Sunday, 12 April 2026

तीन पदों के लिए भिड़ेंगे 11 वार्ड पार्षद



पहली बार हो रहा है सशक्त स्थाई समिति सदस्यों का चुनाव 

सभी वार्ड पार्षद करेंगे मताधिकार का इस्तेमाल

सबसे अधिक पद दो के लिए मुकाबला 

● उपेंद्र कश्यप 

दाउदनगर (औरंगाबाद) ।

बिहार नगरपालिका (संशोधन) अधिनियम 2026 के तहत पहली बार नगर निकायों में सशक्त स्थाई समिति के सदस्यों का चुनाव वार्ड पार्षद सीधे मतदान के माध्यम से करेंगे। इसे लेकर काफी उत्साह नगर निकायों में देखा जा रहा है। दाउदनगर नगर परिषद में कुल 27 वार्ड पार्षद हैं। यहां सशक्त स्थाई समिति के लिए तीन सदस्य का निर्वाचन वार्ड पार्षदों के द्वारा मतदान के जरिए किया जाना है। इसके लिए 16 अप्रैल की तारीख तय है। शहर में इस बात की चर्चा खूब हो रही है कि कितने वार्ड पार्षद चुनाव लड़ेंगे और कौन-कौन किस पद के लिए प्रत्याशी होंगे। किनकी जीत- हार होगी। प्राप्त विवरण के अनुसार सशक्त स्थाई समिति के पद एक के लिए तीन वार्ड पार्षदों के बीच भिड़ंत होने की संभावना व्यक्त की जा रही है। वार्ड पार्षद केदारनाथ सिंह, बसंत कुमार और भूपेंद्र मिश्रा एक दूसरे के विरुद्ध इस पद के लिए नामांकन कर सकते हैं। पद दो के लिए वार्ड पार्षद गोविंद प्रसाद, सोनी देवी, संगीता देवी, परवीन कौसर और सीमन कुमारी द्वारा नामांकन किए जाने की संभावना है। पद तीन के लिए राधा रमण पूरी, एहसान अहमद और दिनेश प्रसाद द्वारा नामांकन किए जाने की तैयारी है। इनमें तीन वार्ड पार्षद भूपेंद्र मिश्रा परवीन कौसर और दिनेश प्रसाद वर्तमान सशक्त स्थाई समिति के मनोनीत सदस्य हैं। तीनों को मुख्य पार्षद के पक्ष का माना जाता है। ऐसे में यह देखना दिलचस्प होगा कि जब तीनों प्रत्याशी बनेंगे तो इनमें कौन-कौन निर्वाचित होते हैं और कौन नहीं। 


● पांच वार्ड पार्षद रहे हैं पूर्व में भी सदस्य ●


जिन 11 वार्ड पार्षदों के सशक्त स्थाई समिति सदस्य पद के लिए चुनाव लड़ने की चर्चा की जा रही है, उनमें पांच ऐसे हैं जो पहले भी किसी न किसी बोर्ड में सशक्त स्थाई समिति के सदस्य रह चुके हैं। केदारनाथ सिंह मुख्य पार्षद अंजली कुमारी के साथ सशक्त स्थायी समिति के सदस्य रह चुके हैं। इसी तरह इनके अलावा मीनू सिंह के वक्त बसंत कुमार सदस्य रह चुके हैं। भूपेंद्र कुमार मिश्रा, दिनेश प्रसाद और परवीन कौसर वर्तमान बोर्ड में सशक्त स्थाई समिति सदस्य रहे हैं।


◆ 16 अप्रैल को होगा मतदान ◆ 

सशक्त स्थाई समिति के तीन सदस्यों के लिए निर्वाचन की पूरी प्रक्रिया अनुमंडल कार्यालय सभागार में होगी। इसके लिए प्रशासनिक तैयारी की जा रही है। चुनाव संपन्न करने के लिए निर्वाची पदाधिकारी एसडीओ अमित राजन को बनाया गया है। जबकि सहायक निर्वाचन पदाधिकारी बीडीओ मोहम्मद जफर इमाम के साथ श्रम प्रवर्तन पदाधिकारी प्रकाश कुमार एवं प्रखंड सहकारिता पदाधिकारी सतीश राम को बनाया गया है।


13 अप्रैल 2026, सोमवार

No comments:

Post a Comment