● आखिर कब होगी हिन्दू-मुस्लिम जनसंख्या एक बराबर●
■कॉलम- टेढ़ी पॉलिटिक्स■
(प्यू रिसर्च सेंटर की डेमोग्राफी को लेकर जो रिपोर्ट सामने आई है उससे दुनिया भर में, खासकर मुस्लिम आबादी को लेकर कई तरह की चर्चाएं शुरू हो गई है। जिस तरह से यूरोप के देश भी आज इस्लामीकरण होने की चिंता कर रहे हैं, और एक हद तक काफी परेशान होने लगे हैं, भारत में भाजपा के चुनावी हित को ऐसा ही नैरेटिव सूट करता है। लेकिन प्यू रिसर्च की रिपोर्ट भाजपा के नैरेटिव से उत्पन्न डर को समाप्त कर रही है। इस रिपोर्ट पर एक समालोचनात्मक विश्लेषण कर रहे हैं वरिष्ठ पत्रकार व लेखक डॉ.उपेंद्र कश्यप)
डॉ. उपेंद्र कश्यप
प्यू रिसर्च सेंटर की जनसंख्या को लेकर एक रिपोर्ट सार्वजनिक हुई और उस पर कई तरह की चर्चा वैश्विक स्तर पर होने लगी है। कई देश और उनसे संबंधित राजनीतिक दल अपने अपने चुनावी राजनीति के संदर्भ में इसका विश्लेषण कर रहे हैं। ईसाइयत को सबसे बड़ा धर्म (आबादी के अनुसार) होने का दंभ अब टूटता दिख रहा है। रिसर्च बता रहा कि अब यह ओहदा इस्लाम को मिलने वाला है। हम इस आलेख में बात कर रहे हैं कि भारत में इस रिपोर्ट का क्या महत्व है। भारत के उत्तर और पश्चिम दो हिस्से 1947 में कटे और बाद में पाकिस्तान और बांग्लादेश जैसे दो देश बन गए। कई प्रदेश ऐसे हैं जहां मुस्लिम आबादी तेजी से बढ़ी और राजनीति करने वाले इसे इस दृष्टि से देखते हैं कि भारत के कई जिले लगभग इस्लामीकरण की ओर बढ़ चले हैं। इस पूरे संदर्भ में अगर देखें तो वर्तमान में उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने मुख्यमंत्री बनने से पहले एक बयान दिया था, जिसमें यह बताया था कि मुस्लिम आबादी किसी हिस्से में कितना प्रतिशत हो जाती है तो फिर कैसी कैसी समस्या खड़ी होने लगती है। अंततः वह क्षेत्र मुस्लिम इलाका बन जाता है। दूसरे धार्मिक समूह के लिए जगह नहीं बचती फिर। इस पूरे संदर्भ में अगर देखें तो हिंदू मुस्लिम की राजनीति भाजपा के चुनावी हित को लाभ पहुंचाती है। ठीक इसके उलट जाति की राजनीति वह भी एक तरफ़ा सिर्फ हिंदू लक्षित जाति की राजनीति भारत में गैर भाजपा राजनीतिक दलों की राजनीति को साधती है, और लाभ पहुंचती है। यह धारणा आमतौर पर बन रही है कि जिस गति से मुस्लिम आबादी बढ़ रही है, भारत भी एक दिन हिंदुओं के लिए सुरक्षित नहीं रह जाएगा और मुसलमानों की आबादी हिंदुओं से अधिक हो जाएगी। प्यू रिसर्च सेंटर कहती है कि 2070 के आसपास हिंदू आबादी 79.4 से घटकर 75.8% हो जाएगी लेकिन जनसंख्या 18 करोड़ बढ़ जाएगी। वहीं मुस्लिम आबादी 15% से बढ़कर 19.6% हो जाएगी और उसकी आबादी 12.1 करोड़ बढ़ेगी, अर्थात हिंदू की आबादी 3.6% घट जाएगी, जबकि मुस्लिम की आबादी 4.4% बढ़ जाएगी। इस रिपोर्ट और राजनीतिक नॉरेटिव के संदर्भ में एक महत्वपूर्ण प्रश्न यह उठता है कि क्या एक समय ऐसा भी आएगा जब भारत में