Wednesday, 12 August 2026

लालच से मुक्त दूसरों के हितैषी बने रहे रामशरण यादव

 



औरंगाबाद के गोह से पांच बार रहे हैं विधायक 

मंत्री बनने के ऑफर पर भी लालू के साथ नहीं गए मोटरसाइकिल से थे चलते ताकि किसी को समस्या न हो

21 वीं पुण्यतिथि पर विशेष रिपोर्ट

डॉ. उपेंद्र कश्यप 

नबिटा संवाददाता 

दाउदनगर (औरंगाबाद) । 

जिले के गोह विधानसभा क्षेत्र से पांच बार विधायक रहे रामशरण यादव को आज पूरा क्षेत्र याद कर रहा है। उन्होंने अपने राजनीतिक, सामाजिक जीवन में जो मील का पत्थर खड़ा किया है, उस तक पहुंचने तक की संभावना दूसरे नेताओं में नहीं दिखती। भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी से पहली बार वे 1977 में विधायक बने। इसके बाद 1980, 1990, 1993 (उपचुनाव) और 1995 में जीत कर विधायक बने। लालू प्रसाद यादव ने उन्हें गोह में चुनाव के वक्त कहा था कि रामशरण भाई को लाल बत्ती लगाने का ऑफर दे रहे लेकिन वह सुन नहीं रहे। दरअसल लालू प्रसाद जब अपने चरम पर थे तो वह उनको मंत्रिमंडल में शामिल करना चाहते थे। लेकिन रामशरण यादव ने दल नहीं बदला, दिल भी नहीं बदला। नतीजा वे मंत्री बनने से चूक गए। जबकि आज थोड़े से लाभ के लिए नेता दल और दिल दोनों बदल देते हैं। तनिक भी उनको इस बात का इल्म नहीं होता कि लोग क्या कहेंगे। आज एक मुखिया भी चुनाव जीतते बड़े और लग्जरी चार पहिया वाहन पर चलना शुरू कर देता है, जबकि रामशरण यादव मोटरसाइकिल पर अपने एक अंगरक्षक के साथ चलते थे। कहा यह भी जाता है कि उनका विधायक आवास हमेशा जनता के लिए खुला रहा। कई बार कई लोग यह देखने का दावा कर चुके हैं कि वे लोगों को अपने ही बिस्तर पर सुला देते थे, और स्वयं फर्श पर कंबल बिछाकर सो जाते थे। उनका जन्म हसपुरा प्रखंड के टनकुप्पी गांव में आठ जनवरी 1943 को हुआ था। जबकि 13 अगस्त 2005 को उनका निधन हुआ था। क्षेत्र उनकी 21 में पुण्यतिथि आज मना रहा है।




दूसरे की समस्या का ख्याल अधिक


राम शरण यादव के रिश्तेदार मखरा निवासी सुरेंद्र यादव बताते हैं कि जब उनको बड़े वाहन पर चलने की सलाह दी गयी तो जवाब दिया था कि हम गांव और ग्रामीणों के नेता हैं। मोटरसाइकिल से जाते हैं तो सिर्फ अंगरक्षक रहता है और किसी के घर रुक कर खाकर ठहर सकते हैं। लेकिन जब बड़ी गाड़ी से चलेंगे तो कई लोग साथ होंगे। ऐसी स्थिति में जिसके यहां जाएंगे उसको खिलाने में और रखने में परेशानी होगी।



अनुमण्डल के सबसे बड़े समाजवादी और लोभ-लालच-स्वहित से मुक्त व्यक्तित्व #रामशरण_यादव के जीवन से जुड़े तीन महत्वपूर्ण प्रकरण को जानिये #GohAssembly #गोह_विधानसभा_क्षेत्र #गोह_के_विधायक #Goh_MLA #GOH_Ex_MLA #RAMSHARANYADAV_GOH #गोह_रामशरण_यादव #history_of_daudnagar #political_history_of_daudnagar #upendrakashyap



No comments:

Post a Comment