![]() |
| 07 फरवरी 2026 को दैनिक जागरण में प्रकाशित रिपोर्ट |
141 वर्ष का : दाउदनगर नगर परिषद :-02
होगा नया परिसीमन तो बनेगा अधिकतम 35 वार्ड
मानव संसाधन के साथ बढ़ेगा निकाय का राजस्व
गृह कर के रूप में राजस्व प्राप्ति में होगी उत्तरोत्तर वृद्धि
उपेंद्र कश्यप, जागरण ● दाउदनगर (औरंगाबाद) : नगर परिषद का क्षेत्रफल बड़ा होगा, तो वार्डों की संख्या भी बढ़ेगी और इससे नगर निकाय का राजस्व भी बढ़ेगा। 10 फरवरी 1885 को नगर पालिका के रूप में अधिसूचित दाउदनगर में पहली बार वर्ष 1910 में वार्डों का गठन किया गया था। तब चार वार्ड बनाए गए थे। अभी वर्तमान नगर परिषद में 27 वार्ड हैं। क्षेत्र विस्तार के साथ जब परिसीमन होगा तो कार्यपालक पदाधिकारी ऋषिकेश अवस्थी के मुताबिक अधिकतम 35 वार्ड शहर में हो जाएंगे। भखरुआं का जो हिस्सा नगर निकाय में जुड़ेगा उससे लगभग 18 आबादी बढ़ेगी, लेकिन निकाय का राजस्व लगभग 70 तक बढ़ जाएगा। श्री अवस्थी बताते हैं कि गृह कर से वर्तमान नगर परिषद को लगभग 32 लाख रुपया वार्षिक प्राप्त होता है। सर्वे का काम चल रहा है और उम्मीद है कि नगर परिषद के वर्तमान क्षेत्र से लगभग एक से डेढ़ करोड़ रुपये राजस्व की प्राप्ति हो सकेगी। लेकिन जब भखरुआं का हिस्सा इसमें जुड़ जाएगा तो गृह कर के रूप में एक करोड रुपये लगभग और वृद्धि होने का अनुमान है। इस तरह क्षेत्र विस्तार और नए मूल्यांकन के बाद प्राप्त होने वाले गृह कर से लगभग ढाई करोड रुपये वार्षिक राजस्व प्राप्त होने का अनुमान नगर परिषद को है। तब भखरुआं में स्थित दुकान माल, शोरूम, बैंक समेत अन्य सरकारी गैर सरकारी कार्यालयों एवं आवासों से गृह कर के रूप में नगर निकाय को राजस्व की प्रति होनी शुरू होगी। जिससे राजस्व में उत्तरोत्तर वृद्धि की उम्मीद नगर परिषद को है।
चट्टी से नगर निकाय की यात्रा
जब वर्ष 1885 में नगर पालिका का गठन हुआ था उसके पहले भी दाउदनगर मगध और शाहाबाद क्षेत्र में चट्टी के रूप में मशहूर था। कहावत मशहूर है- शहर में सासाराम और चट्टी में दाउदनगर। तब और अब में काफी कुछ महत्वपूर्ण बदलाव हुआ है। वर्ष 2002 में जब दूसरी बार बिहार में नगर निकाय चुनाव प्रारंभ हुआ तो दाउदनगर नगर पंचायत बना। फिर वर्ष 2018 में नगर परिषद। अब कद नहीं क्षेत्र का विस्तार हुआ है।
12 से 22 सौ पर एक वार्ड
नगर निकाय में 1200 से 2200 की आबादी पर एक वार्ड का गठन होता है। वर्ष 2011 की जनगणना के अनुसार 52000 की आबादी वाले नगर परिषद में 27 वार्ड है। भखरुआं शामिल किए जाने के बाद 9000 की आबादी बढ़ेगी तो नया लगभग पांच वार्ड बनेंगे। कार्यपालक पदाधिकारी ऋषिकेश अवस्थी के अनुसार पूरे शहर का नया परिसीमन होगा। इससे अधिकतम 35 वार्ड शहर में बन सकेंगे।

No comments:
Post a Comment