मुस्लिम की आबादी हिंदू के आबादी के बराबर हो जाएगी। यानी हिंदू मुस्लिम दोनों की संख्या बराबर बराबर हो जाए। मुस्लिम आबादी कभी हिंदुओं से अधिक होगी, यह तो दूसरा प्रश्न है। इसी प्रश्न की तलाश में रिपोर्ट का विश्लेषण अगर करें तो भाजपा का जो नॉरेटिव है उससे प्यू रिसर्च सेंटर की आई रिपोर्ट डर को कम करती है। इस रिपोर्ट के आधार पर ही अगर हम गणितीय आकलन करेंगे तो 275.5 वर्ष बाद यानी ईस्वी सन 2296 के आसपास हिंदू मुस्लिम की आबादी लगभग बराबर हो जाएगी। यानी 47.5% हिंदू और इतने ही प्रतिशत में मुस्लिम आबादी होगी। शेष अन्य धार्मिक आबादी। और सीधे प्रतिशत दर के हिसाब से देखें तो 400 वर्ष से भी अधिक समय अर्थात ईस्वी सन 2421 के बाद यह हो सकता है कि मुस्लिम आबादी हिंदुओं से अधिक हो। लेकिन जनसंख्या का जो सिद्धांत है वह इसे खारिज करता है।
■ वैश्विक रुझान और प्रजनन दर ■
प्यू के अनुमान के अनुसार, 2020 में दुनिया में लगभग 2.27 अरब ईसाई और 2.02 अरब मुसलमान थे। 2035 तक मुस्लिम आबादी बढ़कर 2.57 अरब और ईसाई आबादी 2.52 अरब हो सकती है। 2070 तक वैश्विक मुस्लिम आबादी 3.6 अरब से अधिक होने का अनुमान है। प्रजनन दर (2020–2025) रिपोर्ट में प्रति महिला औसत बच्चे मुस्लिम समूह में 3.1, ईसाई समूह में 2.5 और अन्य समूहों में 1.6 बताए गए हैं।
■ गणितीय आकलन को देखें:-
प्यू की रिपोर्ट में दी गई 2020–2070 की वृद्धि दर के आधार पर गणितीय आकलन करने पर, दोनों समूहों की आबादी को बराबर (लगभग 50-50 प्रतिशत) होने में 2020 से करीब 276 वर्ष (यानी वर्ष 2296 तक) लगेंगे।
गणितीय विश्लेषण
वार्षिक वृद्धि दर (2020–2070): 50 वर्षों में हिंदू आबादी 1.11 अरब से बढ़कर 1.29 अरब हो रही है, जिसकी औसत वार्षिक वृद्धि दर लगभग 0.30% है। वहीं, मुस्लिम आबादी 21.3 करोड़ से बढ़कर 33.4 करोड़ हो रही है, जिसकी औसत वार्षिक वृद्धि दर लगभग 0.90% है।
चक्रवृद्धि आकलन करें तो यदि दोनों समुदाय ठीक इसी वार्षिक दर (0.30% और 0.90%) से लगातार बढ़ते रहें, तो 2020 के आधार वर्ष से लगभग 275.5 वर्ष बाद (वर्ष 2296 के आसपास) दोनों की कुल संख्या बराबर होगी। (चूंकि कुल आबादी में ईसाई, सिख आदि अन्य धर्मों की हिस्सेदारी करीब 4–5% है, इसलिए वास्तविक हिस्सेदारी लगभग 47.5%–47.5% पर बराबर होगी)।
■ सीधी प्रतिशत दर के हिसाब से यदि हिस्सेदारी में होने वाले बदलाव (50 वर्षों में हिंदू हिस्सेदारी में 3.6% की कमी और मुस्लिम हिस्सेदारी में 4.4% की बढ़ोतरी) को स्थिर मानकर सीधे जोड़ा जाए, तो यह अंतर पटने में 400 वर्ष से भी अधिक (वर्ष 2421 तक) का समय लगेगा।
