिहार, झारखंड, उड़ीसा, बंगाल, त्रिपुरा तक शासन किया जाता था। इस बात का उल्लेख रोहतासगढ़ का इतिहास किताब में डॉ.श्याम सुन्दर तिवारी और जो इतिहास में नहीं है-में राकेश कुमार सिंह ने किया है। इस सन्दर्भ में देखें तो रोहतास का इतिहास गौरवशाली रहा है। किताब में उल्लेखित तथ्य के अनुसार मुगल बादशाह अकबर के शासन काल 1582 में ‘रोहतास सरकार’ थी, जिसमें सासाराम, चैनपुर के साथ सोन के दक्षिण-पूर्वी भाग के परगने-जपला, बेलौन्जा, सिरिस और कुटुम्बा शामिल थे। रोहतास पहाडी के नीचे रोहतास के दारोगा मलिक विसाल के परिवार के मकबरे हैं। यहाँ प्राप्त शिलालेख के अनुसार जब नवाब इखलास खान किलेदार था तब, उसे मकराइन परगना, सिरिस, कुटुम्बा, से बनारस तक के क्षेत्रों की फौजदारी भी प्राप्त थी। वह चाँद (चैनपुर), मगरूर, तिलौथु, अकबरपुर, बेलौन्जा, विजयगढ़ ( नजीब नगर), और जपला का जागीरदार भी था। यानी उसके क्षेत्र में शाहाबाद, गया, पलामू और बनारस शामिल थे।

गौरवबोध: बहुत कुछ ज्ञात के बाद भी और खोजना शेष:-
फोटो-रामचंद्र प्रसाद कश्यप
रोहितेश्वर धाम सेवा समिति के संयोजक रामचंद्र प्रसाद कश्यप ने कहा कि रोहतासगढ़ और इस इलाके के इतिहास से स्थानीय जनों को गौरवबोध का अहसास होता है। समिति के अध्य्क्ष कृष्णा सिंह यादव, सचिव मृत्युंजय सिंह, कोषाध्यक्ष सुभाष सिंह, संरक्षक- रघुवीर प्रसाद ने बताया कि रोहतासगढ़ का शासन बहुत दूर-दूर तक था। यहाँ से कई प्रदेशों के शासन तंत्र को संभाला जाता था। इसका हजारों साल का ज्ञात और किताबों में दर्ज इतिहास है। किसी भी गाँव, कस्बे या इलाके के लिए अपना ज्ञात इतिहास होना गौरव की अनुभूति देता है। बिहार के राजनीतिक और सामाजिक ही नहीं भू-जैव-वैज्ञानिक इतिहास में रोहतास के बिना नहीं लिखा जा सकता है। पाषाणकालीन, शिलालेख युगीन, और बहुत हद तक गुफाकालीन इतिहास भी इस रोहतासगढ़ से संबद्ध है। बताया कि अभी रोहतासगढ़ का पूरा इतिहास सामने आना शेष है। यहीं से आदिवासी जन भारत के विविध प्रान्तों में गए। रोहतासगढ़ पर काफी काम तो हुआ है, किन्तु अभी और काम किया जाना शेष है।

दो बार गठित हुआ जिला रोहतास:-

रोहतास जैसा दो बार जिला गठित होने का सौभाग्य शायद ही किसी को होगा, यदि मिला भी होगा तो काफी कम संख्या इसकी होगी। स्वतन्त्र भारत में 10 नवम्बर 1972 को रोहतास जिला का गठन किया गया था। इससे 188 साल पहले ही
वर्ष 1784 में तीन परगना को मिलाकर रोहतास जिला बनाए जाने का उल्लेख ऐतिहासिक दस्तावेज में है। शाहाबाद गजेटियर में 1784 में रोहतास जिला स्थापित होने का उल्लेख है। उसके अनुसार रोहतास, सासाराम व चैनपुर परगनों को मिलाकर जिला बनाया गया था।

रोहतास का औरंगजेब ने किया था पुनर्गठन:-  

इतिहास के अनुसार 25 फरवरी 1702 को वजीर खां के पुत्र अब्दुल कादिर को रोहतास का किलेदार नियुक्त किया गया। वर्ष 1764 में मीर कासिम को बक्सर युद्ध में अंग्रेजों से पराजय मिली तो यह क्षेत्र अंग्रेजों के हाथ आ गया। वर्ष 1774 में अंग्रेज कप्तान थामस गोडार्ड ने रोहतास गढ़ को अपने कब्जे में लिया और उसे तहस-नहस कर दिया। अकबर के समय से चली आ रही रोहतास सरकार में औरंगजेब ने कई परिवर्तन किये थे। और फिर सातों परगना को उसने पुनगर्ठित किया था।