■जनसांख्यिकीय वास्तविकता और प्रजनन दर में गिरावट :- जनसांख्यिकी के सिद्धांतों के अनुसार, किसी भी समुदाय की वृद्धि दर सदियों तक एक समान नहीं रहती। शिक्षा, शहरीकरण और स्वास्थ्य सुविधाओं के बढ़ने से भारत के सभी धार्मिक समूहों में प्रजनन दर तेजी से गिर रही है। राष्ट्रीय परिवार स्वास्थ्य सर्वेक्षण के आंकड़े भी दर्शाते हैं कि मुस्लिम समुदाय में प्रजनन दर में गिरावट की गति अन्य समूहों की तुलना में अधिक तेज रही है, जिससे भविष्य में दोनों समुदायों की वृद्धि दर लगभग एक समान होकर स्थिर हो जाएगी।
जनसांख्यिकीय आंकड़ों और विशेषज्ञों के आकलन के अनुसार, वर्तमान रुझानों को देखते हुए भारत में मुस्लिम आबादी के हिंदू आबादी के बराबर या उससे अधिक होने की संभावना न के बराबर है।
इसका मुख्य कारण वृद्धि दर में निरंतर गिरावट माना जा सकता है। पिछले कई दशकों से भारत के सभी धार्मिक समूहों में जनसंख्या वृद्धि दर और कुल प्रजनन दर (टीएफआर-प्रति महिला बच्चों की औसत संख्या) लगातार कम हो रही है।
राष्ट्रीय परिवार स्वास्थ्य सर्वेक्षण (NFHS-5) के आंकड़ों के मुताबिक, भारत में हिंदू महिलाओं की प्रजनन दर 1.94 और मुस्लिम महिलाओं की 2.36 दर्ज की गई थी। यह अंतर पिछले दशकों के मुकाबले बहुत कम हो चुका है और दोनों ही 2.1 के 'प्रतिस्थापन स्तर' (Replacement Level) के करीब पहुंच रहे हैं।जनसांख्यिकी विशेषज्ञों (जैसे कि पूर्व मुख्य चुनाव आयुक्त एस.वाई. कुरैशी की पुस्तक द पॉपुलेशन मिथ और प्यू रिसर्च सेंटर के अध्ययनों) का मानना है कि जैसे-जैसे शिक्षा, शहरीकरण और आर्थिक स्तर बढ़ता है, सभी समुदायों की प्रजनन दर एक समान स्तर पर आकर स्थिर हो जाती है।
संयुक्त राष्ट्र और प्यू रिसर्च के अनुमानों के अनुसार, इस सदी के मध्य (लगभग 2060 के दशक) तक भारत की कुल जनसंख्या अपने चरम पर पहुंचकर घटने या स्थिर होने लगेगी। उससे पहले ही दोनों समुदायों की वृद्धि दर लगभग शून्य के करीब पहुंच जाएगी, जिससे उनकी हिस्सेदारी का अनुपात (लगभग 75-79% हिंदू और 18-20% मुस्लिम) स्थायी रूप से बना रहेगा।
मतलब साफ है कि भारत मे ऐसा शायद ही कभी हो कि मुस्लिम आबादी हिंदुओं की जनसंख्या से अधिक हो सके। यहां तो एक बराबर होने की ही संभावना नहीं दिखती। इससे भाजपा के नैरेटिव को चोट पहुंचती है। और शायद आगे चलकर हिन्दू-मुस्लिम राजनीति से कट्टरता का संकट कम दिखने या होने लगे। हालांकि कट्टरता की पोषक राजनीति और धर्म बदलने की राजनीति से तैयार सामाजिक-राजनीतिक माहौल के बीच शायद यह मान लेने को वह समूह तैयार न होगा, जो मुस्लिम आबादी को एक दिन हिन्दू जनसंख्या के बराबर या अधिक होने और अंततः भारत को मुस्लिम बर्चस्व वाला या इस्लामिक राष्ट्र के रूप में देख रहा है।
(यह लेखक के निजी विचार हैं)
#fpyシviral #उपेंद्र_कश्यप_एंड_संस_ज्वेलर्स #upendrakashyap_and_sons_jewellers_daudnagar #उपेंद्र_कश्यप_एंड_संस_ज्वैलर्स #जनसंख्या_विस्फोट #हिन्दू_मुस्लिम_ईसाई_जनसंख्या #population #Hindu_Muslim_Population #PewResearchCenter #pewresearchcenterreport #fpyyyyyyyyyyyyyyyyyyyyyyyyyyyyyyyyyy #fpy

No comments:
Post a Comment